Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 5486

सेंसेक्स 158 अंक गिरा, निफ्टी 10200 के नीचे फिसला

नई दिल्ली। एशियाई बाजारों से मिले संकेतों से गुरूवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। अच्छी शुरुआत के बाद बाजार में ऊपरी स्तर से दबाव दिख रहा है। मेटल और पीएसयू बैंक शेयरों में गिरावट से बाजार ऊपरी स्तर से फिसल गया है।

सेंसेक्स ऊपर से 158 अंक गिरा है, जबकि निफ्टी 10200 के नीचे आ गया है। हालांकि हैवीवेट इंफोसिस, एचडीएफसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, आईटीसी, एचयूएल, मारुति और एचडीएफसी बैंक में बढ़त से बाजार को सपोर्ट मिला है।

मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों में खरीददारी
– बाजार में तेजी से मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीददारी देखने को मिल रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.51 फीसदी बढ़ा है। मिडकैप शेयरों में वक्रांगी, आईडीबीआई, आरकॉम, अशोक लेलैंड, एबीएफआरएल, सन टीवी, जीएमआर इंफ्रा, अपोलो हॉस्पिटल, एंडुरेंज, सेल, सेंट्रल बैंक, जिंदल स्टील, 1.27-3.28 फीसदी तक चढ़े।
– वहीं बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.87 फीसदी का उछाल आया है।

सभी सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी, रियल्टी इंडेक्स 1% बढ़ा
– कारोबार में बैंक, ऑटो समेत सभी सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी देखने को मिल रही है। सबसे ज्यादा तेजी निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 1.04% की रही। वहीं बैंक निफ्टी इंडेक्स 0.69 फीसदी बढ़ा है। इसके अलावा ऑटो में 0.54%, एफएमसीजी 0.48%, आईटी में 0.84%, मेटल में 0.47%, फार्मा में 0.33%, पीएसयू बैंक में 0.59% तेजी आई।

लाइव अपडेट
10:16 AM
भारत डायनामिक्स IPO से जुटाएगी 960 करोड़
– डिफेंस सेक्टर की सरकारी कंपनी भारत डायनामिक्स ने 960 करोड़ रुपए के अपने इनिशल पब्लिक ऑफर (आईपीओ) के लिए प्राइस बैंड 413-428 रुपए प्रति इक्विटी शेयर तय किया है। यह इश्यू 13 मार्च को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 15 मार्च को बंद होगा।

09:37 AM
FII ने की बिकवाली, डीआईआई रहे खरीददार
– बुधवार के कारोबार में फॉरेन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर्स (एफआईआई) ने घरेलू शेयर बाजार में 719.78 करोड़ रुपए की बिकवाली की, जबकि डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (डीआईआई) ने 409.34 करोड़ रुपए की खरीददारी की।

09:20 AM
रुपया 2 पैसे गिरकर खुला
– सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन रुपए की शुरुआत हल्की गिरावट के साथ हुई। डॉलर के मुकाबले रुपया 2 पैसे गिरकर 64.90 के स्तर पर खुला।

09:19 AM
एशियाई बाजारों में तेजी
– ग्लोबल मार्केट से मिले संकेतों से गुरूवार को एशियाई बाजारों में तेजी देखने को मिल रही है। सिंगापुर का एसजीएक्स निफ्टी इंडेक्स 0.38 फीसदी की गिरावट के साथ 10,218 अंक पर कारोबार कर रहा है। जापान का बाजार निक्केई 159 अंक उछलकर 21,411 अंक पर कारोबार कर रहा है। हैंग सेंग 380 अंक की तेजी के साथ 30,577 अंक पर कारोबार कर रहा है।
– कोरियाई बाजार का कोस्पी इंडेक्स 0.67 फीसदी की मजबूती के साथ 2418 अंक पर कारोबार कर रहा है, जबकि ताइवान इंडेक्स 105 अंक चढ़कर 10,850 अंक पर कारोबार कर रहा है। शंघाई कम्पोजिट में 0.33 फीसदी की बढ़त दिख रही है। वहीं स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.88 फीसदी की मजबूती के साथ 3481 अंक पर कारोबार कर रहा है।

09:19 AM
अमेरिकी बाजारों में कमजोरी
– बुधवार को अमेरिकी बाजारों में कमजोरी है। डाओ जोंस 83 अंक गिरकर 24,801अंक पर बंद हुआ एसएंडपी 500 इंडेक्स सपाट होकर 2,727 अंक पर बंद हुआ। हालांकि नैस्डैक 25 अंक की बढ़त के साथ 7,397 अंक पर बंद हुआ।

सूखी फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा दे सरकारः सुनील गालव

कोटा।  नहरों में पानी का रेगुलेशन को लेकर अधिकारियों की मनमानी के कारण से किसानों की फसलें सूखने की कगार पर पहुंच चुकी हैं। परियोजना समिति की ओर से रेगुलेशन का जो प्लान बनाकर दिया जाता है, अधिकारी उसे दरकिनार करते हुए राजनेताओं के कहने पर पानी का रेगुलेशन करते है। जिससे रेगुलेशन का सारा सिस्टम खराब हो चुका है।

अधिकारी आॅफिसों में बैठकर मनमानी करते हैं, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे दोषी अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए। यह बातें चम्बल परियोजना समिति की बैठक में सदस्यों की ओर से कही गईं। समिति की बैठक बुधवार को सीएडी सभागार में अध्यक्ष सुनील गालव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, लेकिन सीएडी का कोई अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हुआ।

चोरी और सीनाजोरी
इस दौरान पानी रेगुलेशन के गलत वितरण के कारण से सूखी फसलों के लिए जिम्मेदारी तय करने और सर्वे कराकर मुआवजा देने का प्रस्ताव पारित किया गया। अध्यक्ष गालव ने कहा कि अधिकारियों की स्थिति ऐसी हो गई है कि चोरी भी करेंगे और कोई कहे भी नहीं। पानी वितरण को समितियों को सौंपने की बात 3 महीने पहले ही लिखकर दे दी थी। जिसके बाद जयपुर इस पत्र को लटकाकर रखा गया और सचिव तक नहीं पहुंचने दिया गया।

इसके बाद पायलट प्रोजेक्ट के तहत कुछ समितियों को यह कार्य सौंपने का समझौता हुआ। जिस पर परियोजना समिति ने सहमति भी दे दी थी, लेकिन उस पर भी कोई काम नहीं हो पाया है। बिना नहरी सफाई के टेल तक पानी नहीं पहुंच सकता है। सांसद और विधायकों की मौजूदगी में सफाई की बात हुई थी, लेकिन सफाई नहीं कराई गई है।

उन्होंने कहा कि एक्सईएन देवराज शर्मा फील्ड में नहीं जा रहे हैं, उन्हें निलम्बित किया जाना चाहिए। रेगुलेशन के समय पर ही अधिकारी छुट्टी पर चले जाते हैं। इन अधिकारियों के निलम्बित होने तक समितियां कार्य का बहिष्कार करेंगी। वहीं, नहरों पर कोई निर्माण कार्य भी नहीं करने दिया जाएगा।

किसानों को नुकसान, उन्हीं पर मुकदमें
हरिप्रकाश मीणा ने कहा कि गैंता डिस्टरब्यूटरी में 2 फीट भी पानी नहीं चल रहा है। अधिकारियों की हठधर्मिता और द्वेषता के कारण से किसानों को नुकसान हो रहा है। सारा सिस्टम अधिकारी बिगाड़ते हैं और मुकदमें किसानों पर लगाते हैं। हरिशंकर मीणा ने कहा कि जातिसूचक शब्दों से अपमान करके भी मुकदमे हमारे ऊपर ही लगाए जा रहे हैं।

फसल सूख चुकी
उनके पास संसाधन है, पुलिस हैं। हम पानी के लिए चक्काजाम करते हैं तो हमारे ऊपर केस लाद दिए जाते हैं। आज स्थिति यह है कि हेड और टेल दोनों ही सूख रहे हैं। कालिया माइनर पर गेहूं की फसल सूख चुकी है। अधिकारी बुलाने पर भी नहीं आते हैं। यदि आन्दोलन के लिए जयपुर चलना पड़ा तो वहां भी चलने को तैयार हैं।

नहरों में ठीक से जलप्रवाह नहीं
सेवानिवृत पटवारी दशरथ कुमार ने कहा कि धरातल पर काम नहीं होने के कारण से नहरों में ठीक से जलप्रवाह नहीं हो पाता है। जब तक बाडाबंदी ठोस रूप से लागू नहीं होगी, तब तक पानी देना संभव नहीं है। गंगानगर में बाड़ाबंदी के कारण से पानी भी मिलता है और वसूली भी सौ प्रतिशत होती है। हमारे यहां बाड़ाबंदी के कारण से हेड पर ही 40 प्रतिशत पानी वेस्ट हो जाता है।

साढे छह करोड भी मिट्टी में मिल गए
हनोतिया के कृष्णकुमार सोनी ने कहा कि यदि 120 गेज पानी नहीं चला तो अधिकारियों को सीट पर बैठनें नहीं देंगे। दिलीप सिंह इटावा ने कहा कि नहर को छिलकर साढे छह करोड का भुगतान उठा लिया गया। इसमें नहर में भरी गई मिट्टी जलप्रवाह के साथ ही बह गई और साढे छह करोड भी मिट्टी में मिल गए।

रामगंजमंडी में धनिये की बंपर आवक, बंद करने पड़े मंडी के गेट

रामगंजमंडी। कृषि उपजमंडी बुधवार को धनिया की आवक के चलते छोटी पड़ गई। इस सीजन में पहली बार मंडी में जिंसों की आवक का आंकड़ा 50 हजार बोरी पर पहुंच गया। इनमें सर्वाधिक 35 हजार बोरी धनिया की आवक रही। अधिक आवक के चलते मंडी के गेट बंद करने पड़े। वहीं मंडी में पहुंचा पूरा धनिया भी नीलाम नहीं हो सका।

मंडी में इन दिनों धनिया के साथ अन्य जिंसों की आवक में लगातार इजाफा हो रहा है। क्षेत्र में किसान फसलों को तैयार कर खेतों से सीधे मंडी में बेचने आ रहे हैं। उपखंड क्षेत्र के साथ झालावाड़, बारां और समीपवर्ती मध्यप्रदेश से भी बड़ी संख्या में किसान यहां धनिया व अन्य जिंस बेचने आ रहे हैं। ऐसे में सुबह तक पूरी मंडी धनिया से अट गई।

हालत यह थी कि यार्डों के साथ मुख्य रास्ते पर भी धनिया की ढेरियां लगानी पड़ी। मंडी में सबसे अधिक 35 हजार बोरी धनिया की आवक हुई। देर शाम तक नीलामी प्रक्रिया चलने के बावजूद केवल 30 हजार बोरी धनिया की नीलाम हो सका। पांच हजार बोरी धनिया नीलाम होने से शेष रह गया।

मंडी के सभी यार्ड फुल होने से मंडी प्रशासन ने दोपहर बाद जिंस लेकर आने वाले वाहनों के लिए मंडी के गेट बंद कर दिए।  इससे बाद में जिंस लेकर पहुंचे वाहनों को बाहर ही रोक दिया गया। इन्हें बुधवार मध्यरात्रि बाद ही मंडी में प्रवेश दिया गया। उधर, सीजन में पहली बार 50 हजार बोरी जिंसों की आवक होने से व्यापारियों में भी उत्साह रहा।

वहीं मंडी में बडी संख्या में किसानों का जमावड़ा लगा रहा। मंडी में बुधवार को धनिया बादामी 4200 से 4400, धनिया ईगल 4500 से 4700, धनिया स्कूटर 4700 से 5000, धनिया रंगदार 6000 से 13000 रुपए तक बिका। वहीं शाम को फिर दूर-दराज से किसानों के जिंस लेकर आने का सिलसिला शुरू हो गया।

जयपुर-बीकानेर के लिए नई फ्लाइट 25 से, भोपाल के लिए भी जल्द

0

जयपुर। सरकार की उड़ान योजना के तहत अब प्रदेश के प्रमुख शहरों को एक-दूसरे से जोड़ा जा रहा है। इसी के तहत एयर इंडिया ने जयपुर से बीकानेर के लिए नई फ्लाइट उड़ाने की तैयारी पूरी कर ली है। एयरलाइन इस फ्लाइट्स का संचालन 25 मार्च से शुरू करेगा।

अभी बीकानेर के लिए सुप्रीम एयरलाइंस की सिर्फ 9 सीटर फ्लाइट ही संचालित हो रही है। इसी तरह इंडिगो एयरलाइंस भी जल्दी ही जयपुर-भोपाल-जयपुर के लिए नई फ्लाइट शुरू करेगा। जानिए और इस बारे में …

– कंपनी प्रबंधन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह 70 सीटर एटीआर विमान होगा।
– कंपनी 30 मार्च से शुरू हो रहे समर सीजन के दौरान जयपुर से भोपाल के लिए फ्लाइट एटीआर से शुरू करना चाहती है। इसके बाद यात्रियों के रिस्पांस के आधार पर आगे की फ्लाइट ऑपरेशन को तय किया जाएगा।

गौरतलब है कि प्रदेश में इंट्रा स्टेट हवाई सेवा की शुरुआत मुख्यमंत्री वसुंधरा ने पिछले साल 4 अक्टूबर को की थी। इसके तहत अभी जयपुर से जोधपुर, जैसलमेर, कोटा, उदयपुर सहित अन्य शहरों के लिए फ्लाइट संचालित की जा रही हैं।

यह रहेगा जयपुर-बीकानेर फ्लाइट का शिड्यूल
– बीकानेर से सुबह 11:45 बजे रवाना होगी फ्लाइट
– दोपहर 12:45 बजे पहुंचेगी जयपुर एयरपोर्ट
– जयपुर से दोपहर 1:15 बजे होगी रवाना
– दोपहर 2:15 बजे पहुंचेगी बीकानेर एयरपोर्ट

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने SBI पर लगाया 40 लाख का जुर्माना

मुंबई। रिजर्व बैंक ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) पर 40 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना निर्देशों का पालन न करने के लिए लगाया गया है। खबरों के मुताबिक, आरबीआई ने नकली नोट का पता लगाने तथा उसे जब्त करने के मामले में कुछ निर्देश दिए थे, जिनका पालन नहीं किया गया।

केंद्रीय बैंक ने बुधवार को एक अधिसूचना में कहा, ‘रिजर्व बैंक ने एक मार्च 2018 को एसबीआई पर 40 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना नकली नोट का पता लगाने तथा उसे जब्त करने के मामले में उसके निर्देशों का पालन नहीं करने को लेकर लगाया गया है।’

आरबीआई ने कहा कि उसने नकली नोट नियमन को लेकर एसबीआई के मामले में नियामकीय अनुपालन को लेकर सेवा में कमी पाई है। नियामक ने देश के सबसे बड़े बैंक की दो शाखाओं के‘करंसी चेस्ट’ की जांच की और पाया कि नकली नोट का पता लगाने और उसे जब्त करने को लेकर जारी निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

केंद्रीय बैंक ने इस बारे में पांच जनवरी 2018 की तारीख से एक नोटिस देकर निर्देशों का पालन नहीं करने का कारण पूछा था। बैंक के जवाब के बाद केंद्रीय बैंक ने जुर्माना लगाया।

केंद्र ने डीए 2% बढ़ाया: 48 लाख सरकारी कर्मचारियों को फायदा

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते  को 5% से बढ़ाकर 7% कर दिया है। इसका फायदा केंद्र के 48.41 लाख कर्मचारियों और 61.17 लाख पेंशनर्स को मिलेगा। इसे 1 जनवरी 18 से लागू माना जाएगा।

अभी कितना डीए मिलता था?
– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट मीटिंग हुई। इसमें केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 2% ज्यादा डीए दिए जाने के लिए एडिशनल इंस्टालमेंट जारी करने को मंजूरी दे दी। केंद्रीय कर्मचारियों को अभी 5 फीसदी डीए मिलता था।

सरकार पर कितना बोझ बढ़ेगा?
– इस फैसले का असर सरकार के खजाने पर पड़ेगा। महंगाई भत्ता बढ़ाने से 6077.72 करोड़ रुपए और महंगाई राहत से 7090.68 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। यह जनवरी 18 से फरवरी 19 तक 14 महीनों के लिए होगा।

7वें वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर फैसला
– महंगाई भत्ते में बढ़ोत्तरी सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर की गई है।

इससे पहले सितंबर में बढ़ा था महंगाई भत्ता
-इससे पहले सितंबर, 2017 में महंगाई भत्ते में 1 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई थी, जिससे यह 4 से 5 फीसदी हो गया था। हालांकि यह बढ़ोत्तरी जुलाई से लागू मानी गई थी।

-सरकार ने मार्च, 2017 में भी महंगाई भत्ता बढ़ाया था। उस समय भत्ता 2 फीसदी से बढ़ाकर 4 फीसदी किया गया है। हालांकि यह बढ़ोत्तरी 1 जनवरी, 2017 से लागू मानी गई थी।

फसल खराबे की आशंका से सरसों तेज, उड़द 150 रुपये उछला

रामगंज मंडी में धनिया की आवक बढ़कर 35 हजार बोरी हुई, भाव 200 से 300 रुपये टूटा

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में बुधवार को माल की कुल आवक 45 हजार बोरी की रही। फसल खराबे की आशंका और खाद्य तेलों पर आयात शुल्क बढ़ने से सरसों 50 रुपये प्रति क्विंटल तेज बोली गई। आवक की कमी से गेहूं 50 रुपये प्रति क्विंटल, धान 75 रुपये प्रति क्विंटल और  उड़द 150 रुपये प्रति क्विंटल उछल गया। 

कमजोर उठाव से सोयाबीन, चना 50 रुपये प्रति क्विंटल मंदा रहा। एनसीडैक्स पर धनिया अप्रैल वायदा 24 रुपये की नरमी पर 5425 रुपये और मई वायदा 15 रुपये की मामूली मंदी पर 5501 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। रामगंज मंडी में धनिया की 35 हजार बोरी और कोटा मंडी में 5000 बोरी की आवक हुई। रामगंज मंडी में ग्रीन धनिया 200-300 रुपये प्रति क्विंटल ढीला रहा। 

गेहूं मिल 1600 से 1645 लोकवान 1600 से 1700 पीडी 1600 से 1750 टुकडी 1625 से 1750 गेहूं नया 1650 से 2000 रुपये प्रति क्विंटल रहे। धान सुगंधा 2600 से 2850 पूसा-1 2500 से 2850 पूसा-4 (1121) 2500 से 3450 धान (1509) 2000 से 3150 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 2400 से 3730 सरसो 3100 से 3900 तिल्ली 6000 से 7000 रुपये प्रति क्विंटल। मैथी 2000 से 2800, धनिया बादामी नया 3800 से 4200 ईगल 4000 से 4500 रंगदार 5000 से 6500 धनिया पुराना 3000 से 4200 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंग 3300 से 4000 उडद 2000 से 3511 चना 3000 से 3550 चना काबुली 6000 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल। चना पेपसी 3400 से 3800 चना मौसमी 3000 से 3700 मसूर 3000 से 3550 रुपये प्रति क्विंटल। ग्वार 3000 से 3860 मक्का 1000 से 1250 जौ 1100 से 1200 ज्वार 1300 से 2400 रुपये प्रति क्विंटल। लहसुन 100 से 1100 रुपये प्रति क्विंटल रहा। 

कोटा में 55 पिच्छीधारी दिगम्बर जैन संतो का ऐतिहासिक मिलन

कोटा। शहर के कुन्हाड़ी स्थित रिद्धी सिद्वी नगर में बुधवार को दिगम्बर जैन संतों गणाचार्य आचार्य विराग सागर एवं शशांक सागर के संघ के 55 से अधिक पिच्छीधारी संतो का ऐतिहासिक मिलन आयोजित किया गया, जिसमे जैन समाज के अलावा समाज के अन्य वर्ग के लोगों ने भी शामिल हो कर मुनियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।

सकल दिगम्बर जैन समाज समिति के अध्यक्ष अजय बाकलीवाल एवं महामंत्री विनोद टोरड़ी,  कार्याघ्यक्ष जेके जैन, प्रकाश बज एवं विमल कुमार नांता तथा रिद्धी सिद्धी जैन मंदिर के अध्यक्ष टीकम पाटनी एवं दीपक जैन ने बताया कि गणाचार्य 108 विराग सागर जी महाराज एवं उनका संघ बुधवार को प्रातः 8 बजे बूंदी रोड़ स्थित एक गुरूनानक स्कूल के समान से से विहार कर शोभायात्रा के रूप में बैंडबाजों, हाथी घोड़ों के साथ कुन्हाड़ी के एक्जोटिका गार्डन पहुंचे।

समाज के लोगों ने जगह जगह स्वागत द्वार लगाए थे। जहां कोटा में विहार कर रहे आचार्य शशांक सागर एवं उनके संघ के सदस्यों का भव्य ऐतिहासिक मिलन हुआ। इस अनुपम दृश्य में जैन व अजैन समाज के हजारों लोगों ने इस अनुपम दृश्य को देखा और अपने कैमरों में कैद किया।

इस अवसर पर 55 पिच्छीधारी संतों का भी मिलन हुआ इस अवसर पर जैन संतो के जयकारों के नारों से समूचा वातावरण गुंजायमान हो गया। इसके पूर्व केशवरायपाटन तिराहे पर सकल दिगम्बर जैन समाज की कार्यकारिणी तथा रिद्धी सिद्धी नगर चंद्रप्रभु मंदिर समिति के अध्यक्ष टीकम पाटनी के अलावा कोटा उत्तर के विधायक प्रहलाद गुंजल एवं महापौर महेश विजय की अगुवाई में नगर निगम के क्षेत्रीय पार्षदों ने संतों का पादपक्षालन किया।

पूर्व मंत्री शांति धारीवाल ने भी जैन संतों की अगवानी की। सकल समाज केपरम संरक्षक राजमल पाटोदी, सुरेश चांदचाड़, विजय दुगेरिया,  देवेंद्र पांड्या, मनोज जैसवाल, रितेश सेठी, संजय निर्वाण, कमलेश सांवला, विकास अजमेरा, अनिकेत सबदरा, जम्मू कुमार सोगानी आदि ने पादपक्षालन किया।

अहिंसा व स्वच्छ भारत का संकल्प
तत्पश्चात संतगण कुन्हाड़ी पैट्रोल पम्प से होते हुए रिद्धी सिद्धी नगर पहुंचेंगे जहां जैन मंदिर में दर्शन के उपरान्त सुवालका गार्डन में धर्मसभा आयोजित की गई जहां आचार्य विराग सागर के आव्हान पर हजारों लोगों ने हाथ खड़े कर अहिंसा, बेटी बचाओ,नशा मुक्ति एवं स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत के प्रति संकल्प व्यक्त किया।

इस मौके पर पूर्व मंत्री शांति धारीवाल एवं विधायक प्रहलाद गुंजल, सकल दिगम्बर जैन समाज एवं गुरु सेवा संघ के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। रिद्धी सिद्धी नगर के जैन समाज ने विधायक गुंजल को राष्ट्र गौरव से सम्मानित किया।

धारीवाल ने आचार्य से निवेदन किया कि आगामी महावीर जयंती तक कोटा में रहकर समाज की आशीर्वचनों से लाभांवित करें। आचार्य ने समाज सेवी एकता धारीवाल को उनके द्वारा महिला सशक्तिकरण के कार्यों के लिए आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम में एकता ने जय जिनेंद्र लिखी पट्टिकाऐं वितरीत की।

कार्याध्यक्ष जेके जैन के अनुसार सायं लैंडमार्क सिटी में एलन इंस्टीट्यूट के सभागार में आचार्य विराग सागर जी छात्रों को संबोधित किया तथा जीवन में असफलता से निराश नहीं होने का आव्हान किया।उसके बाद मारवाड़ी जैन समाज के श्रीपुरा मंदिर में पहुंच कर रात्रि विश्राम किया।

घट यात्रा के साथ आरके पुरम जायेंगे
8 मार्च को प्रातः 7 बजे मारवाड़ी जैन मंदिर से विहार कर दादाबाड़ी छोटा चौराहा होते भव्य घट यात्रा के साथ श्वेत केसरिया वस्त्र धारण किए हुए स्त्री पुरुषों का जुलूस ,बैंड बाजों के साथ तीन बत्ती सर्किल, संतोषी नगर सब्जीमण्डी, महावीर नगर विस्तार मंदिर, अहिंसा सर्किल से आरके पुरम में मुनि सुब्रतनाथ दिगम्बर जैन मंदिर जाऐंगे। जहां 8 से 15 मार्च तक 25 कत्रिम सम्मोशरण युक्त 1008 सम्मोशरण महामण्डल विधान गणाचार्यों के सानिध्य में होगा। इसी दौरान 9 मार्च को आर्यिका विकाम्या माता एवं आचार्य विराग सागर की भेंट होगी।

भारत-चीन का कारोबार रिकॉर्ड स्तर पर, 2017 में 5.5 लाख करोड़ की ट्रेडिंग

नई दिल्ली। डोकलाम व अन्य मुद्दों पर आपसी तनाव के बाद भी भारत और चीन के बीच कारोबार ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गया है। साल 2017 में दोनों देशों के बीच करीब 5.5 लाख करोड़ रुपए का बाइलैटरल ट्रेड हुआ है। न्यूज एजेंसी के अनुसार साल 2017 में भारत से चीन को होने वाला एक्सपोर्ट बढ़ा है।

पहली बार 80 बिलियन डॉलर टच किया कारोबा
चाइनीज जनरल एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ कस्टम के अनुसार साल 2017 में दोनों देशों के बीच कारोबार 18.63 फीसदी की दर से बढ़ा है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब दोनों देशों के बीच 84.44 बिलियन डॉलर का कारोबार हुआ है। पिछले साल दोनों देशों के बीच 71.18 बिलियन डॉलर का कारोबार हुआ था।

भारत का एक्सपोर्ट 39.11 फीसदी बढ़ा
डाटा के अनुसार साल 2017 में भारत से चीने को होने वाला एक्सपोर्ट 39.11 फीसदी बढ़कर 16.34 बिलियन डॉलर यानी 1 लाख करोड़ से ज्यादा हो गया है। वहीं, इस दौरान भारत में होने वाला इंपोर्ट 14.59 फीसदी बढ़कर 68.10 बिलियन डॉलर यानी 4.4 लाख करोड़ से ज्यादा पहुंच गया है।

ट्रेड डेफिसिट 51.75 बिलियन डॉलर
ट्रेड रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद भी भारत का ट्रेड डेफिसिट हाई बना हुआ है। साल 2017 में सालाना आधार पर भारत का ट्रेड डेफिसिट 8.55 फीसदी बढ़कर 51.75 बिलियन डॉलर यानी 3.36 लाख करोड़ पर पहुंच गया है। भारत लगातार चीन पर यह दबाव बना है कि फार्मा और आईटी सेक्टर को भी इंडियन फर्म्स के खोल दे, जिससे ट्रेड डेफिसिट कम करने में मदद मिलेगी।

चीन को एक्सपोर्ट करने वाला 24वां बड़ा देश
ट्रेड डाटा के अनुसार चीन को अपने प्रोडक्ट एक्सपोर्ट करने वाला भारत दुनिया का 24वां बड़ा देश बन गया है। वहीं, चीन के लिए भारत 7वां सबसे बड़ा एक्सपोर्ट डेस्टिनेशन बन गया है। साफ है कि अभी भारत से सामाना खरीदने की बजाए भारत को सामान बेचने के मामले में चीन बहुत आगे है।

इन बातों को लेकर है टेंशन
दोनों देशों के बीच पिछले कुछ महीनों में कई मसलों को लेकर टेंशन रही है। मसलन डोकलाम विवाद, चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर, एनएसजी में एंट्री को लेकर चीन द्वारा भारत की राह रोकने, आतंकी मसलों पर पाकिस्तान के पक्ष में आवाज उठाने जैसे मसले दोनों देशों के बीच तनाव के अहम मुद्दे रहे हैं।

ग्लोबल संकेतों से सोना 220 रुपये महंगा, चांदी भी चमकी

नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों के मजबूत रुख के बीच स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की लिवाली बढ़ने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना बुधवार को 220 रुपये की बढ़त के साथ 31,670 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी भी 500 रुपये की तेजी के साथ 39,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता 220 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 31,670 रुपये और 31,520 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। आठ ग्राम की गिन्नी का भाव 24,800 रुपये पर कायम रहा।

चांदी तैयार 500 रुपये की बढ़त के साथ 39,900 रुपये और साप्ताहिक डिलिवरी 480 रुपये की बढ़त के साथ 39,240 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी सिक्का लिवाल 74,000 रुपये और बिकवाल 75,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर कायम रहा।

बाजार विशेषज्ञों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह इस्पात और एल्युमीनियम पर आयात शुल्क लगाने के अपने फैसले पर कायम रहेंगे। इससे डॉलर कमजोर हुआ और वैश्विक बाजारों में सोने में तेजी आई।

वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 1.09 प्रतिशत के लाभ से 1,334.20 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी भी 1.89 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16.22 डॉलर प्रति औंस रही। 

कोटा सर्राफा
चांदी 39400 रुपये प्रति किलोग्राम। 
सोना केटबरी 31450 रुपये प्रति दस ग्राम,  सोना 36680 रुपये प्रति तोला। 
सोना शुद्ध 31600 रुपये प्रति दस ग्राम,  सोना 36860 रुपये प्रति तोला।