कोटा के मथुराधीश मंदिर पर ज्येष्ठाभिषेक आज, मनोरथ में चढ़ाए जाएंगे आम

0
13

कोटा। शुद्धाद्वैत प्रथम पीठ श्री मथुराधीश मंदिर पर मंगलवार को जल अधिवासन किया गया। वहीं बुधवार को ठाकुर जी का ज्येष्ठाभिषेक होगा। इस दौरान अधिवासित शीतल जल से प्रभु को स्नान कराया जाएगा।

प्रभु को भोग धराने के पश्चात वल्लभकुल आचार्य, प्रभु की सेवा के मुखियाजी, भितरिया सेवक तथा वैष्णव जन के साथ जल भरने पधारे। स्वर्ण एवं रजत पात्र मे जल भर कर मंदिर मे लाया गया। फिर शयन के समय जल का अधिवासन किया गया। जल की गागर का भी चंदन एवं अन्य सामग्री से पूजन किया गया और भोग धराया गया। अधिवासन में जल की गागर भरकर उसमें कमल, जूही, मोगरा की कली, कदम्ब, निवारा की कली, गुलाब, रायबेली आदि आठ प्रकार के पुष्प, चंदन, केशर, बरास, गुलाब जल, यमुना जल आदि पधराये गए। अधिवासन के समय संकल्प किया गया।

श्री मथुरेश टेंपल बोर्ड के महामंत्री मोनू व्यास ने बताया कि बुधवार को स्नान यात्रा के तहत ठाकुर जी का प्रातः 5 बजे ज्येष्ठाभिषेक किया जाएगा। इस दिन आम का मनोरथ भी होगा। जिसके तहत ठाकुर जी को सवा लक्ष आम धराए जाएंगे। शयन के साथ फूल मंडली के दर्शन होंगे। स्नान के दर्शन वर्ष में दो बार ही होते हैं। ज्येष्ठाभिषेक के बाद जन्माष्टमी पर ही पंचामृत अभिषेक के दर्शन होंगे। इसके बाद प्रभु की चंदन सेवा बंद हो जाएगी।

उन्होने बताया कि प्रातः 5 स्नान के दर्शन होंगे। इसके बाद 9 बजे से सेवाअनुकूल समय में राजभोग और 4 बजे उत्थापन के दर्शन होंगे। वहीं 5 बजे भोग आरती के दर्शन शामिल होंगे। शाम को 6:30 बजे फूल मंडली के दर्शन होंगे।