Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 5488

राजस्थान बोर्ड की परीक्षाएं कल से, 10th और 8th की 15 मार्च से होगी

कोटा। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं भी गुरुवार से शुरू होगी। शिक्षा विभाग की ओर से इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। वहीं, 12 वीं बोर्ड की परीक्षाएं गुरुवार से सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक 146 सेंटर पर होगी। परीक्षा में कुल 27 हजार 400 स्टूडेंट्स नामांकित है।

परीक्षा केंद्रों पर केंद्राधीक्षकों की ओर से वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा की निगरानी के लिए डीईओ के अलावा एडीईओ और शैक्षिक प्रकोष्ठ की ओर से तीन फ्लाइंग विजिट करेंगी। डीईओ एंजिलिका पलात ने बताया कि इसके अलावा डिप्टी डायरेक्टर और बोर्ड की भी फ्लाइंग रहेगी।

उन्होंने बताया कि 10 वीं और आठवीं बोर्ड की परीक्षाएं 15 मार्च से शुरू होगी। उन्होंने बताया कि 10 वीं में 26 हजार 323 स्टूडेंट्स नामांकित है। वहीं दूसरी ओर कक्षा आठवीं बोर्ड परीक्षा में कुल 28 हजार 222 स्टूडेंट्स नामांकित हैं।

डाइट की प्रभारी गिरिराज किशोरी ने बताया कि इनमें प्राइवेट स्कूलों के 15 हजार 340 और गवर्नमेंट स्कूल के 12 हजार 882 स्टूडेंट्स नामांकित है।

इसके लिए 135 परीक्षा सेंटर, 20 मूल्यांकन केंद्र और 30 संग्रहण केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दोपहर 2 से शाम 4:30 बजे तक होगी। पांचवीं बोर्ड की परीक्षा की तिथि अभी तक नहीं आई है। यह अप्रैल में प्रस्तावित है।

मार्च में 9700 के स्तर पर आ सकता है निफ्टी, बाजार में गिरावट की आशंका

नई दिल्ली । फरवरी की शुरुआत से भारतीय शेयर बाजार में गिरावट जारी है। मंगलवार को अच्छे ग्लोबल संकेतों के बावजूद बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। ग्लोबल स्तर पर ट्रेड वार का डर, बैंक घोटाले में नए डेवलमेंट्स औऱ एलटीसीजी टैक्स जैसे फैक्टर्स का बाजार पर दबाव बना हुआ है।

एक्सपर्ट्स का कहना है कि मंगलवार को निफ्टी ने 10276 के अहम सपोर्ट लेवल को तोड़ दिया है, जिससे यहां से बाजार के 400 से 500 अंक और टूटने का डर बन गया है। मार्च के अंत तक निफ्टी 9700 के स्तर तक आ सकता है।

इंडिया विक्स इंडेक्स 5.52 फीसदी बढ़ा
मंगलवार को निफ्टी पर वोलैटिलिटी इंडेक्स में 5.52 फीसदी तेजी दर्ज की गई। अभी भी यह 15.3950 के स्तर से पर पहुंच गया है। इंडेक्स का यह लेवल इस बात के संकेत है कि मार्केट में अभी और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

बाजार पर दबाव
इंडिपेंडेट मार्केट एक्सपर्ट अंबरीश बालिगा का कहना है कि जब तक घरेलू स्तर पर मजबूत ट्रिगर नहीं मिलता बाजार में बड़ी रैली की उम्मीद कम है। पीएसयू बैंकों में गिरावट से मार्केट पर दबाव बढ़ रहा है। दूसरी ओर ग्लोबल सेंटीमेंट भी सुधरे नहीं हैं। वहीं क्रिस रिसर्च के फाउंड अरुण केजरीवाल ने कहा कि 31 मार्च तक बाजार में ऐसी ही हालत रहेगी।

पीएनबी घोटाले में नए-नए खुलासे, पॉलिटिकल मुद्दा, एलटीसीजी टैक्स जैसे फैक्टर्स से मार्च में बाजार में गिरावट रहेगी। बजट में लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स और लोकल कंप्लायंस में एफपीआई को लाए जाने से फॉरेन इन्वेस्टर्स बाजार से पैसे निकाल रहे है। है। एफआईआई के बाद अब डीआईआई भी बिकवाली कर रहे हैं। ऐसे में मार्केट में कुछ और गिरावट दिख सकती है।

FPI आउटफ्लो 5 महीने के हाई पर
– भारतीय शेयर बाजार से फॉरेन इन्वेस्टर्स की निकासी 5 महीने के हाई पर पहुंच गया है। फरवरी महीने फॉरेन इन्वेस्टर्स ने भारतीय शेयर बाजार से 11,000 करोड़ रुपए की निकासी की। इमर्जिंग मार्केट में बेहतर अवसर मिलने से फॉरेन इन्वेस्टर्स ने पैसे निकाले। जनवरी महीने में एफपीआई ने शेयर बाजार में 13,780 करोड़ रुपए निवेश किए थे।
– मार्च महीने में 3 दिन के कारोबार में एफआईआई ने 124.75 करोड़ रुपए की बिकवाली की है।

9700 तक स्तर तक जा सकता है निफ्टी
– मार्केट एक्सपर्ट सचिन सर्वदे के मुताबिक, बाजार में अभी और करेक्शन देखने को मिल सकता है। निफ्टी में 10276 का सपोर्ट था जो मंगलवार को टूट गया। इसके टूटने के बाद अभी निफ्टी में 200 अंकों की गिरावट हो सकती है औऱ यह 10,050 के लेवल तक पहुंच सकता है। इस लेवल के टूटने के बाद निफ्टी 9950 के स्तर तक जा सकता है।

– वहीं यस सिक्युरिटीज (I) लिमिटेड के टेक्निकल एनालिस्ट आदित्य अग्रवाला का कहना है कि निफ्टी 200 डीएमए 10,140 के पास अप्रॉच कर रहा है। इस लेवल के टूटने के बाद निफ्टी 10,000 के लेवल तक जा सकता है।
– एक्सपर्ट अंबरीश बालिग के मुताबिक, करेक्शन के बीच निफ्टी 9700-9600 के स्तर पर आ सकता है।

एयरसेल-मैक्सिस को FIPB मंजूरी देने की साजिश में शामिल थे पी. चिदंबरम

नई दिल्ली। एयरसेल-मैक्सिस डील में नियमों के कथित उल्लंघन और भ्रष्टाचार के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किए गए अपने हलफनामे में ED ने आरोप लगाया है कि एयरसेल-मैक्सिस को FIPB (विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड) से मंजूरी देने की ‘साजिश’ में पी. चिदंबरम भी शामिल थे।

ईडी ने कहा है कि साजिश के तहत तथ्यों को छिपाया गया ताकि मामले को आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति के पास न भेजना पड़े और वित्त मंत्रालय से ही मंजूरी दे दी गई। हलफनामे में ED ने FIPB के तत्कालीन सेक्रटरी, अडिशनल सेक्रटरी, डेप्युटी सेक्रटरी और अंडर सेक्रटरी समेत बड़े अधिकारियों पर सवाल उठाए हैं, जो एजेंसी के मुताबिक ‘साजिश’ में शामिल थे।

चिदंबरम और उनके बेटे कार्ति इस पर कायम हैं कि ईडी के साथ-साथ सीबीआई की तरफ से उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और विपक्ष की आवाज को खामोश करने के लिए मोदी सरकार ऐसा करा रही है।

अपने हलफनामे में ED ने कहा है कि एयरसेल ने 2006 में 3,500 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को लाने के लिए इजाजत मांगी थी लेकिन वित्त मंत्रालय ने इन आंकड़ों को कम करके दिखाया।

ईडी के मुताबिक वित्त मंत्रालय ने मामले को आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति के पास जाने से बचाने के लिए दिखाया कि एयरसेल ने सिर्फ 180 करोड़ रुपये की FDI के लिए इजाजत मांगी है। उस समय लागू नियमों के मुताबिक 600 करोड़ रुपये तक के विदेशी निवेश को वित्त मंत्री FIPB के जरिए मंजूरी दे सकते थे।

ED का हलफनामा उसकी तरफ से सुप्रीम कोर्ट में एयरसेल-मैक्सिस केस की जांच को लेकर दाखिल किए गए स्टेटस रिपोर्ट का हिस्सा है। कोर्ट में शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई होनी है। ED ने आरोप लगाया है कि एयरसेल को FIPB से मंजूरी मिलने के एवज में पूर्व वित्त मंत्री के बेटे कार्ति चिदंबरम को 11 अप्रैल 2006 को 26 लाख रुपये दिए गए।

ED के हलफनामे ने पी. चिदंबरम को कथित FIPB स्कैम की तेज होती जांच के केंद्र में खड़ा कर दिया है। यहां यह बात महत्वपूर्ण है कि प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट (PMLA) के तहत अधिकारियों के बयानों को कोर्ट में सबूत के तौर पर मान्यता है। इस मामले की भी PMLA के तहत ही जांच हो रही है।

ED ने हलफनामे में दावा किया है कि उसने मामले की जांच के सिलसिले में मई 2014 से 2009 और अगस्त 2012 से मई 2014 के बीच की FIPB से जुड़ी 2,721 फाइलों को खंगाला है। इनमें से एयरसेल केस समेत 54 ऐसी फाइलों पर ED ने फोकस रखा है, जिन्हें पी. चिदंबरम ने मंजूरी दी थी।

ईडी ने जुलाई 2016 से अक्टूबर 2016 के बीच FIPB के अधिकारियों से पूछताछ का पहला चरण पूरा किया था। FIPB के तत्कालीन अंडर सेक्रटरी राम शरण और डेप्युटी सेक्रटरी दीपक सिंह से ईडी ने गहन पूछताछ की थी और उनके बयानों को दर्ज किया था।

हलफनामे के मुताबिक FIPB अधिकारियों ने बताया कि 80 करोड़ डॉलर (3,500 करोड़ रुपये से ज्यादा) का निवेश हुआ था और कायदे से यह मामला आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति के पास जाना चाहिए था।

लेकिन साजिश के तहत यह दिखाया गया कि सिर्फ 180 करोड़ रुपये के विदेशी निवेश को मंजूरी के लिए इजाजत मांगी गई है और तत्कालीन वित्त मंत्री ने उसे मंजूरी दे दी, जबकि उन्हें इसका अधिकार नहीं था।

क्‍वाइन मेकर्स की डिमांड घटने से चांदी 200 रुपए टूटी

नई दिल्‍ली/कोटा । इंडस्ट्रियल यूनिट्स और क्‍वाइन मेकर्स के बीच डिमांड में सुस्‍ती के कारण चांदी की कीमत में गिरावट आई है। दिल्‍ली बुलियन मार्केट में चांदी 200 रुपए सस्‍ती हो गई है। इसकी नई कीमत 39,400 रुपए प्रति किलोग्राम है। हालांकि सोना की कीमत में कोई बदलाव नहीं आया है।

ट्रेडर्स का कहना है कि इंडस्ट्रियल यूनिट्स और क्‍वाइन मेकर्स के बीच डिमांड में आई कमी की वजह से चांदी की कीमत गिरी है। ग्‍लोबली बात करें तो सिंगापुर मार्केट में सोना 0.05 फीसदी बढ़कर 1,320.50 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया है। नेशनल कैपिटल में चांदी की कीमत में 200 रुपए की कमी आई है।

चांदी की कीमत 39,400 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी प्‍योरिटी सोना की कीमत स्थिर रही। इनकी कीमत क्रमश : 31,450 रुपए और 31,300 रुपए प्रति दस ग्राम पर रही। कल सोना की कीमत में 50 रुपए की गिरावट आई थी।

कोटा सर्राफा
चांदी 39300 रुपये प्रति किलोग्राम। 
सोना केटबरी 31450 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36680 रुपये प्रति तोला। 
सोना शुद्ध 31600 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36860 रुपये प्रति तोला। 

सरकार ने वित्तीय वर्ष 17 के 81,683 करोड़ के लोन बट्टे खाते में डाले

नई दिल्ली। वित्त वर्ष 2016-17 के दौरान सरकारी बैंकों के 81,683 करोड़ के लोन को बट्टे खाते में डाल दिया गया। यह जानकारी केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने राज्यसभा में दी है।

राज्यसभा में लिखित उत्तर देते हुए अरुण जेटली ने कहा टैक्स बेनिफिट और कैपिटल ऑप्टिमाइजेशन के लिए ये लोन बट्टे खाते में डाले गए हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कर्ज के लेनदार रिपेमेंट के लिए जवाबदेह बने रहेंगे।

किस बैंक का बड़ा लोन गया बट्टे खाते में: वित्त वर्ष 2016-17 के दौरान सरकारी बैंकों के बट्टे खाते में डाले गए 81,683 करोड़ के लोन में से अकेले एसबीआई का हिस्सा 20,339 करोड़ रुपए का है। आरबीआई के डेटा के मुताबिक यह जानकारी सामने आई है।

वित्त वर्ष 2017-18 के लिए (सितंबर 2017 तक) बट्टे खाते में डाली गई राष्ट्रीय बैंकों की लोन राशि 28,781 करोड़ रुपए की है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशानिर्देशों और बैंक बोर्ड्स की ओर से मंजूर पॉलिसी के अंतर्गत नॉन परफॉर्मिंग लोन्स को बट्टे खाते के माध्यम से बैंक की बैलेंसशीट से हटा दिया गया है।

जिसमें वे लोन भी शामिल हैं जिनकी 4 साल पूरा होने पर फुल प्रोविजनिंग कर दी गई है। वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि बकाया वसूली के लिए कानूनी तौर तरीकों से काम लिया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बट्टे खाते का बॉरोअर्स को फायदा नहीं मिलेगा।

दिगम्बर जैन संतों का ऐतिहासिक मिलन आज रिद्धी सिद्धी नगर में

कोटा। कुन्हाड़ी स्थित रिद्धी सिद्वी नगर में बुधवार को सुबह दिगम्बर जैन संतों को ऐतिहासिक मिलन होगा। गणाचार्य 108 विराग सागर महाराज एवं उनका संघ बुधवार को सुबह 8 बजे बूंदी रोड़ स्थित अग्रवाल रिसोर्ट से विहार कर शोभायात्रा के रूप में कुन्हाड़ी के एक्जोटिका गार्डन पहुंचेगे। जहां कोटा में विहार कर रहे आचार्य शशांक सागर तथा अर्यिका विकम्या माता एवं उनके संघ के सदस्यों का भव्य एतिहासिक मिलन होगा ।

सकल दिगम्बर जैन समाज समिति के अध्यक्ष अजय बाकलीवाल एवं महामंत्री विनोद टोरड़ी तथा रिद्धी सिद्धी जैन मंदिर के अध्यक्ष टीकम पाटनी ने बताया कि इस अनुपम दृश्य में जैन व अजैन समाज के हजारों लोग भागीदार होंगे। इस अवसर पर 55 पिच्छीधारी संतों का भी मिलन होगा। इसके बाद संतगण कुन्हाड़ी पैट्रोल पम्प से होते हुए रिद्धी सिद्धी नगर पहुंचेंगे, जहां जैन मंदिर में दर्शन के उपरान्त सुवालका गार्डन में धर्मसभा को संबोधित करेंगे।

लालकिले से पैदल चल रहे गणाचार्य अहिंसा ,बेटी बचाओ, नशा मुक्ति एवं स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत का आव्हान करेंगे।
कार्याघ्यक्ष जेके जैन के अनुसार सायं 7 बजे एलन इंस्टीट्यूट के सभागार में आचार्य विराग सागर छात्रों को संबोधित करेंगे।उसके बाद मारवाड़ी जैन समाज के श्रीपुरा मंदिर में पहुंच कर रात्रि विश्राम करेंगे।

8 मार्च को सुबह 7 बजे मारवाड़ी जैन मंदिर से विहार कर दादाबाड़ी छोटा चौराहा होते हुए तीन बत्ती सर्किल,संतोषी नगर सब्जीमण्डी, महावीर नगर विस्तार मंदिर तथा तिलक स्कूल के सामने से होते हुए आरके पुरम में मुनि सुब्रतनाथ दिगम्बर जैन मंदिर जायेंगे। जहां पर 8 से 25 मार्च तक 25 कत्रित सम्मोशरण युक्त 1008 सम्मोशरण महामण्डल विधान गणाचार्यों के सानिध्य में होगा।

गणाचार्य पहुंचे कोटा के प्रवेश द्वार पर
मंगलवार रात्रि को आचार्य विराग सागर एवं उनके संघ के संतगण बूंदी मार्ग से सकल दिगम्बर जैन समाज एवं रिद्धी सि़द्धी नगर जैन समाज के पदाधिकारियों के दल के साथ कोटा के प्रवेश द्वार पर अग्रवाल रिसोर्ट पहुंचे और रात्रि विश्राम किया। सकल समाज के अध्यक्ष अजय बाकलीवाल,साधु सेवा समिति के संजय निर्वाण, दीपक जैन, प्रेमचंद सोगानी, मुकेश जैन पापड़ीवाल,अशोक पाटनी, जिनेंद्र जैन के साथ समाज के लोगों ने जयकारों के नारो के साथ मुनि संघ की अगवानी की। 

कोटा की बेटी ज्योति की फिल्म ‘टू माय ब्रदर’ फिल्म के पोस्टर का विमोचन

कोटा। महिला दिवस के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में चयनित ‘टू माय ब्रदर’ फिल्म के पोस्टर का विमोचन मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुनीता डागा ने किया।

समर्थ अध्यक्ष डोली मदनानी ने बताया कि लायंस क्लब कोटा समर्थ और सिंधु महिला सर्किल की ओर से 8 मार्च को महिला दिवस पर अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में चयनित फिल्म ‘टू माय ब्रदर’ की स्क्रीनिंग जानकी देवी बजाज महाविद्यालय में सुबह 11.30 बजे की जाएगी। यह एक शॉर्ट फिल्म है जिसमें कोटा की बेटी ज्योति मदनानी ने अहम भूमिका निभाई है।

महिला सर्किल की अध्यक्ष मुक्ता झमटानी ने बताया कि फिल्म लायन्स कलब कोटा समर्थ की ओर से निशुल्क दिखाई जाएगी। समर्थ की वाइस प्रेसिडेंट सोनल मदनानी ने बताया कि फिल्म में महिलाओं को लेकर विशेष संदेश दिया गया है।

बैंकों के शेयर्स से सेंसेक्स 430 अंक गिरा, निफ्टी 10250 के नीचे बंद

नई दिल्ली। मंगलवार को बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के सेंसेक्स में 429.58 अंक की गिरावट आई और यह 1.27 प्रतिशत गिरकर 33,317.20 पर बंद हुआ। दूसरी ओर NIFTY के सूचकांक में भी आज के कारोबार में गिरावट आई और यह 109.60 अंक या 1.06 प्रतिशत गिरकर 10,249.25 पर बंद हुआ।

वहीं निफ्टी ऊपर से 200 अंक फिसल गया। हैवीवेट शेयरों टीसीएस, एसबीआई, मारुति, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, पावरग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक में कमजोरी से बाजार पर दबाव बढ़ा है।

इससे पहले, ट्रेड वार की चिंता घटने और ग्लोबल मार्केट से मिले संकेतों से मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। सेंसेक्स 301 अंक की तेजी के साथ 34,047 अंक और निफ्टी 62 अंक की उछाल के साथ 10,420 अंक पर खुला था।

मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों में भी रही कमजोरी
– लार्जकैप शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली। बीएसई के मिडकैप इंडेक्स में 1 फीसदी की कमजोरी दर्ज की गई। मिडकैप शेयरों में अडानी एंटरप्राइजेज, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, आरकॉम, कैनरा बैंक, अडानी पावर, यूनियन बैंक, जीएमआर इंफ्रा, नैटको फार्मा और वाकहार्ट फार्मा 8354-3.87 फीसदी तक गिरे।

सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़े, निफ्टी मेटल इंडेक्स 1.91 फीसदी मजबूत
कारोबार में सभी सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी देखने को मिल रही है। सबसे ज्यादा तेजी निफ्टी मेटल इंडेक्स में 1.91 फीसदी दर्ज की गई है। ट्रेड वार के डर से सोमवार को मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली थी।

इसके अलावा बैंक निफ्टी इंडेक्स 0.72 फीसदी की बढ़त के साथ 24,998.30 प्वाइंट्स पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी ऑटो में 0.45%, निफ्टी एफएमसीजी में 0.41%, निफ्टी आईटी में 0.23%, निफ्टी मीडिया में 1.09%, निफ्टी फार्मा में 0.28%, निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.55% और निफ्टी रियल्टी में 1.14% की बढ़त नजर आ रही है।

दिखा ट्रेड वार का डर
सोमवार के कारोबार में भारतीय शेयर बाजार पर ट्रेड वार का डर दिखा था। ट्रेड वार शुरू होने के डर से बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 300 अंक गिरकर 33,747 अंक पर क्लोज हुआ था। वहीं निफ्टी 99 अंक टूटकर 10,359 अंक पर बंद हुआ था।

03:29 PM
सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 750 अंक गिरा, निफ्टी 10250 के नीचे फिसला
बैंकिंग, ऑटो, एफएमसीजी, आईटी, मेटल, फार्मा, पीएसयू बैंक और रियल्टी शेयरों में गिरावट से सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 741 प्वाइंट्स टूट गया। वहीं निफ्टी ऊपर से 200 अंक फिसल गया।

11:05 AM
ट्रेड वार की चिंता घटने से चमके मेटल स्टॉक्स
 ट्रेड वार की चिंता घटने से मंगलवार को मेटल स्टॉक्स में तेजी देखने को मिल रही है। टाटा स्टील (1.67%), नेशनल एल्युमीनियम (1.10%), एनएमडीसी (0.94%), वेदांता (0.85%), जिंदल स्टील (0.53%), सेल (0.32%), हिंदुस्तान जिंक (0.08%) का उछाल देखने को मिला।

11:02 AM
गीतांजलि जेम्स में लगातार 14वेंं दिन गिरावट, 5% का लगा लोअर सर्किट
– गीतांजलि जेम्स के स्टॉक में लगातार 14 दिनों से गिरावट जारी है। नीरव मोदी और मेहुल चौकसी द्वारा पीएनबी को 12,636 करोड़ रुपए का चूना लगाए जाने के बाद से स्टॉक में गिरावट हो रही है। मंगलवार को स्टॉक में 5 फीसदी का लोअर सर्किट लगा। बीएसई पर स्टॉक 5 फीसदी गिरकर 18.35 रुपए पर आ गया, जो यह 52 हफ्ते का लो लेवल है।

09:22 AM
सेंसेक्स 34047 और निफ्टी 10420 अंकों पर खुले
ट्रेड वार की चिंता घटने और ग्लोबल मार्केट से मिले संकेतों से मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। सेंसेक्स 301 अंक की तेजी के साथ 34,047 अंक पर खुला। वहीं निफ्टी 62 अंक की उछाल के साथ 10,420 अंक पर ओपन हुआ।

09:08 AM
रुपए की मजबूत शुरुआत
सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को रुपए की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे की बढ़त के साथ 64.95 के स्तर पर खुला। वहीं सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया सपाट 65.10 के स्तर पर बंद हुआ था।

08:54 AM
अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद
ट्रेड वार की चिंता घटने से सोमवार को अमेरिकी बाजारों में शानदार तेजी देखने को मिली। डाओ जोंस 337 अंक की बढ़त के साथ 24875 अंक पर बंद हुआ। नैस्डैक 73 अंक बढ़कर 7331 अंक पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स 1.10 फीसदी की उछाल के साथ 2721 अंक पर बंद हुआ।

PNB फ्रॉड : चंदा कोचर और शिखा शर्मा को समन

मुंबई । पंजाब नैशनल बैंक से हुए फ्रॉड के मामले में सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस ने आईसीआईसीआई बैंक की सीएमडी चंदा कोचर और ऐक्सिस बैंक की शिखा शर्मा को नोटिस जारी किया है।

सूत्रों के मुताबिक एजेंसी ने दोनों बैंकों की प्रमुखों को नोटिस जारी कर गीतांजलि ग्रुप को वर्किंग कैपिटल फैसिलिटी दिए जाने पर जवाब मांगा है। सूत्रों के मुताबिक 31 बैंकों के कन्सॉर्टियम ने हीरा कारोबारी नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के गीतांजलि ग्रुप को 5,280 करोड़ रुपये की वर्किंग कैपिटल फैसिलिटी दी थी।

इस बीच पीएनबी फ्रॉड केस में सीबीआई ने गीतांजलि समूह के वाइस प्रेजिडेंट (बैंकिंग ऑपरेशंस) विपुल चितालिया को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक उन्हें पूछताछ के लिए ले जाया गया है। एसएफआईओ ने इस मसले पर पहले पीएनबी को नोटिस जारी किया था, अब एजेंसी ने कुछ अन्य बैंकों से इस बारे में जवाब मांगा है।

सूत्रों के अनुसार आईसीआईसीआई बैंक ने 405 करोड़ रुपये का लोन गीतांजलि ग्रुप को जारी किया था। इसके अलावा ऐक्सिस ने भी बड़ी राशि इस समूह को जारी की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एसएफआईओ की ओर से कोचर और शिखा शर्मा से इस पर पूछताछ भी की जा सकती है।

सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस का कहना है कि बुधवार को पीएनबी के एमडी सुनील मेहता को भी समन जारी किया गया था। कॉर्पोरेट मामले मंत्रालय के तहत आने वाला एसएफआईओ का काम कारोबारी क्षेत्र में फ्रॉड की जांच करना है।

एसएफआईओ को संदेह है कि नीरव मोदी और मेहुल चौकसी ने देश भर में करीब 400 शेल कंपनियां बना रखी थीं, जिनमें देश भर में फर्जी डायरेक्टर भी थे और इनके जरिए रकम को देश से बाहर भेजने का काम किया गया।