कोटा। मोशन एजुकेशन के दक्ष कैंपस में सोमवार को नीट विद्यार्थियों के लिए ‘रिचार्ज योर माइंड, रीसेट योर एनर्जी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। करीब दो घंटे तक चले इस आयोजन में म्यूजिक, डांस और मस्ती का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने खुलकर नृत्य किया, गीत-संगीत का आनंद लिया और खुद को तनाव से दूर महसूस किया।
कार्यक्रम के दौरान डीजे पर बजते एक से बढ़कर एक एनर्जेटिक गीतों ने माहौल को उत्साह से भर दिया। जैसे ही संगीत की धुनें गूंजीं, विद्यार्थी खुद को रोक नहीं पाए और डांस फ्लोर पर जमकर थिरके। खास बात यह रही कि इस खुशी भरे माहौल में केवल विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि नीट डिवीजन के फैकल्टी भी उनके साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए।
मोशन एजुकेशन के फाउंडर एवं एजुकेटर नितिन विजय ने कहा कि नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान विद्यार्थी अक्सर डेडलाइन, बैकलॉग, बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा, असफलता के डर और ओवरथिंकिंग जैसी चुनौतियों का सामना करते हैं। ऐसे आयोजन उनका तनाव दूर कर उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
उन्होंने बताया कि संगीत, डांस और मनोरंजन जैसी गतिविधियां केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी तनाव कम करने में मददगार होती हैं। ऐसे आयोजनों के दौरान शरीर में खुशी और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने वाले हार्मोन्स सक्रिय होते हैं, जिससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे नई ऊर्जा के साथ अपनी पढ़ाई में लौटते हैं।
कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लगातार पढ़ाई के बीच मिला यह छोटा-सा ब्रेक उनके लिए किसी रिफ्रेशमेंट से कम नहीं था। इससे वे मानसिक रूप से हल्का महसूस कर रहे हैं और आगे की तैयारी के लिए नई ऊर्जा मिली है।
इस अवसर पर मोशन एजुकेशन की डायरेक्टर डॉ. स्वाति विजय सहित संस्थान के कई वरिष्ठ फैकल्टी भी मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उनके साथ इस यादगार पल का हिस्सा बने।
पूरे आयोजन में उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि सफलता की दौड़ में मानसिक संतुलन और खुश रहना भी उतना ही जरूरी है, जितनी मेहनत और पढ़ाई।

