महेश नवमी महोत्सव: रक्तदान, योगाभ्यास, कैरम-शतरंज प्रतियोगिताओं में दिखा जोश
कोटा। माहेश्वरी समाज के तत्वावधान में महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत रविवार को आयोजित योग, सेवा और खेल भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित योग शिविर, रक्तदान शिविर तथा कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिताओं में समाज के महिला, पुरुष एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रमों को सफल बनाया।
मुख्य संयोजक महेशचंद अजमेरा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ माहेश्वरी भवन झालावाड़ रोड पर आयोजित योग शिविर से हुआ। समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला के नेतृत्व में आयोजित शिविर में सभी आयु वर्ग के लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर बिरला ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए समाजजनों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।

रक्तदान शिविर में कुल 55 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। खेल संयोजक घनश्याम मूंदड़ा एवं अविनाश अजमेरा ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन विभिन्न आयु वर्गों में किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबले खेले।
खेल प्रतियोगिताओं के परिणाम
खेल संयोजक घनश्याम मूंदडा व अविनाश अजमेरा ने बताया कि कैरम प्रतियोगिता में 12 वर्ष से कम आयु वर्ग में हर्षवर्धन बिरला ने प्रथम एवं केशव नामधारणी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग में पार्थ फलोद विजेता तथा काना पंवार उपविजेता रहे।
18 से 40 वर्ष महिला वर्ग में नैन्सी लखोटिया प्रथम एवं वैदेही लखोटिया द्वितीय रहीं, जबकि पुरुष वर्ग में सुन्दिल लखोटिया ने प्रथम तथा शुभम लखोटिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में रंजना खुवाल एवं गीतिका मूंदड़ा क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय रहीं, जबकि पुरुष वर्ग में उपेन्द्र नियाती विजेता तथा दुर्गाशंकर लखोटिया उपविजेता रहे।
शतरंज प्रतियोगिता में 40 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग में सत्यनारायण सोमानी ने प्रथम एवं अनिल चांडक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में प्रीति सिकची विजेता तथा प्रियंका मूंदड़ा उपविजेता रहीं।
अन्य आयु वर्गों में अनय तुर्किया एवं अंश झंवर, लक्षिता सोडानी एवं विधि अजमेरा, आर्यन बागला एवं केशव नामधारणी, दिव्या गांधी एवं नेहा झंवर तथा बृजनंदन काल्या एवं वेदांत झंवर ने क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय स्थान हासिल किए।
इस अवसर पर समाज अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला, मंत्री बिट्ठलदास मूंदड़ा, मुख्य समन्वयक महेश चंद अजमेरा, उपाध्यक्ष नंद किशोर काल्या, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र शारदा, कोटा जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष सुरेश चंद काबरा, मंत्री ओम गट्टानी, महिला मंडल कोटा अध्यक्ष सरिता मोहता, सचिव श्वेता माहेश्वरी सहित कई समाज बंधु उपस्थित रहे।
‘नवसृजन’ कार्यक्रम का आयोजन आज
महेशचंद अजमेरा ने बताया कि महोत्सव की अगली कड़ी में 22 जून को सायं 4 बजे माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, श्रीनाथपुरम में महिलाओं एवं युवतियों के लिए विशेष कार्यक्रम ‘नवसृजन’ का आयोजन किया जाएगा। भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक कला पर आधारित इस आयोजन में मांडना प्रतियोगिता, क्रोशिया प्रतियोगिता, किटी पार्टी आधारित रचनात्मक गतिविधियां तथा ‘जीरो ऑयल कुकिंग’ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेंगी। उन्होंने समाज की महिलाओं एवं युवतियों से अधिकाधिक संख्या में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
माहेश्वरी किंग बनी फैमिली बॉक्स क्रिकेट चैंपियन
महेश नवमी महोत्सव के तहत आयोजित फैमिली बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को माहेश्वरी किंग और दे दनादन टीम के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में दे दनादन टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए माहेश्वरी किंग ने केशव माहेश्वरी की शानदार 50 रनों की पारी की बदौलत 5 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
खेल संयोजक घनश्याम मूंदड़ा एवं अविनाश अजमेरा ने बताया कि पिकलबॉल प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में दया सिंधु बागला प्रथम एवं सुंदिल लाखोटिया द्वितीय रहे। महिला वर्ग में रेखा बागला ने प्रथम तथा अनन्या कजानी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मिश्रित युगल वर्ग में दया सिंधु बागला एवं रेखा बागला की जोड़ी विजेता रही, जबकि हार्दिक लाखोटिया एवं नंदिनी कोठारी की जोड़ी उपविजेता रही।

