Friday, July 10, 2026
Home Blog Page 5655

अमेजन के जेफ बेजोस बने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति

नई दिल्ली । शुक्रवार की सुबह अमेजन के शेयर गुरुवार की क्लोजिंग के मुकाबले 8 फीसद के उछाल के साथ खुले। इस बढ़त ने कंपनी के प्रमुख जेफ बेजोस की नेट वर्थ में 7 बिलियन डॉलर का इजाफा कर दिया।

लेकिन वहीं दूसरी तरफ माइक्रोसॉफ्ट के शेयर्स में 7 फीसद का ही इजाफा हुआ, जिसके कारण जेफ बिल गेट्स को पछाड़कर एक बार फिर से दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।

शुक्रवार को कारोबार की शुरुआत में बेजोस की नेट वर्थ 89.7 बिलियन डॉलर थी, जबकि गेट्स की नेटवर्थ 90.1 बिलियन डॉलर थी, जिसमें बीते दिन 550 मिलियन डॉलर का इजाफा हुआ था।

सुबह 10:15 बजते ही अमेजन के शेयर 2 फीसद उछल गए जिसने बेजोस की नेट वर्थ में 900 मिलियन डॉलर का इजाफा कर दिया।

इसके साथ ही वो 90.6 बिलियन डॉलर की नेट वर्थ के साथ दुनिया के नंबर एक अमीर शख्स बन गए जबकि बिल गेट्स को 90.1 बिलियन डॉलर के साथ दूसरे पायदान पर संतोष करना पड़ा।

दूसरी बार पाया यह मुकाम: अमेजन के जेफ बेजोस इसी साल दूसरी बार दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने हैं। आज से तीन महीने पहले 27 जुलाई को अमेजन के शेयर्स ने ऑल टाइम हाई का आंकड़ा छुआ था।

कंपनी के शेयर्स ने यह तेजी दूसरी तिमाही की कमाई के नतीजे जारी किए जाने से ठीक पहले हासिल की थी। हालांकि उस वक्त बेजोस की यह बादशाहत बस कुछ देर तक के लिए ही कायम रही।

ठीक उसी दिन अमेजन की ओर से जारी की जाने वाली दूसरी तिमाही की कमाई के नतीजों में उसे थोड़ा झटका लगा और उसके स्टॉक्स में थोड़ी गिरावट देखने को मिली।

संसद के शीतकालीन सत्र में पेश हो सकता है उपभोक्ता संरक्षण विधेयक

नई दिल्ली। खाद्य मंत्री रामविलास पासवान ने शुक्रवार को कहा कि नया उपभोक्ता संरक्षण विधेयक संसद के शीतकालीन सत्र में पेश किए जाने की संभावना है।

पासवान ने कहा कि सरकार एक नया उपभोक्ता संरक्षण कानून लाने जा रही है, जिसमें भ्रामक विज्ञापन देने वालों के खिलाफ कड़ी कारवाई की व्यवस्था होगी और उपभोक्ताओं की शिकायतों की समयबद्ध सुनवाई की जा सकेगी।

पासवान ने संवाददाताओं से कहा, ‘उपभोक्ता संरक्षण विधेयक मंजूरी के लिए मंत्रिमंडल के पास भेजा गया है।’ यह पूछने पर कि क्या विधेयक मंजूरी के लिए संसद के अगले सत्र में पेश होगा?

पासवान ने कहा, ‘मुझे ऐसी उम्मीद है।’ खाद्य और उपभोक्ता मामलों के राज्यमंत्री सी. आर. चौधरी ने कहा कि संसद के शीतकालीन सत्र में इस विधेयक को लाने का प्रयास किया जाएगा।

सरकार का प्रस्तावित नया विधेयक वर्ष 1986 के उपभोक्ता संरक्षण कानून का स्थान लेगा, जिसमें उपभोक्ता संरक्षण पर संयुक्त राष्ट्र के वर्ष 2015 के संशोधित दिशानिर्देशों को भी आत्मसात किया जाएगा।

पासवान ने कहा कि त्वरित उपचारात्मक कार्रवाई करने के लिए एक केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकार का स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि विधेयक में भ्रामक विज्ञापनों और ई.कॉमर्स व्यापार के लिए प्रावधान होंगे।

पासवान यहां 26-27 अक्टूबर को हुए दक्षिण, दक्षिण पूर्व और पूर्वी एशियाई देशों के लिए नए बाजार में उपभोक्ताओं का सशक्तिकरण विषय पर पहले वैश्विक उपभोक्ता संरक्षण सम्मेलन के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि इस सम्मेलन में 19 देशों के प्रतिनिधियों सहित 1,600 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

आवक की कमी से सरसों 40 धान, उड़द 100 रुपए क्विंटल तेज

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में शुक्रवार को लहसुन की आवक 8000 हजार कट्टे की रही । माल की कुल आवक 60 हजार बोरी की रहीं। आवक की कमी से धान 100 सरसों 40 उड़द 100 रुपए प्रति क्विंटल तेज रहे।

गेहूं मिल 1550से 1590 लोकवान 1600 से 1700 पीडी 1650 से 1700 टुकडी 1600 से 1800  रुपए प्रति क्विंटल रहे। । धान सुगंधा 1800 से 2400 पूसा 1 2000 से 2500 पूसा4 (1121) 2000 से 3000 धान (1509) 2000 से 2650  रुपए प्रति क्विंटल रहे। सोयाबीन 2200 से 2750 सरसो 3200 से 3640 तिल्ली 5000 से 6600 रुपए प्रति क्विंटल रहे।

मैथी 2000 से 2400 धनिया बादामी 3400 से 3800 ईगल 3600 से 4000 रंगदार 4000 से 5000 रुपए प्रति क्विंटल रहे।मूंग 3500 से 4000 उडद 2400 से 3850 चना 4500 से 5000 चना काबुली 7000 से 10500 रुपए प्रति क्विंटल रहे।

चना पेपसी 4800 से  5000 चना मौसमी 4800 से 5200 मसूर 3300 से 3600 ग्वार 2500 से 3050 रुपए प्रति क्विंटल रहे। मक्का नई 800 से 1200 जौ 1100 से 1200 ज्वार 1300 से 2000 रुपए प्रति क्विंटल रहे।।  लहसुन 1000 से 4400 रुपए प्रति क्विंटल रहे।

म्यूचुअल फंड निवेश में सालाना 15 फीसदी वृद्धि: कोटक म्यूचुअल फंड

भोपाल। देश का म्यूचुअल फंड उद्योग वृद्धि के दौर में है और इसमें सालाना 15 फीसद की दर से वृद्धि हो रही है। कोटक म्यूचुअल फंड (केएमएफ) के बिक्री व वितरण प्रमुख मनीष मेहता ने आज यह जानकारी दी।

उन्होंने यहां संवाददाताओं को बताया, देश में एमएफ निवेश सालाना 15 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि म्यूचुअल फंड (एमएफ) में सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) निवेशकों के बीच नियमित और अनुशासित निवेश के प्रभावी साधन के तौर पर काफी

लोकप्रिय हो रही है क्योंकि एसआईपी के साथ बाजार के उतार-चढ़ाव या बाजार की टाइमिंग के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं रह जाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय एमएफ उद्योग वृद्धि के दौर में है और निवेशक इटिी म्यूचुअल फंड को आजमाने की इच्छुक हैं।

मेहता ने बताया कि केएमएफ में एसआईपी में खास ध्यान दिया जाता है। पिछले तीन वर्षो में हमारी एसआईपी पंजीकरण में लगभग 10 गुना वृद्धि हुई है। केएमएफ द्वारा

हर साल अगस्त माह में एसआईपी दिवस मनाया जाता है। हाल ही में हमारा एसआईपी दिवस बेहद कामयाब रहा और इस दौरान 70,000 से अधिक लोगों ने एसआईपी के जरिए निवेश का विकल्प चुना।

उन्होंने बताया कि केएमएफ की सम्पत्ति प्रबंधन कंपनी कोटक महिन्द्रा ऐसेट मैंनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (केएमएएमसी) ने दिसंबर 1998 में परिचालन शुरू किया था और विभिन्न योजनाओं में इसके लगभग 7 लाख निवेशक हैं। इसकी देश में 76 शहरों में उपस्थिति है और 79 शाखाएं हैं।

राजस्थान हाईकोर्ट ने प्रस्तावित काले कानून को लेकर सरकार से मांगा जवाब

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट में शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और पीयूसीएल सहित अन्य की आधा दर्जन याचिकाओं पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने इस सिलसिले में राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है।

जवाब पेश करने के लिए सरकार को एक महीने का समय दिया गया है। अब मामले की अगली सुनवाई 27 नवम्बर को होगी। गौरतलब है कि इन याचिकाओं में इस्तगासों में शामिल भ्रष्ट या कदाचार में फंसे लोकसेवकों का नाम और विवरण उजागर होने पर दो साल की सजा वाले प्रावधान को चुनौती दी गई थी।

इन आधा दर्जन याचिकाओं में से दो सप्लीमेंट्री वाद सूची में लगी और बाकी चार पर मुख्य वाद सूची में सुनवाई हुई। इन याचिकाओं पर न्यायाधीश अजय रस्तोगी व न्यायाधीश दीपक माहेश्वरी की बेंच सुनवाई हुई कुछ याचिकाओं पर बहस के लिए केन्द्र सरकार के पूर्व अतिरिक्त सॉलीसिटर जनरल विवेक तन्खा पहुंचे।

सदन से लेकर सड़क तक हुआ विरोध
लोकसेवकों को इस संरक्षण के लिए जारी अध्यादेश व विधेयक Criminal Laws (Rajasthan Amendment) Ordinance, 2017 को लेकर विधानसभा सत्र के पहले दो दिन सदन में भारी विरोध हुआ। विधानसभा के बाहर भी पत्रकारों, वकीलों और सामाजिक संगठनों सहित विभिन्न वर्गों की ओर से विरोध जताया गया।

प्रवर समिति को भेजा विधेयक
 सदन के बाहर और भीतर विरोध के कारण सरकार को विधेयक प्रवर समिति को भेजने का प्रस्ताव पेश करना पड़ा। इसके बाद विधानसभा ने विधेयक प्रवर समिति को भेज दिया।

यह कहा गया याचिकाओं में

  • लोगों का न्यायिक उपचार का संवैधानिक अधिकार प्रभावित होगा
  • संशोधन संविधान के अनुच्छेद 14,19 व 21 के विपरीत है
  • लोकसेवक के नाम पर पंच-सरपंच, एमएलए-एमपी को भी संरक्षण मिलेगा
  • मजिस्ट्रेट के अधिकारों में कटौती संविधान के मूल ढांचे से छेडछाड़ होगी
  • पुलिस को बिना मंजूरी मामला दर्ज करने का अधिकार है, लेकिन मजिस्ट्रेट को नहीं।
  • दुष्कर्म पीडि़ता की पहचान छिपाने के पीछे सामाजिक कारण हैं, लेकिन अधिकारियों को संरक्षण जानने के अधिकार के विपरीत है।
  • सुप्रीम कोर्ट ने जनप्रतिनिधियों की सम्पत्ति सार्वजनिक करने का आदेश दे रखा है, इसलिए भी संरक्षण गलत है
  • सरकार 73 प्रतिशत शिकायत झूठी बता रही है, लेकिन यह नहीं बताया कि कितनी एफआर नामंजूर होती हैं
  • सरकार 2015 में तंग करने वाली मुकदमेबाजी रोकने का कानून लाई, लेकिन अब तक एक भी व्यक्ति को चिन्हित नहीं किया है
  • संशोधन के जरिए कोर्ट का जांच पर निगरानी का अधिकार समाप्त किया जा रहा है
  • राजनेता और अधिकारियों की मिलीभगत से एेसा किया जा रहा है

नकारात्मक वैश्विक संकेत से सोना- चांदी में गिरावट, जानिए क्या रहे भाव

नई दिल्ली/कोटा । दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। और स्थानीय ज्वैलर्स की ओर से घटी खरीदारी के चलते सोना 275 रुपये गिरकर 30275 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है।

इसी तरह चांदी की कीमतें भी 525 रुपये की गिरावट के साथ 40,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर से नीचे आ गई है। कीमतों में यह गिरावट इंडस्ट्रीयल यूनिट्स और सिक्का निर्माताओं की ओर से कमजोर उठान के चलते देखने को मिली है।

व्यापारियों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं की तुलना में डॉलर में मजबूती और कमजोर वैश्विक संकेतों के वजह से सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है।

वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.04 फीसद की कमजोरी के साथ 1265.70 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर और चांदी 0.42 फीसद की कमजोरी के साथ 16.70 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गया है।

देश की राजधानी दिल्ली में 99.9 फीसद और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 275 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 30275 रुपये और 30125 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गई है।

बीते गुरुवार को सोने की कीमतों में 50 रुपये की बढ़त दर्ज की गई थी। गिन्नी के भाव हालांकि 24700 रुपये प्रति आठ ग्राम के स्तर पर स्थिर रहे हैं।

सोने की तरह चांदी तैयार 525 रुपये गिरकर 39925 रुपये प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक आधारित डिलिवरी 445 रुपये की कमजोरी के साथ 39170 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है।

कोटा सर्राफा   
चांदी 39800 रुपये प्रति किलो।
सोना केटबरी 30300 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 35340 रुपये प्रति तोला। 
सोना शुद्ध 30450 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 35520 रुपये प्रति तोला। 

जेईई अडवांस की रजिस्ट्रेशन फीस बढ़ाई

कानपुर। जेईई अडवांस-2018 एग्जाम के लिए रजिस्ट्रेशन फीस बढ़ा दी गई है। छात्रों को अब इस बढ़ी हुई फीस के अलावा जीएसटी भी देना होगा। जीएसटी के रेट रजिस्ट्रेशन के समय सरकार तय करेगी।

यह फैसला आईआईटी कानपुर द्वारा लिया गया है। गौरतलब है कि इस बार आईआईटी की प्रवेश परीक्षा आईआईटी कानपुर आयोजित करा रहा है।

आईआईटी मेन की परीक्षा 8 अप्रैल, 2018 को होनी है। इस परीक्षा में पास होने वाले टॉप 2.24 लाख छात्र अडवांस परीक्षा दे सकेंगे। यह परीक्षा 20 मई को होगी।

अभी तक जनरल कैटिगरी के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 2400 रुपए थी जो अब बढ़ाकर 2600 कर दी गई है। इसी तरह, लड़कियों, दिव्यांगों और एस.सी, एस.एसटी कैंडिडेट्स के लिए अब तक फीस 1200 रुपए थी जो अब 1300 रुपए कर दी गई है। इस फीस के अलावा छात्रों को जीएसटी भी देना होगा।

सेंसेक्स और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ बंद

मुंबई। शेयर बाजार शुक्रवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 10 अंक गिरकर 33,157 पर बंद हुआ तो निफ्टी 20 अंक लुढ़कर गिरकर 10,323 पर बंद हुआ।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी रेकॉर्ड उच्च स्तर पर खुले। सेंसेक्स 33,270.62 अंक के सर्वकालिक उच्च स्तर और निफ्टी 10,366.15 अंक के नए उच्च स्तर पर खुला।

ब्रोकरों के अनुसार इसके पीछे अहम कारण नवंबर डेरीवेटिवों की मजबूत शुरुआत और एशियाई बाजारों का सकारात्मक रहना है। बंबई शेयर बाजार का 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित 123.49 अंक यानी 0.37% चढ़कर 33,270.62 अंक की सर्वकालिक ऊंचाई पर खुला।

इसने अपने कल दिन में कारोबार के दौरान 33,196.17 अंक के उच्च स्तर को पीछे छोड़ दिया। पिछले चार सत्र के कारोबार में सेंसेक्स में 764.20 अंक की बढ़त देखी गई है।

इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 कंपनियों के शेयरों पर आधारित निफ्टी 22.35 अंक यानी 0.21% की मजबूती के साथ 10,366.15 अंक के नए उच्च स्तर पर खुला है।

सितंबर तिमाही में दोगुना हुआ सोने का आयात

नई दिल्ली । सितंबर तिमाही में देश में सोने का आयात दोगुना रहा है। दिलचस्प बात यह है कि सोने का इतना आयात जीएसटी लागू होने, धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) की अधिसूचना जारी होने, निर्यातक कंपनियों पर प्रतिबंधों और कम मौसमी मांग के सीजन के कारण पैदा हुई दिक्कतों के बावजूद रहा है।

जीएफएमएस थॉम्पसन रायटर्स के गोल्ड सर्वे जिसे गुरूवार को जारी किया गया में कहा गया है, “सितंबर तिमाही में आधिकारिक सोने का आयात 132.7 टन रहा, जो कि 66 फीसद की बढ़ोतरी का प्रतिनिधित्व करता है।”

जीएसटी के क्रियान्वयन के बाद आयात नीति में खामियों के कारण, मुक्त व्यापार समझौते के तहत जुलाई और अगस्त के दौरान दक्षिण कोरिया से 33 टन सोने का आयात किया जाने का अनुमान है।

अगर इन आयातों पर विचार किया जाए तो सितंबर तिमाही के दौरान आधिकारिक सोने का आयात 165.7 टन रहा, जो बीते साल इसी तिमाही में आयात के दोगुने से भी अधिक है।

अप्रैल से सितंबर में सोने का आयात बिल 17 बिलियन डॉलर रहा। यह बीते वर्ष की समान अवधि के दौरान 7.9 बिलियन रहा था। वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक वित्त वर्ष 2016-17 के दौरान गोल्ड इंपोर्ट बिल 27.4 बिलियन डॉलर का रहा।

सितंबर तिमाही में सोने की बड़े पैमाने पर तस्करी की गई थी। जीएफएमएस सर्वे बताता है कि इस तिमाही के दौरान 46 टन सोने अनधिकृत रूप से आयात किया गया था, जबकि बीते वर्ष की समान अवधि में यह 25.2 टन रहा था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अवैध रूप से आयातित सोने का आधिकारिक सोने की जगह इस्तेमाल किया गया। सराफ अपने ग्राहकों को तस्करी का सोना बेच रहे थे। लेकिन वे इसे पुराने गहनों के बदले बिक्री के रूप में दिखा रहे थे।

तीन निराश्रित बेटियों ने अपने हाथों से रचा नया संसार

अरविन्द , कोटा। सूरज तो सिर्फ दिन में रोशनी देता है लेकिन बेटियां पूरा जीवन घर को रोशनी से भर देती है।

शहर के मधु स्मृति महिला बाल कल्याण संस्थान में तीन निराश्रित बेटियों राधिका, काजल व सायबीन पर आज भले ही माता-पिता का साया न हो, लेकिन 18 वर्षों से साथ रहते हुए उन्हांने अपने हाथों व हुनर से नया संसार रच दिया। तीनों ग्रेजुएशन कर रही हैं।

संस्थान की संरक्षिका बृजबाला निर्भीक ने 18 वर्ष की उम्र होने पर उन्हें बेटियों के रूप में गोद लेकर आगे पढ़ाने की जिम्मेदारी ले ली। ‘दीदी’ की भूमिका में ये तीनों सभी 42 निराश्रित बच्चों के साथ एक संयुक्त परिवार में रह रही हैं।

आरएएस बनना चाहती है राधिका
18 वर्ष पहले राधाअष्टमी के दिन तेज वर्षा एवं बाढ़ के दौरान बालुदा पुलिया पर एक बच्ची पॉलिथीन बैग में लिपटी हुई मिली। बारां पुलिस ने उसे संभाला और कोर्ट के निर्देश पर मधु स्मृति संस्थान में भेजा। यहां बालिका की परवरिश होती रही। वह स्कूल भी जाने लगी।

दसवीं में उसे 49 प्रतिशत तथा 12वीं में 55 प्रतिशत अंक मिले। कूकिंग, सिलाई, खूबसूरत पेंटिंग व डांस में रूचि होने से उसने कभी घर की कमी महसूस नहीं की। संस्थान में उसे परिवार जैसा वातावरण मिला। इन दिनों वह बीए सेकंड ईयर में है तथा एसटीसी प्रथम वर्ष कर चुकी है।

भविष्य में आरएएस बनने के लिए वह हिस्ट्री व सामान्य ज्ञान पर दिन-रात मेहनत कर रही है। निदेशक डॉ.अंजली निर्भीक ने बताया कि एसटीसी के बाद एक साल के लिए उसे सिविल सर्विस की कोचिंग के लिए जयपुर भेजेंगे।

रामायण पढ़ती है दृष्टिहीन सायबीन
बचपन से अपनी बायीं आंख से वह दृष्टिहीन है लेकिन जीआरपी थाना, कोटा से मधुस्मृति संस्थान में आकर उसने जिदंगी का नया अध्याय शुरू किया। यहां रहते हुए उसे कभी घर या माता-पिता की याद नहीं आई। उसे नहीं मालूम कि माता-पिता कहां है। मुस्लिम होकर भी बचपन से वह रामायण पढ़ती है। देशभक्ति गीतों से मन मोह लेती है।

सिलाई सीखते हुए उसने जींस से पायदान तैयार किए। बिना ट्यूशन पढ़ते हुए उसने 10वीं में 47 प्रतिशत व 12वीं में 52 प्रतिशत अंक मिले। आश्रम में अपने जैसे गरीब लाचार बच्चों को देख वह जुलाई से उन्हें पढाने भी लगी। खुद बीए प्रथम वर्ष में है।

जज बनना चाहती है काजल
18 वर्षीय काजल दुनिया में अकेली है लेकिन अपनी तरह राधिका व सायबीन को साथ देख उसका हौसला बढ़ गया। उसने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उसे बेटी होने पर गर्व है। 10वीं में 43 प्रतिशत अंक मिले तो निराश नहीं हुई। 12वीं में उसे 53 प्रतिशत अंक मिले।

अब बीए प्रथम वर्ष के साथ एसटीसी भी कर रह रही है। संस्थान में नृत्य सीखना उसे अच्छा लगा। माता-पिता जैसा स्नेह-प्यार मिलने से उसकी हिम्मत बढ गई। बड़ी होकर वह जज या सोशल वर्कर बनना चाहती है ताकि ऐसे वंचित वर्ग की सेवा कर सके।