शहर के सभी पार्कों में तेजी से विकास कार्य होंगे: विधायक संदीप शर्मा
कोटा। तलवण्डी ए सेक्टर स्थित सुंदर विहार पार्क में नवीनीकरण, फुटपाथ निर्माण, जिम व झूलो की स्थापना, रंग रोगन, विद्युतीकरण एवं हरियाली युक्त बनाने के लिए किए गए विकास कार्यों का लोकार्पण रविवार को एक समारोह में किया गया।
सुंदर विहार विकास समिति के अध्यक्ष मुरली मनोहर जैन एवं सचिव मनीष बंसल ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा एवं राजस्थान रेड क्रॉस सोसाइटी एवं माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश बिरला थे। समारोह के विशिष्ट अतिथि के रूप में कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, क्षेत्र के वार्ड पार्षद सुरेंद्र कलवार, संजय विजय, विवेक मित्तल एवं योगेश राणा थे।

सुंदर विहार पार्क में लाखों रुपए की लागत से नए फुटपाथ का निर्माण, जिम व झूलो की स्थापना, 25 अधिक लाइटों के खम्बे लगाए गए। इस अवसर पर विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि सुंदर विहार पार्क की सुंदरता देखते लायक है। यहां घूमने एवं जिम करने वालों के लिए सभी तरह की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। यह पार्क अब एक आदर्श पार्क के रूप में दिखाई दे रहा है।
उनका मकसद है कि शहर के अन्य सभी पार्कों में इस तरह के विकास के कार्य करवाये जाएं। सभी पार्क सुंदर दिखे ; उन्होंने कहा कि वर्तमान में तलवंडी क्षेत्र में 20 से अधिक पार्कों के विकास कार्य चल रहे हैं, जिन्हें हरियाली युक्त बनाए रखने रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी वहां के मोहल्ले की विकास समितियां को लेनी चाहिए।
माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश बिरला ने कहा शहर की सभी कॉलोनियों के निवासी सजग प्रहरी के रूप में अपना कार्य कर रहे हैं। सभी अपने-अपने मोहल्लों को स्वच्छ सुंदर और हरियाली युक्त बनाने के लिए नगर निगम और कोटा विकास प्राधिकरण के समक्ष अपनी मांगे रख रहे हैं। उसी को मध्यनजर रखते हुए पूरे शहर के पार्कों का विकास कार्य चल रहे हैं, जो पूरे शहर को स्वच्छ सुंदर प्रदूषण मुक्त बनाएंगे ।
कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि हमें शहर को हरा भरा पार्किंग युक्त सुंदर बनाना है तो शहर के बाजारों को भी स्वच्छता प्रदान करनी पड़ेगी। सड़कों के किनारे वृक्ष लगाए जाएंगे। शहर को अतिक्रमण मुक्त करना होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला निरंतर इस दिशा में कार्य कर रहे हैं। उनकी प्रेरणा से आज शहर के सभी क्षेत्र के पार्कों में नवीनीकरण एवं सघन वृक्षारोपण के कार्य चल रहे हैं।
क्षेत्र के वार्ड पार्षद सुरेंद्र कलवार ने कहा कि उनके द्वारा वार्ड के सभी पार्कों में नवीनीकरण एवं विकास के कार्य चल रहे हैं। एक-दो महीनो के अंदर सभी पार्कों का नवीनीकरण करवा लिया जाएगा।
सुंदर विहार विकास समिति के अध्यक्ष मुरली मनोहर जैन, सचिव मनीष बंसल एवं कोषाध्यक्ष मनोज जैन मालू ने सभी अतिथियों का दुपट्टा शॉल साफा माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सुंदर विहार पार्क अपने आप में अद्भुत है, जहां पर हजारों की तादाद में वृक्ष लगे हुए हैं। चारों कोनों पर विशेष डस्टबिन बने हुए हैं। समिति द्वारा स्वयं के खर्चे पर श्रमिक और माली द्वारा पौधों की सुरक्षा और देखभाल की जाती है।
उन्होंने पार्कों के विकास कार्यों की सभी की चिरपरिचित मांगे पूरी होने पर लोकसभा अध्यक्ष बिरला एवं विधायक शर्मा का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा सुंदर विहार विकास समिति द्वारा क्षेत्र में विकास कार्यो मे विशेष योगदान देने के लिए पार्षद सुरेंद्र कलवार, संजय विजय, विवेक शुक्ला एवं योगेश राणा का भी माला दुपट्टा पहनाकर हार्दिक अभिनंदन किया गया।
साथ ही इस पार्क के नवीनीकरण के मुख्य ठेकेदार राजेंद्र कुमार जैन और लाइट के ठेकेदार विनोद गौतम का भी बेहतरीन कार्य करने पर अभिनंदन किया गया। सुंदर विहार पार्क विकास समिति में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने पर समिति के संरक्षक डॉक्टर एसपी गोयल, अशोक माहेश्वरी, विट्ठल दास मूंदड़ा, अमरजीत चावला, केजी गुप्ता, डीडी बंसल, डीवी बंसल, एलआर सिन्हा, आरएस गेरा, पकंज गोयल और राजेश बागरेचा का भी अतिथियों द्वारा अभिनंदन किया गया।

