कोटा जिले में चंबल नदी पर हाई-लेवल ब्रिज के निर्माण के लिए 256 करोड़ रुपए मंजूर

0
50

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोटा जिले में चंबल नदी पर हाई-लेवल ब्रिज के निर्माण के लिए 256.46 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति दी है। इस पुल का निर्माण राज्य राजमार्ग संख्या-120 पर गोठड़ा कलां गांव में किया जाएगा।

धौलपुर के तालाबशाही में 2.56 करोड़ रुपए से विकास कार्य की भी मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने पूर्व में चंबल नदी पर पुल निर्माण का यह काम 165 करोड़ रुपए की लागत से करवाने की बजट घोषणा की थी, जिसके विरुद्ध अब 256.46 करोड़ रुपए की बढ़ी हुई वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

धौलपुर के तालाबशाही में होंगे विकास कार्य: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने धौलपुर जिले में तालाबशाही के विकास कार्यों के लिए 2.56 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति दी है। इस स्वीकृति से तालाबशाही के 3 चौक का संरक्षण, गेस्ट हाउस का विकास, लैण्डस्केपिंग, इलेक्ट्रिक संबंधी कार्य आदि पर्यटन विकास कोष से हो सकेंगे। इससे पर्यटकों को सुविधा होगी। तालाबशाही धौलपुर जिले के बाड़ी में स्थित मध्यकालीन मुगल स्थापत्य का बेजोड़ और अनुपम स्थापत्य है। आसपास के जिलों से यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। मुख्यमंत्री ने बजट वर्ष 2023-24 में पर्यटन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्मारकों, मंदिरों के जीर्णोद्धार कार्य सहित अन्य सुविधाएं विकसित करने की घोषणा की थी।

भारतीय लोक कला मंडल का होगा अपग्रेडेशन:सीएम अशोक गहलोत ने भारतीय लोक कला मंडल, उदयपुर में विभिन्न अपग्रेडेशन कार्यों के लिए 16.26 करोड़ के वित्तीय प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के अनुसार, भारतीय लोक कला मंडल में 16.26 करोड़ की लागत से विभिन्न कार्य करवाएं जाएंगे। इनमें कठपूतली थिएटर, मुख्य भवन में सिविल वर्क, इन्टीरियर वर्क, एलिवेटर निर्माण आदि कार्य शामिल हैं।