पारीक योग भवन में हर माह होगा नियमित योग प्रशिक्षण

0
9

कोटा। किशोरपुरा स्थित पारीक योग भवन में रविवार को अंतराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक आयुर्वेद एवं योग गुरु रेवती रमण पारीक ने समाज एवं स्थानीय नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा स्वास्थ्यवर्धक योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया। उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए इसके शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी।

इस अवसर पर पारीक पंचायत के संरक्षक रवि प्रकाश पारीक ने माला एवं दुपट्टा पहनाकर योग गुरु का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में योगेश पारीक ढोटी ने सूक्ष्म शरीर की पवित्रता और योग के माध्यम से आत्मिक उन्नयन विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के अंत में पारीक पंचायत अध्यक्ष रासबिहारी पारीक ने उपस्थित समाजबंधुओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए रेवती रमण पारीक के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने घोषणा की कि समाज में स्वास्थ्य एवं योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को पारीक योग भवन में रेवती रमण पारीक के मार्गदर्शन में नियमित योग प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।