Stock Market: सेंसेक्स 676 अंक उछलकर 81274 पर और निफ्टी 24800 के पार बंद

0
9

नई दिल्ली। Stock Market Closed :सोमवार को भारतीय बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में करीब एक प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 676.09 अंक या 0.84 प्रतिशत उछलकर 81,273.75 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 245.65 अंक या 1.00 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,876.95 पर आ गया।

बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 700 से ज्यादा अंक चढ़कर 81,315 अंक पर खुला। खुलते ही इसमें तेजी देखी गई। सुबह 10:33 बजे यह 1010.14 अंक या 1.25 फीसदी की बढ़त के साथ 81,607.80 पर कारोबार कर रहा था। दोपहर दो बजे सेंसेक्स 81,765 के डे हाई पर पहुंचने के बाद फिसलकर 81,416 पर आ गया।

निफ्टी 25,022 को टच करने के बाद फिसलकर 24,918 पर आ गया है। इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty50) भी जोरदार उछाल के साथ 24,938 अंक पर खुला। सुबह 10:33 बजे यह 348.45 अंक या 1.41 फीसदी की बढ़त लेकर 24,979.75 पर चल रहा था ।

टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति का शेयर सबसे ज्यादा 9 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। वाहनों पर जीएसटी स्लेब के 28 फीसदी से घटकर 18 फीसदी होने की खबरों से शेयर में जोरदार उछाल आया। बजाज फाइनेंस, अल्ट्रा सीमेंट, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनीलीवर, ट्रेंट, एशियन पेंट, अदाणी पोर्ट्स और टाइटन प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी तरफ, सिन प्रोडक्ट्स जीएसटी अधिक लगने की संभावनाओं के चलते आईटीसी टॉप लूजर रहा। साथ ही एलएंडटी, इटरनल, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, इंफोसिस और बीईएल गिरावट में बंद हुए।

ब्रोडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.5 प्रतिशत तक की तेजी आई। अशोक लीलैंड, ब्लू स्टार, गोदरेज इंडस्ट्रीज, एस्कॉर्ट्स, पीजी इलेक्ट्रोप्लास्ट, केईसी इंटरनेशनल, अंबर एंटरप्राइजेज, फाइजर और बाटा इंडिया जैसे प्रमुख शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।

सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी ऑटो इंडेक्स ने 4 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ तगड़ा प्रदर्शन किया। निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में 3.5 प्रतिशत और रियल्टी इंडेक्स में 2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, आईटी इंडेक्स में 0.5 प्रतिशत से ज़्यादा की गिरावट दर्ज की गई।