Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 4897

भारत की 380 उत्पादों से चीन के बाजार पर कब्जे की तैयारी

नई दिल्ली। चीन की आतंकी मसूद अजहर को बचाने की कोशिशों पर अब भारत ने भी हिसाब चुकता करने की तैयारी कर ली है। भारत ने कूटनीति के दम पर चीन को भारत के साथ व्यापार घाटा कम करने के दबाव में ला दिया है। भारत ने अपने यहां बनने वाले 380 उत्पादों की ऐसी सूची सौंपी है जिन्हें चीन खरीदने की लिए राजी हो गया है।

भारत ने बागवानी, टेक्सटाइल्स, केमिकल्स और फार्मास्युटिकल्स सहित 380 प्रोडक्ट्स की पहचान कर चीन के साथ इन प्रोडक्ट्स की लिस्ट शेयर की है। भारत का मानना है कि इन प्रोडक्ट्स की चीन में निर्यात की बड़ी संभावनाएं हैं। इन प्रोडक्ट्स का निर्यात बढ़ने से भारत को चीन के साथ अपना व्यापार घाटा (Trade Deficit) कम करने में मदद मिलेगी।

अप्रैल-फरवरी 2018-19 के दौरान चीन के साथ भारत का व्यापार घाटा 5012 करोड़ डॉलर पर था। इस दौरान चीन को भारत का निर्यात 28.61 फीसदी बढ़कर 1500 करोड़ डॉलर रहा जबकि चीन से भारत का आयात 6.29 फीसदी गिरकर करीब 6500 करोड़ डॉलर रहा।

बीते वित्त वर्ष में चीन के साथ व्यापार घाटा भी 53 अरब डालर से कम होकर 46 अरब डालर तक आ गया है। अधिकारियों ने कहा कि हाल के महीनों में भारत से मरिन प्रोडक्ट्स, कॉटन, ऑर्गेनिक केमिकल्स, अंगूर और प्लास्टिक के निर्यात में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

गैर बासमती चावल के निर्यात में कामयाबी
भारत निर्यात को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठा रहा है। हाल ही में, वह चीन को गैर-बासमती चावल जैसे कृषि सामानों का निर्यात करने में कामयाब रहा है। भारत विभिन्न कृषि उत्पादों, पशु चारा, तिलहन, दूध और दूध से बने उत्पादों, औषधि के लिए अधिक से अधिक बाजार पहुंच की मांग कर रहा है क्योंकि इन उत्पादों/सेवाओं की चीन के बाजार में निर्यात की संभावनाएं हैं।

मुकेश अंबानी की कंपनी का नाम मनी लॉन्ड्रिंग में, 8307 करोड़ का मामला

नई दिल्ली। नीदरलैंड में अधिकारियों ने वहां की एक कंपनी के तीन पूर्व कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इनके ऊपर भारत के रिलायंस उद्योग समूह की कंपनी के साथ कथित कारोबार में सेवाओं की ऊंची दर पर बिल बनाकर 1.2 अरब डॉलर (करीब 8307 करोड़ भारतीय रुपए) का धन शोधन करने का संदेह है।

यह मामला मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज के नियंत्रण वाली एक कंपनी से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसने भारत में गैस पाइपलाइन परियोजना का निर्माण किया है। हालांकि रिलायंस ने इन सभी आरोपों का खंडन किया है।

ईस्ट वेस्ट पाइपलाइन लिमिटेड के नाम पर हुआ धनशोधन
ईस्ट वेस्ट पाइपलाइन लिमिटेड (ईडब्ल्यूपीएल) ने भी परियोजना के क्रियान्वयन के किसी भी चरण में किसी भी तरह के धनशोधन से इंकार किया है। ईडब्ल्यूपीएल को पहले रिलायंस गैस ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (आरजीटीआईएल) के नाम से जाना जाता था। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्री का भी कहना है कि 2006 में उसने ना तो कोई पाइपलाइन कंपनी स्थापित की थी और न ही उसने नीदरलैंड की किसी कंपनी को कोई ठेका दिया था।

नीदरलैंड की राजकोषीय आसूचना अन्वेषण सर्विस और आर्थिक अन्वेषण सर्विस ने एक स्थानीय पाइपलाइन कंपनी ए. हाक के तीन पूर्व कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर आरोप है कि आरजीटीआईएल के लिए किए गए काम के ठेकों में ऊंचा बिल दिखाकर कथित रूप से अनुमानित 1.2 अरब डॉलर का लाभ कमाया और और इस राशि को सिंगापुर की कंपनी बायोमेट्रिक्स मार्केटिंग लिमिटेड को भेजने का आरोप है। सिंगापुर की इस कंपनी के कथित तौर पर रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े होने का दावा किया जा रहा है।

फर्जी बिल बनाने का काम कर रही थी नीदरलैंड की कंपनी
समाचार एजेंसी एएफपी की एक रिपोर्ट में नीदरलैंड के लोक अभियोजक के कार्यालय की ओर से जारी एक बयान का हवाला देते हुए कहा गया है कि स्थानीय कंपनी ‘फर्जी बिल’ बनाने वाली फर्म की तरह काम कर रही थी और उसकी मदद से भारतीय कंपनी को गैस ग्राहकों से कथित तौर पर दोगुना लागत वसूल करने में मदद मिली।

इस कथित धांधली से की गई कमाई को दुबई, स्विट्जरलैंड तथा कैरेबियायी देशों के रास्ते जटिल लेन-देन के नेटवर्क के माध्यम से सिंगापुर की कंपनी तक पहुंचाया गया। आरोप है कि इस काम के लिए संदिग्ध व्यक्तियों को 1 करोड़ अमेरिकी डालर प्राप्त हुए थे। एएफपी के मुताबिक इस धांधली में नीदरलैंड की कई कंपनियों के संलिप्त होने का संदेह है।

ईडब्ल्यूपीएल को बेचने के लिए बन चुकी है सहमति
ईडब्ल्यूपीएल ने कहा है कि यह गैसलाइन एक निजी कंपनी ने बनाई है। इसमें पैसा कंपनी के प्रवर्तकों का लगा है। इसमें कोई सार्वजनिक धन नहीं लगाया गया है और बैंकों-वित्तीय संस्थाओं का कर्ज लौटा दिया गया है।

आपको बता दें कि पिछले महीने ही ब्रुकफील्ड के नेतृत्व वाले कनाडा के निवेशक इंडिया इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट (इनविट) ने घाटे में चल रही ईडब्ल्यूपीएल को 13,000 करोड़ रुपए में खरीदने की सहमति जताई है। ईडब्ल्यूपीएल, देश के पूर्वी तट पर स्थित रिलायंस इंडस्ट्रीज के केजी-डी6 गैस क्षेत्र को पश्चिम में गुजरात के ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करती है।

महाराजा अग्रसेन ने पशु बलि का विरोध कर वैश्य वर्ण अपनाया

कोटा। अग्रवाल सेवा उत्थान समिति की ओर से गीता भवन में आयोजित अग्र भागवत कथा की रविवार को पूर्णाहुति की गई। पुष्कर के आचार्य नर्मदा शंकर गुरुजी ने रविवार को अग्रसेन माधवी के विवाह का प्रसंग सुनाया और विधि विधान से विवाह की झांकी सजाते हुए प्रसंग का वर्णन् किया। कथा के दौरान अग्रसेन जी का राजतिलक किया और 18 राजकुमारों की झांकी सजाई गई।

उन्होंने बताया कि महाराजा अग्रसेन के घर 18 पुत्रों का जन्म हुआ। पुत्रों को ऋषि गोत्रों में बांट कर अग्रवंश का विस्तार किया। महाराजा अग्रसेन ने पशु बलि का विरोध कर वैश्य वर्ण अपनाया और अपनी संतानों व प्रजा जनों को कृषि, व्यापार के लिए प्रेरित किया।

इंद्र के प्रकोप से दुखी प्रजाजनों को एक रुपया एक ईंट का सन्देश देकर समता का संदेश दिया। ’प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि अग्र भागवत कथा के अंतिम दिन कथा की पूर्णाहुति हुई। इस दौरान 5 जोड़े ने हवन यज्ञ किया तथा प्रसादी का वितरण किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि चिकित्सा राज्यमंत्री सुभाष गर्ग ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के अग्रोहा नगर में जो भी आता था तो पूरे शहर के लोग उसे एक रुपया, एक ईंट देते थे। उसी सिद्धान्त पर हमें चलना चाहिए। हमेशा दूसरों की सहायता करनी चाहिए।

इस अवसर पर विधायक संदीप शर्मा, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन पूर्वी राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष रामावतार सिंघल, राष्ट्रीय उप महामंत्री हरीश अग्रवाल चाँदीवाला, संस्था के अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल, अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, महामंत्री पीपी गुप्ता, भाजपा जिला मन्त्री जगदीश जिंदल, संजय गोयल, कन्हैया लाल मित्तल, राजमल टाटीवाला, किरण गोयल, किरण अग्रवाल, रेणु गोयल, हेमराज जिंदल, सुनीता गोयल ने महाआरती की।

स्वस्थ जीवन के लिए दैनिक जीवन शैली और खान-पान में बदलाव जरूरी

कोटा। इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से विश्व स्वास्थ्य दिवस पर रविवार को आईएल परिसर में जन जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए दैनिक जीवन शैली और खान-पान में बदलाव जरूरी है।

डाॅ. के श्रृंगी ने मधुमेह के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि खान पान की आदतें और रहन सहन मधुमेह के लिए जिम्मेदार हैं। हमें डाईट, व्यायाम और पैथलोजिकल तरीकों से शुगर लेवल को मेंटेन रखना चाहिए। दैनिक व्यायाम और संतुलित जीवनशैली के द्वारा मधुमेह की रोकथाम की जा सकती है।

भारत में 6.3 करोड़ लोग मधुमेह के शिकार
डाॅ. रूपेश पंवार ने कहा कि दुनिया भर में करीब 35 करोड़ लोग मधुमेह के शिकार हैं। इनमें से करीब 6.3 करोड़ अकेले भारत में हैं। इस मामले को भारत सरकार के द्वारा संजीदगी से लिया जा रहा है और कैंसर, स्ट्रोक और डायबिटीज की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम को सभी राज्यों में लागू कर दिया गया है।

व्यायाम से हार्ट अटैक को टाला जा सकता है
हृदय रोग विशेषज्ञ डाॅ. साकेत गोयल ने कहा कि प्रतिदिन व्यायाम से अपने वजन को नियंत्रित किया जा सकता है। एक बार हार्ट अटैक झेल चुके लोगों को और अधिक सावधानी से अपनी जीवन शैली में बदलाव करना चाहिए। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर व्यक्ति तनाव से घिरा हुआ है, जो हृदयाघात को मुख्य कारण है।

इसके अलावा अधिक मीठा या मसालेदार भोजन, धूम्रपान, शारीरिक गतिविधियों का अभाव दिल को कमजोर बना रहे हैं और प्रदूषण भी इसमें अपना योगदान दे रहा है। लोग कई बार दिल की बीमारी के बारे में पर्याप्त जानकारी न होने पर इसके लक्षणों की अनदेखी कर देते हैं और जानलेवा स्थिति तक पहुंच जाते हैं। बाएं कंधे में दर्द भी दिल की बीमारी की दस्तक हो सकता है। पैरों में दर्द, सूजन पसीना आना और घबराहट होना भी खतरे की घंटी हो सकता है।

नेत्र विशेषज्ञों से परामर्श के बिना इलाज खतरनाक
डाॅ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण लोगों में आंखों में पानी आना, आंखें लाल होना, खुजलाहट, दर्द, जलन और कम दिखाई देने जैसी शिकायतें ज्यादा पाई जाती हैं। ज्यादातर लोग डॉक्टरी सलाह के बिना इन तकलीफों के उपचार के लिए कोई भी दवा डाल लेते हैं।

आंखों के उपचार के लिए उपयोग की जाने वाली दवाओं में 26 प्रतिशत स्टेरॉइड, 21 प्रतिशत एक्सपायर्ड एवं बिना लेबल वाली दवाएं और 13.2 प्रतिशत घरेलू दवाएं शामिल हैं। नेत्र संबंधी विभिन्न बीमारियों में लगभग 18 प्रतिशत लोग नेत्र विशेषज्ञों से परामर्श के बिना इलाज करते हैं।

दक्ष स्वास्थ्य कर्मियों की जरूरत
डाॅ. एस सान्याल ने कहा कि इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस पर हमारा ध्यान सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज पर केंद्रित है। सभी को स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। डाॅ. केवलकृष्ण डंग ने कहा कि हमें मानव संसाधन में निवेश करना होगा। इसके लिए हमें उच्च प्रशिक्षित और दक्ष स्वास्थ्य कर्मियों की जरूरत है।

डाॅ. राजेन्द्र चन्देल ने सभी को मतदान करने की शपथ कराई। इस दौरान डाॅ. उमेश ठाकर, डाॅ. वाई के गुप्ता, डाॅ. सुरभि, डाॅ. लोकेश रावत, डाॅ. जसवंत सिंह, डाॅ. भार्गव समेत कईं चिकित्सक एवं आम जन उपस्थित थे।

विदेशी संकेतों एवं आर्थिक आंकड़ों से तय होगी इस सप्ताह बाजार की चाल

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार की चाल इस सप्ताह जारी होने वाले प्रमुख आर्थिक आंकड़ों और देश की प्रमुख कंपनियों के पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के नतीजों से तय होगी। हालांकि, सप्ताह के आरंभ में तेजी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

पिछले सप्ताह के अंत में अमेरिका में गैर-कृषि क्षेत्र में नौकरियों में इजाफा होने के आंकड़े आने के बाद बाजार में तेजी देखने को मिली, जिसका असर इस सप्ताह भारतीय बाजार पर दिख सकता है। हालांकि घरेलू बाजार की दिशा तय करने में डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव भी भूमिका निभाएगा।

पिछले सप्ताह अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव में तेजी देखने को मिली। अमेरिकी श्रम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मार्च महीने में गैर-कृषि क्षेत्र की नौकरियों में 1,96,000 का इजाफा हुआ। इस आंकड़े के जारी होने पर अमेरिकी शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली।

चुनावी माहौल का भी दिखेगा असर
इसके अलावा, देश के चुनावी माहौल का भी शेयर बाजार पर असर देखने को मिल सकता है। देश में लोकसभा चुनाव और चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए सात चरणों में होने वाले मतदान के पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान होगा।

बाजार की नजर विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों और देसी संस्थागत निवेशकों के निवेश रुझानों पर भी होगी, जिससे बाजार की चाल तय होगी। सप्ताह के आखिर में शुक्रवार को देश के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े जारी हो सकते हैं। इसके अलावा महंगाई दर के भी आंकड़े शुक्रवार को ही जारी होने की संभावना है।

इंफोसिस और टीसीएस के नतीजे भी आएंगे
देश की प्रमुख कंपनियां इन्फोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज भी वित्त वर्ष 2018-19 की आखिरी तिमाही के अपने नतीजे घोषित कर सकती हैं। उधर, यूरोपियन सेंट्रल बैंक ब्याज दर निर्धारण को लेकर अपना फैसला बुधवार को जारी कर सकता है। वहीं, ब्रेक्सिट को लेकर बनी असमंजस की स्थिति का भी दुनियाभर के शेयर बाजारों पर असर देखने को मिल सकता है, जिससे भारतीय शेयर बाजार भी प्रभावित होगा।

सैमसंग गैलेक्सी A20 की सेल कल से, जानिए कीमत और फीचर्स

नई दिल्ली। गैलेक्सी A सीरीज के तीन स्मार्टफोन लॉन्च करने के बाद अब कंपनी ने भारत में अपनी गैलेक्सी A20 स्मार्टफोन पेश किया है। इस स्मार्टफोन के कई फीचर्स इससे पहले लॉन्च हुए गैलेक्सी A सीरीज के स्मार्टफोन्स की तरह ही है। खासतौर पर डिजाइन काफी मिलता जुलता है। स्मार्टफोन में 6.4 इंच सुपर AMOLED इंफिनिटी V डिस्प्ले दिया गया है। गैलेक्सी A20 स्मार्टफोन Exynos 7884 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर से लैस है। स्मार्टफोन में 3GB रैम और 32GB इंटरनल स्टोरेज दिया गया है। स्मार्टफोन 15W फास्ट चार्जिंग सपॉर्ट करता है।

सैमसंग गैलेक्सी A20 स्मार्टफोन की भारत में कीमत
सैमसंग गैलेक्सी A20 स्मार्टफोन की भारत में कीमत 12,490 रुपये है। यह स्मार्टफोन केवल 3GB रैम +32GB स्टोरेज के ऑप्शन में आया है। गैलेक्सी A20 ब्लैक, ब्लू और रेड कलर में उपलब्ध होगा। स्मार्टफोन कल यानी 8 अप्रैल 2019 से सैमसंग ई-स्टोर, सैमसंग ओपेरा हाउस, प्रमुख ई-कॉमर्स पोर्टल और देश भर के रीटेल स्टोर्स में मिलेगा।

इन खूबियों से लैस है Galaxy A20
सैमसंग गैलेक्सी A20 में 6.4 इंच का HD+ सुपर AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। इस फोन में इंफीनिटी-V डिस्प्ले है। स्मार्टफोन में Exynos 7884 ऑक्टा कोर प्रोसेसर है। यह स्मार्टफोन केवल 3GB रैम +32GB स्टोरेज के ऑप्शन में आ रहा है। फोन के स्टोरेज को 512GB तक बढ़ा सकते हैं। फोन में सेल्फी के लिए 8 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है।

वहीं, इसके रियर में ड्यूल कैमरा सेटअप है। यानी, फोन के बैक में दो कैमरे हैं। फोन के बैक में 13 मेगापिक्सल और 5 मेगापिक्सल के कैमरे दिए गए हैं। इस स्मार्टफोन में 15W फास्ट चार्जिंग सपॉर्ट के साथ 4,000 mAh की बैटरी दी गई है। सिक्यॉरिटी के लिए फोन में रियर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है।

घर के लैंडलाइन नंबर से चलाएं Whatsapp, जानिए कैसे

Whatsapp इस वक्त दुनिया का सबसे फेवरिट इंस्टैंट मेसेजिंग ऐप बना हुआ है। वॉट्सऐप अपने यूजर्स के चैटिंग एक्सपीरियंस को पहले से बेहतर बनाने के लिए आए दिन नए-नए फीचर रोल आउट करता रहता है। इसी कड़ी में वॉट्सऐप ने यूजर्स के लिए Whatsapp Business App को लॉन्च किया है। इस फीचर से छोटा बिजनस करने वाले व्यापारियों को काफी फायदा पहुंच रहा है। फीचर की सबसे खास बात है कि व्यापारी अपने लैंडलाइन नंबर से अपना वॉट्सऐप ऑपरेट कर सकते हैं।

इस फीचर की एक और खास बात है कि इससे यूजर्स का पर्सनल मोबाइल नंबर अनचाहे लोगों के साथ शेयर नहीं होता। आइए जानते हैं कि कैसे लैंडलाइन नंबर से वॉट्सऐप चलाया जा सकता है।इस फीचर को इस्तेमाल करने के लिए आपको नॉर्मल वॉट्सऐप या वॉट्सऐप के बिजनस ऐप को डाउनलोड करना होगा। डाउनलोड और इंस्टॉल होने के बाद आप अपने मोबाइल, टैबलेट या लैपटॉप पर इस ऐप को ओपन करें।

एंटर करें डीटेल
ऐप को ओपन करने के साथ ही वॉट्सऐप आपसे आपका कंट्री कोड और आपके 10 डिजिट वाला मोबाइल नंबर एंटर करें। आप चाहें तो यहां अपना लैंडलाइन नंबर भी एंटर कर सकते हैं। नंबर एंटर करने के बाद वॉट्सऐप कॉल या मेसेज भेजकर आपके नंबर को वेरिफाइ करेगा।अगर आपने ऐप में अपना लैंडलाइन नंबर एंटर किया है तो आपको कोई मेसेज नहीं मिलेगा।

थोड़ी देर बाद आपका वेरिफिकेशन मेसेज फेल हो जाएगा। वेरिफिकेशन मेसेज फेल होने के बाद आपको स्क्रीन पर ‘कॉल मी’ का ऑप्शन दिखेगा। इसके बाद आपको इस पर टैप करना है। टैप के बाद आपके लैंडलाइन नंबर पर वॉट्सऐप की तरफ से वेरिफिकेशन कॉल आएगा।

बताया जाएगा वेरिफिकेशन कोड
कॉल रिसीव करने पर आपको एक ऑटोमैटिक वॉइस के जरिए 6 डिजिट का वेरिफिकेशन कोड बताया जाएगा। बताए गए वेरिफिकेशन कोड को ऐप में एंटर करें। वेरिफिकेशन प्रक्रिया के पूरा होने के बाद वॉट्सऐप की जरूरी सेटिंग्स को पूरा करें। आप चाहें तो अपना कोई प्रोफाइल फोटो भी लगा सकते हैं और अपने बिजनस का नाम भी एंटर कर सकते हैं। सभी प्रक्रिया के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद लैंडलाइन नंबर वाला वॉट्सऐप शुरू हो जाएगा।

गोविंदा के गाने पर निक जोनस के ठुमके, देखिये वीडियो

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस किसी न किसी कारण से हमेशा चर्चा में बने रहते हैं। कुछ दिनों पहले जोनस ब्रदर्स ने अपना ‘सकर’ विडियो रिलीज किया था और अब उन्होंने ‘कूल’ नाम का अपना नया विडियो भी रिलीज कर दिया है जो काफी ट्रेंड कर रहा है। इस विडियो में निक जोनस, केविन जोनस और जो जोनस तीनों ही काफी कूल दिखाई देती है।

अब निक की वाइफ और ग्लोबल दीवा प्रियंका चोपड़ा के एक फैन पेज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने पति के गाने का एक डब वर्जन शेयर किया है। इस वर्जन में इस सॉन्ग में बॉलिवुड का तड़का लगा दिया है। दरअसल प्रियंका की शेयर की हुई स्टोरी में इस गाने के विडियो के ऊपर गोविंदा की फिल्म के गाने ‘मेरी पैंट भी सेक्सी’ को लगा दिया गया है। यह विडियो काफी मजेदार है और इसे देखकर आपको भी हंसी आएगी। देखें, यह विडियो:

https://www.instagram.com/p/Bv7AmbSlOPs/?utm_source=ig_web_copy_link

वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका इस समय अपनी अगली फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ की रिलीज का वेट कर रही हैं। शोनाली बोस के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म में उनके साथ फरहान अख्तर और जायरा वसीम दिखाई देंगी।

मध्य प्रदेश सीएम के OSD समेत 50 ठिकानों पर आयकर के छापे

इंदौर।आयकर विभाग की एक बड़ी कार्रवाई में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के OSD (ऑफिस ऑन स्पेशल ड्यूटी) प्रवीण कक्कड़ के घर पर छापेमारी की गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कक्कड़ के खिलाफ कई मामलों की जांच की जा रही थी। बता दें कि आयकर विभाग ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश, गोवा और दिल्ली में करीब 50 जगहों पर छापेमारी की है जिसमें 300 अधिकारी जुटे हैं।

इन्हीं में से एक ककक्ड़ भी हैं जिनके इंदौर और भोपाल स्थित घर और दफ्तर में भी छापा मारा गया है। इसके अलावा दिल्ली में एमपी सीएम कमलनाथ के करीबी के घर भी छापा मारा गया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ के OSD कक्कड़ के इंदौर के विजयनगर स्थित घर में रविवार तड़के छापेमारी की गई। नई दिल्ली से आयकर विभाग की टीम सुबह 3 बजे उनके घर पहुंच गई। टीम के साथ सीआरपीएफ की फोर्स भी मौजूद थी।

तड़के 3 बजे से ही उनके घर पर छापेमारी शुरू कर दी गई और जिन चीजों को लेकर टीम को शक है, उनकी तलाश की जा रही है। कक्कड़ के इंदौर स्थित घर के अलावा उनके भोपाल के घर और दफ्तर में भी छापे मारे गए हैं। कक्कड़ का परिवार हॉस्पिटैलिटी समेत विभिन्न क्षेत्रों के कारोबार से जुड़ा है।

प्रतीक जोशी के घर से मिला कैश

कमलनाथ के भांजे से ईडी कर चुका पूछताछ
बता दें कि इससे पहले कमलनाथ के भांजे को लेकर प्रवर्तन निदेशालय भी पूछताछ कर चुका है और अब उनके OSD के घर पर छापेमारी की गई है। गौरतलब है कि इससे पहले कक्कड़ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के साथ अटैच्ड थे।

300 अधिकारियों ने 50 जगहों पर मारे छापे
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक करीब 50 जगहों पर छापेमारी की गई है। कक्कड़ के निवास के अलावा रतुल पुरी, अमीरा ग्रुप और मोजर बेर पर भी छापे मारे गए हैं। भोपाल में प्रतीक जोशी के घर से बड़ी मात्रा में कैश भी बरामद किया गया है।

इंदौर के साथ ही भोपाल, गोवा और दिल्ली में 35 जगहों पर छापेमारी की गई। इसके अलावा दिल्ली के ग्रीन पार्क में एमपी सीएम के करीबी आरके मिगलानी घर भी छापेमारी की गई है। इस कार्रवाई में करीब 300 आयकर विभाग के अधिकारी जुटे हैं।

होम लोन की EMI किराए के घर से सस्ती होगी, जानिए कैसे

नई दिल्ली। आम आदमी को राहत देने में जुटी केंद्र सरकार अब ब्याज दरों पर काबू करने का प्रयास कर रही है। सरकार की योजना ब्याज दरों में इतनी कटौती करना है कि होम लोन की EMI किराए के घर से सस्ती हो जाए। यह बात वित्त मंत्री अरुण जेटली ने एक इंटरव्यू के दौरान कही है।

वित्त मंत्री का कहना है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रेपो रेट में कमी कर दी है। अब बैंकों की जिम्मेदारी है कि वह इसे अपने ग्राहकों को पास करें। उन्होंने कहा कि आरबीआई ने बैंक की ओर से लोन की ब्याज दरें निर्धारित करने के लिए मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट्स (MCLR) पॉलिसी बनाई है।

MCLR की गणना धनराशि की सीमांत लागत, आवधिक प्रीमियम, संचालन खर्च और कैश रिजर्व अनुपात को बनाए रखने की लागत के आधार पर की जाती है। इस गणना के आधार पर ही लोन जिया जाता है। आधार दर से MCLR की दर कम होने के कारण सभी प्रकार के लोन सस्ते हो जाते हैं। जेटली का कहना है कि अब बैंकों को MCLR पॉलिसी के आधार पर ब्याज दरें तय करनी होंगी। इसका असर कुछ दिन बाद नजर आएगा।

दो बार कम हुआ रेपो रेट
RBI ने हाल के दिनों में दो बार रेपो रेट में कटौती की है। इससे रेपो रेट घटकर 6 फीसदी पर आ गया है। वित्त मंत्री ने उम्मीद जताई कि बैंक इसका फायदा अपने ग्राहकों तक पहुंचाएंगे। वित्त मंत्री का मानना है कि रेपो रेट में कटौती के बाद होम लोन, ऑटो लोन और पर्सनल लोन की ब्याज दरों में कटौती करेंगे। इससे यह और सस्ते हो जाएंगे। आपके बता दें कि रेपो रेट वह ब्याज दर होता है जिस पर बैंक आरबीआई से कर्ज लेते हैं।