हर क्षेत्र तक पहुंचेगी विकास की धारा, सभी मूलभूत समस्याओं का करेंगे समाधान: बिरला

0
8

गोरधनपुरा क्षेत्र में 22 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को लाडपुरा विधानसभा के गोरधनपुरा क्षेत्र में लगभग 22 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मोहल्ले और बस्ती तक विकास पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सभी मूलभूत समस्याओं का चरणबद्ध समाधान किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं और सुगम जीवन मिल सके।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि गोरधनपुरा, किशोरपुरा और नदी पार क्षेत्र सहित पूरे लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क, नालियां, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि हर परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहे हैं। चाहे पेंशन, खाद्य सुरक्षा, आधार अथवा जनआधार से जुड़ी कोई भी समस्या हो, प्रत्येक जरूरतमंद को समय पर सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

लाडपुरा में विकास कार्यों को मिली गति – कल्पना देवी
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि वार्ड में करोड़ों रुपए के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं और सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि लाडपुरा क्षेत्र में आजादी के बाद पहली बार अस्पताल का निर्माण हो रहा है और कॉलेज भी शुरू हो चुका है। इसके साथ ही एयरपोर्ट जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगी।

विधायक ने क्षेत्रवासियों के सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों की यह गति लगातार बनी रहेगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष राकेश जैन सहित कई बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।