Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 4887

विदेशी मुद्रा भंडार 1.87 अरब डॉलर बढ़कर 413.80 अरब डॉलर हुआ

मुंबई। देश का विदेशी मुद्रा भंडार पांच अप्रैल को समाप्त हुए सप्ताह में 1.876 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 413.781 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसका कारण विदेशी मुद्रा आस्तियों में आई तेजी है। भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों में शुक्रवार को इसकी जानकारी दी गयी। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 5.237 अरब डॉलर बढ़कर 411.905 अरब डॉलर हो गया था।

इस तेजी में रिजर्व बैंक द्वारा पहली बार डॉलर-रुपया की अदला बदली कार्यक्रम ने काफी मदद की। रिज़र्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह में, विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 2.062 अरब डॉलर बढ़कर 386.116 अरब डॉलर हो गईं। विदेशी मुद्रा भंडार इससे पहले 13 अप्रैल, 2018 को समाप्त सप्ताह में 426.02 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

इसके बाद से इसमें काफी गिरावट आई। केन्द्रीय बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह में देश का आरक्षित स्वर्ण भंडार 18.26 करोड़ डॉलर घटकर 23.225 अरब डॉलर रह गया। सप्ताह के दौरान अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास सुरक्षित विशेष निकासी अधिकार 12 लाख डॉलर घटकर 1.455 अरब डॉलर रह गया। केन्द्रीय बैंक ने कहा कि आईएमएफ में देश का आरक्षित भंडार भी 25 लाख डॉलर घटकर 2.983 अरब डॉलर रह गया।

इंडस्ट्रियल ग्रोथ पिछले 22 महीनों में सबसे कम

नई दिल्ली। फरवरी में इंडस्ट्रियल प्रॉडक्शन गिरकर 0.1 फीसदी पर पहुंच गया है। पिछले 22 माह में यह इंडिस्ट्रियल ग्रोथ सबसे कम है। बता दें कि जनवरी में इंडस्ट्रियल ग्रोथ 1.7 फीसदी रही थी। नए आंकड़े दिखाते हैं कि इंडस्ट्रियल सेक्टर में कमजोरी चल रही है। इसके अलावा रिटेल इन्फ्लेशन मार्च में बढ़कर 2.86 फीसदी पहुंच गई है। इकनॉमी के लिए यह एक डबल शॉक है।

वहीं मुख्य सेक्टर की बात करें तो यहां कुछ सुधार दिखे और 2.1 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की गई। इससे इंडस्ट्रियल प्रॉडक्शन के आंकड़ों में भी सुधार होने के संकेत मिलते हैं। 8 मुख्य सेक्टर इंडस्ट्रीज का कुल इंडस्ट्रियल प्रॉडक्शन की इंडेक्स में करीब 40 प्रतिशत कब्जा है।इंडेक्स से पता चलता है कि करीब सभी सेक्टर में कैपिटल गुड्स रिकॉर्डिंग कॉन्ट्रैक्शन में 9.8 प्रतिशत की कीमी और इंटरमीडिएट गुड्स में 4.9 प्रतिशत की कमी आई है।

अप्रैल-फरवरी 2018-19 के दौरान, इंडस्ट्रियल ग्रोथ 4 फीसदी रही जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह बढ़त 4.3 फीसदी रही थी। यह जानकारी सेंट्रल स्टैटिस्टिक्स ऑफिस (CSO) द्वारा रिलीज किए गए आंकड़ों के मुताबिक है। वहीं बात करें रिटेल इन्फ्लेशन (खुदरा मुद्रास्फीति) यानी सीपीआई की तो मार्च में यह बढ़कर 2.86 फीसदी हो गई है। फरवरी में यह 2.57 फीसदी रही थी।

मार्च में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर 2.86 प्रतिशत पर पहुंची

नयी दिल्ली।देश में खुदरा मुद्रास्फीति की दर मार्च महीने में बढ़कर 2.86 प्रतिशत पर पहुंच गई। शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार मुख्य रूप से खाद्य वस्तुओं और ईंधन के दाम बढ़ने से खुदरा मुद्रास्फीति बढ़ी है।

उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित खुदरा मुद्रास्फीति एक महीना पहले फरवरी में 2.57 प्रतिशत रही थी जबकि एक साल पहले मार्च में यह 4.28 प्रतिशत पर थी।

केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार मार्च महीने में खाद्य वस्तु समूह की मुद्रास्फीति बढ़कर 0.3 प्रतिशत हो गई जो कि फरवरी में 0.66 प्रतिशत घटी थी। ईंधन और प्रकाश श्रेणी में भी मुद्रास्फीति बढ़ी।

मार्च में ईंधन और प्रकाश खंड में मुद्रास्फीति बढ़कर 2.42 प्रतिशत हो गई, जो फरवरी में 1.24 प्रतिशत थी।

लगातार आठवें सप्ताह तेजी के साथ बंद बाजार, सेंसेक्स 160 अंक उछला

नई दिल्ली। ऑटो और बैंकिंग सेक्टर में छाई लिवाली के कारण भारतीय शेयर बाजार कारोबार सप्ताह के अंतिम दिन बढ़त के साथ बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 160 अंकों की तेजी के साथ 38,767 अंकों पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 46 अंकों की तेजी के साथ 11,643 अंकों पर बंद हुए। शेयर बाजार लगातार आठवें सप्ताह तेजी के साथ बंद हुए हैं।

बंबई स्टॉक एक्सचेंज के सेंसेक्स में अंतिम दो घंटों में बैंकिंग और ऑटो सेक्टर में छाई लिवाली के दम पर शेयर बाजारों में बहार लौटी। सेंसेक्स में बैंकिंग सेक्टर में 194 अंकों की तेजी रही और यह 33,678 अंकों पर बंद हुए। ऑटो सेक्टर में 190 अंकों की तेजी दर्ज की गई और यह 19,785 अंकों पर बंद हुआ।

इन शेयरों में रही तेजी
सेंसेक्स में रेन इंडस्ट्रीज लिमिटेड में 19.32 फीसदी, पीसी ज्वैलर्स में 16.92 फीसदी, सुजलॉन में 9.25 फीसदी, टीवी-18 ब्रॉडकास्ट में 9.22 फीसदी और स्पाइसजेट में 8.54 फीसदी की तेजी रही। निफ्टी में आईटीसी में 3.71 फीसदी, गेल में 3.68 फीसदी, मारुति में 2.23 फीसदी, जी एंटरटेनमेंट में 1.57 फीसदी, सिप्ला में 1.50 फीसदी की तेजी रही।

इन शेयरों में रही गिरावट
सेंसेक्स में इंडियाबुल्स रियल एस्टेट में 6.27 फीसदी, आरकॉम में 4.85 फीसदी, टाटा स्टील में 3.95 फीसदी, Edelweiss फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में 3.27 फीसदी और डीएचएफएल में 3.21 फीसदी की गिरावट रही। निफ्टी में इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस में 2.13 फीसदी, आईओसी में 1.52 फीसदी, एलएंडटी में 1.32 फीसदी, टाटा मोटर्स में 1.19 फीसदी और बजाज फाइनेंस में 1.18 फीसदी की गिरावट रही।

सोना हफ्ते के सबसे निचले स्तर पर, चांदी भी सस्ती, जानिए नई कीमतें

नई दिल्ली/ कोटा। वैश्विक स्तर पर पीली धातु के 1,300 डॉलर प्रति औंस से नीचे उतरने के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने पर दबाव रहा और यह 170 रुपए लुढ़ककर करीब एक सप्ताह के निचले स्तर 32,850 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 350 रुपए टूटकर 38,200 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में गुरुवार को सोने में दो सप्ताह की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट देखी गई और यह एक फीसदी से भी ज्यादा टूट गया। इसका असर आज यहां स्थानीय बाजार में देखा गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका में बेरोजगारी दावा तकरीबन पांच दशक के निचले स्तर पर आने तथा उत्पादों की कीमतों में पांच महीने की सबसे बड़ी तेजी के आंकड़ों से पीली धातु दबाव में आ गई।

शुक्रवार को डॉलर में आयी नरमी से सोने में थोड़ा सुधार देखा गया, हालांकि यह अब भी 1,300 डॉलर के नीचे बना हुआ है। सोना हाजिर 3.15 डॉलर चढ़कर 1,295 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। जून का अमेरिकी सोना वायदा भी 4.90 डॉलर की बढ़त में 1,298.20 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चांदी हाजिर 0.11 डॉलर चमककर 15.06 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी।

स्थानीय बाजार में सोने में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। सोना स्टैंडर्ड 170 रुपए टूटकर 32,850 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। यह 06 अप्रैल के बाद का इसका निचला स्तर है। सोना बिटुर भी इतना ही फिसलकर 32,680 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 26,400 रुपए पर स्थिर रही।

चांदी की औद्योगिक ग्राहकी कमजोर रहने से इसमें भी लगातार दूसरे दिन नरमी देखी गयी। चांदी हाजिर 350 रुपए लुढ़ककर 38,200 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। चांदी वायदा 335 रुपए की गिरावट में 37,225 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 80 हजार और 81 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।

कोटा सर्राफा
चांदी 38200 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 32900 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38370 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 33070 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38570 रुपये प्रति तोला।

बिना कार्ड एटीएम से निकाल सकते हैं ICICI बैंक के ग्राहक भी कैश

नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की तर्ज पर अब प्राइवेट बैंक ICICI बैंक ने भी अपने ग्राहकों के लिए कार्ड के बिना एटीएम से कैश निकालने की सुविधा शुरू कर दी है। खास बात यह है कि ICICI बैंक की इस सुविधा का लाभ खाताधारक के अलावा अन्य व्यक्ति भी ले सकता है। बस इस सुविधा का लाभ लेने के लिए पैसे निकालने वाले के पास एक मोबाइल नंबर होना चाहिए।

ICICI बैंक की वेबसाइट के अनुसार, बिना एटीएम कार्ड कैश निकालने के लिए खाताधारक को सबसे पहले नेटबैंकिंग पर लॉगइन करना होगा। यहां लॉगइन के बाद कार्डलैस कैश विदड्रॉल ट्रांजेक्शन पर क्लिक करना होगा।

इस सेवा का लाभ लेने से पहले खाताधारक को अपने नेट बैंकिंग अकाउंट में पैसे निकालने वाले व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।

इस व्यक्ति को लाभार्थी माना जाएगा। इसके बाद आपको आपको कार्डलैस कैश विदड्रॉल विकल्प में जाकर लाभार्थी का नाम चुनना होगा। इसके बाद आपको राशि दर्ज करनी होगी। एक बार सफलतापूर्वक पुष्टि हो जाने के बाद वह राशि बैंक से निकाली जा सकती है।

खाताधारक और लाभार्थी के पास आएगा कोड
नेट बैंकिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैंक की ओर से खाताधारक के मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए 4 डिजिट का एक कोड आएगा। इसी प्रकार लाभार्थी के पास भी बैंक की ओर से 6 डिजिट का कोड SMS के जरिए भेजा जाएगा। खाताधारक को अपना 4 डिजिट का कोड लाभार्थी को भेजना होगा।

लाभार्थी को खाताधारक का 4 डिजिट का कोड और अपना 6 डिजिट का कोड और अपना मोबाइल नंबर एटीएम में एंटर करना होगा। इसके बाद खाताधारक की ओर से भेजी गई राशि एटीएम से निकाली जा सकेगी। यह कोड 24 घंटे तक मान्य रहेंगे। ICICI बैंक की वेबसाइट के अनुसार, ग्राहक रविवार और बैंक अवकाश वाले दिन भी इस सेवा का लाभ ले सकते हैं।

ऐसे पता करें कार्डलैस कैश विदड्रॉल एटीएम
बैंक की वेबसाइट के अनुसार, कार्डलैश कैश निकालने के लिए एटीएम की तलाशी एक SMS के जरिए की जा सकती है। इसके लिए खाताधारक को ATMCC स्पेस अपना पिनकोड लिखकर 922220888 पर भेजना होगा।

इसके बाद खाताधारक को उसके नजदीकी कार्डलैस कैश निकालने की सुविधा देने वाले एटीएम की जानकारी मिल जाएगी। वेबसाइट के अनुसार, अभी देशभर में 10 हजार एटीएम पर इस सुविधा का लाभ लिया जा सकता है। इस सुविधा के तहत एक बार में 10 हजार रुपए भेजे जा सकते हैं। यह सीमा 20 हजार रुपए प्रतिदिन और 25 हजार रुपए प्रति लाभार्थी प्रतिमाह है।

Facebook पर दुनिया के दिग्‍गज नेताओं को पछाड़कर पीएम मोदी बने नंबर-1

0

नई दिल्‍ली । दुनिया के दिग्गज नेता जहां अपने फेसबुक पेज को प्रमोट करने के लिए अपनी जेबें ढीली कर रहे हैं, वही भारतीय प्रधानमंत्री मोदी बिना ऐसा कोई उपक्रम किए इस सोशल वेबसाइट पर सबके सिरमौर बन गए हैं। 2019 वर्ल्‍ड लीडर्स ऑन फेसबुक नामक जारी रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया है।

यह रिपोर्ट सालाना तैयार किए जाने वाली ‘ट्विप्लोमेसी’ स्टडी का हिस्सा है जिसे दुनिया की जानी-मानी संचार एजेंसी बीसीडब्ल्यू तैयार करती है। इस सूची में दूसरे स्थान पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हैं तो ब्राजील के नए नवेले राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो फेसबुक पर सबसे इंगेज्ड वैश्विक नेता हैं।

ऐसे हुआ अध्ययन
फेसबुक के ‘क्राउडटैंगल’ टूल की मदद से 962 फेसबुक पेजों की एक्टिविटी का विश्लेषण किया गया। ये पेज ऐसे लोगों के हैं जो किसी देश के मुखिया हैं या फिर सरकार में शामिल हैं।

1- नरेंद्र मोदी
भारतीय प्रधानमंत्री के निजी फेसबुक पेज पर 4.35 करोड़ लाइक्स हैं जबकि उनके आधिकारिक पेज को 1.37 करोड़ लाइक मिले हैं।

2- डोनाल्ड ट्रंप
अपने विवादित बयानों के चलते सुर्खियां बटोरने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति के निजी फेसबुक पेज को 2.30 करोड़ लाइक्स मिले हैं। इनके पेज पर लोगों से किए गए संवाद की संख्या 8.40 करोड़ हैं।

3- क्वीन रानिया
जॉर्डन के सुल्तान अब्दुल्लाह की पत्नी 1.69 करोड़ लाइक्स के साथ तीसरे पायदान पर हैं। सामाजिक सरोकारों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेती हैं। फेसबुक के साथ ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भी इनका अकाउंट है।

4- जायर बोल्सोनारो
एक जनवरी, 2019 को ब्राजील के 38वें राष्ट्रपति बनने वाले जायर फेसबुक पर दुनिया के सबसे इंगेज्ड विश्व नेता हैं। इनके पेज पर 14.5 करोड़ लोगों से किए गए संवाद दर्ज हैं।

लाइक्स बढ़ाने की रणनीति
फेसबुक ने हाल ही में अपने एल्गोरिद्म में बदलाव किया है। उसकी इस रणनीति को भेदने के लिए कुछ वैश्विक राजनेता अपने पोस्ट और पेज को प्रमोट करने के लिए फेसबुक विज्ञापनों का सहारा ले रहे हैं। फेसबुक की एड लाइब्रेरी के अनुसार मार्च 2019 की शुरुआत में ऐसे पेजों की संख्या 50 थी।

विज्ञापनों की संख्या
ट्रंप के फेसबुक पेज के अस्तित्व में आने के बाद से अब तक 50 हजार से अधिक विज्ञापन पोस्ट किए जा चुके हैं। ब्रिटेन की पीएम टेरीजा मे के पेज पर दिसंबर 2018 में 74 पेड एड पोस्ट किए गए। इसके तहत उनके ब्रेक्जिट प्लान को प्रमोट किया गया था।

संवाद में गिरावट
विश्व के नेताओं से जुड़े फेसबुक पेज पर किए जाने वाले संवाद में गिरावट दर्ज हुई है। 2016 में इन पेजों पर 1.1 अरब संवाद किए गए थे। 2018 में इनमें 32.3 फीसद की गिरावट देखी गई।

सोशल मीडिया पर राजनेता
लोगों का ध्यान सहजता से खींच लेते हैं, लेकिन हमारी हालिया ट्विप्लोमेसी स्टडी पुष्टि करती है कि इन लोगों के लिए भी पेड स्ट्रेटजी अहम है जिससे इनकी पोस्टों को ज्यादा से ज्यादा लाइक मिल सके और वे प्रभावी साबित हों। इसके अतिरिक्त लोगों को खुद से जोड़े रखने के लिए कई नेता इस मंच के सभी टूल्स का बखूबी इस्तेमाल कर रहे हैं जिनमें फेसबुक लाइव से लेकर फेसबुक स्टोरीज तक शामिल हैं।
चड लैट्ज (चीफ इनोवेशन ऑफिसर, बीसीडब्ल्यू)

कोटा व बूंदी जिले के किसान भी भामाशाह मंडी में बेच सकेंगे समर्थन मूल्य पर गेहूं

कोटा। भामाशाहमंडी में अब कोटा तथा बूंदी जिले के सभी किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं बेच सकेंगे। भारतीय खाद्य निगम व जिला प्रशासन की संयुक्त वार्ता के बाद यह निर्णय हुआ है। इससे दोनों जिलों के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।अभी तक सरकारी खरीद के लिए पंचायत समिति वार ही खरीद केन्द्र तय किए गए थे।

भामाशाहमंडी में केवल लाडपुरा पंचायत समिति क्षेत्र के किसान ही सरकारी कांटे पर गेहूं बेच सकते थे। इसका किसान संगठनों ने विरोध किया था। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री मुकुट नागर के नेतृत्व में किसानों ने गुरुवार को एफसीआई के अधिकारियों से भेंटकर खरीद व्यवस्था में बदलाव नहीं करने पर मंडी बंद करने का ऐलान कर दिया था। एफसीआई अधिकारियों ने इसके बाद जिला प्रशासन से बात की। इसके बाद यह निर्णय हुआ है। दोपहर बाद एफसीआई की ओर से टोकन देने क काम शुरू कर दिया है।

रामनवमी पर मंडी में अवकाश रहेगा
कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेन्ट्स एसोसिएशन ने रामनवमी के उपलक्ष पर 13 अप्रेल को भामाशाहमंडी में अवकाश की घोषणा की है। उधर मंडी सचिव एमएल जाटव ने कहा कि मंडी के नीलामी यार्ड में पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण शनिवार और रविवार रात 11 बजे तक मंडी गेट बंद रखा जाएगा। मंडी सोमवार को ही खुलेगी। किसान रविवार रात 11 बजे बाद ही जिंस लेकर आएं।

299 के रिचार्ज पर JIO देगा 10,000 का कैशबैक, जानिए क्या है प्लान

नई दिल्ली। Reliance jio ने अपने ग्राहकों के लिए एक बार फिर शानदार ऑफर लेकर आया है। यह ऑफर खासक Vivo के कस्टमर्स के लिए है। अगर आपके पास Vivo के V15 और V15 प्रो है तो आप भी इस प्लान का फायदा उठा सकेंगे।

जियो का यह ऑफर नए और पुराने दोनों ग्राहकों के लिए है। ऑफर के तहत ग्राहकों को जियो का 299 रुपए वाला प्लान लेना होगा। इस प्लान का इस्तेमाल करने पर ग्राहकों को 10 हजार रुपए का कैशबैक मिलेगा। Vivo के V15 और V15 प्रो फोन रखने वाले ग्राहकों को अपने हर रिचार्ज पर 150 रुपए तक का फायदा मिलेगा।

इस ऑफर की अच्छी बात है कि सिर्फ एक या दो बार नहीं बल्कि 40 बार मोबाइल रिचार्ज पर इसका फायदा मिल सकता है। यानी हर बार ग्राहकों को कैश बैक के तौर पर 150 रुपए दिए जाएंगे। इस हिसाब से अगर आप टोटल 40 बार रिचार्ज कराते हैं 6000 रुपए तक का फायदा होता है। इसके अलावा कूपन भी मिलेंगे। अगर आप कूपन के फायदों को अलग से जोडें तो Vivo के ग्राहक 4000 रुपए तक बचा सकते हैं।

सैमसंग का गैलेक्सी A20e स्मार्टफोन लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर

नई दिल्ली। साल 2019 की शुरुआत से अभी तक Samsung ने अपने कई स्मार्टफोन्स को लॉन्च किया है। इसी सिलसिले को जारी रखते हुए कंपनी ने पिछले दिनों में थाईलैंड में हुए एक इवेंट के दौरान अपने 7 नए स्मार्टफोन्स को लॉन्च किया। इस लॉन्च को अभी कुछ ही दिन हुए थे कि कंपनी ने यूरोप में भी Galaxy A Series का एक और बजट स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया है।

यूरोप में कंपनी ने Galaxy A20 के सस्ते वेरियंट Galaxy A20e को पेश किया है। सैमसंग ने इस फोन की कीमत 179 यूरो रखी है जो भारतीय रुपये के हिसाब से 13,910 रुपये है। ब्लैक और वाइट कलर ऑप्शन के साथ आने वाले इस फोन की बिक्री यूरोप में इस महीने के अंत से शुरू होगी।

गैलेक्सी ए20इ के स्पेसिफिकेशंस
3जीबी रैम और 32जीबी इंटरनल स्टोरेज के साथ आने वाले इस फोन में Exynos प्रोसेसर दिया गया है। जरूरत पड़ने पर फोन की मेमरी को माइक्रो एसडी कार्ड की मदद से 512जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। गैलेक्सी ए20इ ऐंड्रॉयड 9.0 पाई पर बेस्ड Samsung One UI ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है।

डिस्प्ले की बात करें तो इस फोन में 720×1560 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 5.8 इंच का एचडी+ इनफिनिटी-वी डिप्स्ले दिया गया है। ड्यूल सिम फीचर वाले इस फोन में फटॉग्रफी के लिए 13 मेगापिक्सल + 5 मेगापिक्सल का ड्यूल रियर कैमरा सेटअप मौजूद है। वहीं सेल्फी के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का कैमरा उपलब्ध है।

कनेक्टिविटी के लिए सैमसंग गैलेक्सी में 4G VoLTE, 3G, वाई-फाई, ब्लूटूथ, जीपीएस और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट दिया गया है। फोन को पावर देने के लिए इसमें 3,000 mAh की बैटरी दी गई है। कंपनी गैलेक्सी ए सीरीज के स्मार्टफोन्स को Galaxy J-Series की जगह पर लॉन्च कर रही है। हाल ही में कंपनी ने ऑफिशल यूट्यूब चैनल पर एक विडियो शेयर कर इस बात की जानकारी दी थी वह गैलेक्सी जे सीरीज को गैलेक्सी ए सीरीज से रिप्लेस कर रही है।