कोटा। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इनफर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT) कोटा का पांचवां दीक्षांत समारोह 10 जुलाई को होगा। इसमें वर्ष 2025 में पासआउट हो चुके दो स्टूडेंट को गोल्ड मेडल मिलेंगे. इसके अलावा 201 विद्यार्थियों को उपाधियां वितरित की जाएंगी। इनमें 197 में अंडर ग्रेजुएट और चार पोस्ट ग्रेजुएट विद्यार्थी हैं। यह साल 2021 के स्टूडेंट हैं. पहली बार दो विद्यार्थियों को पीएचडी अवार्ड की जाएगी।
ट्रिपल आईटी के को-ऑर्डिनेटर प्रो. केके शर्मा ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एके भट्ट एवं ट्रिपल आईटी के निदेशक प्रोफेसर एनपी पाढ़ी अतिथि होंगे। बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के श्रेयांश जैन एवं बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के हर्षित अरोड़ा गोल्ड मेडलिस्ट बनेंगे.पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आने की भी योजना थी।
40 लाख सालाना पैकेज पर श्रेयांश: कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में गोल्ड मेडल लेने वाले श्रेयांश जैन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी हैं। उन्होंने साल 2021 में ट्रिपल आईटी कोटा में एडमिशन लिया था। कोटा में पढ़ाई के बाद कैंपस प्लेसमेंट में मूव इन सिंक कंपनी 40 लाख सालाना के पैकेज पर हुआ। अभी बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर डवलपर इंजीनियर हैं। उनके पिता नवीन कुमार जैन और मां शिल्पी है। पिता गाजियाबाद में ही बिजनेस करते हैं। वहीं, हर्षित मूल रूप से उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग निवासी हैं। उनका प्लेसमेंट ट्रिपल आईटी से डेवरेव कंपनी में 12 लाख सालाना पैकेज पर हुआ। वे वर्तमान में इस कंपनी में बेंगलुरु में ही प्लेटफॉर्म इंजीनियर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
201 स्टूडेंट्स में केवल 7 छात्राएं: ट्रिपल आईटी के दीक्षांत समारोह में बीटेक के 197 स्टूडेंट को डिग्री मिलेगी। इनमें 192 छात्र एवं केवल पांच छात्राएं हैं। एमटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग स्पेशलाइजेशन इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डाटा साइंस के चार स्टूडेंट हैं। इनके नाम भानु कोम्माबाथुला, श्रीजा नंदी, फिरोज एस दादापीर एवं श्रेयांश यादव है। पीएचडी के दोनों स्टूडेंट मेल हैं. इनमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में प्रतीक शर्मा और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में दुर्गेश कुमार हैं।

