कोटा में कम खर्च में शादी-समारोह व अन्य आयोजनों के लिए रेलवे की भूमि उपलब्ध

0
6

तीन स्थानों पर 22,500 से 27,200 वर्गफीट तक खुला परिसर, 11,226 रुपये से शुरू

कोटा। शादी-समारोह, रिसेप्शन एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए आमजन को कम खर्च में सुविधाजनक स्थान का विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोटा मंडल द्वारा रेलवे की भूमि अस्थायी लाइसेंस पर उपलब्ध कराई जा रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यह सुविधा आमजन के लिए उपलब्ध है। कोई भी इच्छुक व्यक्ति निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकता है। कोटा शहर में तीन स्थानों पर 22,500 से 27,200 वर्गफीट तक खुले परिसर उपलब्ध हैं, जिन्हें आवश्यकता के अनुसार अधिकतम 15 दिन तक लिया जा सकता है।

इनमें न्यू रेलवे लोको कॉलोनी पार्क के पास 22,500 वर्गफीट भूमि का लाइसेंस शुल्क ₹11,226 प्रतिदिन, शिव मंदिर, एसएसई/डब्ल्यू-2 कार्यालय के पास 27,200 वर्गफीट भूमि का ₹16,864 प्रतिदिन तथा वर्कशॉप ग्राउंड के सामने 27,200 वर्गफीट भूमि का ₹16,865 प्रतिदिन है। इसके अतिरिक्त जीएसटी एवं नियमानुसार सिक्योरिटी डिपॉजिट देय होगा। सिक्योरिटी डिपॉजिट लागू नियमों के अनुसार वापस किया जाएगा।

इन स्थानों तक सड़क से सुगम पहुंच के साथ पर्याप्त पार्किंग और बड़े खुले परिसर की सुविधा उपलब्ध है। यहां विवाह एवं रिसेप्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल गतिविधियां, मेले-प्रदर्शनी, सामाजिक समारोह तथा रेलवे द्वारा अनुमत अन्य गतिविधियां आयोजित की जा सकती हैं। धार्मिक आयोजन एवं धार्मिक सभाओं के लिए रेलवे भूमि उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।

इच्छुक आमजन आवश्यक तारीख एवं प्रस्तावित कार्यक्रम का विवरण देकर संबंधित रेलवे इंजीनियरिंग कार्यालय, कोटा में ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। भूमि की उपलब्धता, आवेदन प्रक्रिया तथा नियम एवं शर्तों की जानकारी भी संबंधित कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

लाइसेंस शुल्क प्रचलित डीएलसी दरों, क्षेत्रफल एवं रेलवे के लागू नियमों के अनुसार निर्धारित होता है, इसलिए वास्तविक शुल्क में नियमानुसार परिवर्तन संभव है।