टेंट डीलर्स एवं डेकोरेशन समिति का महा अधिवेशन सितंबर में, पोस्टर जारी

0
17

महाअधिवेशन के आयोजन से कोटा के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान: अशोक माहेश्वरी

कोटा। राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति जयपुर, ऑल इंडिया टेंट डेकोरेशन वेलफेयर एसोसिएशन नई दिल्ली, तथा कोटा टेंट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान का 16वां प्रांतीय महाअधिवेशन 6, 7 एवं 8 सितम्बर को दशहरा मैदान, सी.ए.डी. सर्किल कोटा में किया जाएगा।

कोटा टेंट डीलर समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल सचिव गुरमीत सिंह सन्नी एवं हाडोती टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल ने बताया कि इस महाधिवेशन के पोस्टर का विमोचन बुधवार को होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं वीणा कैसेट के निदेशक हेमजीत मालु द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अशोक माहेश्वरी ने बताया कि कोटा की पावन धरा पर दूसरी बार यह आयोजन कोटा के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। इस महाअधिवेशन में देशभर से टेंट, डेकोर एवं इवेंट उद्योग से जुड़े 300 से अधिक प्रदर्शक एवं 10,000 से अधिक टेंट व्यवसायी, निर्माता, सप्लायर्स एवं उद्योग प्रतिनिधि भाग लेंगे।

इस आयोजन के माध्यम से कोटा एवं हाड़ौती क्षेत्र को राष्ट्रीय व्यापारिक मानचित्र पर एक नई पहचान एवं प्रतिष्ठा प्राप्त होगी। .उन्होंने कहा कि होटल फेडरेशन आफ राजस्थान एवं कोटा व्यापार महासंघ इसमे में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान फेडरेशन के प्रयासों से अनंत ऊर्जा सोलर ईवीएस बुक आयोजन भी इसी परिसर में हो रहा है। इसमें कोटा व्यापार महासंघ और होटल फेडरेशन पूरी तरह से सहयोग कर रहा है। आने वाले अतिथि जो तीन दिन तक कोटा मे प्रवास करेंगे, उनके लिए आतिथ्य सत्कार में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि इसी के साथ 5 से 7 सितंबर को एक रणोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के मोटर साइकिल राइडर भाग ले रहे हैं, जो यहां के पर्यटन स्थलो एवं हेरीटेज मार्गों का अवलोकन करेंगे।

इस महाअधिवेशन में होटल फेडरेशन द्वारा भी एक बड़ा पांडाल लगाया जाएगा, जिसके माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का प्रचार प्रचार और प्रमोशन किया जाएगा। इस तरह के आयोजन हाड़ोती की अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन को एक नई गतिशीलता प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर कोटा ट्रेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल सचिव गुरमीत सिंह सन्नी एवं हाडोती टेन्ट डीलर समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल ने बताया कि इस महाअधिवेशन के लिए 250 से अधिक स्टाले आवंटित हो चुकी है।