धर्म से जुड़ेगी नई पीढ़ी तो सुरक्षित रहेगा समाज: स्वस्ति भूषण माताजी

0
1

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन की बैठक, नई पीढ़ी को धर्म से जोड़ने पर जोर

कोटा। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन, राजस्थान रीजन, कोटा की बैठक गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के सान्निध्य में महावीर नगर प्रथम स्थित परिसर में आयोजित हुई।
रीजन अध्यक्ष अनिल ठौरा ने कहा कि दिगंबर जैन सोशल ग्रुप समाज में समन्वय, एकता और सद्भाव का सशक्त संदेश दे रहा है।

उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही संस्कारों की रक्षा और सामाजिक उन्नति का आधार बनता है। देशभर में लगभग 350 सोशल ग्रुप सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं, जिनसे हजारों परिवार जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि ‘मैं से हम’ की भावना अब केवल विचार नहीं, बल्कि एक सशक्त सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुकी है।

अपने उद्बोधन में गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में नई पीढ़ी को धर्म, संस्कृति और जिनवाणी से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि बच्चों को धार्मिक संस्कार नहीं दिए गए तो वे अपनी आध्यात्मिक विरासत से दूर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि जीवन के अंतिम पड़ाव पर हर व्यक्ति ईश्वर की शरण की बात करता है, इसलिए जीवन की शुरुआत से ही भगवान और धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए।

बैठक में उमेश जैन ने सराक बंधुओं के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। राजेंद्र जैन ने जैन बैंकर्स एसोसिएशन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला, जबकि राजेंद्र ताठेड़िया ने प्रस्तावित सेमिनार एवं चिकित्सा शिविरों की रूपरेखा प्रस्तुत की। जीवनधर सोगानी ने वृक्षारोपण और जीवदया अभियानों की जानकारी दी तथा अरविंद बागड़िया ने कैंसर जांच शिविर एवं परिवार कार्यशालाओं की योजनाओं से अवगत कराया।

इस अवसर पर निकुंज जैन, मनोज जैन सोनी, मुकेश खटोड़, मनोज पाटनी, ललित जैन, विनय शाह, नीतिश जैन एवं राजमल पाटौदी ने भी अपने-अपने सोशल ग्रुपों की गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

स्वस्ति भूषण माताजी का महावीर नगर प्रथम में मंगल प्रवेश
आर्यिका रत्न श्री स्वस्ति भूषण माताजी का बसंत विहार जैन मंदिर से महावीर नगर प्रथम स्थित सफेद मंदिर तक श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। विहार यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए जयघोष के साथ माताजी का स्वागत किया।