Sunday, July 19, 2026
Home Blog Page 4916

सेंसेक्स 127 अंक उछल कर 38,672 पर बंद, निफ्टी 11,600 के पार

नई दिल्ली। मेटल और ऑयल एंड गैस सेक्टर में रही तेजी चलते भारतीय शेयर बाजार कारोबार सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 127 अंकों की तेजी के साथ 38,672 अंकों पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 53 अंकों की तेजी के साथ 11,623 अंकों पर बंद हुआ।

वायदा कारोबार में तेजी के रूख के चलते शुक्रवार को मेटल सेक्टर की कंपनियों भारी लिवाली छाई रही। इस कारण सेंसेक्स में मेटल सेक्टर 259 अंकों की तेजी के साथ 11355 अंकों पर बंद हुआ। मेटल कंपनियों में टाटा स्टील के शेयरों में 9.94 फीसदी और जिंदल स्टील के शेयरों में 9.19 फीसदी की तेजी रही। सेंसेक्स में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए। बैंक, यूटीलिटी सेक्टर के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में भी पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंकों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

इन शेयरों में रही तेजी
सेंसेक्स में CERA सेनेट्रीवेयर लिमिटेड में 13.99 फीसदी, इंडोस्टार में 11.17 फीसदी, लक्ष्मी विलास बैंक लिमिटेड में 9.98 फीसदी, टाटा स्टील में 9.94 फीसदी और जिंदल स्टील में 9.19 फीसदी की तेजी रही। निफ्टी में इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस में 2.27 फीसदी, आईओसी में 1.92 फीसदी, वीईडीएल में 1.85 फीसदी, एनटीपीसी में 1.51 फीसदी और हिंडाल्को में 1.48 फीसदी की तेजी रही।

इन शेयरों में रही गिरावट
सेंसेक्स में गोदरेज प्रॉपर्टीज में 6.53 फीसदी, एसबीआई लाइफ में 6.12 फीसदी, आरकॉम में 4.83 फीसदी, सुजलॉन में 4.31 फीसदी, बजाज होल्डिंग में 4.25 फीसदी की गिरावट रही। निफ्टी में इंड्सइंड बैंक में 1.38 फीसदी, आयशर मोटर्स में 1.11 फीसदी, बजाज ऑटो में 0.79 फीसदी, जी एंटरटेनमेंट में 0.71 फीसदी और कोल इंडिया में 0.66 फीसदी की गिरावट रही।

Twitter लेकर आया डार्क मोड ऑप्शन ‘लाइट्स आउट’, ऐसे करें यूज

नई दिल्ली। माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर के सीईओ जैक डॉर्सी ने जनवरी में यूजर्स से सुपर डार्क मोड से जुड़ा एक वादा किया था और अब इसे पूरा करते हुए कंपनी नया अपडेट लेकर आई है। ट्विटर ऐप पर मौजूदा डार्क मोड से भी ज्यादा डार्क थीम अब यूजर्स को मिलेगा।

पहले से मिलने वाले डार्क मोड में ऐप ब्लैक की जगह थोड़े ब्लू शेड में दिखती थी, जो कई यूजर्स को पसंद नहीं था। अब सेटिंग्स में एक नया ऑप्शन ऐड कर दिया गया है जिसपर क्लिक करने के बाद मौजूदा डार्क मोड पिच-ब्लैक थीम पर दिखने लगेगा।

ट्विटर ऐप पर इस नए फीचर को यूज करने के लिए यूजर्स को ‘सेटिंग्स ऐंड प्रिवेसी’ सेक्शन में जाना होगा। यहां ‘डिस्प्ले ऐंड साउंड’ पर क्लिक करने के बाद ‘डार्क मोड’ ऑन करने का ऑप्शन मिलेगा। इसे ऑन करने के बाद मौजूदा ब्लू-ब्लैक थीम ऐप पर दिखने लगेगी।

यहां नया दूसरा ऑप्शन ‘Lights Out’ भी दिया गया है। बल्ब जैसे इस आइकन पर क्लिक करते ही ऐप का डार्क मोड पूरी तरह ब्लैक पर बेस्ड हो जाएगा। इसकी मदद से बैटरी की बचत तो होगी है, ट्वीट टेक्स्ट भी इसपर बेहतर और वाइट कलर में दिखाई देगा।

यह बेहद खास है कि मौजूदा थीम पर डार्क मोड देने के अलावा यूजर्स को एक्सट्रा ऑप्शन भी दिया जा रहा है। ज्यादातर ऐप्स केवल डार्क मोड ही ऑफर करते हैं और ऐसे में ट्विटर का दो नए डार्क मोड ऑप्शन देना खास है।

कंपनी ने उन यूजर्स को भी निराश नहीं होने दिया, जिन्हें पुरानी ब्लू कलर बेस्ड डार्क थीम पसंद है। डार्क मोड में छोटा सा बदलाव कई यूजर्स को पसंद आया है और ब्लैक कलर बेस्ड डार्क मोड बीते दिनों स्मार्टफोन्स में तेजी से पॉप्युलर होता दिख रहा है। ऐसे में ट्विटर भी इस रेस में शामिल है।

प्रीमियम OLED डिवाइसेज पर यह मोड बैटरी बचाने में मददगार साबित होता है। साथ ही ज्यादा लंबे समय तक यूज की जाने वाली ऐप्स पर यह मोड आंखों को भी आराम देता है और ब्राइट न होने के चलते, नुकसान नहीं पहुंचाता।

यूजर्स बाकी पॉप्युलर ऐप्स में भी इस मोड की मांग कर रहे हैं। मेसेजिंग ऐप वॉट्सऐप भी यूजर्स की डिमांड को देखते हुए ऐप पर डार्क मोड टेस्ट कर रहा है और जल्द इसे अपडेट में शामिल भी कर सकता है। यूट्यूब, गूगल, किंडल, गूगल मैप्स और रेडिट जैसे ऐप्स पर पहले ही डार्क मोड अवेलेबल है।

वॉट्सऐप में ‘वॉइस मेसेज ऑटोप्ले’ फीचर, PIP मोड भी होगा बेहतर

नई दिल्ली। पॉप्युलर मेसेजिंग ऐप वॉट्सऐप ने हाल ही में कई नए फीचर्स ऐड किए हैं और अब इसका अगला बीटा अपडेट रोल आउट किया गया है। इस अपडेट में बीटा यूजर्स को ‘कंसेकिटिव वॉइस मेसेजेस’ नाम का नया फीचर दिया गया है।

ऐंड्रॉयड बीटा ऐप को वर्जन 2.19.86 पर अपडेट करने वाले यूजर्स को इस नए फीचर के अलावा पहले से मौजूद पिक्चर-इन-पिक्चर (PIP) मोड में बी सुधार देखने को मिला है। पीआईपी में किए गए सुधार फिलहाल बाई-डिफॉल्ट डिसेबल हैं, लेकिन पूरी तरह रेडी होने पर अगले अपडेट में इसे भी लाए जाने की उम्मीद की जा रही है।

वॉट्सऐप ऐंड्रॉयड के लिए फिंगरप्रिंट ऑथेंटिकेशन फीचर पर भी काम कर रहा है, जिसकी मदद से यूजर्स फिंगरप्रिंट की मदद से ऐप को अनलॉक कर सकेंगे। ऐप पर डार्क मोड का भी यूजर्स को लंबे वक्त से इंतजार है। फिलहाल नए ऐंड्रॉयड बीटा 2.19.86 वर्जन में आए कंसेकिटिव वॉइस मेसेजेस फीचर की मदद से यूजर्स भेजे गए दो या दो से ज्यादा वॉइस मेसेजेस को ऑटो प्ले कर सकेंगे।

यह फीचर अब बीटा अपडेट में ऐड कर दिया गया है, जबकि यह पिछले साल नवंबर से ही डिवेलपिंग स्टेज में था। इस फीचर को टेस्ट करने के लिए पहले ऐप पर दो या दो से ज्यादा वॉइस मेसेज रिसीव करने होंगे औप इसके बाद पहले मेसेज के बाद अगल ऑटोप्ले होता जाएगा।

नए फीचर को सबसे पहले WABetaInfo ने स्पॉट किया और लेटस्ट अपडेट के बाद यह चैट में काम कर रहा है। WABetaInfo के मुताबिक, नए बीटा वर्जन में पिक्चर-इन-पिक्चर मोड को भी इंप्रूव किया गया है और जल्द ही इसे ऐप में लाया जाएगा।

इसी साल ऐड हुए PIP फीचर के जरिए वॉट्सऐप यूजर्स चैट विंडो में ही विडियो प्ले कर सकते हैं। यानी अगर आप वॉट्सऐप पर किसी से बात कर रहे हैं और आप विडियो भी देखना चाहते हैं तो आपको चैट विंडो से बाहर आने की जरूरत नहीं होगी।

पिक्चर-इन-पिक्चर मोड में यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम समेत दूसरे ऐप्स के लिए सपॉर्ट मिल रहा है। WABetaInfo का कहना है कि अब तक यूजर्स चैट विंडो स्विच नहीं कर सकते और ऐसा करने पर विडियो बंद हो जाता है। नए अपडेट में वॉट्सऐप यूजर्स को ऐप में एक से दूसरे चैट विंडो ओपन करने का स्पेस दे सकता है और ऐसा करना पर भी विडियो छोटी विंडो में पहले की तरह चलता रहेगा।

ऐप के बैकग्राउंड में चलने पर भी यूजर्स विडियोज देख सकेंगे। हालांकि, नए इंप्रूवमेंट्स केवल उन्हीं यूजर्स को मिलने की बात सामने आई है जो ऐंड्रॉयड 8 ओरियो या इसके बाद वाले ओएस यूज कर रहा है।

भारत की ताकत के आगे झुका अमेरिका, निर्यात पर नहीं लगेगा टैक्स

नई दिल्ली।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत के कड़े विरोध के बाद बैकफुट पर आ गए हैं। खुद अमेरिकी सांसदों ने ट्रंप के भारत से सामान्यीकृत प्रणाली (जीएसपी) को तरजीही खत्म करने का विरोध किया। डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार तुलसी गब्बार्ड समेत अमेरिका के कई प्रमुख सांसदों ने बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से आग्रह किया है। इसके बाद माना जा रहा है कि अमेरिका जीएसपी समाप्त करने की समय सीमा को बढ़ा सकता है।

बैकफुट पर आने की यह वजह
अमेरिका और भारत के बीच खरबों डालर का व्यापार है। अमेरिका की गूगल, फेसबुक, उबर, अमेजन समेत कई कंपनियां भारत में बिजनेस करती है। भारत ने अपना पक्ष रखते हुए अमेरिका को यही समझाने की कोशिश की थी कि जब अमेरिका भी अपनी इन कंपनियों से इतनी कमाई करता है तो फिर भारत के साथ दोगुला व्यवहार क्यों? भारत ने अपनी इस बात से अमेरिका पर दवाब डाला।

GSP का मतलब
ट्रंप ने इसी महीने अमेरिकी कांग्रेस (संसद) को भारत सहित कुछ अन्य देशों को दी गई तरजीही सामान्यीकृत प्रणाली (जीएसपी) कार्यक्रम के तहत लाभार्थी विकासशील देश का दर्जा समाप्त करने के इरादे के बारे में बताया था। इसके तहत कम विकसित अथवा कुछ विकासशील देशों से कुछ उत्पादों के शुल्क मुक्त आयात की व्यवस्था है।

इसका मकसद उनकी अर्थव्यवस्था के विकास में मदद करना है। अमेरिकी जीएसपी कार्यक्रम के तहत वाहनों के कल-पुर्जे और परिधान सामग्री समेत करीब 2,000 उत्पाद अमेरिका में शुल्क मुक्त रूप से आयात किये जा सकते हैं। लेकिन इसके लिए शर्त है कि लाभार्थी विकासशील देश कांग्रेस द्वारा स्थापित पात्रता मानदंडों को पूरा करे। अमेरिकी कांग्रेस के अनुसार इस छूट से भारत को सर्वाधिक लाभ हुआ।

बढ़ सकता है नोटिस पीरियड
जीएसपी से बाहर करने के लिए अमेरिका ने दो महीने का नोटिस दिया है। अब माना जा रहा है कि अमेरिका सीधे नोटिस को वापस लेने की बजाय इसका टाइम पीरियड बढ़ाएगा। भारत में नई सरकार के गठन के बाद उससे बातचीत कर यह मसला सुलझाया जाएगा।

रियायत खत्म करने का सही समय नहीं
रिपब्लिक पार्टी के सांसद जार्ज होल्डिंग ने कहा कि भारत को तीन दशकों से तरजीही व्यापार का दर्जा मिला हुआ है और इसे खत्म करने का यह सही समय नहीं है। उन्होंने कहा, इस पर पुनर्विचार करना चाहिए। लेकिन चुनाव से पहले इसकी जरूरत नहीं है।

डेढ़ माह में सबसे सस्ता हुआ डीजल, पेट्रोल की कीमतों में बदलाव नहीं

नई दिल्ली। अमेरिका में कच्चे तेल का भंडार बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में लगातार दो दिनों की नरमी का असर भारतीय बाजार में भी दिख रहा है। देश की सबसे बड़ी सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने शुक्रवार 29 मार्च 2019 को एक बार फिर डीजल की कीमतों में 9 से 10 पैसे की कटौती की इस कटौती के साथ डीजल की कीमतें 21 फरवरी के स्तर यानी करीब डेढ़ माह में सबसे सस्ती हो गई हैं। हालांकि, शुक्रवार को पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

डीजल का भाव
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को डीजल की कीमतों में 9 पैसे की कटौती की गई और यह घटकर 66.30 रुपए प्रति लीटर पर आ गया। कोलकाता में यह 10 पैसे की कटौती के बाद घटकर 68.08 रुपए प्रति लीटर पर आ गया। मुंबई में डीजल 10 पैसे की कटौती के बाद 69.44 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। चेन्नई में यह 10 पैसे घटकर 70.05 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

पेट्रोल में कोई बदलाव नहीं
सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल ने पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है और यह एक दिन पहले यानी गुरुवार के स्तर पर बनी हुई हैं। दिल्ली में पेट्रोल 72.81 रुपए प्रति लीटर, कोलकाता में 74.89 रुपए प्रति लीटर, मुंबई में 78.43 रुपए और चेन्नई में 75.62 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है।

आतंकवाद पर भारत की बड़ी जीत, UNSC से पास हुआ टेरर फंडिंग रोक का प्रस्ताव

नई दिल्ली। आतंकवाद के मोर्चे पर भारत को बड़ी जीत मिली है। चीन की मदद के दम पर आतंकी मसूद अजहर को बचाने वाले पाकिस्तान के खुद के बचने का रास्ता ढूढ़ना होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि भारत की लंबी कोशिशों के बाद अब संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा समिति (UNSC) से आंतकी फंडिंग को रोकने का एक प्रस्ताव पास कर दिया गया है। भारत के संयुक्त राष्ट्र में प्रवक्ता सैय्य्द अकबरुद्दीन ने खुशी जाहिर की। साथ ही इस मुद्दे पर पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई।

भारत की पाक को लताड़
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी सदस्य अकबरुद्दीन ने बिना पाकिस्तान का नाम लिए कहा कि आतंकी आज नए-नए तरीकों से पैसे इकट्ठे कर रहे हैं और अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं।आतंकी नियमों को तोड़ने के लिए तैयार हैं और कुछ देश उनकी मदद भी कर रहे हैं। ये देश पहले भी लगातार इस तरह की हरकतें करते आए हैं। उन्होंने कहा कि ग्लोबल कम्युनिटी अगर एक्शन के लिए आगे आती है तो भारत इसके लिए पूरी तरह से तैयार है।

इस प्रस्ताव का क्या होगा असर
इस प्रस्ताव से उन देशों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी, जो आंतकी संगठनों की फंडिंग को बढ़ावा देते हैं या फिर फंडिंग में मदद मुहैया कराते हैं। ऐसे देश के उनके खिलाफ संयुक्त राष्ट्र के स्तर पर कार्रवाई की जा सकेगी। ऐसे देशों पर फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) नजर रखेगी। एक अन्तरसरकारी संस्था है जो मनी लान्डरिंग और आतंकवाद को धन मुहैया कराने के खिलाफ नीति बनाने के लिए है।

पाकिस्तान को FATF की लताड़
फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स ने हाल ही में कहा था कि पाकिस्तान पहले ही टेरर फंडिंग के खिलाफ कई वादे कर चुका है। लेकिन अब उसे एक्शन प्लान और टाइम टेबल देना होगा। भारत ने एफएटीएफ से पाकिस्तान को ब्लैक लिस्ट करने की मांग की है।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 170 अंक उछला, निफ्टी 11,600 के पार

नई दिल्ली। अप्रैल के वायदा कारोबार में तेजी की बदौलत भारतीय शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेज शुरुआत रही। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 169 अंकों की तेजी के साथ 38,719 अंकों पर खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 49 अंकों की तेजी के साथ 11,619 अंकों पर खुला।

सुबह 9.32 बजे सेंसेक्स बढ़त खोते हुए 91 अंकों की तेजी के साथ 38,637 अंकों पर और निफ्टी 43 अंकों की तेजी के साथ 11,613 अंकों पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स ने करीब 15 मिनटों के कारोबार में 100 अंकों की बढ़त खो दी है।

इन शेयरों में तेजी का माहौल
सेंसेक्स में वोडाफोन-आईडिया, वेबको इंडिया, टाटा मेटलिक्स लिमिटेड, इंडियाबुल्स इंटीग्रेटिड सर्विसेज लिमिटेड और वीबीएल में तेजी का माहौल है। निफ्टी में इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, आईओसी, वीईडीएल, एनटीपीसी और हिंडाल्को में तेजी का माहौल है।

इन शेयरों में मंदी का माहौल
सेंसेक्स में एसबीआई लाइफ, आरकॉम, बजाज होल्डिंग, ईरिस और शारदा कॉरपोरेशन में मंदी का माहौल है। निफ्टी में इंड्सइंड बैंक, आयशर मोटर्स, बजाज ऑटो, जी एंटरटेनमेंट और कोल इंडिया में मंदी का माहौल है।

GST Fraud: कांग्रेसी नेता ने फर्जी बिलों से लगाई 10 करोड़ की चपत

0

फरीदाबाद।फर्जी बिलों के आधार पर जीएसटी की चपत लगाने के आरोप में फैक्टरी मालिक व कांग्रेसी नेता मनोज अग्रवाल व उनके कारोबारी साथी को सेंट्रल जीएसटी विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों ने मिलकर करीब 10 करोड़ का हेर-फेर किया। टीम ने शाम को ही दोनों आरोपियों को जिला कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

कांग्रेस नेता मनोज अग्रवाल की बल्लभगढ़ में रबर का सामान बनाने की फैक्ट्री है। केंद्रीय जीएसटी विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मनोज ने जीएसटी विभाग में अपना पंजीकरण करवा रखा है। मनोज यह घोटाला अपने साथी अनिल कुमार के सा‌थ मिलकर कर रहे थे। मनोज, अनिल से माल की जगह केवल बिल की पर्ची लेता और इनपुट टैक्स क्रेडिट का सरकार से लाभ ले रहा था। दोनों ही आरोपी काफी समय से जीएसटी अदा नहीं कर रहे थे।

जांच के बाद पता चला खेल
विभाग ने शक के आधार पर मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि करीब डेढ़ साल से आरोपी फर्जी बिलों के आधार पर विभाग को जीएसटी की चपत लगा रहे थे। आरोप है कि दोनों अब तक आठ से दस करोड़ रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ ले चुके हैं। गुरुवार को केंद्रीय जीएसटी विभाग की टीम ने बल्लभगढ़ स्थित मनोज अग्रवाल के ऑफिस पर छापा मार कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अनिल को भी पकड़ लिया। जीएसटी टीम के साथ पुलिस ने दोनों का बीके अस्पताल में मेडिकल कराया, इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया। उधर, सेंट्रल जीएसटी से जुड़े अधिकारियों ने इस सिलसिले में कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया। वे सिर्फ यही कहते रहे कि मामले की जानकारी शुक्रवार को सार्वजनिक की जाएगी।

क्या है राजनीतिक रुतबा
मनोज अग्रवाल की गिनती हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के करीबियों में होती है। वे बल्लभगढ़ विधानसभा सीट पर ताल ठोक रहे थे और कांग्रेस टिकट के लिए प्रयास में जुटे थे।

रिएलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 11वें सीजन की तैयारियां शुरू

बॉलिवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने अपने रिऐलिटी गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के अगले सीजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने इस बात की जानकारी अपने ब्लाॉग पर दी है। अमिताभ ने लिखा, ‘केबीसी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और अब हमने इसके शो के शुरूआती सिस्टम, नए इनपुट्स, रिहर्सल और एक और सीजन की तैयारी शुरू कर दी है।’

अमिताभ बच्चन ने इस पॉप्युलर गेम शो के 9 सीजन को होस्ट किया है। उन्होंने इस गेम शो से खुद के जुड़ाव के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने लिखा, ‘अब 2019 चल रहा है और यह शो साल 2000 में शुरू हुआ था। इन 19 सालों में केवल 2 साल ऐसा हुआ जबकि मैं इससे जुड़ा हुआ नहीं था लेकिन 17 साल एक बड़ा समय होता है।’

अमिताभ ने बताया है कि उन्होंने इस शो के इंट्रोडक्शन के लिए शूटिंग शुरू कर दी है। अब इस शो के 11वें सीजन के साथ अमिताभ बच्चन एक बार फिर दर्शकों के सामने होंगे। यह भी देखना दिलचस्प होगा कि शो में क्या नए बदलाव लाए जाते हैं।

TRAI का बड़ा ऐलान, बिना सेट टॉप बॉक्स बदले बदल सकते हैं ऑपरेटर

नई दिल्ली। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण TRAI ने करोड़ों यूजर्स को फायदा पहुंचाने के लिए तीन बड़े ऐलान किए हैं। जिसमें केबल टीवी या डीटीएच ऑपरेटर पोर्टेबिलिटी से लेकर 4जी स्पेक्ट्रम आवंटन और पोस्टपेड यूजर्स के लिए इलेक्ट्रॉनिक बिल जैसे प्रावधान शामिल हैं। दरअसल, ट्राई के चेयरमैन आर एस शर्मा ने केबल टीवी और डीटीएस ऑपरेटर्स के अलावा मोबाइल यूजर्स को भी फायदा पहुंचाने के लिए ये ऐलान किया है।

मोबाइल की तरह ही सेट टॉप बॉक्स पोर्टेबिलिटी
रिपोर्ट की माने तो ट्राई मोबाइल यूजर्स की तरह ही अब केबल टीवी या डीटीएच सब्सक्राइबर्स भी बिना सेट टॉप बॉक्स बदले ही अपने सर्विस प्रोवाइडर्स को बदल सकते हैं। जल्द ही इस तरह की सुविधा भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण लाने की तैयारी में है।

BSNL-MTNL के लिए 4G स्पेक्ट्रम का आवंटन
ट्राई के चेयरमैन आर एस शर्मा के मुताबिक, जल्द ही भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) और महानगर टेलिफोन निगम लिमिटेड (MTNL) के यूजर्स को 4जी सेवा का लाभ मिलने वाला है। दूरसंचार विभाग ने इसके लिए ट्राई को कुछ दिन पहले ही सूचित किया था।

ट्राई के मुताबिक, इन दोनों दूरसंचार कंपनियों ने सरकार से इक्विटी के बदले में 4जी सेवाओं के लिए स्पेक्ट्रम आवंटन करने का आग्रह किया था। बीएसएनएल ने दूरसंचार बाजार में जारी प्रतिस्पर्धा के लिए करीब 7,000 करोड़ रुपये के इक्विटी निवेश की मांग की है।

इलेक्ट्रॉनिक बिल की सुविधा
ट्राई ने सोमवार को सपष्ट किया था कि टेलिकॉम ऑपरेटर्स ग्राहकों की ओर से मंजूरी मिलने के बाद से उन्हें इलेक्ट्रॉनिक बिल दिए जाएंगे। हालांकि, पोस्टपेड यूजर्स के बिल भेजने के प्रावधानक समीक्षा के बाद ट्राई ने बताया कि ग्राहकों को मौजूदा रूप की तरह ही नि:शुल्क बिल भेजा जाएगा। अगर, कोई यूजर ई-मेल के जरिए बिल की मांग करते हैं तो सर्विस प्रोवाइडर्स उन्हें इलेक्ट्रॉनिक बिल भेज सकते हैं। इसके लिए सेवा प्रदाता कंपनियों को यूजर्स की मंजूरी लेनी पड़ेगी।