नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी का राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन खत्म हो गया है। सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सरकार के साथ बातचीत के बाद शनिवार को खुद इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा, ‘हमारी सभी मांगें स्वीकार कर ली गई हैं।
इसलिए हम सभी प्रदर्शनकारियों से अपील करते हैं कि वे तुरंत अपना आंदोलन समाप्त करें और शांतिपूर्वक अपने-अपने घर लौट जाएं। आगे की रणनीति या किसी अन्य विषय की जानकारी हम आपको समय आने पर देंगे। फिलहाल हम सभी प्रदर्शनकारियों से आग्रह करते हैं कि वे तत्काल प्रदर्शन वापस ले लें।’
सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ हमारी तीन दौर की बातचीत हुई। उन्होंने कहा, ‘जंतर-मंतर पर कई दिनों से चल रहे हमारे आंदोलन की तीन प्रमुख मांगें थीं।
पहली, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा। दूसरी, प्रदर्शनकारियों और आंदोलन के आयोजकों के खिलाफ दर्ज सभी कानूनी मामले और एफआईआर वापस ली जाएं और भविष्य में भी उनके खिलाफ कोई नया मामला दर्ज न किया जाए।
तीसरी मांग थी कि NEET परीक्षा न होने के कारण जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उन्हें 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। अभी कुछ ही देर पहले धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया। इसका मतलब है कि हमारी पहली मांग स्वीकार कर ली गई है।’
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, ‘कॉकरोच जनता पार्टी यह ऐलान करती है कि हम अच्छी नीयत से आंदोलन वापस ले रहे हैं। इस समझ के साथ कि तय शर्तों को तय टाइमलाइन के अंदर पूरा किया जाएगा।’
सौरव दास ने कहा कि हमारी दूसरी मांग थी कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी FIR वापस ली जाएं, सिर्फ दिल्ली में ही नहीं बल्कि सभी भाजपा शासित और भाजपा सहयोगी राज्यों में। सरकार ने इसे मान लिया है। उन्होंने कहा, ‘जल्द ही FIR वापस ले ली जाएंगी। सरकार ने हमें भरोसा दिलाया है कि वह दर्ज सभी FIR की कॉपी शेयर करेगी।’
सौरव दास ने कहा, ‘हमारे पास जानकारी है कि दिल्ली में 15 से 20 FIR दर्ज की गई थीं। हमें वे कॉपी किसी भी हाल में तीन से चार दिनों में मिल जाएंगी। सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया है कि जल्द ही FIR वापस ले ली जाएंगी।
यह समझते हुए हमने सरकार के साथ एक ड्राफ्ट शेयर किया है जो एक लिखित गारंटी है। सरकार ने कहा है कि वह इसे मंगलवार तक हमारे साथ शेयर करेगी।’ उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि मंगलवार तक हमें इन FIR और भविष्य की किसी भी कार्रवाई के बारे में सरकार की गारंटी मिल जाएगी।
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का बयान
कॉकरोच जनता पार्टी के डेलीगेशन से बातचीत के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, ‘आज हमारी लंबी बातचीत हुई। वे एक लिखा हुआ ड्राफ्ट लाए थे जिसमें उन्होंने आंदोलन में चल रहे केस के बारे में 4 पॉइंट्स रखे थे।
इसके साथ ही, हमने बाकी 2 मांगों पर भी बात की, कोई बदले की कार्रवाई न की जाए, मुआवजा दिया जाए और उनके 5 पॉइंट वाले चार्टर पर विचार किया जाए। हम उन्हें FIR की कॉपी देंगे और कोई कार्रवाई नहीं होगी।
दूसरी बात जो कही गई है, वह यह है कि मुआवजे के बारे में सरकार ने साफ कहा कि हमें भी सहानुभूति है। हम सभी ने कहा है कि नियम और कानून के हिसाब से मुआवजा होगा, जो भी ज्यादा से ज्यादा हो सकेगा, उन्हें दिया जाएगा।
ये तो पहला विकेट है, यहीं नहीं रुकेंगे: कॉकरोच
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा, ये पहला विकेट है। हम यहां नहीं रुकने वाले। ये तो बस अभी शुरुआत है। इसी के साथ उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान को हत्यारा बताते हुए लोगों से एक अपील भी की है। अभिजीत दीपके ने कहा, मैं सभी से अपील करता हूं कि सभी लोग अपने अपने जिलो में उन नीट के बच्चों के लिए कैंडल मार्च निकालिए जिनका हत्यारा धर्मेंद्र प्रधान है। मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि सुबह हो गई मामू। लोकतंत्र की सुबह हो गई है और इस देश की जनता जाग उठी है। उन्होंने कहा, ये पहला विकेट है। यहां नहीं रुकेंगे। अभी तो बस शुरुआत हुई है।
झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए —–
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अभिजीत दीपके ने मंच से कहा कि हमने कर दिखाया। धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है। वह कहते थे कि इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते। हम कहना चाहते हैं। कि झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए। यह उन सभी बच्चों के लिए है, जिनकी जिंदगी नीट पेपर लीक की वजह से गई थी।

