नई दिल्ली। NEET PG 2026 परीक्षा में शामिल होने वाली छात्रों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज यानी NBEMS 24 अगस्त को एडमिट कार्ड जारी करने जा रहा है।
ठीक छह दिन बाद यानी 30 अगस्त को देशभर में यह मेडिकल एंट्रेंस परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी। जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, वे अब बेसब्री से अपने हॉल टिकट का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि यही वो दस्तावेज है जो उन्हें परीक्षा हॉल में बैठने की इजाजत देगा।
कैसे डाउनलोड करें NEET PG 2026 एडमिट कार्ड
- एडमिट कार्ड जारी होते ही उम्मीदवार इसे आधिकारिक NBEMS वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।
- इसके लिए सबसे पहले natboard.edu.in पर जाना होगा, फिर NEET PG 2026 सेक्शन पर क्लिक करना होगा।
- वहां एडमिट कार्ड का लिंक मिलेगा, जिस पर क्लिक करके यूजर आईडी और पासवर्ड डालना होगा।
- जैसे ही लॉगिन हो जाएगा, स्क्रीन पर एडमिट कार्ड दिख जाएगा, जिसे डाउनलोड करके सुरक्षित रख लेना चाहिए।
- उसका प्रिंटआउट निकालकर परीक्षा केंद्र ले जाना जरूरी होगा।
गौर करने वाली बात यह है कि 11 अगस्त को जारी हुई सिटी इंटिमेशन स्लिप और अब आने वाला एडमिट कार्ड, दोनों अलग-अलग दस्तावेज हैं। सिटी स्लिप सिर्फ यह बताती है कि उम्मीदवार का परीक्षा किस शहर में पड़ा है, जबकि एडमिट कार्ड में सटीक परीक्षा केंद्र का पता, रिपोर्टिंग टाइम और परीक्षा से जुड़े जरूरी निर्देश दर्ज होंगे। इसलिए दोनों दस्तावेजों को अलग-अलग डाउनलोड करना जरूरी है।
एडमिट कार्ड में क्या-क्या दर्ज होगा
हॉल टिकट में उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, परीक्षा केंद्र, परीक्षा की तारीख और समय जैसी अहम जानकारियां होंगी। डाउनलोड करने के बाद हर उम्मीदवार को चाहिए कि वह सारी डिटेल्स ध्यान से जांच ले, ताकि नाम की स्पेलिंग, फोटो या फिर सेंटर की जानकारी में किसी तरह की गलती हो तो उसे समय रहते ठीक कराया जा सके। एक्सपर्ट्स की सलाह है कि एडमिट कार्ड जिस दिन जारी हो, उसी दिन डाउनलोड कर लेना बेहतर रहता है, क्योंकि परीक्षा में ज्यादा समय नहीं बचा होता और अगर कोई गड़बड़ी निकले तो उसे सुधारने का मौका मिल जाता है। चूंकि इस बार परीक्षा सिंगल शिफ्ट में होगी, इसलिए रिपोर्टिंग टाइम पर पहुंचना बेहद जरूरी हो जाता है। देरी होने की सूरत में कोई दूसरी शिफ्ट उपलब्ध नहीं होगी, जिससे उम्मीदवार को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
परीक्षा केंद्र पर जानें से पहले इन बातों का रखें ध्यान
- परीक्षा हॉल में एंट्री के लिए एडमिट कार्ड का प्रिंटेड कॉपी साथ रखना अनिवार्य है।
- इसके अलावा एक ओरिजिनल और वैलिड फोटो आईडी प्रूफ भी साथ लाना होगा।
- उम्मीदवार एडमिट कार्ड के साथ-साथ NBEMS की आधिकारिक गाइडलाइंस भी ध्यान से पढ़ें।
NEET PG देश की उन परीक्षाओं में शामिल है जो मेडिकल कॉलेजों में MD, MS और पीजी डिप्लोमा कोर्सेज में दाखिले का रास्ता खोलती है। इसके जरिए हर साल हजारों सीटों पर एडमिशन होता है, जिनमें ऑल इंडिया कोटा, राज्य कोटा, डीम्ड और सेंट्रल यूनिवर्सिटीज के साथ-साथ ESIC और आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल सर्विसेज की सीटें भी शामिल हैं।
यही वजह है कि हर साल लाखों मेडिकल ग्रेजुएट्स इस परीक्षा में शामिल होने के लिए तैयारी करते हैं। NBEMS ने साफ कहा है कि उम्मीदवार एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़ी किसी भी अपडेट के लिए सिर्फ और सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें। सोशल मीडिया या किसी अन्य अनाधिकृत स्रोत से मिलने वाली जानकारी पर यकीन करने से बचना चाहिए, क्योंकि ऐसी अफवाहें कई बार उम्मीदवारों को गुमराह कर देती हैं।

