Crude Oil: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से ब्रेंट क्रूड के दाम 100 डॉलर के करीब

0
6

नई दिल्ली। Crude Oil Price: कच्चे तेल के दाम में बुधवार को एक बार फिर तेज उछाल देखने को मिल रहा है। ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के बेहद करीब पहुंच गया है। वहीं अमेरिकी कच्चा तेल डब्ल्यूटीआई 94 डॉलर के पार निकल गया है। इसकी सबसे बड़ी वजह पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव और तेल की सप्लाई में रुकावट का डर है।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर डिलीवरी वाला ब्रेंट क्रूड 1.40 डॉलर यानी 1.43 फीसदी चढ़कर 99.32 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान इसका भाव 99.66 डॉलर तक गया। वहीं अक्टूबर डिलीवरी वाला डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.25 डॉलर यानी 1.34 फीसदी की तेजी के साथ 94.28 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। यह आज 94.78 डॉलर तक पहुंच चुका है।

इस तेजी की सबसे बड़ी वजह पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालात हैं। सऊदी अरब के कुछ ऊर्जा ठिकानों पर हमले के बाद बाजार की चिंता बढ़ गई है। निवेशकों को डर है कि अगर लड़ाई और फैली तो सऊदी अरब समेत आसपास के देशों से दुनिया को मिलने वाले तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है।

सऊदी अरब दुनिया के सबसे बड़े तेल उत्पादक देशों में शामिल है। इसलिए वहां तेल से जुड़े ठिकानों पर हमला होने की खबर आते ही कच्चे तेल के बाजार में इसका असर दिखाई देने लगता है।

क्या ब्रेंट 100 डॉलर के पार जाएगा?
अब सबकी नजर 100 डॉलर पर है। ब्रेंट 99.66 डॉलर तक पहुंच चुका है। यानी 100 डॉलर का स्तर अब ज्यादा दूर नहीं है। हालांकि तेल के दाम लगातार बढ़ते ही रहेंगे, ऐसा जरूरी नहीं है। खाड़ी के देश दूसरे रास्तों से तेल भेजने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा चीन की मांग में कमजोरी भी कीमतों की तेजी पर कुछ लगाम लगा सकती है। लेकिन फिलहाल सप्लाई को लेकर चिंता ज्यादा है।