16 देशों से आए टूर ऑपरेटर्स ने कोटा-बूंदी को बताया आकर्षक पर्यटन स्थल

0
16

कोटा। 16 countries Tour operators Kota-Bundi Visit: जयपुर में आयोजित द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार के फेम टूर के तहत 16 देशों से आए टूर कंपनियों के संचालकों ने गुरुवार को कोटा- बूंदी का भ्रमण किया। इस दौरान होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।

फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि दो दिवसीय प्रवास के दौरान होटल फेडरेशन की टीम ने टूर ऑपरेटर्स के पयर्टन भ्रमण के साथ साथ आवास, भोजन एवं आतिथ्य सत्कार की समुचित व्यवस्था की। साथ ही उन्हें कोटा-बूंदी के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाकर विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई।

कोटा भ्रमण के दौरान में सिटी पार्क, चंबल रिवर फ्रंट, सेवन वंडर्स पार्क तथा कोटा गढ़ पैलेस सहित विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करवाया गया। गढ़ पैलेस स्थित पुरातत्व संग्रहालय को देखकर टूर ऑपरेटर्स को कोटा के समृद्ध इतिहास और संस्कृति की जानकारी दी गयी। सभी स्थानों पर पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया गया।

टूर ऑपरेटर्स ने कोटा-बूंदी को ऐतिहासिक, पुरातात्विक, स्थापत्य कला एवं आधुनिक पर्यटन स्थलों का अद्भुत संगम बताते हुए इसे अत्यंत सुंदर एवं आकर्षक पर्यटन गंतव्य बताया। उन्होंने कहा कि अब तक वे जयपुर, चित्तौड़ और उदयपुर को प्रमुखता से अपने टूर प्लान में शामिल करते रहे हैं, लेकिन आगामी पर्यटन सीजन से कोटा-बूंदी को भी इन शहरों के साथ जोड़कर नई संयुक्त आइटनरी तैयार करेंगे।

माहेश्वरी ने बताया कि इन टूर कंपनियों का संचालन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होता है और ये अपने देशों से बड़ी संख्या में पर्यटकों को भारत भ्रमण के लिए भेजती हैं। इनमें रूस, स्पेन, साउथ अफ्रीका, अमेरिका, जापान, मलेशिया, इंडोनेशिया सहित कई देशों की कंपनियां शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि कोटा-बूंदी को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में यह भ्रमण अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इससे आने वाले समय में जयपुर और उदयपुर आने वाले विदेशी पर्यटक हाड़ौती क्षेत्र की ओर भी आकर्षित होंगे।

इस अवसर पर माहेश्वरी ने होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, सचिव रणविजय सिंह, RATO के अध्यक्ष महेंद्र सिंह, ट्रैवल बाजार संयोजक दिलीप सिंह चौहान एवं पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से कोटा-बूंदी को इस फेम टूर में शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि भविष्य में राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स के साथ मिलकर कोटा-बूंदी को प्रमुख पर्यटन आइटनरी में शामिल करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।