नई दिल्ली। Gold Silver Rate On MCX: ग्रीनलैंड पर ट्रंप के बयान के बाद आज घरेलू वायदा बाजार में आज गुरुवार, 22 जनवरी को सोने के दाम सुबह के समय गिर गए। बुधवार को ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर यूरोपीय देशों पर शुल्क लगाने की अपनी धमकी से पीछे हट गए।
उन्होंने कहा कि उन्होंने नाटो महासचिव मार्क रट्टे के साथ बैठक करके द्वीप के भविष्य को लेकर एक ‘भावी समझौते का ढांचा’ तैयार किया है। इसके अलावा सोने की कीमतों में गिरावट मुनाफा वसूली, भूराजनीतिक तनाव में कमी के संकेत और डॉलर के मजबूत होने के कारण भी हुई।
सुबह लगभग 9:05 बजे, एमसीएक्स पर फरवरी महीने के लिए सोने के फ्यूचर्स ₹1,52,879 प्रति 10 ग्राम पर सपाट चल रहे थे। वहीं, मजबूत स्पॉट बाजार मांग के कारण मार्च महीने के चांदी के फ्यूचर्स 0.90% चढ़कर ₹3,21,343 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी पीली धातु के दाम गिरे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर अपनी बात को नरम किया, जिसके बाद अमेरिका में फरवरी के लिए सोने के फ्यूचर्स 1% गिर गए। वहीं, सिंगापुर में सुबह 8:30 बजे तक सोना 1% गिरकर $4,783.27 प्रति औंस हो गया। चांदी 2.1% गिरकर $91.13 हो गई। प्लैटिनम और पैलेडियम में भी गिरावट आई।
क्या कह रहे एक्सपर्ट्स
पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन ने बताया कि ट्रंप के बयानों के बाद वैश्विक वित्तीय बाजारों में जोखिम-विमुखता के बीच सोने और चांदी की कीमतों में कुछ मुनाफावसूली देखी जा रही है।
हालांकि, जैन ने यह भी जोड़ा कि अमेरिकी व्यापार शुल्क और ‘अमेरिका को बेचने’ की पश्चिमी नीतियों के कारण वैश्विक अनिश्चितता कीमती धातुओं में सुरक्षित निवेश खरीदारी को जारी रखने में सहायक हो सकती है।
जैन ने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि अमेरिकी बेरोजगारी दावों के आंकड़े और भू-राजनीतिक तनाव से पहले; डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव के बीच इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतें अस्थिर बनी रहेंगी।
जानिए कहां तक जा सकते हैं सोने के भाव
गोल्डमैन सैक्स ने सोने की कीमत का अपना सालाना लक्ष्य बढ़ा दिया है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक बैंक ने दिसंबर 2026 के लिए सोने की कीमत का अनुमान 4,900 डॉलर प्रति औंस से बढ़ाकर 5,400 डॉलर प्रति औंस कर दिया है। अगर मोटे तौर पर कहें तो भारतीय बाजारों में 10 ग्राम सोने का भाव 180000 रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि आज सोने के भाव में गिरावट है। एमसीएक्स पर दोपहर पौने 12 बजे के करीब गोल्ड का फरवरी वायदा 0.77 पर्सेंट टूटकर 151687 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था।

