Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 5487

अरबपतियों की लिस्ट से गायब हुआ नीरव मोदी का नाम

नई दिल्ली। देश का सबसे बड़ा बैंक घोटाला करने के आरोपी हीरा कारोबारी नीरव मोदी अब अरबपति क्लब का हिस्सा नहीं हैं। मोदी को 1.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ फोर्ब्स की 2017 की अरबपतियों की लिस्ट में जगह मिली थी, लेकिन इस साल की लिस्ट में उन्हें जगह नहीं मिली।

फोर्ब्स पत्रिका ने कहा, ‘नीरव मोदी के साथ इस साल पापा जॉन्स पिज्जा के संस्थापक जॉन स्कनैटर, दक्षिण अफ्रीका के क्रिस्टोफेल वाइस और सऊदी अरब के शहजादे अल- वालिद बिन तलाल अल सऊद को लिस्ट से बाहर किया गया है।’

सूची के मुताबिक, इस साल भारतीय अरबपतियों की संख्या में इजाफा हुआ है। फोर्ब्स के मुताबिक भारत में 119 अरबपति हैं, जो कि पिछले साल से 18 अधिक हैं। उनकी कुल संपत्ति 440.1 अरब डॉलर है।

एक साल के वक्त में उनकी संपत्ति में 114.6 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है। इस साल सूची में दुनियाभर के 2,043 लोगों को शामिल किया है। इनकी कुल संपत्ति संयुक्त रूप से 9,100 अरब डॉलर है।

फोर्ब्स की वेबसाइट में नीरव मोदी को फायरस्टार डायमंड के संस्थापक के रूप में उल्लेखित किया गया है। इसमें यह भी कहा गया है कि ‘हीरा कारोबारी नीरव मोदी पर पंजाब नैशनल बैंक के साथ 1.8 अरब डॉलर की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है।

वह कथित तौर पर जनवरी में देश से बाहर चले गए थे। भारत की जांच एजेंसी सीबीआई ने इंटरपोल से मोदी का पता लगाने में मदद करने के लिये कहा है।

पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर सबसे युवा भारतीय अरबपति

नई दिल्ली। मोबाइल वॉलेट पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा (39) सबसे कम उम्र के भारतीय अरबपति बन गए हैं। फोर्ब्स ने दुनिया के अरबपतियों की 2018 की लिस्ट में 1.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ शर्मा को 1,394 वें पायदान पर रखा है।

शर्मा 40 साल से कम उम्र के एकमात्र भारतीय अरबपति हैं। शर्मा ने 2011 में मोबाइल वॉलेट पेटीएम की स्थापना की थी। इसके साथ ही ई- कॉमर्स कारोबार पेटीएम मॉल और पेटीएम पेमेंट्स बैंक भी खड़ा किया।

नोटबंदी से हुआ फायदा
पेटीएम के साथ-साथ विजय शेखर को भी नोटबंदी के वक्त काफी फायदा हुआ। इसके लिए फोर्ब्स ने कहा, ‘नोटबंदी के सबसे बड़े लाभार्थियों में से एक पेटीएम के 25 करोड़ से ज्यादा पंजीकृत यूजर्स हैं और इस मंच पर रोज 70 लाख लेनदेन होते हैं।’ बता दें कि शर्मा के पास पेटीएम में 16 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसका मूल्य 9.4 अरब डॉलर है।

फोर्ब्स ने सबसे बुजुर्ग भारतीय उद्योगपति के लिए एल्केम लैबोरेटरीज के सेवामुक्त चेयरमैन संप्रदा सिंह का नाम शामिल किया है। 1.2 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ उन्हें लिस्ट में 1,867 स्थान मिला है। सिंह ने एल्केम की स्थापना 45 साल पहले की थी। खुद का कारोबार शुरू करने से पहले वह एक दवा की दुकान पर काम करते थे।

NEET के लिए जरूरी नहीं आधार: सुप्रीम कोर्ट ने कहा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (NEET) के लिए आधार नंबर जरूरी होने की वजह से छात्र परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कर पा रहे थे। हालांकि अब सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि NEET की परीक्षा के आवेदन के लिए आधार जरूरी नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने आज सीबीएसई को आदेश देते हुए कहा कि वह इस परीक्षा के लिए आधार नंबर को अनिवार्य न बनाए।

मुख्य न्यायाधीश की दीपक मिश्रा की अध्यक्षता में पांच जजों की बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा है कि सीबीएसई अपनी वेबसाइट पर इस संबंध में में जानकारी अप्लोड करें, ताकि छात्रों को परेशानी न हो। इससे पहले सुनवाई के दौरान, यूआईडीएआई ने सुप्रीम से कहा था कि उसने सीबीएसई को यह नहीं कहा है कि वह मेडिकल के छात्रों से आधार नंबर की मांग करे।

बता दें कि इस महीने ही सीबीएसई ने NEET की परीक्षा में शामिल होने के लिए आधार नंबर अनिवार्य कर दिया था। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केंद्र को आदेश दिया कि वह बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबर से आधार लिंक कराने की डेडलाइन को आगे बढ़ा दे ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न आए। अभी आधार लिंक कराने की आखिरी तारीख 31 मार्च है।

मौसम के बिगड़े मिजाज से तिलहनी फसल प्रभावित, दाम बढ़ने के आसार

-दिनेश माहेश्वरी
कोटा।  राजस्थान में मौसम के बिगड़े मिजाज से तिलहन फसल के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। तिलहन किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने के मकसद से केंद्र सरकार ने पाम तेल पर आयात शुल्क बढ़ा दिया है। आयात शुल्क में बढ़ोतरी और फसल खराब होने से कम उत्पादन की बढ़ती आशंका के कारण सरसों और सोयाबीन के दाम बढ़ गए हैं।

पाम तेल के आयात शुल्क में बढ़ोतरी का असर तिलहन फसलों की कीमतों पर पड़ा है। हाजिर बाजार में सोयाबीन के दाम बढ़कर 3,950 रुपये प्रति क्विंटल हो गए जबकि सरसों 4,150 रुपये प्रति क्विंटल हो गई। वायदा बाजार में भी सोयाबीन और सरसों के भाव उछल गए।

कृषि कमोडिटी एक्सचेंज एनसीडीईएक्स पर सोयाबीन का भाव बढ़कर 3,800 रुपये प्रति क्विंटल के पार पहुंच गया, सोयाबीन रिफाइंड तेल 780 रुपये प्रति 10 किलोलीटर हो गया। वायदा बाजार में सरसों का दाम 47 रुपये बढ़कर 4,155 रुपये हो गया जबकि कारोबार के दौरान 4,200 रुपये के पार पहुंच गया था।

तिलहन फसलों के दाम बढऩे की प्रमुख वजह आयात शुल्क में बढ़ोतरी और तिलहन उत्पादक राज्यों में बारिश से फसल खराब होने की आशंका को माना जा रहा है। केंद्र सरकार ने कच्चे पाम तेल पर आयात शुल्क 30 फीसदी से बढ़ाकर 44 फीसदी कर दिया है। रिफाइंड पाम तेल पर आयात शुल्क 40 फीसदी से बढ़ाकर 54 फीसदी कर दिया गया है।

गौरतलब है कि चालू फसल वर्ष में दिसंबर महीने में सरकार ने तिलहन फसलों के आयात शुल्क में जोरदार बढ़ोतरी की थी। दिसंबर में केन्द्र सरकार ने सोयाबीन पर आयात शुल्क 30 फीसदी से बढ़कर 45 फीसदी, कच्चे पाम तेल पर 15 फीसदी से बढ़ाकर 30 फीसदी, रिफाइंड पाम तेल पर 25 फीसदी से बढ़कार 40 फीसदी, सूरजमुखी तेल पर 12.5 फीसदी से बढ़कर 25 फीसदी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद खाद्य तेल के आयात में जोरदार बढ़ोत्तरी हो रही थी।

पाम तेल का सबसे ज्यादा आयात
विदेशों से आयात होने वाले खाद्य तेलों पर लगाम लागने के लिए ही सरकार ने एक बार फिर आयात शुल्क में बढ़ोतरी की है। खाने के तेलों में सबसे ज्यादा आयात पाम तेल का होता है आयात होने वाले तेलों में करीब 67 फीसदी पाम तेल रहता है जबकि 33 फीसदी में अन्य तेल होते हैं।

सरसों की करीब 30 फीसदी फसल को नुकसान
बढ़ते आयात से घरेलू बाजार में सोयाबीन और सरसों के किसानों को काफी नुकसान होने की बात हो रही है इसीलिए आयात शुल्क बढ़ाने की मांग होती रही है। आयात शुल्क बढ़ाने से सरसों और सोयाबीन के दाम बढ़ गए। कारोबारी संगठनों की मानी जाए तो राजस्थान में बारिश और ओले गिरने से सरसों की करीब 30% फसल को नुकसान हुआ है।

प्रमुख तिलहन उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश में भी पिछले महीने बेमौसम बारिश और ओला गिरने से फसल को नुकसान हुआ था। ऐसे में इस साल उत्पादन अनुमान से भी कम होने की आशंका बढ़ती जा रही है। जिससे तिलहन फसलों के दाम में बढऩे की बात कही जा रही है।

तिलहन का उत्पादन 298.8 लाख टन होने का अनुमान
कृषि विभाग के अनुसार  फसल सीजन 2017-18 में तिलहन का उत्पादन 298.8 लाख टन होने का अनुमान है जोकि पिछले साल के 312.8 लाख टन से कम है। तिलहन की प्रमुख फसल सोयाबीन का उत्पादन 113.9 लाख टन, मूंगफली का उत्पादन 82.2 लाख टन और अरंडी बीज का उत्पादन 15 लाख टन होने का अनुमान है। चालू महीने में रबी तिलहन फसलों में सरसों और मूंगफली की नई आवक बढ़ेगी।

सेंसेक्स तीन महीने के निचले स्तर पर बंद, निवेशकों के डूबे 1.80 लाख करोड़ 

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार पर बुधवार को भी बैंकिंग स्टॉक्स में बिकवाली का असर दिखा। सेंसेक्स 284 अंक गिरकर तीन महीने के निचले स्तर 33,033 अंक क्लोज हुआ। वहीं निप्टी 95 अंक टूटकर 10,154 अंक पर बंद हुआ। एक समय सेंसेक्स 32991.14 अंक के निचले स्तर तक आ गया था।

वहीं, निफ्टी भी एक समय 10,141.55 अंक के निचले स्तर तक आया।  पीएनबी घोटाले में आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के हेड समन जारी किए जाने की वजह से बैंकिंग स्टॉक्स पर दबाव रहा, जिसकी वजह शेयर बाजार एक बार फिर गिरावट के साथ बंद हुए।

कमजोर रहा मिडकैप-स्मॉलकैप इंडेक्स का प्रदर्शन
– बाजार में कमजोरी का असर लार्जकैप शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स के प्रदर्शन पर पड़ा। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.32 फीसदी, जबकि बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 2.16 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ।
– मिडकैप शेयरों में अडानी एंटरप्राइजेज, कैनरा बैंक, अडानी पावर, रिलायंस इंफ्रा, आर पावर, सन टीवी, आरकॉम, एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस, बायोकॉन 7.24-4.01 फीसदी तक गिरे।

निफ्टी 50 पर 14 स्टॉक्स में रही तेजी
– आज के कारोबार में निफ्टी 50 में शामिल 36 स्टॉक्स में गिरावट रही, जबकि 14 स्टॉक्स बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहे।
– सबसे ज्यादा तेजी एचसीएल टेक में 1.84% दर्ज की गई। इसके अलावा आईटीसी, मारुति, एशियन पेंट्स, कोटक बैंक, टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो, पावर ग्रिड, एचयूएल, गेल में 0.23-1.27 फीसकी की तेजी देखने को मिली।
– गिरनेवाले स्टॉक्स में अडानी पोर्ट्स, एसबीआई, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, अंबुजा सीमेंट, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, रिलायंस इंडस्ट्रीज, ओएनजीसी, अरविंदो फार्मा, बोश लिमिटेड, एमएंडएम, एलएंडटी, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, ल्यूपिन, डॉ रेड्डीज, वेदांता और एचडीएफसी 6.45-1 फीसदी तक गिरे।

निवेशकों के डूबे 1.80 लाख करोड़ 
– बुधवार के कारोबार में स्टॉक मार्केट में निवेशकों को 1.80 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। 6 मार्च को बीएसई पर लिस्टेड कुल कंपनियों का मार्केट कैप 1,44,20,605.74 करोड़ रुपए था, जो आज 179859.74 करोड़ रुपए घटकर 1,42,40,746 करोड़ रुपए हो गया।

FMCG को छोड़ सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरे
– सेक्टोरल इंडेक्स में सिर्फ निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स में बढ़त रही। इंडेक्स में 0.65 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। बैंक निफ्टी इंडेक्स 1.29 फीसदी टूटकर 24,134.10 के स्तर पर बंद हुआ।
– इसके अलावा निफ्टी ऑटो 0.30%, निफ्टी आईटी 0.23%, निफ्टी मीडिया 0.29%, निफ्टी मेटल 1.15%, निफ्टी फार्मा 1.54%, निफ्टी पीएसयू बैंक 3.57% और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 0.91% की गिरावट के साथ बंद हुए।

3 महीने के निचले स्तर पर सेंसेक्स
– मंगलवार को ग्लोबल मार्केट से मिले पॉजिटिव संकेतों से मजबूत शुरुआत के बावजूद भारतीय शेयर बाजार पूरी बढ़त गंवाकर बंद हुए।

-पीएनबी फ्रॉड मामले में SFIO द्वारा आईसीआईसीआई बैंक की सीईओ चंदा कोचर और एक्सिस बैंक की सीईओ शिखा शर्मा को समन जारी किए जाने सरकारी बैंकों के प्राइवेट बैंकों के शेयरों में बिकवाली से बाजार पर दबाव बना। जिससे कारोबार के अंत में सेंसेक्स 430 अंक गिरकर 33,317 अंक पर बंद हुआ।

यह 14 दिसंबर 2017 के बाद का सबसे निचला स्तर है। उस दिन सेंसेक्स 33,246.70 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 110 अंक लुढ़ककर 10,249 अंक पर क्लोज हुआ।
– 430 अंकों की गिरावट एक महीने में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 6 फरवरी को सेंसेक्स 561.22 लुढ़का था। लगातार 5 दिनों में सेंसेक्स 1,129 अंक गिर चुका है।

04:01 PM
सेंसेक्स 284 अंक गिरकर 3 महीने के निचले स्तर पर बंद
– बुधवार को भी भारतीय शेयर बाजार पर बैंकिंग स्टॉक्स मं बिकवाली का असर दिखा। पीएनबी घोटाले में आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के हेड समन जारी किए जाने की वजह से बैंकिंग स्टॉक्स पर दबाव रहा, जिसकी वजह शेयर बाजार एक बार फिर गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 284 अंक गिरकर तीन महीने के निचले स्तर 33,033 अंक क्लोज हुआ। वहीं निप्टी 95 अंक टूटकर 10,154 अंक पर बंद हुआ।

01:49 PM
Sandhar Technologies को सेबी से IPO की मंजूरी मिली
– ऑटो कम्पोनेंट मेकर Sandhar Technologies को मार्केट रेग्युलेटर सेबी से आईपीओ लाने की मंजूरी मिल गई है। कंपनी पिछले साल दिसंबर में सेबी को ड्राफ्ट पेपर सौंपा था। ड्राफ्ट पेपर के मुताबिक, कंपनी 300 करोड़ रुपए के फ्रेश इक्विटी शेयर और 80 लाख रुपए का स्क्रिप ऑफर फॉर सेल के लिए लाएगी।

12:38 PM
निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 19 महीने के लो पर, 2 दिमें 7% गिरा
– पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले में जांच का दायरा बढ़ने से सरकारी बैंकों के स्टॉक्स में 2 दिनों से गिरावट देखने को मिल रही है। सरकारी बैंकों के स्टॉक्स में गिरावट से निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 2 दिन में 7 फीसदी टूटकर 19 महीने के लो लेवल पर आ गया है।

12:22 PM
ICICI Bank 4 महीने के निचले स्तर, 2 दिन में 6% तक टूटा स्टॉक
– पीएनबी फ्रॉड मामले में सीरियस फ्रॉड इन्‍वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) ने आईसीआईसीआई बैंक की सीईओ चंदा कोचर को समन जारी किया है। इस खबर से पिछले दो दिनों में आईसीआईसीआई बैंक के स्टॉक में गिरावट जारी है और स्टॉक 6 फीसदी तक टूट गया है। वहीं 13 दिनों में स्टॉक्स में 13 फीसदी तक की गिरावट आई है। इससे स्टॉक 4 महीने के निचले स्तर पर आ गया है।

09:49 AM
सेंसेक्स 100 अंकों से ज्यादा टूटा, निफ्टी 10200 के करीब
– कारोबार में निफ्टी 10,200 के नीचे फिसला, जबकि सेंसेक्स 33172 तक गिरा।

रोल्ज रॉयस फैंटम-8 : भारत की सबसे महंगी कार लॉन्च, जानें खूबियां

रोल्ज रॉयस ने भारत में अपनी नई लग्जरी कार लॉन्च कर दी है। इसे भारत की सबसे महंगी कार कहा जा रहा है। कितनी है इसकी कीमत और क्या हैं इसकी खूबियां, आइए जानते हैं…रोल्ज रॉयस ने अपनी लोकप्रिय कार ‘फैंटम’ का आठवां जेनरेशन मॉडल भारत में लॉन्च किया है।

इसकी भारत में शुरुआती कीमत 9.5 करोड़ रुपए है। जबकि इसके एक्सटेंडेड वीलबेस वर्जन की एक्स—शोरूम कीमत 11.5 करोड़ रुपए है। इसे दुनिया की सबसे लग्जूरिअस प्रॉडक्शन कार भी माना जा रहा है।कीमत में चार साल का सर्विस पैकेज, रीजनल वारंटी और 24 घंटे का रोडसइड सपॉर्ट शामिल है।

कंपनी ने इस कार में कस्टमाइजेशन की भी सुविधा दी है। अगर आप इसे मनमाफिक तरीके से कस्टमाइज कराना चाहते हैं तो आपके लिए आॅप्शंस खुले हैं। Rolls Royce की यह कार नए ऐल्युमिनियम स्पेसफ्रेम प्लैटफॉर्म पर बनी है जो कि 30 पर्सेंट ज्यादा ठोस और पिछले मॉडल के मुकाबले हल्का है। इसी प्लैटफॉर्म पर कंपनी अपने फ्यूचर प्रॉडक्ट्स लाएगी।

इनमें से एक है इसकी पहली एसयूवी, कलिनन। फैंटम के इस अवतार में रोल्ज रॉयस ने 6.75 लीटर वी12 पेट्रोल इंजन दिया है जो कि 8 स्पीड आॅटोमैटिक गियरबॉक्स से लैस है। इसका ट्विन टर्बो मोटर 1,700 आरपीएम पर 571 बीएचपी का पावर और 900 न्यूटन मीटर का टॉर्क जेनरेट करता है।

यह कार 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड केवल 5.3 सेकंड्स में ही पकड़ सकती है। यह रोल्ज रॉयस की सबसे ज्यादा स्पेस वाली कारों में से एक है। सीटों को बेहतरीन क्वॉलिटी के लेदर से बनाया गया है।स्टारलाइट रूफ इसका एक ऐसा फीचर है जिसकी मदद से कार के भीतर नाइट स्काई देखने को मिलेगा।

दरवाजों को खोलने और बंद करने के लिए बटन दिए गए हैं। यह मुख्य रूप से बिजनस क्लास कस्टमर्स को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। फैंटम के इस न्यू जेनरेशन मॉडल को तकरीबन 16 साल बाद लॉन्च किया गया है। इसे चेन्नै में एक इवेंट में लॉन्च किया गया। कार की खूबियां जानने के लिए देखिये स्लाइड –

मूर्ति तोड़ने के मामले पर संसद में हंगामा: कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र शुरू हुए तीन दिन हो गए हैं लेकिन किसी भी तरह का कामकाज नहीं हुआ है। बुधवार को भी राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने मूर्ति तोड़ने और आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा देने को लेकर वेल में प्रदर्शन किया। सभापति वेंकैया नायडू ने सभी को अपनी जगह बैठने को कहा।

बात न मानने पर नायडू ने राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी। लोकसभा में गतिरोध खत्म करने के लिए स्पीकर सुमित्रा महाजन ने मीटिंग बुलाई है। बता दें कि त्रिपुरा में बीजेपी के बहुमत में आने के बाद लेनिन की दो मूर्तियां तोड़ दी गईं। वहीं, तमिलनाडु में समाजसुधारक रामासामी पेरियार की मूर्ति का चश्मा-नाक तोड़ दी गई।

संसद में लगातार हो रहा हंगामा
– 5 मार्च से बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू हुआ। नीरव मोदी-मेहुल चौकसी, आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा दिए जाने को लेकर हंगामा हुआ।
– मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी कोई कामकाज नहीं हो पाया। पीएनबी घोटाले पर कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों के हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। दिनभर के लिए स्थगन से पहले लोकसभा में एक बार और राज्यसभा में तीन बार कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। संसद के इस गतिरोध के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष ने एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया।

क्या बोली कांग्रेस और सरकार?
– लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सदन के बाहर कहा कि पूरा विपक्ष बैंक घोटाले पर चर्चा चाहता है लेकिन सरकार इससे भाग रही है।
– वहीं, संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने आरोप लगाया कि यूपीए सरकार में हुए बैंक घोटाले उजागर होने के डर से कांग्रेस नियमों का बहाना बनाकर बैंकिग क्षेत्र में अनियमितताओं पर चर्चा नहीं होने देना चाहती। चर्चा होने पर उसके समय के घोटालों का पिटारा खुलने लगेगा।

-पीएनबी घोटाला, बैंकों के एनपीए और कार्ति चिदंबरम के मामले 2014 से पहले के हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बजट से जुड़े विधेयकों पर चर्चा रोककर बैंकिंग अनियमितताओं पर चर्चा कराना चाहती है और वित्त मंत्री अरुण जेटली दोनों सदनों में जवाब देने को भी तैयार हैं। लेकिन कांग्रेस चर्चा नहीं चाहती।

राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
– मंगलवार को कांग्रेस सांसदों ने बैंक घोटाला कर भागे कारोबारियों को वापस लाने और पीएम मोदी से जवाब की मांग को लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इटली से लौटे पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदर्शन की अगुवाई की।

सरकार ने कहा- पिछले वर्षों को शामिल करने से कांग्रेस को आपत्ति
अनंत कुमार ने कहा कि कांग्रेस ने ‘बैंकिंग घोटाले और अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव पर’ नियम 193 के तहत चर्चा का नोटिस दिया था। कांग्रेस के अलावा कई और सदस्यों के नोटिस के चलते अध्यक्ष ने इसे समग्र शब्दावली में तैयार किया। मंगलवार की कार्यसूची में ‘पिछले कई वर्षों’ में बैंकिंग क्षेत्र में हुई कथित अनियमितताओं और भारतीय अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव’ पर नियम 193 के तहत चर्चा शामिल थी। कांग्रेस को ‘पिछले कई वर्षों’ पर आपत्ति है।

वैश्विक बाजारों के संकेतों से सेंसेक्स 100 अंकों से ज्यादा टूटा

नई दिल्ली। एशियाई बाजारों से मिले संकेतों से बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। बैंकिंग, मेटल, ऑटो, एफएमसीजी और रियल्टी सेक्टर में कमजोरी से बाजार में गिरावट बढ़ गई। कारोबार में निफ्टी 10,200 के नीचे फिसला, जबकि सेंसेक्स 33172 तक गिरा।

वहीं हैवीवेट स्टॉक्स आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, ओएनजीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील में बिकवाली से बाजार पर दबाव है। हालांकि टीसीएस, इंफोसिस, टाटा मोटर्स, एचयूएल, मारुति और आईटीसी में मजबूती दिख रही है। इसके पहले, सेंसेक्स 38 अंक की गिरावट के साथ 33,279 अंक पर खुला। वहीं निफ्टी 16 अंक टूटकर 10,233 अंक पर ओपन हुआ।

मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों में कमजोरी
– कारोबार में मिडकैप औऱ स्मॉलकैप शेयरों में कमजोरी देखने को मिल रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.54 फीसदी टूटा है। मिडकैप शेयरों में अडानी पावर, अडानी एंटरप्राइजेज, एंडुरेंस, नैटको फार्मा, एबीबी, रैमको सीमेंट, जीएमआर इंफ्रा, रिलायंस पावर, एमएंडएम फाइनेंस 2.88-1.56 फीसदी तक गिरे।
– बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.64 फीसदी की गिरावट आई है।

आईटी को छोड़ सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरे
– सेक्टोरल इंडेक्स में सिर्फ निफ्टी आईटी इंडेक्स में बढ़त देखने को मिल रही है, जबकि बैंक निफ्टी इंडेक्स 0.47% गिरा है। वहीं निफ्टी ऑटो में 0.22%, एफएमसीजी में 0.23%, मेटल में 0.43%, निफ्टी फार्मा में 0.24%, निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.10% और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 0.25% की कमजोरी दिख रही है।

3 महीने के निचले स्तर पर सेंसेक्स
– मंगलवार को ग्लोबल मार्केट से मिले पॉजिटिव संकेतों से मजबूत शुरुआत के बावजूद भारतीय शेयर बाजार पूरी बढ़त गंवाकर बंद हुए। पीएनबी फ्रॉड मामले में SFIO द्वारा आईसीआईसीआई बैंक की सीईओ चंदा कोचर और एक्सिस बैंक की सीईओ शिखा शर्मा को समन जारी किए जाने सरकारी बैंकों के प्राइवेट बैंकों के शेयरों में बिकवाली से बाजार पर दबाव बना। जिससे कारोबार के अंत में सेंसेक्स 430 अंक गिरकर 33,317 अंक पर बंद हुआ। यह 14 दिसंबर 2017 के बाद का सबसे निचला स्तर है। उस दिन सेंसेक्स 33,246.70 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 110 अंक लुढ़ककर 10,249 अंक पर क्लोज हुआ।
– 430 अंकों की गिरावट एक महीने में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 6 फरवरी को सेंसेक्स 561.22 लुढ़का था। लगातार 5 दिनों में सेंसेक्स 1,129 अंक गिर चुका है।

09:49 AM
सेंसेक्स 100 अंकों से ज्यादा टूटा, निफ्टी 10200 के करीब
– कारोबार में निफ्टी 10,200 के नीचे फिसला, जबकि सेंसेक्स 33172 तक गिरा।

09:10 AM
रुपया 6 पैसे की बढ़त के साथ खुला
– सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन रुपए की मजबूत शुरुआत हुई। डॉलर के मुकाबले रुपया 6 पैसे की बढ़त के साथ 64.89 के स्तर पर खुला। वहीं मंगलवार को रुपए में मजबूती देखने को मिली। डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे बढ़कर 64.95 रुपए के स्तर पर बंद हुआ था।

08:59 AM
DII रहे बिकवाली, एफआईआई ने की खरीददारी
– मंगलवार के कारोबार में डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (डीआईआई) ने भारतीय शेयर बाजार में 734.33 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। वहीं फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एफआईआई) ने 620.08 करोड़ रुपए की खरीददारी की।

08:56 AM
ट्रेड वार कंसर्न से एशियाई बाजार सपाट
– ट्रेड वार की चिंता से बुधवार को एशियाई बाजारों में सुस्ती देखने को मिल रही है। सिंगापुर का एसजीएक्स निफ्टी इंडेक्स 0.07 फीसदी की गिरावट के साथ 10,244.50 प्वाइंट्स पर कारोबार कर रहा है। जापान का बाजार निक्केई 41 अंक लुढ़ककर 21,377 अंक पर कारोबार कर रहा है। हालांकि हैंग सेंग 50 अंक की बढ़त के साथ 30,560 अंक पर कारोबार कर रहा है।
– कोरियाई बाजार का इंडेक्स कोस्पी 0.52 फीसदी चढ़ककर 2424 अंक पर कारोबार कर रहा है, जबकि ताइवान इंडेक्स 20 अंक की बढ़त के साथ 10,803 अंक पर कारोबार कर रहा है। शंघाई कम्पोजिट 0.37 फीसदी की तेजी के साथ 3302 अंक पर कारोबार कर रहा है। वहीं स्ट्रेट्स टाइम्स 0.65 फीसकी गिरावट के साथ 3469 अंक पर कारोबार कर रहा है।
08:56 AM
अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला कारोबार
– मंगलवार को अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। डाओ जोंस 0.04 फीसदी की कमजोरी के साथ 24,884 अंक पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक 41 अंक की उछाल के साथ 7,372 अंक पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.26 फीसदी की बढ़त के साथ 2,728 अंक पर बंद हुआ।

विजय माल्या की 600 करोड़ की लग्जरी याट माल्टा में जब्त

लंदन। विजय माल्या की 93 मिलियन डॉलर (करीब 603 करोड़ रु.) की सुपरयाट (नौका) को माल्टा में जब्त कर लिया गया। इसकी वजह उनका क्रू मेंबर्स को एक मिलियन डॉलर (करीब 6.5 करोड़ रु.) की सैलरी न चुकाना बताया गया है। माल्या पर भारतीय बैंकों का 9 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्ज है। वे मार्च 2016 में भारत से चले गए थे। फिलहाल वे लंदन में हैं। भारत ने उन्हें भगोड़ा करार दिया है।

याट पर 40 क्रू मेंबर थे
– न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, याट पर 40 से ज्यादा क्रू मेंबर सवार थे, जिसमें कई भारतीय, ब्रिटेन और पूर्व यूरोपीय देशों के लोग हैं। इन लोगों को बीते सितंबर से तनख्वाह नहीं मिली है।
– 95 मीटर लंबी माल्या की इस याट का नाम इंडियन एम्प्रेस है। फिलहाल याट के माल्टा पोर्ट छोड़ने पर पाबंदी लगा दी गई है।
– मैरीटाइम यूनियन नॉटिलस इंटरनेशनल के स्ट्रेटजिक ऑर्गनाइजर डैनी मैकगोवन ने कहा, “हमारे सदस्यों ने जहाज पर अपने मालिक को मासिक वेतन का भुगतान करने के लिए कई मौके दिए। इस तरह के हालात में वे ज्यादा वफादारी और संयम प्रदर्शित करते दिखाई देंगे।”
– “हमने याट की इंश्योर्ड कंपनी से नियमों के तहत 6 लाख 15 हजार डॉलर तो ले लिए हैं, लेकिन अभी भी एक बड़ी रकम चुकाई जानी बाकी है।”
– हालांकि माल्या की तरफ से इस संबंध में कोई जवाब नहीं दिया गया है।
लंदन में है माल्या, भारत ने की थी प्रत्यर्पण की मांग
– 2 मार्च 2016 से ही माल्या लंदन में रह रहे हैं। ईडी और सीबीआई को विजय माल्या की तलाश थी। प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) से जुड़े एक मामले में मुंबई की स्पेशल कोर्ट माल्या को भगोड़ा घोषित कर चुकी थी। माल्या का पासपोर्ट भी रद्द किया गया था। फरवरी 2017 में भारत ने यूके से माल्या की वापसी के लिए रिक्वेस्ट भेजी थी।
– इसके बाद मार्च में ब्रिटिश पीएम थेरेसा मे ने लंदन में अरुण जेटली से प्रोटोकॉल तोड़कर मुलाकात की थी। इस मुलाकात में माल्या को भारत को सौंपने पर चर्चा हुई थी। मार्च में ही यूके ने भारत को बताया था कि उसकी रिक्वेस्ट को फॉरेन मिनिस्ट्री ने सर्टिफाई कर दिया है।
– यूके गवर्नमेंट ने आगे की कार्रवाई के लिए केस को डिस्ट्रिक्ट जज के पास भेजा। इसके बाद माल्या को एक्स्ट्राडिशन वारंट पर बीते अप्रैल अरेस्ट किया गया। वारंट जारी होने के बाद विजय माल्या खुद सेंट्रल लंदन पुलिस स्टेशन पहुंचे थे।

फोर्ब्स की अरबपतियों की लिस्ट में अमेजन के जेफ बेजोस सबसे अमीर

वॉशिंगटन। फोर्ब्स की सालाना जारी होने वाली अरबपतियों की लिस्ट में अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। उनकी संपत्ति 112 अरब डॉलर (करीब 7.5 लाख करोड़ रुपए) है। इसके साथ ही वे 100 अरब डॉलर से ज्यादा संपत्ति वाले पहले अरबपति भी बन गए हैं। उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स को पीछे छोड़ दिया है। इस लिस्ट में मुकेश अंबानी 40.1 अरब डॉलर (करीब 2.61 लाख करोड़ रुपए) की संपत्ति के साथ 19वें नंबर पर हैं।

अंबानी एक पायदान चढ़े
– मुकेश अंबानी की दौलत में करीब 8 अरब डॉलर (करीब 52 हजार करोड़ रुपए) का इजाफा हुआ है।
– वे लिस्ट में एक पायदान ऊपर गए हैं। पिछली बार वे 20वें नंबर पर थे।
– इस लिस्ट में दुनियाभर के 2 हजार 208 अरबपतियों को शामिल किया गया है। इनमें 102 भारतीय हैं।

दुनिया में ये हैं टॉप-5
जेफ बेजोस 112 अरब डॉलर 1
बिल गेट्स 91.2 अरब डॉलर 2
वॉरेन बफे 87.7 अरब डॉलर 3
बर्नार्ड अर्नाल्ट 75 अरब डॉलर 4
मार्क जुकरबर्ग 72 अरब डॉलर 5
टॉप-5 में ये भारतीय करोबारी
मुकेश अंबानी 40.1 अरब डॉलर 19
अजीम प्रेमजी 18.8 अरब डॉलर 58
लक्ष्मी निवास मित्तल 18.5 अरब डॉलर 62
शिव नडार 14.6 अरब डॉलर 98
दिलीप सांघवी 12.8 अरब डॉलर 115

– इस लिस्ट में टॉप-10 में कोई भी महिला नहीं है। अमेरिकी रिटेल चेन वालमार्ट की उत्तराधिकारी एलिस वाल्टन 16वें स्थान के साथ पहली महिला हैं।

डोनाल्ड ट्रम्प 200 पायदान नीचे आए
– इस लिस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति और कारोबारी डोनाल्ड ट्रम्प 200 पायदान नीचे आ गए हैं। उनकी दौलत 3.1 अरब डॉलर है। वे लिस्ट में 766वें नंबर पर हैं। पिछले साल से उनकी दौलत में 40 करोड़ डॉलर की कमी आई है।