कोटा। श्री धरणीधर जनसेवा संस्थान एवं समस्त धाकड़ समाज कोटा महानगर के तत्वावधान में समाज के आराध्य देव भगवान श्री धरणीधर की जयंती 2 सितम्बर को धूमधाम से मनाई जाएगी।
जयंती की पूर्व तैयारियों को लेकर मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु समितियों का गठन किया गया।
कोषाध्यक्ष महावीर नागर अंथडा ने बताया कि जयंती महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर 1 सितम्बर को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसी दौरान मुख्य कलश की बोली भी लगाई जाएगी।
वहीं मुख्य समारोह के दिन 2 सितम्बर को श्री दण्डवीर हनुमान मंदिर (महावीर नगर तृतीय) से भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा रवाना होगी। जो नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई धरणीधर गार्डन (विनोबाभावे नगर) पहुंचेगी। शोभायात्रा में महिलाएं पीली साड़ी/लहरिया में सम्मिलित होंगी।
समारोह को भव्य बनाने के लिए समाज बंधुओं की प्रमुख समितियां गठित की गईं हैं। जिनमें शोभायात्रा प्रमुख चंद्रप्रकाश नागर प्रणेता को, भजन संध्या समिति प्रमुख डॉ. रामेश्वर, भोजन निर्माण समिति प्रमुख फूलचंद ढोटी, भोजन वितरण समिति प्रमुख: दीनदयाल चंद्रशेल, जल व्यवस्था समिति प्रमुख रमेश जाखोड़ा, मंच व्यवस्था समिति प्रमुख: रमेश चतरपुरा, प्रचार-प्रसार समिति प्रमुख: रामकुमार नागर को बनाया गया है।

