Sunday, July 26, 2026
Home Blog Page 5465

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर डॉक्टर करेंगे आमजन से संवाद

आईएमए कोटा की ओर से 7 अप्रैल को होंगे विभिन्न कार्यक्रम, हैल्थ चेकअप भी करेंगे

कोटा। आईएमए कोटा की ओर से 7 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य दिवस पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम होंगे। नवगठित आईएमए की कार्यकारिणी ने गुरुवार को प्रेस काॅन्फ्रेंस कर मीडिया को विश्व स्वास्थ्य दिवस समेत आने वाले समय में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।

अध्यक्ष डॉ. एसएन सोनी, सचिव डॉ. कुलदीप राणा, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेश पांडेय, डॉ. अमित व्यास, डॉ. दिनेश जिंदल, डाॅ. दुर्गाशंकर सैनी ने संयुक्त रूप से बताया कि आईएमए की ओर से पूरे साल विभिन्न बीमारियों पर जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

प्रशासन के साथ मिलकर डेंगू-स्वाइन फ्लू जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम में भी आईएमए पूरा सहयोग करेगा। उसी कड़ी में 7 अप्रैल को सुबह 7 से साढ़े 8 बजे तक सीवी गार्डन में शहर के जाने-माने चिकित्सकों से आमजन का सीधा संवाद होगा।

यहां कोई भी व्यक्ति डॉक्टरों से सवाल कर सकेगा। इस कार्यक्रम में डॉ. एमएल अग्रवाल, डॉ. के शृंगी, डॉ. दीपेंद्र शर्मा, डॉ. आरएस मीणा, डॉ. दीप्ति शर्मा, डॉ. राकेश जिंदल आमजन के सवालों के जवाब देंगे। यहां निशुल्क ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, अस्थि घनत्व जांच भी की जाएगी। वहीं शाम को यूनिवर्सल हैल्थ कवरेज फॉर एवरी वन एवरी व्हेयर’ थीम पर आईएमए हॉल में सीएमई होगी, जिसमें झालावाड़ मेडिकल कॉलेज में पीएसएम के एचओडी डॉ. रघुवीर सिंह मुख्य वक्ता होंगे।

कई मुद्‌दों पर जारी रहेगी आईएमए की लड़ाई
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. सोनी ने यह भी बताया कि एनएमसी बिल, ब्रिज कोर्स, चिकित्सक सुरक्षा का राष्ट्रीय कानून बनाने, पीसीपीएनडीटी एक्ट में व्यवहारिक बदलाव करने, क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट में बदलाव कर छोटे अस्पतालों को मुक्त करने जैसे मुद्दों पर आईएमए की लड़ाई जारी रहेगी। ये मुद्दे सिर्फ डॉक्टरों पर असर नहीं डालते, बल्कि आम मरीज को भी प्रभावित करते हैं। सीएमई में जिला कलेक्टर रोहित गुप्ता व सीएमएचओ डॉ. आरके लवानिया भी बतौर अतिथि मौजूद रहेंगे।

चिकित्सा शिविर आज
स्वास्थ्य सेवा संस्था, आईएसटीडी, दी एसएसआई एसोसिएशन एवं यूपीएचसी तलवंडी की ओर से विश्व स्वास्थ्य दिवस की पूर्व संध्या पर 6 अप्रैल को गोबरिया बावड़ी स्थित पुरुषार्थ भवन में दोपहर 1 से 3 बजे तक निशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर लगाया जाएगा।

शिविर में डाॅ. केके पारीक, डाॅ. एमएल अग्रवाल, डाॅ. रामपाल, डाॅ. सीबी दास गुप्ता, डाॅ. आरके गुलाटी, डाॅ. टीसी आचार्य, डाॅ. रंजना गुप्ता, डाॅ. विक्रांत माथुर, डाॅ. सुरेश कुमार पांडेय, डाॅ. आरबी. गुप्ता आदि सेवाएं देंगे। शिविर के बाद हैल्थ फाॅर आॅल विषय पर टाॅक शो भी होगा।

अब मोबाइल से ऑन-ऑफ होगा एटीएम कार्ड

कोटा। अब आपके एटीएम कार्ड से किसी प्रकार की धोखाधड़ी या कोई उसके नंबर देखकर पैसे नहीं निकाल सकेगा। एटीएम खो जाने पर भी डरने की जरूरत नहीं। एटीएम कार्ड को अब मोबाइल से ऑन-आॅफ किया जा सकेगा।

यानी आपको जरूरत है तब इसे ऑन कर पैसा निकाल सकते हैं या फिर बाजार में खरीदारी कर सकते हैं, जब जरूरत ना हो तो इसे ऑफ कर दें, ताकि एटीएम कार्ड गुम हो जाए या किसी के हाथ लग जाए तो वह रुपए न निकाल सके।

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अपने एटीएम कार्डधारकों के लिए यह सुविधा शुरू की है। एसबीआई ने क्विक एप जारी किया है। इसके जरिए ग्राहक एटीएम कार्ड को अपने कंट्रोल में रख सकते हैं। एसबीआई के एजीएम ज्ञानेंद्र जैन ने बताया कि इसके लिए ग्राहक को अपने मोबाइल में एसबीआई क्विक एप डाउनलोड करना होगा। इससे एटीएम कार्ड अपने हिसाब से संचालित कर सकेंगे। खास बात यह है कि यह पूरी तरह सुरक्षित है।

एप का इस्तेमाल तभी किया जा सकेगा, जब जिस मोबाइल नंबर से इसे डाउनलोड किया हो, वह बैंक में रजिस्‍टर्ड हो, तब ही यह काम करेगा। इसके लिए बैंक में मोबाइल नंबर जरूर रजिस्टर्ड करवाएं। क्विक एप सुरक्षित है। इसमें कई फीचर हैं, लेकिन एटीएम कार्ड के लिए विशेष फीचर दिए गए हैं।

ऐसे कर सकते हैं डाउनलोड
मोबाइल में एप एसबीआई क्विक डाउनलोड करना होगा। इसके रजिस्‍ट्रेशन फीचर में जाकर जिस नंबर पर एप डाउनलोड किया है उसे इंटर करना होगा। इसके बाद रजिस्‍ट्रेशन हो जाएगा। एटीएम कार्ड को ऑफ या ऑन करने के लिए एटीएम कम डेबिट कार्ड के फीचर में जाना होगा। यहां एटीएम कार्ड के आखिरी के चार नंबर डालना होंगे। नंबर डालने के बाद एटीएम कार्ड स्विच ऑन या ऑफ का ऑप्शन आएगा। इस आधार पर आप कार्ड का इस्तेमाल कर सकेंगे।

बीकानेर, सीकर व अलवर में ओले के साथ बारिश

जयपुर। उत्तरी पाकिस्तान पर पनपे पश्चिमी विक्षोभ ने प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी पर लगाम लगा दी। सीकर के अलावा बीकानेर व अलवर में ओलों के साथ बारिश हुई, जबकि अलवर में 3 घंटे में 13 मिलीमीटर बरसात रिकार्ड की गई। इन इलाकों में बदले मौसम के कारण जहां चूरू में दिन के तापमान बढ़ोतरी के बजाय 4.4 डिग्री की गिरावट हो गई, जबकि अन्य स्थानों पर डेढ़ से दो डिग्री तक पारा गिर गया।

सीकर के पलसाना, मंडा बस स्टैंड सहित आसपास के गांवों में दोपहर बाद बारिश के साथ चने के आकार में ओले गिरे। पलसाना में आकाशीय बिजली गिरने से खेजड़ी का पेड़ धराशायी हो गया। अलवर शहर समेत जिले भर में कई जगह ओलावृष्टि से फसलों का नुकसान हुआ है।

अलवर शहर में सड़कों व छतों पर ओलों की चादर बिछ गई। कृषि उपज मंडी में खुले में रखी जिंसों की 30 हजार बोरी गीली हो गई। बीकानेर सहित आसपास के गांवों में करीब 25 मिनट तक शहर बारिश हुई। तेज हवाओं के साथ ओले और बारिश से फसलों को भी नुकसान पहुंचा, कई जगह खेतों में खड़ी गेहूं और चने की फसल नष्ट हो गई। खाजूवाला के आसपास के क्षेत्रों में बेर के आकार के ओले गिरे। उधर मुंडावरा में बिजली गिरने दो कच्चे घर ढह गए।

एक पेज का ITR फॉर्म जारी, नोटबंदी में नकद जमा का कालम हटाया

नई दिल्ली। सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्‍ट टैक्‍सेस (CBDT) ने एसेसमेंट ईयर 2018-19 के लिए एक पेज का आयकर रिटर्न फॉर्म 1 (आईटीआर) सहज गुरुवार को जारी किया। इसका इस्‍तेमाल 50 लाख रुपए तक की वार्षिक आमदनी वाले आयकरदाता कर सकेंगे।

विभाग ने साफ किया है कि कुछ कैटेगरी को छोड़ कर सभी को रिटर्न ऑनलाइन ही भरना होगा। इस बार फार्म में नोटबंदी के साल में नकद जमा का विवरण देने वाला कालम हटा दिया है। 31 जुलाई तक लोग अपना आयकर रिटर्न फाइल कर सकते हैं।

वेबसाइट पर उपलब्‍ध कराया गया फार्म
आयकर विभाग ने कहा कि एसेसमेंट ईयर 2018-19 के लिए एक पेज का सहज फॉर्म जारी कर दिया है। यह फार्म विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। विभाग के अनुसार करीब तीन करोड़ आयकरदाता इस एक पेज के सहज फॉर्म का उपयोग कर सकेंगे।

इसका उपयोग ऐसे आयकरदाता कर सकते हैं, जिनका वेतन, एक आवासीय संपत्ति/ब्याज सहित अन्य मद से 50 लाख रुपए तक की वार्षिक आय है। फॉर्म 16 में दिए गए वेतन तथा आवासीय संपत्ति का विवरण इसमें देना होगा।

ITR फॉर्म दो को भी तर्कसंगत बनाया
इसके अलावा ITR फॉर्म दो को भी तर्कसंगत बनाया गया। ऐसे व्यक्ति या अविभाजित हिन्दु परिवार आईटीआर फॉर्म दो भर सकेंगे, जिनकी आय बिजनेस या प्रोफेशन को छोड़कर होगी। ऐसे व्यक्ति या हिन्दु अविभाजित परिवार, जिनकी आय व्यवसाय या प्रोफेशन से है, उन्हें आईटीआर फॉर्म तीन या आईटीआर फॉर्म चार भरना होगा।

नोटबंदी से संबंधित नकद जमा का कालम हटाया गया
एसेसमेंट ईयर 2017-18 में विशेष अवधि के दौरान नकद जमा कराने के संबंध में जानकारी माँगी गई थी, लेकिन एसेसमेंट ईयर 2018-19 के फॉर्म में इस कॉलम को हटा दिया गया है।

ऑनलाइन ही भरना होगा रिटर्न
ITR फॉर्म भरने के तरीकों में पिछले वर्ष की तुलना में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सभी ITR फॉर्म आॅनलाइन भरने होंगे। सिर्फ उन्हीं को ITR फॉर्म 1 (सहज) और आईटीआर फॉर्म 4 सुगम हार्ड कॉपी में भरकर जमा करने की अनुमति होगी, जिनकी उम्र फाइनेंशियल ईयर वर्ष में 80 वर्ष हो गई है या ऐसे व्यक्ति या अविभाजित हिन्दु परिवार, जिनकी वार्षिक आय पाँच लाख रुपए तक होगी और वे रिटर्न का दावा नहीं करेंगे।

सलमान को आज मिल सकती है बेल, नामंजूर हुई तो 3 दिन और जेल में कटेंगे

जोधपुर। 20 साल पुराने काला हिरण शिकार मामले में गुरुवार को जोधपुर की चीफ ज्युडिशियल मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की कोर्ट ने सलमान खान को दोषी करार दिया। जिसमें कोर्ट ने सलमान को 5 साल कैद की सजा सुनाई और 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। तीन साल से ज्यादा सजा होने के चलते सलमान को ट्रायल कोर्ट से बेल नहीं मिली।

उनके वकीलों ने सेशन कोर्ट में जमानत अर्जी दायर की है, लेकिन जज ने हाथोंहाथ सुनने से मना कर दिया। अब शुक्रवार सुबह 10:30 बजे सुनवाई होगी। अगर जमानत मंजूर हुई तो सलमान जेल से निकल सकते हैं, लेकिन जमानत खारिज हुई तो उन्हें हाईकोर्ट जाना पड़ेगा और एेसी सूरत में वीकेंड की वजह से उन्हें दो-तीन दिन और जेल में रहना पड़ सकता है।

बता दें कि मामले में सलमान के अलावा आरोपियों में सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम को संदेह का लाभ देकर बरी कर दिया गया है।

क्यों दोषी करार दिए गए?
1) हिरण शिकार के चारों केस में सबसे मजबूत था यह मामला
– यह केस सबसे पुख्ता था, क्योंकि 1 अक्टूबर 1998 की रात जब सलमान और उनके साथियों ने जोधपुर के पास कांकाणी गांव में संरक्षित वन्य प्राणी दो काले हिरणों का शिकार किया था तो ग्रामीणों ने गोली की आवाज सुनकर उनका पीछा भी किया था। ग्रामीणों ने उन्हें मौके पर देखा था और हिरणों के शव भी वन विभाग को सुपुर्द किए थे। इस मामले में सलमान गोली चलाने के आरोपी बनाए गए।
– शिकार से जुड़े बाकी के दोनों केस में इकलौता चश्मदीद हरीश दुलानी था, उसने भी बयान बदल लिए थे। उसने सलमान के अलावा दूसरे कलाकारों को पहचानने से इनकार कर दिया था। दूसरा कमजोर पक्ष यह भी था कि उसमें हिरणों के शव नहीं मिले थे।
2) दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई
– कांकाणी केस में पहली रिपोर्ट डॉ. नेपालिया की थी। उनकी रिपोर्ट के मुताबिक, एक हिरण की मौत दम घुटने से और दूसरे हिरण की मौत गड‌्ढे में गिर जाने और श्वानों द्वारा उसे खाने से हुई थी। अभियोजन पक्ष का कहना था कि यह रिपोर्ट सही नहीं थी क्योंकि इसमें गन इंजरी की बात नहीं थी।
– इसके बाद मेडिकल बोर्ड बैठाया गया। बोर्ड ने दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दोनों काले हिरणों की मौत की वजह गन शॉट इंजरी ही बताई।

इस मामले में सलमान पर कितने केस, उनमें क्या हुआ?
– कुल चार केस थे। तीन हिरणों के शिकार के और चौथा आर्म्स एक्ट का। दरअसल, तब सलमान के कमरे से उनकी निजी पिस्टल और राइफल बरामद की गई थीं, जिनके लाइसेंस की मियाद खत्म हो चुकी थी।
कहां और कब किए गए शिकार?
– सलमान पर जोधपुर के घोड़ा फार्म हाउस और भवाद गांव में 27-28 सितंबर 1998 की रात हिरणों का शिकार करने का आरोप लगा।
– फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान सलमान और उनके साथियों ने 1 और 2 अक्टूबर, 1998 की रात जोधपुर के पास कांकाणी गांव में दो काले हिरणों के शिकार का आरोप था। आर्म्स एक्ट में अतिरिक्त अभियोग लगने की वजह से यह मामला जुलाई 2012 तक पेंडिंग रहा।

एयरपोर्ट से हिरासत में लिए गए चंदा कोचर के देवर, सीबीआई कर रही पूछताछ

मुंबई। आईसीआईसीआई बैंक द्वारा वीडियोकॉन को दिए गए लोन के मामले में बैंक की सीईओ चंदा कोचर के परिवार पर शिकंजा कसता जा रहा है। चंदा कोचर के देवर राजीव कोचर को मुंबई एयरपोर्ट से गुरुवार को हिरासत में लिया गया। इमिग्रेशन अथॉरिटीज ने उन्हें उस समय रोक लिया जब वह एक दक्षिणपूर्वी एशियाई देश के लिए उड़ान भरने वाले थे। उन्हें हिरासत में लेने के बाद सीबीआई को सौंप दिया गया। सीबीआई अधिकारी वीडियोकॉन ग्रुप के साथ लेनदेन के मामले में पूछताछ कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने राजीव कोचर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LoC) जारी किया था। चंदा कोचर के पति दीपक कोचर और विडियोकॉन ग्रुप के चेयरमैन वेणुगोपाल धूत के खिलाफ सीबीआई प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज कर चुकी है।

सीबीआई दीपक कोचर की कंपनी न्यूपावर के खिलाफ लगे उन आरोपों की जांच कर रही है जिसके मुताबिक कंपनी को आईसीआईसीआई बैंक की तरफ से दिए गए लोन के बदले वीडियोकॉन ग्रुप के प्रमोटर वेणुगोपाल धूत से फंड मिला है। सीबीआई दीपक कोचर को पूछताछ के लिए बुला सकती है। उनका नाम शुरुआती जांच में आया है।

सीबीआई ने यह पता लगाने के लिए अपनी आरंभिक जांच के तहत आईसीआईसीआई बैंक के कुछ अफसरों से भी पूछताछ की है कि क्या धूत के वीडियोकॉन ग्रुप ने 2012 में बैंक की तरफ से मिले 3250 करोड़ रुपये के लोन के बदले में कुछ रकम भी दी है।

सूत्रों ने बताया कि दीपक कोचर और धूत के साथ आईसीआईसीआई बैंक के ‘अज्ञात’ बैंक अधिकारियों को जल्द ही जांच के लिए बुलाया जा सकता है। चंदा कोचर को भी सीबीआई जांच में बुलाएगा या नहीं यह डॉक्युमेंट्स की जांच के बाद ही पता चल पाएगा। सीबीआई ने विडियोकॉन के कुल 40 हजार करोड़ के लोन और दीपक कोचर और धूत की NRPL के डॉक्युमेंट्स जुटा लिए हैं।

जोधपुर जेल में गुजरेगी सलमान की रात, बेल पर सुनवाई कल, वीडियो

जोधपुर। जोधपुर के कांकणी में काला हिरण शिकार के 20 साल पुराने मामले में सेशंस कोर्ट ने ऐक्टर सलमान खान को दोषी करार दिया है। सलमान पर कोर्ट ने 5 साल की सजा के साथ ही 10 हजार रुपये का जुर्माना भी ठोका है। इस मामले में ऐक्टर सैफ अली खान, तब्बू, नीलम और सोनाली बेंद्रे बरी हो गए हैं। सजा सुनाए जाने के बाद सलमान को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

कैदी नंबर 106
सलमान के वकील ने सजा सुनाए जाने के बाद जमानत के लिए अर्जी दाखिल की है। सलमान की बेल पर सेशंस कोर्ट में अब शुक्रवार को सुबह 10.30 बजे सुनवाई होगी। इस बीच खबर है कि जोधपुर जेल में सलमान को आसाराम की बैरक नंबर-2 के बगल में रखा गया है। रेप के मामले में आसाराम पांच साल से जोधपुर जेल में बंद हैं। सलमान को गुरुवार की रात जेल ही में गुजारनी होगी। सजा गया।  जेल में सलमान को कैदी नंबर 106 दिया गया है। हालांकि उन्हें गुरुवार को कैदियों वाले कपड़े पहनने को नहीं दिए गए हैं।

वायदा मंदा रहने से कोटा मंडी में धनिया 100 रुपये टूटा

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में गुरुवार को माल की कुल आवक 75 हजार बोरी और लहसुन की आवक 6000 कट्टे की रही। लहसुन लाटरी 200 रुपये प्रति क्विंटल मंदा लहसुन मोटा 200 रुपये प्रति क्विंटल तेज रहा।एनसीडैक्स पर धनिया वायदा मंदा रहने से हाजिर में भी भाव 100 रुपये प्रति क्विंटल ढीला रहा। रामगंज मंडी बंद रही।

एनसीडैक्स पर धनिया का अप्रैल वायदा 49 रुपये गिरकर 5310 रुपये, मई वायदा 50 रुपये टूटकर 5318 रुपये और जून वायदा 28 रुपये लुढ़क कर 5396 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। 

गेहूं मिल 1480 से 1535 लोकवान नया 1600 से 1700 पीडी नया 1600 से 1700 गेहूं नया 1500 से 1950 रुपये प्रति क्विंटल रहे। धान सुगंधा 2600 से 3000 पूसा 1 2500 से 2750 पूसा 4 (1121) 2500 से 3500 धान (1509) 2000 से 3250 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 2400 से 3751 सरसो 3400 से 3751 तिल्ली 6000 से 7200 मैथी पुरानी 2000 से 2800 मैथी नई 2800 से 3600 धनिया बादामी नया 3400 से 4300 ईगल 3800 से 4700 रंगदार 5000 से 7500 धनिया पुराना 3000 से 4200 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंग 3300 से 3800 उडद 2000 से 3600 चना 3200 से 3500 चना काबुली 5000 से 6000 चना पेपसी 3300 से 3650 चना मौसमी 3000 से 3530 मसूर 3000 से 3450 रुपये प्रति क्विंटल।

ग्वार 3000 से 3600 मक्का 1000 से 1250 जौ 1100 से 1200 ज्वार 1300 से 2400 रुपये प्रति क्विंटल।लहसुन नया 350 से 2700 रुपये प्रति क्विंटल रहा। 

कमजोर मांग से सोना-चांदी के दाम गिरे

नई दिल्ली । दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। कमजोर वैश्विक संकेत और स्थानीय ज्वैलर्स की ओर से घटी मांग के चलते सोना 60 रुपये गिरकर 31550 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। इसी तरह चांदी की कीमतें 39000 के स्तर से नीचे आ गई हैं।

इंडस्ट्रीयल यूनिट्स और सिक्का निर्माताओं की ओर से कमजोर उठान के चलते चांदी 425 रुपये गिरकर 38975 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है। व्यापारियों का मानना है कि कमजोर वैश्विक संकेतों के अलावा डॉलर में मजबूती से सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। साथ ही घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय ज्वैलर्स की ओर से गोल्ड में निवेशकों का कम रुझान देखने को मिला है।

वैश्विक स्तर पर सोना 0.56 फीसद की कमजोरी के साथ 1325.40 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.55 फीसद की की कमजोरी के साथ 16.20 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई है। देश की राजधानी दिल्ली 99.9 फीसद और 99.5 फीसद वाला सोना 60 रुपये गिरकर क्रमश: 31550 रुपये और 31400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है।

गिन्नी की कीमतें हालांकि, 24800 रुपये प्रति आठ ग्राम के स्तर पर बरकरार रही हैं।सोने की तरह चांदी 425 रुपये लुढ़कर 38975 रुपये प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक आधारित डिलिवरी 435 रुपये की कमजोरी के साथ 38125 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है। वहीं दूसरी ओर चांदी के सिक्कों का भाव 74000 रुपये लिवाल और 75000 रुपये बिकवाल प्रति सैंकड़ा के स्तर पर स्थिर रहे हैं।

कोटा सर्राफा
चांदी 39000 रुपये प्रति किलोग्राम। 
सोना केटबरी 31400 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36620 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 31550 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36800 रुपये प्रति तोला।

रिजर्व बैंक ने नहीं घटाई ब्‍याज दरें, रेपो रेट 6% पर बरकरार

नई दिल्‍ली। भारतीय रिजर्व बैंक ने पॉलिसी रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। इसका मतलब है कि आपकी होम लोन, कार लोन या बिजनेस लोन की ईएमआई फिलहाल कम नहीं होगी। वित्‍त वर्ष 2018 19 की पहली मॉनिटरी पॉलिसी रिव्‍यू मीटिंग में रिजर्व बैंक ने महंगाई बढ़ने की आशंका को ध्‍यान में रखते हुए पॉलिसी रेट में बदलाव न करने का फैसला किया है।

रेपो रेट 6% पर बरकरार
मौजूदा वित्‍त वर्ष की पहली मॉनिटरी पॉलिसी के मुताबिक रेपो रेट 6 फीसदी पर बरकरार है। रिवर्स रेपो रेट 5.75 फीसदी के स्‍तर बनी हुई है और बैंक रेट 6.25 फीसदी है।

घट सकती है महंगाई
रिजर्व बैंक ने वित्‍त वर्ष 2018- 19 के लिए उपभोक्‍ता मूल्‍य सुचकांक पर आधारित महंगाई दर का अनुमान में संशोधन किया है। इसके तहत 2018- 19 की पहली छामाही में महंगाई की अनुमानित दर 4.7 फीसदी से 5.1 फीसदी रह सकती है जबकि दूसरी छमाही में महंगाई की दर 4.4 फीसदी रहने का अनुमान है।

GDP ग्रोथ 7.4% रहने का अनुमान
मॉनिटरी पॉलिसी में वित्‍त वर्ष 2018 18 में जीडीपी ग्रोथ मजबूत हो कर 7.4 फीसदी रहने का अनुमान जताया गया है। इसके तहत पहली छमाही में जीडीपी ग्रोथ की दर 7.3 फीसदी से 7.4 फीसदी की रेंज में और दसरी छमाही में 7.3 से 7.6 फीसदी रहने का अनुमान है।

इसलिए रिजर्व बैंक ने दरों में नहीं किया बदलाव
1. MSP से महंगाई बढ़ने का खतरा
मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी ने पाया कि महंगाई को लेकर कई तरह की अनिश्चितताएं हैं। बजट 2018 19 में किसानों को उनकी लागत पर 50 फीसदी मुनाफा देने की बात कही गई है। खरीएफ की फसल की एमएसपी तय करते समय सरकार यह फायदा देने की बात कही है। कमेटी का मानना है कि इसका असर महंगाई पर पड़ सकता है हालांकि यह कितना होगा इसका पता आने वाले महीनों में ही चलेगा।

2. HRA रिवीजन
कमेटी के मुताबिक विभिन्‍न राज्‍य सरकारों ने एचआरए बढ़ाया है। इससे भी महंगाई बढ़ सकती है। ऐसे में इसके असर को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

3. राजकोषीय घाटा
मॉनिटरी पॉलिसी में कहा गया है कि अगर राजकोषीय घाटा आम बजट 2018 19 के अनुमान से ज्‍यादा होता है तो इसका नकारात्‍मक असर महंगाई के आउटलुक पर पड़ सकता है। इसके अलावा राज्‍यों के स्‍तर पर भी राजकोषीय घाटा बढ़ने का खतरा है। इससे भी महंगाई को लेकर जोखिम बढ़ता है।

4. कमजोर मानसून
पॉलिसी में कहा गया है कि महंगाई को लेकर चौथा सबसे बड़ा खतरा मानसून है। अगर मानसून कमजोर रहता है तो खाद्य महंगाई पर इसका बड़े पैमाने पर असर पड़ेगा। इसके अलावा कच्‍चे तेल की कीमतों में उतार चढ़ाव भी महंगाई को लेकर अनिश्चितता को और बढ़ाता है।

ग्रोथ पर रिजर्व बैंक ने क्‍या कहा?
बढ़ा कर्ज का प्रवाह
मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी ने माना है कि ग्रोथ रिकवर हो रही है और आउटपुट गैप खत्‍म हो रहा है। ऐसा हाल के महीनों में कर्ज का प्रवाह बढ़ने से भी पता चल रहा है। जहां घरेलू स्‍तर पर ग्रोथ में रिकवरी की प्रक्रिया चल रही है वहीं लंबी अवधि में ग्रोथ की संभावनाएं भी मजबूत होने की उम्‍मीद है। ऐसा हाल में हुए ढांचागत सुधारों की वजह से हो रहा है। हालांकि कमेटी ने ग्रोथ को लेकर चिंताएं भी जताई हैं।

ग्रोथ को लेकर हैं ये खतरे
कमेटी का कहना है की राजकोषीय घाटा बढ़ने का जोखिम जिस तरह से बढ़ रहा है उससे लोग कारोबार में अपना पैसा लगाने और निवेश को लेकर हतोत्‍साहित हो सकते हैं। इसके अलावा वैश्विक ग्रोथ और व्‍यापार मजबूत हो रहा है। लेकिन वैश्विक व्‍यापार में बढ़ते संरंक्षणवाद और फाइनेंशियल मार्केट में उतार चढ़ाव से वैश्विक ग्रोथ में रिकवरी को पटरी से उतार सकती है।

दूसरी छमाही में 25 बेसिस प्‍वाइंट रेट कट की उम्‍मीद
एलारा कैपिटल में इकोनॉमिस्‍ट गरिमा कपूर ने कहना है कि हमारी उम्‍मीदों के अनुरूप एमपीसी ने दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। हाल में खुदरा महंगाई में गिरावट ने भी रिजर्व बैंके दरों में बदलाव न करने के फैसले का समर्थन किया है।

हाल में आई महंगाई में नरमी की वजह से ही रिजर्व बैंक ने वित्‍त वर्ष 2018-18 में महंगाई के अनुमान को घटाया है। हमें उम्‍मीद है कि वित्‍त वर्ष 2018 19 की दूसरी छमाही में दरों में 25 बेसिस प्‍वाइंट की कटौती हो सकती है।