नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। अगले 12 घंटों में बारिश और तेज हवाओं का दौर बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने 9 अगस्त को कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के बीच भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में लोगों को मौसम बिगड़ने के दौरान यात्रा से बचने और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, गंगा के किनारे पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के तटीय इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के कारण पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
पहाड़ों से मैदान तक सावधानी जरूरी
भारी बारिश के बीच पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और सड़कें प्रभावित होने का खतरा है। वहीं पूर्वी भारत में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं। तेज हवाओं के कारण उत्तर भारत में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने का खतरा भी बना रहेगा। नदी और जलाशयों के आसपास रहने वाले लोगों, किसानों और मछुआरों को मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
15 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक कई राज्यों में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र में मौसम खराब रहने की चेतावनी है। कई इलाकों में तेज हवा के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी है। किसानों और खुले इलाकों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
राजस्थान में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी
झुंझुनू, सीकर, चूरू, कोटा, जालोर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जैसलमेर, जयपुर, टोंक, दौसा और अलवर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। इस दौरान 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में तेज बारिश का अलर्ट
विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, रीवा, इंदौर, भोपाल, कटनी, दमोह, पन्ना, टीकमगढ़, जबलपुर, सिवनी, भिंड और छतरपुर में मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

