Thursday, June 25, 2026
Home Blog Page 4715

पेट्रोल-डीजल के दाम गिरे, दिल्ली में 70.12 रुपए प्रति लीटर हुआ पेट्रोल

नई दिल्ली। कच्चे तेल की कीमतों में कमी के चलते भारतीय तेल बाजार में इसका असर दिखाई दे रहा है। गुरुवार को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने दो दिन की स्थिरता के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों में गिरावट की।

गुरुवार को राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 70.12 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 72.38 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 75.82 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। चेन्नई में पेट्रोल 72.84 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

गुरुवार को राजधानी दिल्ली में डीजल 63.95 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में डीजल 65.87 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में डीजल 67.05 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। चेन्नई में डीजल 67.70 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

हरे निशान में खुले बाजार, सेंसेक्स 119 अंक उछला, निफ्टी 11,850 के पार

नई दिल्ली। वैश्विक संकेतों के कारण निवेशकों में बने सकारात्मक रुख से भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को तेजी के साथ हरे निशान में खुले। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 83 अंकों की तेजी के साथ 39675 अंकों पर खुला।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 13 अंकों की तेजी का साथ 11,860 अंकों पर खुला। सुबह 9.22 बजे सेंसेक्स 119 अंकों की तेजी के साथ 39,711 अंकों पर और निफ्टी 26 अंकों की तेजी के साथ 11,873 अंकों पर कारोबार कर रहा है।

इन शेयरों में तेजी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, कॉफीडे, आरकॉम, मनपसंद बेवरेजेस, सुजलॉन में तेजी का माहौल है। निफ्टी में वीईडीएल, जेएसडब्ल्यू स्टील, पावर ग्रिड, सनफार्मा, हिंडाल्को के शेयरों में तेजी का माहौल है।

इन शेयरों में मंदी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में कॉक्स एंड किंग्स, स्वान एनर्जी, इंडियाबुल्स इंटिग्रेटिड सर्विसेज, आईएफसीआई, माइंडट्री में मंदी का माहौल है। निफ्टी में ब्रिटानिया, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, इंफोसिस, इंड्सइंड बैंक, भारती एयरटेल में मंदी का माहौल है।

आठ हजार की घूस लेती पर्यवेक्षक गिरफ्तार, 11 लाख नकदी एवं गहने बरामद

झालावाड़। एसीबी टीम ने पोषाहार का बिल पास कराने की एवज में 8 हजार रुपए की घूस लेते बाल विकास परियोजना अकलेरा की महिला पर्यवेक्षक कैलाशबाई को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यही नहीं आरोपी महिला पर्यवेक्षक के आवास पर एसीबी ने तलाशी की तो यहां अलमारी में 1.64 लाख रुपए की नकदी और कुल 385 ग्राम सोना बरामद किया गया। इसकी बाजार कीमत 10 लाख रुपए आंकी गई है।

एसीबी एएसपी भवानीशंकर मीणा ने बताया कि गेहूंखेड़ी हाल मुकाम अकलेरा निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीताबाई ने 15 जून को एसीबी में शिकायत दर्ज कर बताया कि कैलाशबाई ने 5 माह की पोषाहार की राशि 45,548 रुपए का बिल पास करने की एवज में बिल राशि का 20 हिस्सा रिश्वत के रूप में मांगा था।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता ने बताया कि महिला पर्यवेक्षक काफी समय से रुपए मांग रही थी। देरी पर उसका दो माह का मानदेय भी रोक रखा है। यही नहीं घूस नहीं देने पर उपनिदेशक से नोटिस दिलाने की धमकी देती थी। महिला का कहना था कि यह राशि उपनिदेशक व उच्च अधिकारियों को पहुंचानी होती है।

हालांकि उपनिदेशक जीएम सैयद का कहना है कि महिला के आरोप बेबुनियाद हैं। जब मानदेय मांगा तो उसको भूलने की बात कही। इसके अलावा पोषाहार के लिए जारी होने वाला लाइसेंस बनाने के पहले 600 रुपए लिए जाते थे, लेकिन उससे 1 हजार रुपए मांगने का भी आरोप लगाया।

IIT की ज्वाइंट काउंसलिंग के लिए सीटों का आवंटन आज से

कोटा। ज्वाइंट सीट अलोकेशन अथॉरिटी (जोसा) की ओर से आईआईटी व एनआईटी प्लस सिस्टम में दाखिले के लिए पहले राउंड की सीट का आवंटन गुरुवार से हाेगा। इससे पहले जोसा ने बुधवार को देश के 22 बोर्डों का टॉप 20 पर्सेंटाइल जारी कर दिया। हालांकि राजस्थान सहित कुछ अन्य बोर्ड का स्कोर फिलहाल जारी नहीं किया गया है।

दाखिले के लिए स्टूडेंट्स को बोर्ड में 75 प्रतिशत अंक या फिर बोर्ड की टॉप 20 पर्सेंटाइल स्कोर में आना अनिवार्य है। अभी 10 राज्यों का टॉप 20 पर्सेंटाइल बोर्ड के 75 प्रतिशत अंकों से कम है। बता दें कि देश के कुल 107 कॉलेजों की 43185 सीटों के लिए जोसा द्वारा ज्वाइंट काउंसलिंग की जा रही है।

इसमें 23 आईआईटी की 12362 सीटों, 31 एनआईटी की 20437 सीटों, 25 ट्रिपलआईटी की 4617 सीटें एवं 28 जीएफटीआई की 5769 सीटें शामिल हैं। विद्यार्थी जिन्हें प्रथम राउंड सीट आवंटन में किसी भी कॉलेज का सीट आवंटन हुआ है, उन्हें 28 जून से 2 जुलाई के मध्य बनाए गए देश के 63 रिपोर्टिंग सेंटर पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट करना होगा।

छबड़ा, कालीसिंध पावर प्लांट निजी क्षेत्र को नहीं, राजस्थान सरकार का फैसला

जयपुर। राज्य सरकार का बजट सत्र गुरुवार से शुरू हो रहा है। इससे पहले बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में सरकार ने पिछली वसुंधरा सरकार में लिया गया एक और बड़ा फैसला पलट दिया। अब छबड़ा और कालीसिंध पावर प्लांटों को निजी क्षेत्रों को बेचने संबंधी फैसला सरकार ने निरस्त कर दिया।

साल 2016 में पिछली वसुंधरा सरकार ने इन दोनों पावर प्लांटों को घाटे में बताते हुए इन्हें निजी क्षेत्र को बेचने का फैसला लिया था। इसमें कालीसिंध में संचालित 600 मेगावाट की दो इकाइयां, छबड़ा में चल रही 250 मेगावाट की चार इकाइयां तथा 660 मेगावाट की निर्माणाधीन दो इकाइयां शामिल थी। बुधवार दोपहर सीएम अशोक गहलोत की अध्यक्षता में सीएमओ में हुई राज्य मंत्रिमंडल व मंत्रिपरिषद की बैठक में इस फैसले को रद्द कर दिया गया।

अध्यादेश को विधेयक के रूप में पुर:स्थापित करने की स्वीकृति
बैठक में राजस्थान सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (फैसिलिटेशन ऑफ एस्टेबलिशमेंट एण्ड ऑपरेशन) अध्यादेश, 2019 को प्रतिस्थापक विधेयक के रूप में विधानसभा में पुरःस्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही राजस्थान लोकायुक्त एवं उप लोकायुक्त (संशोधन) बिल, 2019 के प्रारूप का अनुमोदन किया और इसे राजस्थान विधानसभा के द्वितीय सत्र में पुरःस्थापित किए जाने की अनुमति भी प्रदान की।

साथ ही सिविल, विद्युत एवं यांत्रिक संवर्ग के अभियंताओं की तर्कसंगत एवं समानुपातिक रूप से पदोन्नति के लिए राजस्थान अभियांत्रिकी सेवा (भवन एवं पथ शाखा) नियम, 1954 में संशोधन के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की और इससे संबंधित अधिसूचना राजस्थान अभियांत्रिकी सेवा (भवन एवं पथ शाखा) नियम, 2019 के प्रारूप का अनुमोदन किया।

चुनाव ड्यूटी में मृत्यु पर 20 लाख की सहायता
कैबिनेट ने राजस्थान सिविल सर्विसेज (पेंशन) नियम, 1996 के नियम 75 में संशोधन को मंजूरी दी है। इससे चुनाव ड्यूटी में लगे किसी कार्मिक की हादसे में सामान्य परिस्थितियों में मृत्यु होने पर अनुग्रह अनुदान राशि 10 लाख रु. से बढ़ाकर 20 लाख रु. तथा आतंकवाद, हिंसा, बम ब्लास्ट एवं रोड माइन्स की घटना में मृत्यु होने पर अनुग्रह अनुदान राशि 20 लाख रु. से बढ़ाकर 30 लाख रुपए की गई है।

साथ ही सामान्य परिस्थिति में चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिक की दुर्घटना में स्थायी दिव्यांगता पर अनुग्रह अनुदान राशि 5 लाख रुपए से बढ़ाकर 7.50 लाख रु. तथा आतंकवाद, हिंसा, बम ब्लास्ट एवं रोड माइन्स की घटना में स्थायी दिव्यांगता होने पर अनुग्रह अनुदान राशि 10 लाख रु. से बढ़ाकर 15 लाख रु. की है।

स्वतंत्र एजेंसी करेगी ग्रामीण विकास योजनाओं की ऑडिट
ग्रामीण एवं पंचायतीराज विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की सोशल ऑडिट के लिए एक स्वतंत्र पंजीकृत सामाजिक अंकेक्षण सोसायटी का गठन को भी मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है। इससे विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों में जवाबदेही और पारदर्शिता आएगी।

आरयूआईडीपी की संपत्तियां रूडसिको को हस्तांतरित
राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) की 31 मार्च, 2016 तक की संपत्तियों को एक रुपए की टोकन राशि पर रूडसिको को हस्तांतरित करने का निर्णय भी हुआ है। आरयूआईडीपी का विलय एक अप्रेल, 2016 को रूडसिको में किया जा चुका है।

राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

जयपुर। गुरुवार से राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र शुरू हुआ। जिसके बाद उसे शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। सरकार के पिछले छह माह के कार्यकाल में सामने आए बड़े मुद्दों को लेकर भाजपा सदन में सरकार घेरेगी। किसान आत्महत्या, कर्जमाफी, दुष्कर्म, घोटाले और बेरोजगारी भत्तों को लेकर भाजपा विधायकों ने विधानसभा में सवाल लगाए हैं।

बुधवार तक सत्र के लिए करीब 3 हजार प्रश्न सूचीबद्ध हुए हैं। इनमें सबसे कानून व्यवस्था, पानी-बिजली, मेडिकल, खेती-किसान के मुद्दे पर सबसे ज्यादा सवाल पूछे गए हैं। इनमें कानून व्यवस्था से जुड़े गृह विभाग से 160 सवाल, मेडिकल से जुड़े 217 सवाल, पानी और बिजली से जुड़े 300 से ज्यादा सवाल, किसानों से जुड़े 200 से ज्यादा सवाल पूछे गए हैं।

भाजपा ने अपने पूर्व मंत्रियों व वरिष्ठ विधायकों को खास तौर पर यह जिम्मेदारी दी है कि जिन महकमों के बारे में उन्हें अच्छी जानकारी है उन्हें लेकर विधानसभा में सवाल लगाएं ताकि वाद-विवाद की स्थिति में पार्टी कमजोर न पड़े और सरकार मंत्रियों को घेरा जा सके।

भाजपा की तरफ से नेता प्रतिपक्ष व पूर्व गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कानून व्यवस्था, उपनेता प्रतिपक्ष व पूर्व पंचायती राज मंत्री राजेंद्र राठौड़ कर्जमाफी,आर्थिक आरक्षण, वरिष्ठ विधायक व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ ने स्वास्थ्य सेवाओं और कानून व्यवस्था, पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने यूडीएच, स्थानीय निकाय,शिक्षा, पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने उच्च शिक्षा ने पीएचईडी, पंचायती राज व अशोक लाहोटी ने ऊर्जा, फूड और मेडिकल हेल्थ को लेकर सवाल लगाए हैं।

गैंगरेप पीड़िताओं को भी नौकरी देगी सरकारी?
थानागाजी दुष्कर्म मामले में सरकार ने पीड़िता को पुलिस में नौकरी दी है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा विधायक कालीचरण सराफ ने सवाल पूछा है कि सरकार प्रदेश में हुए अन्‍य गैंगरेप पीड़िताओं को भी नौकरी देने का विचार रखती है।

आदर्श कोऑपरेटिव सोसायटी की ऑडिट कब हुई?
उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने आदर्श कोऑपरेटिव सोसायटी के घोटाले पर सरकार से सवाल पूछे हैं। उन्होंने सवाल लगाया है कि प्रदेश में पंजीकृत सहकारी सोसायटीज के खिलाफ पिछले पांच सालों में कितनी शिकायतें मिली हैं। इसके साथ ही यह भी पूछा है कि आदर्श कोऑपरेटिव सोसायटी की प्रदेश में अंतिम ऑडिट कब हुई थी।

कितने किसानों के खातों में कर्जमाफी ऋण माफी समायोजित की?
राठौड़ ने प्रदेश में खरीफ ऋण वितरण तथा किसान कर्जमाफी को लेकर सवाल लगाए हैं। इसमें उन्होंने पूछा है कि कितने किसानों के खातों में कर्जमाफी की राशि समायोजित की गई है।

लाेकसभा के बाद विधानसभा में गूंजेगा जगन का मुद्दा
पिछले दिनाें नागाैर विधायक हनुमान बेनीवाल ने लाेकसभा में धाैलपुर के दस्यु जगन गुर्जर का मुद्दा उठाया था। अब विधानसभा में विधायक किरण माहेश्वरी ने भी जगन गुर्जर काे लेकर सवाल लगा दिया है। उन्हाेंने सरकार से पूछा है कि धौलपुर के बसई डांडा क्षेत्र में दस्‍यु जगन गुर्जर ने 2 महिलाओं को पीटा एवं निवस्‍त्र करके घुमाया था।

आलिया ने लॉन्च किया यूट्यूब चैनल, बिहाइंड द सीन करेंगी शेयर

मुंबई। आलिया भट्ट अपने फैंस से अब हर डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए जुड़ रही हैं। ट्वीटर और इंस्टा पर एक्टिव रहने वाली आलिया ने बुधवार को अपना पहला यूट्यूब चैनल ‘Aliabe’ लॉन्च किया। पहले ही दिन उनके चैनल को 87 हजार से ज्यादा लोगों ने सब्सक्राइब किया और 2 लाख से ज्यादा लोगों ने लाइक किया।

चैनल पर रियल आलिया से होगी मुलाकात
चैनल के जरिए वो अपनी फिल्मों के बिहाइंड द सीन और सेट पर होने वाली मस्ती के वीडियोज साझा करेंगी। साथ ही अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी अहम बातें भी शेयर करेंगी। पहले दिन उन्होंने वीडियो में बताया कि वो इस प्लैटफॉर्म के जरिए अपनी फिटनेस सीक्रेट, अपनी लाइफस्टाइल और कुछ अहम मुद्दों को लेकर भी चर्चा करेंगी।

2 मिनट 42 सेकेंड के इस वीडियो में एक्ट्रेस कह रही हैं- ‘इंस्टाग्राम-ट्विटर पर मुझे फैंस का बहुत प्यार मिला है और अब यूट्यूब के जरिए मैं अपने फैंस से जुड़ुंगी। इससे आप जान पाएंगी कि आलिया किस तरह से अपनी जिंदगी जीती है।’ इसके साथ ही उन्होंने अक्षय कुमार का मशहूर गाना टिप-टिप बरसा पानी भी रिक्रिएट किया।

पहली बॉलीवुड स्टार जिन्होंने शेयर किया अपना यूट्यूब चैनल
आलिया पहली बॉलीवुड फिल्म स्टार हैं जिन्होंने अपना यूट्यूब चैनल लॉन्च किया है। इसके अलावा स्टार्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैंस से जुड़ते हैं। इंस्टाग्राम, ट्विटर इसका मुख्य जरिया है। हलांकि कुछ सेलेब्स ऐसे भी हैं, जो इन प्लेटफॉर्म से दूर हैं।

अब IIT में पढ़ेगा दबलाना गांव का राकेश बंजारा

कोटा। पुराणों में शिक्षा का दान सबसे बड़ा माना गया है, क्योंकि शिक्षा मानवता व समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है, अपने पैरों पर खड़ा होने के काबिल बनाती है। इसीलिए शिक्षा देने वाले गुरू को ब्रह्मा, विष्णु व महेश के समकक्ष माना गया है। कॅरियर सिटी कोटा और छोटी काशी बूंदी के शिक्षकों ने एक बार फिर इसे चरितार्थ किया है। निर्धन परिवार के प्रतिभावान विद्यार्थी को आगे लाने के लिए यहां शिक्षकों न सिर्फ सही मार्गदर्शन दिया वरन उसकी आर्थिक सहायता भी की।

यह उदाहरण है बूंदी जिले के दबलाना निवासी राकेश सिंह शेखावत बंजारा का। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के स्टूडेंट राकेश ने विपरीत परिस्थितियों से मुकाबला कर खुद को साबित किया और जेईई एडवांस्ड परीक्षा में सफलता हासिल की। राकेश ने 10वीं कक्षा 81 प्रतिशत अंकों एवं 12वीं कक्षा 92.6 प्रतिशत अंकों से उत्त्तीर्ण की है। जेईई एडवांस्ड में कैटेगिरी वाइज 3952 एवं ओवरऑल 17922 रैंक प्राप्त की।

पिता की मौत से टूटा परिवार
राकेश ने बताया कि परिवार मूलतः बूंदी जिले के देई कस्बे के नजदीक खानी का देवपुरा ढाणी के निवासी है, यहां 12-15 घर ही थे। कुछ वर्षों पहले तक तो बिजली भी नहीं थी और पढ़ाई के लिए स्कूल भी नहीं थे। पिता शेरसिंह साइकिल से फैरी लगाकर बरतन बेचा करते थे। बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने के उद्देश्य दबलाना आ गए। कुछ पैसे जोड़कर किराए पर एक छोटी सी दुकान ली और बरतन बेचना शुरू किया। यहां प्राइवेट स्कूल में मेरी पढ़ाई हो रही थी। वर्ष 2015 में अचानक हार्टअटैक से उनकी मौत हो गई। इसके बाद पूरा परिवार टूट सा गया। यहां तक कि पेट भरने के लिए भोजन का बंदोबस्त करना भी मुश्किल हो गया। मेरे तीन छोटी बहनें भी हैं।

मां ने की मजदूरी
राकेश ने बताया कि पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी मां कमला बाई पर आ गई। उन्होने शुरुआत में नरेगा में मजदूरी कर जैसे-तैसे परिवार का पेट पाला। आर्थिक स्थिति देखते हुए गांव वालों ने परिवार की मदद की। मां ने घर में ही परचुनी का सामान रखकर बेचना शुरू कर दिया। आठवीं के बाद मैंने प्राइवेट स्कूल छोड़कर सरकारी स्कूल में प्रवेश लिया और 81 प्रतिशत से 10वीं कक्षा पास की। स्कूल के शिक्षकों ने मदद की और 12वीं में बूंदी के एक निजी स्कूल में एडमिशन कराया। राकेश ने 12वीं 92.6 प्रतिशत अंकों से उत्त्तीर्ण की।

एलन के साथ से बनी बात
तब राकेश को नहीं पता था कि इंजीनियरिंग करने के लिए कौनसी प्रवेश परीक्षा को पास करना होता है। स्कूल के शिक्षकों ने उसे जेईई एग्जाम के बारे में बताया। राकेश ने बताया कि पढ़ाई का जिम्मा संभाल रहे स्कूल के शिक्षक उसे एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट कोटा लेकर आए। यहां उसकी पारिवारिक स्थिति व प्रतिभा को देखते हुए फीस में 75 प्रतिशत की रियायत मिली। शेष फीस स्कूल के शिक्षकों ने मिलकर जमा कराई। कोटा में भोजन और आवास के शुल्क में भी हॉस्टल संचालक द्वारा रियायत दी गई। मैंने पूरी कोशिश की और जमकर पढ़ाई की। अब एक अच्छा इंजीनियर बनकर परिवार की स्थिति सुधारना चाहता हूं साथ ही छोटी बहनों की अच्छी पढ़ाई करवाना चाहता हूं।

कोटा मंडी : एनसीडेक्स पर वायदा तेज रहने से धनिया हाजिर में 100 रुपये उछला

कोटा। एनसीडेक्स पर वायदा तेज रहने से भामाशाह अनाज मंडी में बुधवार को धनिया 100 रुपये उछल गया। आवक 1500 बोरी की रही। डीओसी में नरमी से सोयाबीन 50 रुपये प्रति क्विंटल मंदा रहा। लहसुन 300 रुपये प्रति क्विंटल तेज रहा। मंडी में सभी जिंसों का मिलाकर करीब 25,000 बोरी का कारोबार हुआ। लहसुन की आवक 5000 कट्टे की हुई।

गेहूं लस्टर 1700 से 1800 गेहूं मिल क्वालिटी 1775 से 1831 एवरेज 1850 से 1880 लोकवान 1900 से 1950 पीडी 1750 से 1900 गेहूं टुकडी 1875 से 1950 मक्का 1900 से 2050 जौ 1500 से 1750 ज्वार 1500 से 3800 रहा, रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगंधा 2400 से 3000 पूसा 1 2500 से 3001 पूसा 4 (1121) 3600 से 4000 धान लाजवाब (1509 ) 3000 से 3405 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन 3400 से 3725 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन बीज क्वालिटी 3800 सरसों 3400 से 3601अलसी 4000 से 4501 तिल्ली 9000 से 10000 रुपये प्रति क्विंटल।

मैथी 4000 से 4200 कलौजी 8500 से 9500 धनिया बादामी 5500 से 6100 ईगल 6000 से 6401 रंगदार नया 6500 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल। लहसुन 1800 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंग 5100 से 5800 उड़द 2000 से 4450 चना 3600 से 4100 चना कांटिया 3850 चना काबुली 3500 से 4500 चना पेप्सी 3800 से 4100 चना मौसमी 3000 से 4100 मसूर 3800 से 4250 रुपये प्रति क्विंटल। ग्वार 2500 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल।