नगर निगम के दुकानें तोड़ने के नोटिस से सब्जीमंडी चर्च के पास के व्यापारियों में रोष

0
161

पीड़ित व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल कोटा व्यापार महासंघ से मिला

कोटा। पुरानी सब्जीमंडी के पास चर्च के सामने स्थित 50 से 60 साल पुरानी दुकानों को नगर निगम द्वारा तोड़ने के नोटिस दिये जाने से पूरे बाजार के व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया है।

इसी संदर्भ में पुरानी सब्जी मंडी व्यापार समिति के संरक्षक बद्री प्रसाद गौतम, अध्यक्ष सुनील खरबन्दा, सचिव राजू साल्वी एवं व्यापारी संघ फर्नीचर मार्केट शॉपिंग सेंटर के अध्यक्ष जसपाल अरोड़ा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी से भेंटकर उन्हें पूरी घटनाक्रम से अवगत कराया ।

पीड़ित व्यापारी शांति दासवानी, फेजल हुसैन एवं प्रताप लालवानी सहित कई व्यापारियो ने बताया कि वो दुकाने जर्जर नहीं है, ना ही उनके गिरने का कोई खतरा है। फिर भी अनावश्यक रूप से उन्हें परेशान किया जा रहा है।

किरायेदारों को नगर निगम की ओर से भवन ध्वस्त करने के आदेश दे दिये गये हैं। वे नगर निगम के आयुक्त ओम प्रकाश मेहरा को ज्ञापन के माध्यम से अवगत करा चुके हैं।

व्यापारियों ने दुकाने नहीं तोडने का आग्रह किया है। करीब 200 से अधिक लोगों के परिवार इन दुकानों से जुड़े हुए हैं, जिनकी रोजी-रोटी पर संकट पैदा हो जाएगा। पुरानी सब्जी मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष सुनील खरबंदा ने बताया कि इस भवन 10 दुकानें किराए से चल रही हैं।

यहां व्यापारी सालों से अपने परिवार का पेट पालने के लिए व्यवसाय कर रहे हैं। दो माह पहले एक पत्थर गिरा था, उसके बाद नगर निगम द्वारा भवन को जर्जर बताते हुए सभी व्यापारियो को नोटिस दिया।

महामंत्री राजू साल्वी ने बताया कि दूसरे नोटिस में दुकानों को तोडने की बात कही गई है, यदि नगर निगम दुकाने हटाना चाहती हैं, तो व्यापारियों को अन्य जगह दी जानी चाहिए। जिनसे कई परिवारों और दर्जनों कर्मचारियों का पालन-पोषण जुड़ा हुआ है।

उन्होंने बताया कि दशकों से व्यापार कर रहे लोगों की आजीविका छीनना किसी भी तरह से न्यायसंगत नहीं है। इस पर कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी ने आश्वस्त किया कि व्यापारियों पर किसी भी प्रकार का कुठाराघात नहीं होने दिया जाएगा। वे इस सम्पूर्ण प्रकरण पर नगर निगम के कमिश्नर से बात करेंगे और व्यापारियों का पक्ष मजबूती से रखेंगे।