रेलवे ने ट्रेनों में अवैध वेंडर्स एवं बेटिकट यात्रियों से 52505 रुपए का जुर्माना वसूला

0
10

कोटा। डीआरएम अनिल कालरा के मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन एवं मंडल सुरक्षा आयुक्त ए. नवीन कुमार के नेतृत्व में ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वालों एवं ट्रेनों में अवैध वेंडर्स के विरूद्ध औचक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

यात्रियों द्वारा अवैध वेंडरों की लगातार मिल रही शिकायतों पर कारवाई के क्रम में 20 अप्रैल को गाड़ी संख्या 19038 अवध एक्सप्रेस में कोटा-नागदा खण्ड पर रामगंजमंडी एवं शामगढ़ स्टेशन पर 1-1 तथा नागदा से कोटा के मध्य गाड़ी संख्या 20155 डॉ. अम्बेडकर नगर-नई दिल्ली एक्सप्रेस में 1 व्यक्ति को अवैध रूप से पानी की बोतल बेचते पकड़ा तथा ट्रेन में बिना टिकट के स्लीपर कोच में यात्रा करने वालों 6 यात्रियों के विरुद्ध कारवाई करते हुए कुल 25,175 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

कारवाई के दूसरे दिन 21 अप्रैल को गाड़ी संख्या 12465 इंदौर-भगत की कोठी रणथम्भौर एक्सप्रेस एवं गाड़ी संख्या 22544 लालकुआं-बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस में कोटा-सवाई माधोपुर खण्ड के कोटा एवं लाखेरी स्टेशन पर 1-1 व्यक्ति को अवैध रूप से खाद्य एवं पेय सामग्री बेचते पकड़ा। साथ ही ट्रेन में स्लीपर कोच में बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए 30 व्यक्तियों से कुल 27,330 रुपए जुर्माना वसूला गया।

इन दो दिनों की औचक कारवाई में कुल 5 अवैध वेंडर्स व 36 व्यक्ति बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए जिनसे कुल 52,505 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इस औचक चेकिंग अभियान में चेकिंग स्टाफ एवं रेल सुरक्षा बल के जवानों ने मुख्य भूमिका निभाई।