नगर निगम ने गुमानपुरा कियोस्क दुकानदारों को दुकानें खाली करने को कहा

0
6

कियोस्क दुकानदार प्रतिनिधिमंडल ने बताई कोटा व्यापार महासंघ से मिला

कोटा। कियोस्क दुकानदार व्यापार महासंघ, गुमानपुरा का एक प्रतिनिधिमंडल जेपी मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल दीपचदांनी एवं सचिव दीपक धींगड़ा के नेतृत्व में कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी से मिला और उन्हें एक ज्ञापन सोंपा।

कियोस्क दुकानदार व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र राजपाल, सचिव सरदार अहमद एवं कोषाध्यक्ष हेमंत बनानी ने व्यापार महासंघ के महासचिव को बताया कि इस क्षेत्र के समस्त व्यापारी विगत लगभग 25 वर्षों से कियोस्क दुकानों में वैध रूप से अपना व्यापार संचालित करते आ रहे हैं। इन दुकानों के माध्यम से अनेक परिवारों की आजीविका प्रत्यक्ष रूप से निर्भर है।

13 जुलाई को कोटा नगर निगम द्वारा तत्काल प्रभाव से दुकानें खाली करने का नोटिस प्रदान कर दिया गया। उक्त नोटिस में न तो व्यापारियों को वैकल्पिक व्यवस्था हेतु कोई समुचित समय प्रदान किया गया है और न ही प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के अनुरूप अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है।

यह कार्यवाही न केवल न्यायसंगत प्रक्रिया के प्रतिकूल है, बल्कि आजीविका के अधिकार तथा प्रशासनिक निष्पक्षता के मूलभूत सिद्धांतों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। तत्काल बेदखली की कार्यवाही अत्यंत कठोर, असंगत एवं अन्यायपूर्ण प्रतीत है।

उन्होंने कहा कि गुमानपुरा स्थित कियोस्क दुकानों को तत्काल खाली कराने की कार्यवाही पर रोक लगाने हेतु महासंघ संबंधित अधिकारियों से वार्ता करे। उन्होंने पर्याप्त एवं न्यायोचित समय प्रदान किए बिना किसी भी प्रकार की बेदखली की कार्यवाही स्थगित करने की अपील की। नगर निगम के कहने पर उन्होंने सामान पीछे हटा लिए हैं।

उन्होंने कोटा व्यापार महासंघ पर विश्वास व्यक्त कर कहा कि वह इसमें हस्तक्षेप कर हजारों आश्रित परिवारों की आजीविका की रक्षा करेंगे। इस पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि वे इसके बारे में पता करेंगे। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि जो भी व्यापारी के हित में होगा उसमें पूरा सहयोग करेंगे।