Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 5485

कोटा में जल्द खुलेगा निःशुल्क पैडबैंक, जेसीआई एलेगेंस बनी पैडवुमेन”

कोटा। जेसीआई एलेगेंस ने महिला दिवस पर शुरुआत करते हुये नारी सशक्तिकरण की ओर एक कदम बढ़ाते हुए शहर के झुग्गी बस्ती में सेनेटरी नेपकिन निशुल्क वितरित किए गए। संस्था की अध्यक्ष जेसी तृप्ति नागर ने बताया कि उन्होंने इस जागरूक कार्य के लिए महिलाओं को माहवारी से होने वाली संक्रमित बीमारियों के बारे में जानकारी दी।

प्रत्येक महिला को अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहना चाहिये। स्वस्थ महिला ही स्वच्छ भारत का निर्माण कर सकती है।ग़रीब व अशिक्षित परिवारों में आज भी सेनेटरी पेड का उपयोग व जानकारी नही है।इस अवसर पर लगभग 11600 से ज्यादा सेनेटरी पेड का निःशुल्क वितरण किया गया।

जेसी अनुषा जैन और जेसी चंचल नागर ने बताया कि कोटा शहर की उड़िया बस्ती,अजय आहूजा नगर,घरोंदा योजना,हरि ओम नगर कच्ची बस्ती,डीसीएम कच्ची बस्ती, श्रीनाथपुरम कच्ची बस्ती में महिलाओं को जागरूक किया। जेसीआई एलेगेंस ने महिला दिवस पर की गई शुरुआत को कोटा स्मार्ट सिटी से जोड़ते हुये शीघ्र ही सबके सहयोग से सेनेटरी पैड बैंक स्थापित किया जायेगा।

जिसमें जरुरतमंद को निःशुल्क उपलब्ध कराया जायेगा।इस अवसर पर आयोजित चेतना व पैड वितरण कार्यक्रम को पार्षद राखी गौत्तम,कमलेश नागर, ओम गुंजल, संस्थापक सदस्य जेसी नीलम विजय, जेसी ऋचा विजय, उपाध्यक्ष जेसी प्राची दीक्षित ,जेसी निशि नागर, जेसी अर्चना जैन, जेसी याशिका विजय व जेसी श्रेय मौर्य का सहयोग रहा।

अग्रवाल समाज ने बेटी को जन्म देने वाली 6 माताओं का किया सम्मान

कोटा। अग्रवाल सेवा उत्थान समिति कोटा महिला मण्डल की अध्यक्ष किरण अग्रवाल व महामंत्री किरण गोयल ने बताया की गुरूवार को महिला दिवस के अवसर पर जेके लोन अस्पताल में रात 12 बजे के बाद पैदा होने वाली 6 बेटियो की माताओं का शाॅल ओढाकर सम्मान किया गया। सभी एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बेटी के जन्म की खुशियां मनाईं।

इस दौरान बच्चों के खिलौने व कपड़े भी भेंट स्वरूप दिए गए। संस्था के अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल ने कहा कि महिलाएं भी पुरूषों के समान ही हर कार्य में बढचढ कर हिस्सा ले रही हैं। बेटियों ने माता पिता के नाम को रोशन करने का काम किया है।

आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बेटी बचाओ बेटी पढाओ का नारा दिया है तो उसे साकार रूप देने के लिए समाज को आगे आना चाहिए। इस अवसर पर संस्था की महामन्त्री किरण गोयल, ममता मित्तल, राजकुमारी जैन, चेतना मित्तल, हेमलता अग्रवाल सहित अनेक महिलाएं उपस्थित थीं।

अग्रवाल समाज ने अस्पताल में वार्ड गोद लिया
अग्रवाल सेवा उत्थान समिति के अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल ने बताया कि महिला दिवस पर संस्था ने एमबीएस अस्पताल का महिला मेडिसीन वार्ड गोद लिया है। उपाध्यक्ष गोपाल गोयल ने बताया कि संस्था इस वार्ड में रंग रोगन, पर्दे, बेडशीट, कुलिंग सिस्टम उपलब्ध करवाएगी।

इस अवसर पर युवा अध्यक्ष संजय गोयल, महामंत्री संजय मित्तल, जगदीश अग्रवाल, महेंद्र गर्ग, शेलेन्द्र अग्रवाल, हेमराज जिंदल, सुरेश गर्ग, भँवर लाल अग्रवाल, जितेंद्र गोयल समेत कईं लोग उपस्थित थे

पढाई के लिए 51 बेटियां लीं गोद, बांटे 3 हजार सेनेटरी पेड

कोटा। जेसीआई कोटा स्टार संस्था ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय रंगबाडी की 51 बालिकाओं को पढ़ाई के लिए गोद लिया है। संस्था की चेयरपर्सन मोनिका जैन ने बताया कि महिला दिवस के अवसर पर संस्था द्वारा यह विद्यालय गोद ले रखा है।

सचिव किरण गोयल ने बताया कि संस्था इन बालिकाओं का पढ़ाई का खर्च, बोर्ड की फीस, स्कूल ड्रेस, शूज, कॉपी, किताब उपलब्ध कराएगी। इस दौरान 3000 सेनेट्री नेपकीन विद्यालय की बालिकाओ को बाटें गए।

महिला दिवस के अवसर पर आयोजित सेमिनार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोटा की वकील अरुणा पाटनी एवं देवेन्द्र मीणा द्वारा छात्राओं को महिलाओं से सम्बन्धित कानून की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई महिला किसी केस में आरोपी है, तो महिलाओं के लिए कानूनी मदद निःशुल्क है।

वह अदालत से सरकारी खर्चे पर वकील करने का अनुरोध कर सकती है। यह गरीब ही नहीं बल्कि किसी भी आर्थिक स्थिति वाली महिला के लिए है। पुलिस महिला की गिरफ्तारी के बाद कानूनी सहायता समिति से संपर्क करती है, जो कि महिला को मुफ्त कानूनी सलाह की व्यवस्था करती है। इस अवसर पर दीप्ती गर्ग व सन्जू जैन ने भी संबोधित किया।

‘टू माय ब्रदर’ फिल्म दिखाकर मनाया महिला दिवस

कोटा। लायंस क्लब कोटा समर्थ एवं सिंधु महिला सर्किल और सिंधी महिला पंचायत के संयुक्त तत्वाधान में महिला दिवस पर जानकी देवी बजाज महाविद्यालय में महिला दिवस मनाया गया। लायंस क्लब समर्थ की अध्यक्ष डॉली मदनानी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रेरणास्पद शॉर्ट फिल्म ‘टू माय ब्रदर’ दिखाई गई।

जिसमें कोटा की बेटी ज्योति मदनानी ने अपनी अहम भूमिका निभाई है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जानकी देवी बजाज वाणिज्य महाविद्यालय की प्रिंसीपल सुषमा आहूजा थी। वहीं हिंदी की व्याख्याता लीला मोदी ने अध्यक्षता की। लायंस क्लब समर्थ की वाईस प्रेसिडेंट सोनल मदनानी ने महिला सशक्तिकरण के ऊपर अपने विचार व्यक्त प्रकट किए और सिंधु महिला सर्किल से पायल गोपलानी ने “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” पर विचार रखे।

महिला सर्किल के अध्यक्ष मुक्ता झमटानी ने बताया फिल्म में महिलाओं से संबंधित जानकारियां दी गई थीं। जिसे अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के लिए चयनित किया गया है। कार्यक्रम का संचालन रितु पारीक ने किया और आभार लक्ष्मी मलकानी ने व्यक्त किया। महिला सर्किल की भागवंती खूबचंदानी और महिला पंचायत की रीटा अजवानी भी कार्यक्रम में उपस्थित थी।

स्मार्ट मार्केट में यातायात एवं सहायता केन्द्र के लिए सहयोग करेगी पुलिस

कोटा। पुलिस महानिरीक्षक विशाल बंसल ने कोटा व्यापार महासंघ के प्रतिनिधि मण्डल को स्मार्ट मार्केट माणक भवन क्षेत्र  में यातायात एवं पुलिस सहायता केन्द्र के लिए पूरा सहयोग करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि कोटड़ी गुमानपुरा के यातायात को शाम के समय खुलवाने के लिए यातायात पुलिस से बात करेंगे। 

इससे पहले कोटा व्यापार महासंघ के प्रतिनिधि मण्डल ने महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में पुलिस महानिरीक्षक विशाल बंसल से भेंट की।  प्रतिनिधि मण्डल में मौजूद माणक भवन दुकानदार संघ के अध्यक्ष काका हरविन्दर सिंह ने पुलिस महानिरीक्षक को बताया कि कोटड़ी चौराहे से गुमानुपरा की ओर शाम के समय यातायात आवागमन बन्द कर दिया जाता है जिससे क्षेत्र का व्यापार प्रभावित हो रहा है।

महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने पुलिस महानिरीक्षक से मांग की कि कोटड़ी से गुमानपुरा जाने वाला मुख्य रोड़ है। शाम का समय मुख्य व्यापार का होता है।  इस समय आवागमन बन्द कर देने से यहां के व्यापार पर असर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की स्मार्ट मार्केट योजना के अन्तर्गत इस मार्केट का प्रथम चयन किया गया है।

इस योजना के तहत हर स्मार्ट मार्केट में पुलिस सहायता केन्द्र भी खोला जायेगा। अतः इस आवागमन को खोला जाये जिससे इस बाजार में सभी सुविधाओं के साथ-साथ आम जन को पुलिस की सहायता मिल सके।  पुलिस महानिरीक्षक ने इस मौके पर  व्यापार महासंघ के द्वारा स्वच्छता अभियान के दौरान स्मार्ट मार्केट बनाये जाने को सराहनीय कदम बताया। 

कमजोर वैश्विक रुख से सोना 220 रुपये सस्ता, चांदी 400 रुपये टूटी

नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख तथा स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की मांग घटने से दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार सोने का भाव 220 रुपये घटकर 31,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं का उठाव घटने से चांदी भी 400 रुपये के नुकसान से 39,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता का भाव 220 रुपये टूटकर क्रमश: 31,450 रुपये और 31,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। बुधवार को के कारोबार में सोना 220 रुपये चढ़ा था। आठ ग्राम की गिन्नी का भाव हालांकि, सीमित सौदों के बीच 24,800 रुपये पर स्थिर रहा।

चांदी हाजिर 400 रुपये टूटकर 39,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 470 रुपये के नुकसान से 38,770 रुपये प्रति किलोग्राम रह गए। चांदी सिक्का लिवाल 74,000 रुपये और बिकवाल 75,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर कायम रहा।

कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख के अलावा स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं तथा फुटकर विक्रेताओं की मांग घटने से सोने में गिरावट आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.70 प्रतिशत के नुकसान से 1,324.90 डॉलर प्रति औंस रह गया। चांदी भी 0.53 प्रतिशत टूटकर 16.47 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

कोटा सर्राफा 
चांदी 39300 रुपये प्रति किलोग्राम। 
सोना केटबरी 31450 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36680 रुपये प्रति तोला। 
सोना शुद्ध 31600 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36860 रुपये प्रति तोला। 

UGC NET जुलाई 2018 का नोटिफिकेशन जारी

नई दिल्ली। यूजीसी नैशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (नेट) एग्जाम के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नेट क्लियर करने वाले कैंडिडेट्स जूनियर रिसर्च फेलोशिप के लिए योग्य होंगे या असिस्टेंट प्रफेसर्स के पद पर उनकी नियुक्ति हो सकती है। ऑनलाइन आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख 6 अप्रैल है। नोटिस के मुताबिक, परीक्षा का आयोजन 8 जुलाई (रविवार) को किया जाएगा।

शैक्षिक योग्यता: कैंडिडेट्स को 55 फीसदी अंकों के साथ मास्टर डिग्री या किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी/संस्थान से समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। ओबीसी, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एसटी)/दिव्यांग श्रेणी और ट्रांसजेंडर को 5 फीसदी की छूट है यानी अगर उनलोगों ने 50 फीसदी अंकों के साथ मास्टर्स किया है तो आवेदन कर सकते हैं।

जो अपना मास्टर्स कर रहे हैं और फाइनल इयर में है, वे भी आवेदन कर सकते हैं। इस तरह के कैंडिडेट्स को नेट की तारीख से दो सालों के अंदर मास्टर की डिग्री या समकक्ष परीक्षा पूरी करनी होगी।

यूं करें आवेदन
 वेबसाइट https://cbsenet.nic.in/cbsenet/root/loginpage.aspx पर लॉग ऑन करें या यहाँ पर क्लिक करें 
रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें और New candidates registration को चुनें
दी गई फील्ड्स में सभी डिटेल्स भरें और फोटोग्राफ एवं सिग्नेचर की स्कैन इमेज डालें
अब भुगतान करें

इस साल से अब तीन की बजाय 2 पेपर होंगे।
पेपर 1-इसमें 100 मार्क्स होंगे और 50 ऑब्जेक्टिव टाइप अनिवार्य सवाल होंगे। प्रत्येक सवाल के लिए 2 अंक होंगे और सामान्य प्रकृति के होंगे। इससे कैंडिडेट की टीचिंग/रिसर्च ऐप्टिट्यूड को परखा जाएगा। यह पेपर एक घंटे की अवधि का होगा यानी सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक।

पेपर 2- यह भी 100 अंकों का होगा। यह कैंडिडेट द्वारा चुने गए विषय पर आधारित होगा। इसकी अवधि दो घंटे होगी (11 से 1 बजे तक)

परीक्षा शुल्क: जनरल के लिए 1000, ओबीसी के लिए 500 रुपये और एससी/एसटी/दिव्यांग के लिए 250 रुपये है।

सोचो जरा, वॉट्सऐप बंद हो गया तो क्या होगा !

वॉट्सऐप, जाना-पहचाना और सबकी जुबान पर रहने वाला नाम। एक ऐसा मेसेजिंग ऐप्लिकेशन जिसे दुनियाभर में सबसे ज़्यादा इस्तेमाल किया जाता है। वॉट्सऐप मुश्किल में पड़ गया है। और इस मुश्किल की वजह है ब्लैकबेरी। वही, जो अब से कुछ साल पहले अपने क्वार्टी स्मार्टफोन के लिए जानी जाती थी। ब्लैकबेरी एक बार फिर सुर्खियों में है।

लेकिन, किसी स्मार्टफोन या किसी नई तकनीक के लिए नहीं बल्कि फेसबुक को पर मुकदमा दर्ज करवाने के लिए। जी हां, ब्लैकबेरी ने फेसबुक पर मेसेंजर, वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम के लिए अपनी पेटेंट तकनीक की चोरी का आरोप लगाया है। ब्लैकबेरी का कहना है कि सोशल मीडिया दिग्गज पर अपने लोकप्रिय इंस्टेंट मेसेजिंग ऐप्लिकेशंस में ब्लैकबेरी की तकनीक इस्तेमाल कर रही है। जानें वो बातें जिन्हें आधार बनाकर फेसबुक को कोर्ट में घसीटा गया है..

2000 के आसपास में ब्लैकबेरी का मेसेंजर ऐप्लिकेशन ब्लैकबेरी मेसेंजर बेहद लोकप्रिय था। अब ब्लैकबेरी का कहना है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप अब ब्लैकबेरी द्वारा डिज़ाइन की गईं तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘हम कड़े दावे के साथ कह सकते हैं कि फेसबुक ने हमारी इंटलैक्चुअल प्रॉपर्टी की चोरी की है।’

ब्लैकबेरी चाहती है कि फेसबुक अपना प्राइमरी ऐप बंद कर दे। इतना ही नहीं, कंपनी का यह भी कहना है कि फेसबुक मेसेंजर, वर्कप्लेस चैट, वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम को भी बंद किया जाए।अभी ब्लैकबेरी ने किसी आधिकारिक आंकड़ों की जानकारी नहीं दी है। लेकिन कंपनी अपने नुकसान की भरपाई के लिए कुछ राहत चाहती है।

ब्लैकबेरी के मुताबिक, फेसबुक ने कई सारे फीचर्स चुराए हैं। इनमें इनबॉक्स में मल्टीपल इनकमिंग मेसेज, किसी आइकन के ऊपर अनरीड मेसेज इंडिकेटर दिखाना, फोटो टैग सिलेक्ट करना और अब हर मेसेज में टाइमस्टैम्प शो करने जैसे फीचर्स शामिल हैं।

फेसबुक के डेप्युटी जनरल काउंसिल, पॉल ग्रेवाल ने ब्लैकबेरी के इन आरोपों पर कहा, ‘ब्लैकबेरी के मेसेजिंग बिजनस के मौज़ूदा स्तर से इन आरोपों की वजह साफ होती है। कुछ नया खोजने की जगह अब ब्लैकबेरी दूसरे के इनोवेशन पर टैक्स लगाने के लिए जोड़-तोड़ कर रही है।

हमारा इरादा जंग लड़ने का है लेकिन फेसबुक भी हार मानने की तैयारी में नहीं है। फेसबुक भी जंग लड़ने की तैयारी कर चुकी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों कंपनियों की कानूनी लड़ाई क्या रुख तय करती है। 2017 में ब्लैकबेरी ने फिनलैंड की कंपनी नोकिया के खिलाफ एक पेटेंट केस दर्ज कराया था।

ब्लैकबेरी ने नोकिया पर करीब दर्जन भर तकनीकों को बिना अनुमति के इस्तेमाल करने के आरोप लगाए थे। ब्लैकबेरी ने पिछले साल क्वालकॉम के खिलाफ चल रहे एक एक रॉयल्टी पेमेंट्स से जुड़ा केस भी जीता था। क्वालकॉम को इस केस में 940 मिलियन डॉलर की रकम चुकाने के बाद समझौता करना पड़ा था।

गिरावट पर ब्रेक, सेंसेक्स 318 अंक बढ़ा, निफ्टी 10250 के नीचे बंद

नई दिल्ली। लगातार 6 दिनों से बाजार में जारी गिरावट पर गुरूवार को ब्रेक लग गया। एशियाई बाजारों से मिले संकेतों और बैंकिंग, रियल्टी और ऑटो स्टॉक्स में खरीददारी से भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब हुए। सेंसेक्स 318 अंकों की बढ़त के साथ 33,352 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 88 अंक चढ़कर 10,243 अंक पर क्लोज हुआ। सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़ी रही, जबकि एफएमसीजी, मेटल और फार्मा में गिरावट रही।

बेहतर रहा मिडकैप-स्मॉलकैप इंडेक्स का प्रदर्शन
आज के कारोबार में लार्जकैप स्टॉक्स के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स में अच्छी खरीददारी देखने को मिली। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.56 फीसदी की बढ़त के साथ 16043.55 प्वाइंट्स पर बंद हुआ।

मिडकैप स्टॉक्स में सेंट्रल बैंक, वक्रांगी, ओबेरॉय रियल्टी, रिलायंस इंफ्रा, फेडरल बैंक, अमारा राजा बैट्रीज, अपोलो हॉस्पिटल, टाटा केमिकल, एक्साइड इंडस्ट्रीज, एलटीआई, बायरकॉर्प, जेएसडब्ल्यू एनर्जी, 2.06-5.37 फीसदी तक बढ़े।
वहीं बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.50 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।

PSU बैंक इंडेक्स सबसे ज्यादा बढ़ा, मेटल-आईटी टूटे
सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में सबसे ज्यादा 2.80 फीसदी की तेजी आई। सरकारी बैंकों के स्टॉक्स में खरीददारी से इंडेक्स मजबूती के साथ बंद हुआ।

इसके अलावा निफ्टी ऑटो 0.98%, फाइनेंस सर्विसेज 1.54%, आईटी 0.04% और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 1.43% की उछाल के साथ बंद हुए। निफ्टी एफएमसीजी में 0.41%, निफ्टी मेटल में 0.45% और निफ्टी फार्मा में 0.33 फीसदी की कमजोरी रही।

लाइव अपडेट
01:03 PM
गीतांजलि जेम्स में लगा 5% का लोअर सर्किट, 16 दिन में 75% टूटा स्टॉक
– पीएनबी फ्रॉड मामले में सीबीआई ने नीरव मोदी के खिलाफ फ्रेश एफआईआर दर्ज किया है। इस खबर से गुरूवार के कारोबार में बीएसई पर गीतांजलि जेम्स का स्टॉक 5 फीसदी गिरकर 16.60 रुपए के भाव पर आ गया, जो 52 हफ्ते का लोएस्ट लेवल है।

12:56 PM
KEC इंटरनेशनल को मिला 1378 करोड़ का ऑर्डर
इंजीनियरिंग प्रोक्युर्मन्ट और कंस्ट्रक्शन कंपनी केईसी इंटरनेशनल ने एक्सचेंज को बताया कि कंपनी को ऑल बिजनेस वर्टिकल को 1378 करोड़ रुपए का नया ऑर्डर मिला है।

कंपनी के ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस को 786 करोड़ रुपए का ऑर्डर मिला है। वहीं रेलवे बिजनेस को 473 करोड़ रुपए का ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन वर्कस का ऑर्डर मिला है, जबकि उसके केबल बिजनेस को 78 करोड़ रुपए और सिविल बिजनेस को 41 करोड़ रुपए का ऑर्डर मिला।

12:52 PM
अशोक लेलैंड 52 हफ्ते की नई ऊंचाई पर
कमर्शियल व्हीकल्स मैन्युफैक्चरिंग कंपनी अशोक लेलैंड का स्टॉक बीएसई पर 52 हफ्ते की नई ऊंचाई 144.55 रुपए के भाव पर पहुंच गया।

10:16 AM
भारत डायनामिक्स IPO से जुटाएगी 960 करोड़
डिफेंस सेक्टर की सरकारी कंपनी भारत डायनामिक्स ने 960 करोड़ रुपए के अपने इनिशल पब्लिक ऑफर (आईपीओ) के लिए प्राइस बैंड 413-428 रुपए प्रति इक्विटी शेयर तय किया है। यह इश्यू 13 मार्च को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 15 मार्च को बंद होगा।

09:37 AM
FII ने की बिकवाली, डीआईआई रहे खरीददार
– बुधवार के कारोबार में फॉरेन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर्स (एफआईआई) ने घरेलू शेयर बाजार में 719.78 करोड़ रुपए की बिकवाली की, जबकि डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (डीआईआई) ने 409.34 करोड़ रुपए की खरीददारी की।

09:20 AM
रुपया 2 पैसे गिरकर खुला
– सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन रुपए की शुरुआत हल्की गिरावट के साथ हुई। डॉलर के मुकाबले रुपया 2 पैसे गिरकर 64.90 के स्तर पर खुला।

09:19 AM
एशियाई बाजारों में तेजी
– ग्लोबल मार्केट से मिले संकेतों से गुरूवार को एशियाई बाजारों में तेजी देखने को मिल रही है। सिंगापुर का एसजीएक्स निफ्टी इंडेक्स 0.38 फीसदी की गिरावट के साथ 10,218 अंक पर कारोबार कर रहा है।

-जापान का बाजार निक्केई 159 अंक उछलकर 21,411 अंक पर कारोबार कर रहा है। हैंग सेंग 380 अंक की तेजी के साथ 30,577 अंक पर कारोबार कर रहा है।

– कोरियाई बाजार का कोस्पी इंडेक्स 0.67 फीसदी की मजबूती के साथ 2418 अंक पर कारोबार कर रहा है, जबकि ताइवान इंडेक्स 105 अंक चढ़कर 10,850 अंक पर कारोबार कर रहा है। शंघाई कम्पोजिट में 0.33 फीसदी की बढ़त दिख रही है। वहीं स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.88 फीसदी की मजबूती के साथ 3481 अंक पर कारोबार कर रहा है।

09:19 AM
अमेरिकी बाजारों में कमजोरी
– बुधवार को अमेरिकी बाजारों में कमजोरी है। डाओ जोंस 83 अंक गिरकर 24,801अंक पर बंद हुआ एसएंडपी 500 इंडेक्स सपाट होकर 2,727 अंक पर बंद हुआ। हालांकि नैस्डैक 25 अंक की बढ़त के साथ 7,397 अंक पर बंद हुआ।

PNB फ्रॉड: नीरव मोदी पर 321 करोड़ की धोखाधड़ी का एक और केस दर्ज

नई दिल्ली । सीबीआई ने गुरुवार को पंजाब नेशनल बैंक फ्रॉड मामले के आरोपी नीरव मोदी के खिलाफ 321 करोड़ की धोखाधड़ी का एक और केस दर्ज किया है। सीबीआई के मुताबिक, नीरव मोदी ने 2013 से 2017 तक क्रेडिट सुविधाओं का फायदा उठाकर बैंक को 321 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाया। बता दें कि इससे पहले पीएनबी ने 12,672 करोड़ रुपए के फ्रॉड में हीरा कारोबारी नीरव मोदी और गीतांजलि जेम्स के मालिक मेहुल चौकसी पर केस दर्ज कराया।

क्या है मामला?
– सीबीआई के मुताबिक, नया केस पीएनबी द्वारा रविवार को की गई शिकायत के बाद दर्ज किया गया। नीरव मोदी पर दर्ज किया ये दूसरा केस है।
– इस एफआईआर में नीरव मोदी और उसकी कंपनी फायरस्टार डायमंड के पूर्व प्रेसिडेंट विपुल अंबानी, रवि गुप्ता, कंपनी के कुछ और अधिकारी और कुछ अज्ञात बैंककर्मी भी इसमें शामिल हैं।
– बैंक ने सीबीआई की गई शिकायत में आरोप लगाए, “बैंक की आंतरिक जांच में यह बात सामने आई कि नीरव मोदी द्वारा उसकी सहयोगी कंपनियों सोलर एक्सपोर्ट्स, स्टेलर डायमंड, और डायमंड आर यूएस और फायरस्टार ग्रुप के बीच सर्कुलर ट्रांजेक्शन हुए। जिससे बैंक को 321 करोड़ का नुकसान हुआ।”
– सीबीआई के मुताबिक, बैंक के हेड आफिस ने फायरस्टार डायमंड्स और फायरस्टार इंटरनेशनल के खातों में फ्रॉड होने की बात कही और इसकी जानकारी आरबीआई को भी दी।

क्या है पीएनबी घोटाला?
– पीएनबी ने पिछले दिनों सेबी और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को 11,421 करोड़ रुपए के घोटाले के जानकारी दी। घोटाला मुंबई की ब्रेडी हाउस ब्रांच में हुआ। 2011 से 2018 के बीच हजारों करोड़ की रकम 297 फर्जी लेटर ऑफ अंडरटेकिंग (LoUs) के जरिए विदेशी अकाउंट्स में ट्रांसफर की गई। इस मामले में सीबीआई ने पहली एफआईआर 14 फरवरी को दर्ज किया था।
– पीएनबी ने हाल ही में सीबीआई को बैंक में 1300 करोड़ के नए फ्रॉड की जानकारी दी थी। यह मेहुल चौकसी की कंपनी गीतांजलि जेम्स से जुड़ा है। इस तरह पीएनबी फ्रॉड 11,421 से बढ़कर 12,672 करोड़ हो गया है।
– बैंक फ्रॉड में हीरा कारोबारी नीरव मोदी और गीतांजलि जेम्स के मालिक मेहुल चौकसी मुख्य आरोपी हैं। दोनों देश छोड़ कर भाग चुके हैं।