Stock Market: सेंसेक्स 964 अंक उछलकर 78151 पर और निफ्टी 24300 के पार बंद

0
8

नई दिल्ली। Stock Market Closed : घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को बंपर उछाल के साथ बंद हुआ। टेक महिंद्रा, कोटक बैंक, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिन्दुस्तान यूनीलीवर के दम पर बीएसई का सेंसेक्स 964 अंक उछलकर 78151 पर बंद होने में कामयाब रहा। जबकि, एनएसई के निफ्टी ने दोहरे शतक (261) के साथ 24333 के लेवल पर बंद हुआ। 

आईटी, बैंकिंग और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे दिग्गज शेयरों में मजबूत खरीदारी के दम पर कारोबारी सेशन में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 1 फीसदी से ज्यादा बढ़त दर्ज की गई। प्रमुख कंपनियों के पहली तिमाही (Q1) के नतीजों से पहले निवेशकों का रुझान बड़े शेयरों की ओर रहा, जिससे बाजार को मजबूती मिली।

कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 1095 अंक यानी 1.4 फीसदी की छलांग लगाकर 78,282.55 का इंट्राडे हाई बनाया। वहीं, एनएसई निफ्टी 240 अंक चढ़कर 24,367.30के उच्च स्तर तक पहुंचा। इससे पहले, सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 480.95 अंक चढ़कर 77,656.56 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 125.05 अंक की बढ़त के साथ 24,201 अंक पर रहा।

IT और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी आईटी सबसे ज्यादा बढ़त वाला इंडेक्स रहा और इसमें 1 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी बैंक भी करीब 1 फीसदी मजबूत हुआ। हालांकि, व्यापक बाजार में उतनी मजबूती नहीं दिखी। निफ्टी मिडकैप 100 में 0.61 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.86 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

RIL सबसे बड़ा गेनर
सेंसेक्स के शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे ज्यादा बढ़त के साथ 2 फीसदी से अधिक चढ़ा। कंपनी के पहली तिमाही के नतीजे शुक्रवार को आने वाले हैं, जिससे निवेशकों की नजर इस शेयर पर बनी हुई है। इसके अलावा टीसीएस, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एक्सिस बैंक, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में भी 1 फीसदी से अधिक की तेजी दर्ज की गई। इन दिग्गज शेयरों में खरीदारी से बाजार की बढ़त को मजबूती मिली।

टॉप गेनर्स-लूजर्स
सेंसेक्स टॉप गेनर्स स्टॉक्स की बात करें तो टेक महिंद्रा का नाम सबसे ऊपर है। यह 3.88 प्रतिशत चढ़कर 1570 रुपये पर बंद हुआ। कोटक बैंक में 3.67 प्रतिशत, टीसीएस में 2.92, रिलायंस में 2.78, ICICI बैंक में 2.59, हिंदुस्तान यूनीलीवर में 2.12 प्रतिशत की तेजी रही। ट्रेंट 0.68 प्रतिशत टूटकर 2840 रुपये पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स टॉप लूजर रहा। इसके अलावा एयरटेल, अल्ट्राटेक, इंडिगो और एनटीपीसी भी लाल निशान पर बंद हुए।

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो बैंक निफ्टी 1.54 प्रतिशत और फाइनेंशियल सर्विसेज 1.23 प्रतिशत ऊपर रहे। ऑटो इंडेक्स 1.25, आई 1.77 और प्राइवेट बैंक 2.01 प्रतिशत ऊपर चढ़ गए। पीएसयू बैंक में 0.38 प्रतिशत और रियल्टी इंडेक्स में 1.38 प्रतिशत की तेजी रही। गिरने वाले सेक्टर्स की बात करें मीडिया 0.23, मेटल 0.54, फार्मा 1.39, हेल्थ केयर 1.28, कंज्युमर ड्यूराबेल्स 0.22 और सीमेंट 0.24 प्रतिशत टूटे।

शेयर बाजार में तेजी की ये हैं बड़ी वजहें

  1. IT शेयरों में जोरदार खरीदारी: शुक्रवार को बाजार की तेजी की अगुवाई आईटी सेक्टर ने की। निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 1.16 फीसदी की बढ़त के साथ 29,042 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। टेक महिंद्रा के शेयर करीब 3 फीसदी चढ़े। कंपनी ने जून तिमाही में 28.4 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 1,465 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध मुनाफा दर्ज किया और डिमांड को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। वहीं, टीसीएस और एचसीएल टेक के शेयर 2 फीसदी से अधिक मजबूत हुए, जबकि इंफोसिस में करीब 1.5 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
  2. RIL और बैंकिंग शेयरों से तगड़ा सपोर्ट:बाजार में तेजी की दूसरी बड़ी वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज और प्रमुख बैंकिंग शेयरों में खरीदारी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर करीब 2 फीसदी चढ़कर 1,321 रुपये पर पहुंच गया और अकेले इस शेयर ने सेंसेक्स की बढ़त में करीब 160 अंकों का योगदान दिया। बाजार विशेषज्ञ वी.के. विजयकुमार के मुताबिक, निवेशकों को उम्मीद है कि कंपनी के पहली तिमाही के नतीजे अनुमान से बेहतर रह सकते हैं। वहीं, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर क्रमशः 1.3 फीसदी और 1.2 फीसदी चढ़े, जिससे सेंसेक्स को 132 अंक और 110 अंकों का अतिरिक्त समर्थन मिला।
  3. FIIs का रुख फिर सकारात्मक:जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार के अनुसार, पिछले एक महीने के दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) का रुख भारतीय बाजार के प्रति सकारात्मक हुआ है। हालांकि गुरुवार को एफआईआई ने 4,206 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी, लेकिन जुलाई में उनकी खरीदारी का रुझान धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि दक्षिण कोरिया के चिप शेयरों में कमजोरी बनी रहती है, तो भारत विदेशी निवेशकों के लिए आकर्षक निवेश गंतव्य बन सकता है, जिसका फायदा भारतीय शेयर बाजार को मिल सकता है।
  4. रुपये में मजबूती से बढ़ा निवेशकों का भरोसा: घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक माहौल का असर रुपये पर भी देखने को मिला। शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे मजबूत होकर 96.28 के स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को रुपया लगातार चौथे कारोबारी सत्र में कमजोर होकर 96.42 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
  5. टे​क्निकल चार्ट पर तेजी के संकेत: एक्सिस डायरेक्ट के रिसर्च प्रमुख राजेश पालविया के मुताबिक, तकनीकी चार्ट पर निफ्टी के लिए 23,900-23,800 का दायरा मजबूत सपोर्ट बना हुआ है। उनका मानना है कि यदि निफ्टी 24,150 के ऊपर टिकता है, तो इसमें 24,300 की ओर नई तेजी देखने को मिल सकती है। वहीं, अगर यह सपोर्ट स्तर से नीचे फिसलता है, तो बाजार में एक बार फिर मुनाफावसूली हावी हो सकती है।