Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 5491

बिटकॉइन एक्सचेंज पर सोमवार से लगेगा ताला, बेचने का आज आखिरी मौका

कानपुर।  बिटकॉइन सहित अन्य क्रिप्टो करेंसी रखने वालों के लिए बुरी खबर है। बिटकॉइन पर सरकार की टेढ़ी नजरों को देख देश का सबसे बड़ा क्रिप्टो करेंसी एक्सचेंज सोमवार से बंद हो रहा है। इसके बाद बिटकॉइन में निवेश करने वालों में खलबली मच गई है। अकेले कानपुर में ही 5 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा क्रिप्टोकरेंसी में निवेश किए गए हैं।

अगर आपने भी बिटकॉइन जैसी क्रिप्टोकरंसी में निवेश किया है तो तत्काल अपनी रकम निकाल लीजिए। इस आभासी मुद्रा का भारत में फिलहाल कोई भविष्य नहीं है। सरकार का रुख क्रिप्टोकरेंसी को लेकर सकारात्मक नहीं है और ना ही इसे कानूनी मान्यता देने के दूर-दूर तक कोई आसार हैं।

एक तरफ रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया बिटकॉइन को लेकर लगातार आगाह कर रहा है तो दूसरी तरफ आयकर विभाग ताबड़तोड़ नोटिस भेज रहा है। इसी का परिणाम है कि एक महीने में बिटकॉइन की कीमत गिरकर आधी रह गई हैं।

बिटकॉइन को लेकर बने नकारात्मक माहौल को देखते हुए क्रिप्टो टोकन मार्केटप्लेस बीटीसीएक्स इंडिया ने कहा है कि वह पांच मार्च सोमवार से ट्रेडिंग बंद कर देगा। अपने सदस्यों को भेजे ईमेल में कहा कि एक्सचेंज ने एक जनवरी 2018 से जमा नहीं लेने का फैसला किया था।

इस क्रिप्टो ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म ने कहा कि एक जनवरी के बाद के डिपॉजिट्स निवेशकों के बैंक खाते में स्वतः वापस हो जाएंगे। जिन्होंने भी बीटीएक्स इंडिया में रजिस्ट्रेशन किया है, उन्हें 4 मार्च तक अपने पैसे निकाल लेने की सलाह दी गई है।

वर्ष 2013 में हैदराबाद में लॉन्च बीटीएक्स इंडिया क्रिप्टो टोकन्स एवं भारतीय रुपये में रियल टाइम ट्रेडिंग की सुविधा मुहैया कराता है। एक्सचेंज की तरफ से भेजे मेल में कहा गया है कि लॉन्चिंग के चार साल हो गए। इस दौरान 35 हजार से ज्यादा ग्राहकों को सेवाएं दीं और रिपल की कीमत 50 गुना जबकि इथेरियम की कीमत 100 गुना बढ़ी।

ईमेल में आगे कहा गया है, जैसा कि हमने बजट भाषण में सुना कि भारत सरकार क्रिप्टो करंसी ट्रेडिंग को बढ़ावा नहीं दे रही है। यही बात पिछले साल सरकार की कार्रवाइयों से भी स्पष्ट हुई थी। ऐसे में बिजनेस पर बहुत दबाव आ गया इसलिए एक्सचेंज को बंद किया जा रहा है।

ऐसे होता है कारोबार
बीटीसीएक्स इंडिया एक्सचेंज पर बिटकॉइन की ट्रेडिंग करने वालों के खाते हैं। एक्सचेंज की वेबसाइट पर जाकर वे लॉगइन कर सकते हैं। एक्सचेंज के वालेट के जरिये निवेशक बिटकॉइन की खरीद-फरोख्त करते हैं।

बिटकॉइन को वॉलेट के जरिये ही बेचा जा सकता है। बेचने पर मिली धनराशि पहले एक्सचेंज के पर्सनलाइज्ड खाते में आएगी, फिर ऑटोमेटिक आपके उस बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाएगी, जो एक्सचेंज से कनेक्ट होगा।

विदेशी निवेशकों ने फरवरी में निकाले 11 हजार करोड़, 5 महीने के हाई पर

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार से फॉरेन इन्वेस्टर्स की निकासी 5 महीने के हाई पर पहुंच गया है। फरवरी महीने फॉरेन इन्वेस्टर्स ने भारतीय शेयर बाजार से 11,000 करोड़ रुपए की निकासी की। इमर्जिंग मार्केट में बेहतर अवसर मिलने से फॉरेन इन्वेस्टर्स ने पैसे निकाले। डाटा के मुताबिक, जनवरी महीने में एफपीआई ने शेयर बाजार में 13,780 करोड़ रुपए निवेश किए थे।

एनएसई के मैनेजिंग डायरेक्टर एंड सीईओ विक्रम लिमये ने कहा, फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एफपीआई) भारतीय मार्केट से पैसे निकालकर ब्राजील जैसे इमर्जिंग मार्केट में निवेश कर रहे हैं। इसके अलावा, ग्लोबल संकेत निकासी की एक और वजह है।

11,037 करोड़ इक्विटी से निकाले
डिपॉजिटरी डाटा के मुताबिक, पिछले महीने एफपीआई ने इक्विटी से 11,037 करोड़ रुपए निकाले हैं, जो सितंबर 2017 के बाद यह हाइएस्ट नेट आउटफ्लो है। उस समय फॉरेन इन्वेस्टर्स ने भारतीय इक्विटी मार्केट से 11,392 करोड़ रुपए की निकासी की थी।

ग्लोबल सेल ऑफ का असर
ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म ग्रो के को-फाउंड और सीओओ हर्ष जैन का कहना है कि जनवरी में अमेरिका में बेरोजगारी दर 17 साल के निचले स्तर 4.1 फीसदी पर रहा। इसके चलते महंगाई बढ़ने की आशंका से यूएस फेडरल रिजर्व द्वारा रेट में बढ़ोतरी की संभावना बढ़ी। इससे ग्लोबल स्तर पर बिकवाली देखने को मिली।

एफपीआई द्वारा भारतीय शेयर बाजार से पैसे निकाले की यह वजह है।वहीं Intellistocks की चीफ इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स नलिनी जिंदल ने कहा कि अमेरिका में महंगाई दर कई वर्षों के निचले स्तर पर है।

फेडर रेट में बढ़ोतरी की संभावना से एफपीआई का सेंटीमेंट्स बिगड़ा है। उन्होंने कहा कि हालिया बजट में लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स और लोकल कंप्लायंस में एफपीआई को लाए जाने से फॉरेन इन्वेस्टर्स ने प्रॉफिट बुकिंग की है।

INX मीडिया मामला : कार्ति चिदंबरम को मुंबई लेकर पहुंची सीबीआई

मुंबई। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) आईएनएक्स मीडिया मामले में पूछताछ के लिए रविवार को पूर्व वित्त मंत्री एवं कांग्रेसी नेता पी.चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को मुंबई लेकर गई। सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि कार्ति एयर इंडिया के विमान से सुबह आठ बजे मुंबई के लिए रवाना हुए।

आरोप है कि कार्ति ने 2007 में विदेशी निवेश प्रमोशन बोर्ड (एफआईपीबी) से निवेश के लिए मंजूरी दिलाने के लिए मुंबई की आईएनएक्स मीडिया से कथित तौर पर 3.5 करोड़ रुपये की घूस ली थी। आईएनएक्स मीडिया का नाम बदलकर अब 9एक्स मीडिया हो गया है और उस समय इसका संचालन पीटर और इंद्राणी मुखर्जी करते थे, दोनों ही शीना बोरा हत्याकांड में आरोपी हैं।

इस मामले में आरोपी इंद्राणी ने एक मजिस्ट्रेट के समक्ष कहा था कि कार्ति उनसे दिल्ली के एक होटल में मिला था और एफआईपीबी मंजूरी के लिए 10 लाख डॉलर की मांग की थी।

कार्ति को 6 मार्च तक रिमांड पर भेजा
अधिकारियों के मुताबिक, कार्ति का सामना मुखर्जी दंपति से भी कराया जाएगा, जो इस वक्त मुंबई की जेल में बंद हैं। सीबीआई की अदालत ने एक मार्च को कार्ति चिदंबरम को छह मार्च तक के लिए हिरासत में भेज दिया था। कार्ति को बुधवार को चेन्नई हवाईअड्डे से उस समय गिरफ्तार कर लिया गया था, जब वह लंदन से लौटे थे।

PNB फ्रॉड : नीरव मोदी ने बैंक अफसरों को रिश्वत में दी जूलरी

मुंबई।  हजारों करोड़ के पीएनबी बैंक महाघोटाले के आरोपी नीरव मोदी ने पंजाब नैशनल बैंक के अधिकारियों को अपने साथ शामिल करने के लिए सोने और हीरे की जूलरी घूस में दी थी। घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने शनिवार को यह जानकारी मुंबई कोर्ट को दी। सीबीआई ने बताया कि घूस में पीएनबी अधिकारी को घूस अक्टूबर 2017 में ही दी गई है।

सीबीआई ने इस मामले में अबतक 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने कोर्ट को बताया कि पीएनबी के ब्रैडी हाउस ब्रांच में 2015 से 2018 तक फॉरेक्स विभाग के मैनेजर रहे यशवंत जोशी ने घूस में जूलरी लेने की बात स्वीकार की है। पीएनबी की यह शाखा घोटाले का केंद्र रही है।

यशवंत ने माना कि उसने 2 सोने के सिक्के, सोने और हीरे की कान की बालियां घूस में ली हैं। सीबीआई ने बताया कि घूस में ली गई जूलरी यशवंत के घर से बरामद कर ली गई है। सीबीआई का दावा है कि यशवंत ने नीरव मोदी के कहने पर गलत एलओयू जारी किए।

जांच एजेंसी ने बताया कि घोटाले में गिरफ्तार किए गए एक और आरोपी पीएनबी के स्केल 1 ऑफिसर प्रफुल सावंत ने जानबूझ के SWIFT मेसेज को नजरअंदाज किया था। देश के दूसरे सबसे बड़े बैंक पीएनबी ने मुख्य रूप से 2 निम्न स्तर के कर्मचारियों पर LoU जारी कर नीरव को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है। हालांकि सीबीआई ने इससे आगे बढ़ते हुए 2 आंतरिक ऑडिटर्स को भी गिरफ्तार किया है।

कोटा संभाग में 110 केंद्रों पर होगी गेहूं, चने और सरसों की सरकारी खरीद

 कोटा।  संभाग में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं, चना व सरसों की खरीद शुरू करने से पहले कोटा-बूंदी सांसद ओम बिरला व सांगोद विधायक हीरालाल नागर ने गुरुवार को सर्किट हाउस में एफसीआई एवं राजफेड के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान खरीद से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा भी की गई।

क्रय करने वाली एजेंसियों के अब तक कार्यक्रम के अनुसार, 14 मार्च से सरसों, 15 मार्च से गेहूं और 21 मार्च से चने की समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू कर दी जाएगी।  सांसद बिरला ने अधिकारियों को कहा कि सरकार द्वारा समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई है और इस बार पैदावार भी अच्छी हुई है, तय है कि बड़ी मात्रा में गेहूं समर्थन मूल्य पर बिकने के लिए आएगा। ऐसे में विभागीय तैयारियां पूरी होनी चाहिए।

बैठक में बिरला को एफसीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन बोथरा ने बताया कि एफसीआई द्वारा गेहूं के लिए कोटा संभाग में 74 कांटे लगाए जाएंगे। वहीं कुछ कांटे राजफेड के माध्यम से भी लगेंगे। राजफेड के मैनेजर तेजसिंह निर्वाण ने बताया कि सरसों खरीद के लिए 20 और चने के लिए 16 कांटे लगेंगे।

समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने पर किसानों को टोकन नंबर दिया जाएगा। सांसद बिरला ने कहा कि खरीद केंद्रों पर बारदाने की उपलब्धता के साथ-साथ माल का उठाव भी समय पर हो, ताकि किसानों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

विधायक नागर ने कहा कि ऑनलाइन पंजीयन होने के बाद किसान को तुलाई में विलंब नहीं करना पड़े तथा तुलाई में पारदर्शिता रहे। केंद्रों पर आने वाले किसानों के लिए उचित सुविधाएं देने के भी निर्देश दिए गए। इस दौरान एफसीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन बोथरा, राजफेड से तेजसिंह निर्वाण, कोटा ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी मौजूद थे।

चिटफंड गिरोह : 37 से ज्यादा लोगों के मकानों पर उठाया करोड़ों का लोन

कोटा। मकान के दस्तावेजों को स्कैन करके नकली बनाकर उनको गिरवी रखकर पैसे लेने और दस्तावेज बेचने वाले गिरोह के सरगना को रामपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह ने शहर के करीब 37 से ज्यादा लोगों के मकान के असल दस्तावेजों को स्कैन करके नकली बनाए और गिरवी रखकर करोड़ों रुपए बाजार से उधार ले लिए। अब तक 3 करोड़ 9 लाख रुपयों का हिसाब-किताब सामने आया है।

डीएसपी बने सिंह ने बताया कि गिरोह का सरगना भावेश शर्मा (32) पुत्र राजेन्द्र प्रसाद निवासी घंटाघर को 28 फरवरी को गिरफ्तार किया गया। भावेश होली के मौके पर घर आया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। भावेश ने इरफान अंसारी, लोकेंद्र सिंह, रफत खान, अल्ताफ, महेन्द्र कुशवाह, शहजाद अली के साथ मिलकर आपराधिक षडयंत्र रचकर धोखाधड़ी की थी।

गिरोह ने करीब 37 लोगों के मकान के फर्जी दस्तावेज बनाकर बतौर सिक्यूरिटी अन्य लोगों के पास गिरवी रखकर बाजार से पैसा उठाया। बदमाशों ने बाकायदा जीएमए प्लाजा में इस चिटफंड कम्पनी का ऑफिस खोल रखा था। बदमाश लोगों से पैसे लेकर थोड़े दिन में दोगुना करने का लालच भी देते थे और फिर बाद में पैसा हड़प लेते थे। बदमाशों ने इस प्रकार बेईमानी, धोखाधड़ी व जालसाजी करके लोगों के कुल 3 करोड़ 9 लाख 50 हजार रुपए हड़प लिए। 

महंगे शौक पूरे करने के लिए की धोखाधड़ी: सीआई छुट्टन लाल मीणा ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बदमाशों ने यह पूरी धोखाधड़ी लग्जरी लाइफ जीने के लिए की है। अपने महंगे शौक पूरे करने के यह सारा पैसा खर्च करते गए। बदमाशों ने लग्जरी गाडिय़ां खरीदना कबूल किया है।

जिनमें से वॉक्स वैगन कार भावेश शर्मा के पास है जिसको रहीम भाई के नाम कर रखा है एवं वैगन आर कार स्वयं भावेश के नाम है। पुलिस ने गिरोह के इरफान अंसारी, लोकेंद्र सिंह, रफत खान, अल्ताफ, महेन्द्र कुशवाह, शहजाद अली कुल 6 बदमाशों को पहले गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने 28 को उन्हें कोर्ट में पेश किया था, कोर्ट ने उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर पुलिस को सौंपा था।

ऐसे करते थे लोगों से ठगी
बदमाशों ने सीताबाई के नाम मकान नंबर 7 बी-55 विज्ञान नगर और लाडकंवर के नाम मकान नंबर 629 शिवपुरा के दस्तावेजों को स्कैन कर फर्जी कूटरचित दस्तावेज तैयार किए।

सीताबाई के कूटरचित दस्तावेजों को असली बताकर जहीर अहमद के पास गिरवी रख कर 10 लाख रुपए ले लिए। इसी प्रकार लाडकंवर के मकान के कूटरचित दस्तावेजों को मोदी पंचोली के पास गिरवी रखकर 8 लाख 50 हजार रुपए ले लिए। इसी प्रकार 37 लोगों को बेवकूफ बनाकर सबको धोखा दिया।

एच-1बी वीजाधारक पति-पत्नियों के काम के अधिकार पर फैसला टला

वॉशिंगटन। ट्रंप प्रशासन के एच-1बी वीजा धारकों के पति अथवा पत्नी के काम के अधिकार को समाप्त करने के बारे में फैसला टाले जाने से भारतीय कर्मचारियों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है। आंतरिक सुरक्षा विभाग (डीएचएस) ने इस सप्ताह अदालत के समक्ष कहा कि वह एच-4 वीजा उपयोग करने वाले एच-1बी वीजाधारकों के पति-पत्नियों के काम के अधिकार को समाप्त करने का फैसला जून तक नहीं लेगा।

विभाग ने कहा कि इस निर्णय के आर्थिक प्रभाव की समीक्षा करने के लिए उसे समय की जरूरत है। वर्ष 2015 से ग्रीन कार्ड की प्रतीक्षा कर रहे एच-1बी वीजाधारक प्रफेशनल्स के पति-पत्नी एच-4 आश्रित वीजा पर अमेरिका में काम करने के पात्र हैं। पूर्व में ओबामा प्रशासन ने इस बारे में नियम जारी किया था।

डीएचएस पहले इस बारे में 28 फरवरी को फैसला करने वाला था। विभाग ने अदालत के समक्ष कहा कि इस मामले में नए तरीके से आर्थिक विश्लेषण की जरूरत है और इसमें कुछ सप्ताह का समय लग सकता है। संशोधित समयसीमा के अनुसार ऐसा अनुमान है कि डीएचएस प्रस्तावित नियम की मंजूरी को लेकर इस बारे में ‘ऑफिस ऑफ मैनेजमेंट ऐंड बजट’ को जून 2018 तक प्रस्ताव देगा।

इससे एच-1बी वीजाधारकों के पति-पत्नियों को कुछ समय के लिए राहत मिली है। इसमें बड़ी संख्या में भारतीय कर्मचारी हैं। एच-1बी वीजा कार्यक्रम विदेशी कर्मचारियों को अमेरिका में काम करने के लिए आकर्षित करने को लेकर है। इन कर्मचारियों में बड़ी संख्या में भारत और चीन के हैं।

कोटा में दिगम्बर जैन संतों का 7 मार्च को होगा अद्भुत मिलन

कोटा । शहर के कुन्हाड़ी स्थित रिद्धि सिद्वी नगर में 7 मार्च को दिगम्बर जैन संतों का ऐतिहासिक मिलन होगा। इसी के साथ जैन समाज ने महावीर जयंती को भव्य रूप में मनाने के लिए तैयरियां शुरू कर दी है।

श्री सकल दिगम्बर जैन समाज समिति की यहां आरोग्य नगर के जैन जन उपयोगी भवन में आयोजित आम सभा में समिति के अध्यक्ष अजय बाकलीवाल एवं महामंत्री विनोद टोरड़ी ने बताया कि 7 मार्च को सुबह 8 बजे से आचार्य विराग सागर महाराज एवं उनके साथ के 45 साधु -साध्वियों के संघ का तलवण्डी में आचार्य शशांक सागर एवं आर्यिका विकम्या माता  के संतों का भव्य मिलन एक्जोटिका गार्डन में बनाये भव्य पांडाल में होगा।

29 मार्च को महावीर जयंती
इस अवसर पर कोटा एवं आसपास के जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में संतों की अगवानी करेंगे। बैठक में कार्याघ्यक्ष जेके जैन ने बताया कि 29 मार्च को महावीर जयंती भव्य रूप में मनाई जाएगी। इसके लिए 28 एवं 29 मार्च को दो दिन समाज के लोग विभिन्न आयोजन करेंगे।

सकल समाज के साथ विभिन्न सोशल ग्रुप, महिला मंडल,युवा प्रकोष्ठ के तत्वाधान में 28 मार्च को भव्य पथ संचलन मल्टीपरपज स्कूल गुमानपुरा से एवं सायंकाल सांस्कृतिक संध्या होगी। इसी दिन चिकित्सालयों में फल वितरण एवं अपना घर योजना में विमंदितों के बीच परोपकार के कार्य किए जाऐंगे।

कार्याघ्यक्ष विमल कुमार नांता ने बताया कि 29 मार्च को सुबह रामुपरा से भव्य शोभा यात्रा में श्रीजी का रथ, विभिन्न मंदिरों की झांकियों के साथ निकाली जाएगी। जिसमें सुमधुर घोष, घोड़ा ,ऊंट गाडियां तथा महिलाएं व पुरूष वर्ग पराम्परागत वेषभूषा में उपस्थित रहेंगे।

जुलूस मल्टीपरपज स्कूल गुमानपुरा में पहुंचेगा जहां पर आचार्य विराग सागर , शशांक सागर  तथा आर्यिका विकम्या माता के प्रवचन होंगे। कार्यक्रम में संभाग के विभिन्न स्थानों पर विराजित संतों को भी आमंत्रित किया जाएगा एवं समाज श्रेष्ठियों का सम्मान होगा।  महावीर जयंती महोत्सव के लिए राजनेताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग प्राप्त हो रहा है। 

 

शोले थीम पर हुआ होली मिलन समारोह, गानों पर झूमे जेसीआई स्टार सदस्य

कोटा। जेसीआई कोटा स्टार ने होली मिलन समारोह उत्सव वाटिका में “शोले” थीम पर मनाया। अध्यक्ष आशुतोष जैन व चेयरपर्सन मोनिका जैन ने बताया कि कार्यक्रम होली के शोले थीम पर हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत में 1 से 10 वर्ष तक के बच्चों की फेन्सी ड्रेस प्रतियोगिता हुई।

जिसमे बच्चे गब्बर,संभा, बसन्ती, वीरू, दादा, कालिया बनकर आये और डायलॉग बोले। इसके बाद शोले फिल्म के डायलॉग पर नाटक किया गया एवं शोले के सदाबहार गानो पर युगल नृत्य किया। गब्बर और बसन्ती का गाना जब तक हे जान मैं नाचूंगी,के नृत्य हर किसी के लिये आकर्षण का केंद्र था।

सदस्य शोले फिल्म के कलाकारों के गेटअप में आये थे। अंत में महिलाओं ने फ़ाग के गाने पर समूह नृत्य किया और फूलों की होली खेली। कार्यक्रम का संचालन किरण गोयल व् दीपेन्द्र सिंह हाडा ने किया।

इस अवसर पर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, संस्था के सचिव विशाल रस्तोगी, पूर्व अध्यक्ष पवन चित्तौड़ा, संजय गोयल, नवीन डागा, दर्पण जैन मौजूद थे। 

इनके अलावा संदीप बाकलीवाल, महेश गुप्ता, संजय शर्मा, अनुज जैन, मनोज जैन ,आशीष जैन और वरिष्ठ भाजपा नेता राजकुमार महेश्वरी आदि उपस्थित थे

आवक घटने से धनिया 200 रुपये उछला, चना, सोयाबीन और सरसों भी तेज

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में शनिवार को होली के कारण जिन्सों की आवक कम हुई। आवक घटने से कोटा मंडी में धनिया 200 रुपये प्रति क्विंटल तेज बोला गया। स्थानीय मंडी में धनिया की 2000 बोरी और रामगंज मंडी में 8000 बोरी की आवक हुई। एनसीडेक्स पर अवकाश रहने से वायदा बाजार बंद रहा। 

कमजोर उठाव से उडद 100 रुपये प्रति क्विंटल मंदा बिका। लिवाली निकलने से चना100 रुपये प्रति क्विंटल, सोयाबीन और सरसों 100-100  रुपये प्रति क्विंटल तेजी रही।माल की कुल आवक 20 हजार बोरी की रही ।

गेहूं मिल 1675 से 1600 लोकवान 1600 से 1650 पीडी 1600 से 1650 टुकडी 1675 से 1700 गेहूं नया 1650 से 1750 भाव रुपये प्रति क्विंटल रहे। धान सुगंधा 2600 से 2800 पूसा-1 2500 से 2800 पूसा- 4 (1121) 2500 से 3300 धान (1509) 2000 से 3100 भाव रुपये प्रति क्विंटल रहे।

सोयाबीन 2400 से 3750 सरसो 3100 से 3870 तिल्ली 6000 से 7500 भाव रुपये प्रति क्विंटल रहे।  मैथी 2000 से 2800 धनिया बादामी नया 3800 से 4200 ईगल 4000 से 4500 रंगदार 5000 से 6500 धनिया पुराना 3000 से 4000 भाव रुपये प्रति क्विंटल रहे। 

मूंग 3300 से 4000 उडद 2000 से 3411 चना 3000 से 3600 चना काबुली 6000 से 8000 भाव रुपये प्रति क्विंटल रहे।  चना पेपसी 3400 से 3800 चना मौसमी 3000 से 3700 मसूर 3000 से 3550 भाव रुपये प्रति क्विंटल रहे। ग्वार 3000 से 3860 मक्का 1000 से 1250 जौ 1100 से 1200 ज्वार 1300 से 2400 भाव रुपये क्विंटल ।  लहसुन 200 से 1100 रुपये प्रति क्विंटल रहा।