रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप का आयोजन कोटा में 19 जुलाई को, तैयारियां शुरू

0
4

कोटा। कोटा रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा 19 जुलाई को ‘रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026’ का आयोजन किया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष जानकीलाल नायक जोंटी ने बताया कि राजस्थान रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन से संबद्ध और ‘रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (RSFI) के तत्वावधान में होने वाली यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता कोटा के मल्टीपर्पज स्कूल में आयोजित की जाएगी।

​एसोसिएशन के महासचिव मोहसिन खान ने बताया कि इस चैंपियनशिप में विभिन्न आयु वर्गों (अंडर-6 से लेकर 18 वर्ष और उससे अधिक) के बालक-बालिकाएं भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में मुख्य रूप से ट्रैक इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे। जहाँ खिलाड़ी अपनी गति, संतुलन और उत्कृष्ट स्केटिंग कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

आयोजन समिति ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए हेलमेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों को पहनना पूरी तरह अनिवार्य किया है। इसके साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर पुख्ता मेडिकल सुविधाएं और फर्स्ट एड की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 17 जुलाई निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि कोटा के खेल प्रेमियों और उभरते हुए स्केटर्स के लिए चैंपियनशिप बेहद रोमांचक अनुभव होगा। इस विशेष चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस और स्केटिंग के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है। जिसके लिए कोटा के सभी प्रमुख स्कूलों और क्लबों को इस चैंपियनशिप में अपनी टीमों को भेजने के लिए आमंत्रित किया गया है।