Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 4849

CBSE रिजल्ट: SRP स्कूल के 47 छात्रों ने 90 % से अधिक अंक प्राप्त किए

कोटा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में एसआर पब्लिक स्कूल का उत्कृष्ट परिणाम रहा। छात्रों ने CBSE बोर्ड परीक्षा-2019 में विज्ञान वर्ग में विद्यालय के छात्र सौमिल सरावगी 97.8, पूनिया पूर्वी 96.6, कुमार शौर्य 96.4, राम खण्डेलवाल 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किये।

दीप मैतीव सक्षम गुप्ता 95.8, अमन तोषनीवाल व कार्तिक त्यागी 95.6, मयंक अग्रवाल, संस्कार आकाश व श्रेय गुप्ता ने 95 व वाणिज्य वर्ग में अनुज दुबे 94.8 व श्रुतेश धीरज ने 94.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय का ही नहीं वरन् पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

विद्यालय के 47 छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं । विद्यालय के चेयरमैन आनंद राठी, निदेशक अंकित राठी व प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने सभी छात्रों को फूल माला पहनाकर व मुंह मीठा करवा कर इनकी सफलता पर बधाई दी और इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

SRP स्कूल में एक्टर अरविंद कुमार ने बच्चों को सिखाया राजस्थानी संस्कृति का पाठ

कोटा। राजस्थानी फिल्म ‘पक्की हीरोगिरी’ के प्रोमो शो के लिए मुंबई से आये फिल्म अभिनेता अरविंद कुमार ने गुरुवार को एसआर पब्लिक स्कूल के बच्चों से मुलाकात की और राजस्थानी संस्कृति का सन्देश दिया। इस दौरान फिल्म के सह-निर्देशक निषेध सोनी भी उनके साथ थे।

अपने बीच फिल्म के हीरो अरविंद कुमार को पाकर बच्चों की खुशी का ठिकाना न रहा । इस अवसर पर फिल्म अभिनेता अरविंद कुमार ने बताया कि वे फिल्म के माध्यम से राजस्थानी भाषा एवं संस्कृति को बढ़ावा देने तथा सामाजिक बुराइयों व गौ रक्षा के लिए जागरूकता पैदा करने का कार्य कर रहे हैं ।

उन्होंने इससे पहले कई फिल्मों में कार्य किया है । राजस्थानी फिल्म की अभिनेत्री नीलू जो कि ‘भाभो’ के नाम से प्रसिद्ध हैं । दोनों की जोड़ी टीवी शो ‘नच-बलिये’ में भी हिट रही है । विद्यालय में कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा गीता के बारहवें अध्याय व जन्मदिवस पर गाये जाने वाले गीत ‘सुदिनम्-सुदिनम्’ जैसे गीत को सुनकर अरविंद बहुत प्रसन्न हुए।

उन्होंने कहा कि हम अनेक स्कूलों में गये, लेकिन ऐसा पहली बार देखा है जहाँ बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ संस्कारों से भी पल्लवित किया जाता है। अंत में उन्होंने कहा कि हम ऐसे विद्यालय के बच्चों को उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए अपनी फिल्मों में जरूर जगह देंगे, ताकि उनहे आगे बढ़ने का मौका मिल सके। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने अरविंद कुमार को स्मृति चिन्ह देकर धन्यवाद ज्ञापित किया ।

राजस्थानी फिल्म पक्की हीरोगिरी के नायक अरविंद कुमार का यह इंटरव्यू भी देखिए-

मामूली गिरावट के साथ बंद हुए शेयर बाजार

मुंबई। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बृहस्पतिवार को शेयर बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। मिले-जुले वैश्विक रुख के बीच बैंकिंग और वाहन शेयरों में कमजोरी से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 50.12 अंक या 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38,981.43 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान सेंसेक्स 300 अंक ऊपर नीचे हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 38,882.99 अंक का निचला स्तर और 39,189.95 अंक का उच्चस्तर भी छुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 23.40 अंक या 0.20 प्रतिशत के नुकसान से 11,724.75 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान निफ्टी 89.75 अंक के दायरे में ऊपर नीचे हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स में सबसे अधिक 3.29 प्रतिशत की गिरावट आई। आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, एक्सिस बैंक, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, सनफार्मा, एसबीआई, टाटा स्टील और एनटीपीसी के शेयर 3.23 प्रतिशत टूटे। वहीं दूसरी ओर यस बैंक का शेयर सबसे अधिक 3.45 प्रतिशत सुधर गया।

पावरग्रिड, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, हीरो मोटोकॉर्प, बजाज आटो, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, कोटक बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलएंडटी, वेदांता, आईटीसी, ओएनजीसी और मारुति के शेयर 1.88 प्रतिशत तक चढ़ गए। कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने अपनी बेंचमार्क ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया है।

ऐसे में वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोरी के रुख से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इस बीच, देश के विनिर्माण क्षेत्र का प्रदर्शन अप्रैल में आठ महीने के निचले स्तर पर आ गया। निक्की इंडिया विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक मार्च के 52.6 से घटकर अप्रैल में 51.8 पर आ गया। यह अगस्त, 2018 से कारोबारी परिस्थितियों में सबसे कमजोर सुधार है।

हाजिर मांग के कारण ग्वारसीड वायदा कीमतों में तेजी

नयी दिल्ली। हाजिर बाजार की सकारात्मक मांग के बीच व्यापारियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे बृहस्पतिवार को वायदा कारोबार में ग्वारसीड की कीमत 61 रुपये की तेजी के साथ 4,390 रुपये प्रति 10 क्विन्टल हो गई।

बाजार सूत्रों ने कहा कि उत्पादक क्षेत्रों से मामूली आपूर्ति के कारण घरेलू बाजार में मजबूती के रुख को देखते हुए सटोरियों द्वारा अपने सौदों का आकार बढ़ाने से मुख्यत: ग्वारसीड वायदा कीमतों में तेजी आई।

एनसीडीईएक्स में ग्वारसीड के मई महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 61 रुपये अथवा 1.41 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,390 रुपये प्रति 10 क्विन्टल हो गई जिसमें 62,090 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

इसी प्रकार ग्वारसीड के जून महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत भी 65 रुपये अथवा 1.53 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,456.5 रुपये प्रति 10 क्विन्टल हो गई जिसमें 65,500 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

निर्यात मांग के कारण ग्वारगम वायदा कीमतों में तेजी

नयी दिल्ली। हाजिर बाजार में निर्यात मांग में तेजी आने के बीच बृहस्पतिवार को वायदा कारोबार में ग्वारगम की कीमत 144 रुपये की तेजी के साथ 8,826 रुपये प्रति पांच क्विन्टल हो गई।

एनसीडीईएक्स में ग्वारगम के मई महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 144 रुपये अथवा 1.66 प्रतिशत की हानि के साथ 8,826 रुपये प्रति पांच क्विन्टल हो गई जिसें 315 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

इसी प्रकार ग्वारगम के सर्वाधिक सक्रिय जून महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत एक रुपये अथवा 0.01 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,000 रुपये प्रति पांच क्विन्टल हो गई जिसें 67,230 लॉट के लिए कारोबार हुआ।

सोना दो हफ्ते के निचले स्तर पर, चांदी पांच महीने में सबसे सस्ती

नई दिल्ली/ कोटा वैश्विक दबाव में दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 250 रुपए टूटकर दो सप्ताह के निचले स्तर 32,620 रुपए प्रति दस ग्राम पर और चांदी 825 रुपए लुढ़ककर पांच महीने के निचले स्तर 37,700 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर नहीं घटाने से विदेशी बाजारों में सोना एक सप्ताह के निचले स्तर पर आ गया। इसका असर आज स्थानीय बाजार पर भी देखा गया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोना हाजिर 6.65 डॉलर की गिरावट के साथ 1,270.80 डॉलर प्रति औंस पर रहा। बुधवार को अमेरिकी केंद्रीय बैंक के ब्याज दर स्थिर रखने की घोषणा के बाद यह 1,270.37 डॉलर प्रति औंस तक लुढ़क गया था जो एक सप्ताह का निचला स्तर है। जून का अमेरिकी सोना वायदा 12.50 डॉलर की गिरावट के साथ 1,271.70 डॉलर प्रति औंस बोला गया। विदेशों में चांदी हाजिर भी 0.05 डॉलर टूटकर 14.61 डॉलर प्रति औंस रह गई।

विदेशी बाजारों के दबाव में स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 250 रुपए टूटकर 18 अप्रैल के बाद के निचले स्तर 32,630 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। यह पीली धातु में दो सप्ताह की सबसे बड़ी गिरावट है। सोना बिटुर इतना ही लुढ़ककर 32,450 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी मजबूती से 26,400 रुपये पर टिकी रही।

चांदी हाजिर दिसंबर के बाद सबसे सस्ती हुई
चांदी की औद्योगिक ग्राहकी भी कमजोर रहने से इसमें ज्यादा गिरावट रही। चांदी हाजिर 825 रुपए लुढ़ककर 37,700 रुपए प्रति किलोगाम रह गया। यह पिछले साल 06 दिसंबर के बाद का निचला स्तर है। साथ ही यह एक महीने की सबसे बड़ी गिरावट भी है। चांदी वायदा 700 रुपए गिरकर 36,375 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली दो-दो हजार रुपए टूटकर क्रमश: 78 हजार और 79 हजार रुपए प्रति सैकड़ा के भाव बिके।

कोटा सर्राफा
चांदी 37500 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 32650रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38080 रुपये प्रति तोला
सोना शुद्ध 32810रुपये प्रति दस ग्राम, .सोना 38270 रुपये प्रति तोला

OnePlus 6T 9 हजार रुपये सस्ता, जानिए कहाँ से खरीदने में फायदा

नई दिल्ली।अगर आप वनप्लस का फ्लैगशिप स्मार्टफोन OnePlus 6T खरीदने का मन बना रहे हैं तो यह आपके लिए बेहतरीन मौका है। ई-कॉमर्स कंपनी Amazon अपनी समर सेल में OnePlus 6T पर तगड़ा डिस्काउंट दे रही है। ऐमजॉन ने खुलासा किया है कि समर सेल में OnePlus 6T पर 9,000 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा।

ऐमजॉन की समर सेल 4-7 मई तक है। हालांकि, ऐमजॉन के प्राइम मेंबर्स 3 मई से इस सेल में हिस्सा ले सकेंगे। ऐमजॉन की समर सेल में कई दूसरे स्मार्टफोन पर भी तगड़ा डिस्काउंट ऑफर किया जाएगा।

32,999 रुपये में OnePlus 6T का 8GB रैम वाला फोन
ऐमजॉन पर OnePlus 6T का 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला वेरियंट 9,000 रुपये के डिस्काउंट के साथ 32,999 रुपये में मिलेगा। फिलहाल, इस वेरियंट की कीमत 41,999 रुपये है। OnePlus 6T की यह अब तक की सबसे कम कीमत होगी।

इसके अलावा, SBI डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करने पर ग्राहकों को 10 फीसदी का इंस्टैंट डिस्काउंट मिलेगा। 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले वेरियंट के अलावा OnePlus 6T के दो वेरियंट और भी हैं। ये वेरियंट 6GBरैम+128GB स्टोरेज और 8GB रैम+256GB स्टोरेज वाले हैं। हालांकि, अभी इन मॉडल्स पर डील प्राइसेज का खुलासा नहीं किया गया है।

पिछले महीने ऐमजॉन फैब फोन्स फेस्ट के दौरान OnePlus 6T का 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला वेरियंट 4,000 रुपये के डिस्काउंट के साथ 37,999 रुपये में मिल रहा था। अगर पिछली सेल से तुलना करें तो यह उससे 5,000 रुपये सस्ता मिल रहा है।

उस समय OnePlus 6T का बेस वेरियंट (6GBरैम+128GB स्टोरेज ) 34,999 रुपये में मिल रहा था, जबकि 8GB रैम+256GB स्टोरेज वाला वेरियंट 41,999 रुपये में मिल रहा था। चूंकि, वनप्लस 14 मई को दो नए स्मार्टफोन (OnePlus 7 और OnePlus 7Pro) लॉन्च करने जा रही है, ऐसे में यह OnePlus 6T खरीदने का आखिरी मौका हो सकता है, क्योंकि कंपनी नए स्मार्टफोन की लॉन्चिंग के साथ पुराने हैंडसेट को डिसकंटीन्यू कर देती है।

डीसीएम श्रीराम का शेयर 12 फीसदी मजबूत, अच्छे रिजल्ट से मिला बूस्ट

नई दिल्ली। डीसीएम श्रीराम के एक दिन पहले आए अच्छे नतीजों से उसके शेयर को अच्छा बूस्ट मिला। गुरुवार को कंपनी का शेयर लगभग 12 फीसदी की मजबूती के साथ 484 रुपए के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि बाद में तेजी सीमित हो गई और फिलहाल कंपनी का शेयर 8.50 फीसदी की बढ़त के साथ 471 रुपए पर कारोबार कर रहा है।

6 गुना बढ़ा प्रॉफिट
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही कंपनी ने अपने मार्च, 2019 में समाप्त तिमाही के नतीजों का ऐलान किया था, जिसमें कंपनी का प्रॉफिट लगभग 6 गुना बढ़कर 293 करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंच गया। वहीं बीते साल समान तिमाही यानी जनवरी-मार्च, 2018 के दौरान कंपनी का प्रॉफिट 51 करोड़ रुपए रहा था।

ऐसी रही शेयर की चाल
शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत के साथ डीसीएम श्रीराम (DCM Shriram) का शेयर एक दिन पहले के क्लोजिंग प्राइस 433 रुपए की तुलना में 475 रुपए पर खुला, जो कुछ ही देर में 484 रुपए के दिन के हाई पर पहुंच गया।

रेवेन्यू में 21 फीसदी की बढ़त
वित्त वर्ष 2018-19 की चौथी तिमाही के दौरान डीसीएम श्रीराम (DCM Shriram) का ऑपरेशनल रेवेन्यू 21 फीसदी की बढ़त के साथ 1,888 करोड़ रुपए रहा। वहीं कंपनी का डेप्रिशिएशन, इंटरेस्ट और टैक्स पूर्व प्रॉफिट 5 गुना बढ़कर 439 करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंच गया, जबकि बीते साल समान अवधि के दौरान यह आंकड़ा 95 करोड़ रुपए रहा था।

इन वजहों से बढ़ा प्रॉफिट
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘विस्तार, एकीकरण, कॉस्ट में कमी से संबंधित पहलों से कंपनी को अपने ऑपरेटिंग और रिटर्न प्रोफाइल को मजबूत बनाने में मदद मिली है।’ कंपनी ने कहा कि उसके केमिकल बिजनेस का अच्छा प्रदर्शन भी लगातार जारी है। वॉल्यूम ग्रोथ के साथ ही बिजनेस में भी सुधार हो रहा है।

CBSE 12वीं के नतीजे घोषित, इस बार 83.4 प्रतिशत स्टूडेंट पास

नई दिल्ली। इस बार लोकसभा चुनावों के कारण सीबीएसई की परीक्षाएं पहले हुईं और आज ही 12वीं के नतीजों का ऐलान भी हो गया। सीबीएसई ने एक साथ सभी 10 जोन के रिजल्ट घोषित कर दिए है। इस बार 83.4 प्रतिशत स्टूडेंट पास हुए हैं। परीक्षा में करीब 13 लाख स्टूडेंट बैठे थे। पिछली बार के मुकाबले इस बार नतीजे काफी पहले आ गए हैं। हालांकि, अबतक कई राज्यों के बोर्ड नतीजे भी आ चुके हैं।

बात अगर रिजन की करें तो इस बार त्रिवेंद्रम रिजन का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ है। इस रिजन के 98.2 प्रतिशत स्टूडेंट पास हुए हैं। दूसरे स्थान पर 92.93 प्रतिशत के साथ चेन्नै रीजन है, वहीं दिल्ली रिजन 91.78 प्रतिशत के साथ तीसरे पायदान पर है। केंद्रीय विद्यालयों के 98.54 प्रतिशत स्टूडेंट पास हुए हैं।

डीपीएस मेरठ रोड, गाजियाबाद की हंसिका शुक्ला और मुजफ्फरनगर की करिश्मा अरोड़ा ने संयुक्त रूप से टॉप किया है। दोनों के 500 में से 499-499 नंबर हैं। दूसरे पायदान पर भी 3 लड़कियां संयुक्त रूप से हैं। ऋषिकेश की गौरांगी चावला, रायबरेली की ऐश्वर्या और जिंद (हरियाणा) की भव्या 498 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर रहीं।

पिछले साल की तरह ही इस बार भी लड़कियां अव्वल रही हैं। 88.70 प्रतिशत लड़कियों ने सफलता हासिल की है, वहीं 79.4 प्रतिशत लड़के उत्तीर्ण हुए हैं। ट्रांसजेंडर्स का पासिंग परसेंज 88.49 है।

यहां चेक कर सकते हैं रिजल्ट
cbse.nic.in और cbseresults.nic.in के साथ-साथ results.gov.in पर भी रिजल्‍ट चेक कर सकते हैं। परीक्षा इस बार बिना किसी विवाद के संपन्न हुई। पिछले साथ 10वीं के मैथ्य और 12वीं के अर्थशास्त्र के पेपर लीक होने के कारण सीबीएसई की खासी किरकिरी हुई थी। पिछले साल, सीबीएसई 12 वीं के परिणाम और सीबीएसई 10 वीं के परिणाम 26 मई और 12वीं के 29 मई को जारी किए गए थे।

SMS से जान सकते हैं र‍िजल्‍ट
सीबीएसई का परिणाम एसएमएस के जर‍िए भी देख सकते हैं। इसके ल‍िए अलग अलग नंबर जारी क‍िए हैं। MTNL यूजर्स को अपना रोल नंबर और क्‍लास की ड‍िटेल 52001 पर, BSNL यूजर्स को 57766 पर, Aircel यूजर्स को 5800002 पर, आइड‍िया यूजर्स को 55456068 पर, एयरटेल यूजर्स को 54321202 पर भेजनी होगी।

इस बार 1.70 करोड़ कॉपी का मूल्यांकन सीबीएसई ने किया है इन कॉपी को 3 हजार मूल्यांकन केन्द्रों पर जांचा गया है। एक शिक्षक एक दिन में करीब 25 कॉपी का मूल्यांकन पूरा करता है। इस बार सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा में सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश राज्य के छात्रों ने हिस्सा लिया है। उत्तर प्रदेश से कुल 33,86,613 छात्रों ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में हिस्सा लिया वहीं छात्राओं की बात करें तो सबसे ज्यादा बोर्ड परीक्षा में दिल्ली की छात्राओं ने हिस्सा लिया। दिल्ली से करीब 27,22,71 छात्राओं ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में हिस्सा लिया है।