Friday, July 10, 2026
Home Blog Page 4650

आयुष्‍मान की फिल्‍म ड्रीम गर्ल का पहला गाना ‘राधे राधे’ रिलीज

मुंबई। फिल्‍म ‘ड्रीम गर्ल’ के मेकर्स ने फिल्‍म का पहला गाना ‘राधे राधे’ रिलीज कर दिया है। इस कलरफुल सॉन्‍ग को देखने के बाद बिना समय गंवाए आप भी थिरकने को मजबूर हो जाएंगे। गाने में आयुष्‍मान खुराना और नुसरत भरूचा कई सारे बैकग्राउंड डांसरों के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं।

कलरफुल सेट के बीच सभी कृष्‍ण और राधा के गेटअप में दिख रहे हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि त्‍योहारों के सीजन को देखते हुए यह गाना सभी की प्‍लेलिस्‍ट में जुड़ने वाला है।

गाने को अमित गुप्‍ता ने गाया है जबकि इसका म्‍यूजिक मीट ब्रदर्स ने दिया है। गाने के बोल कुमार और शब्‍बीर अहमद ने लिखे हैं। देखें गाने का विडियो:

बता दें, ‘ड्रीम गर्ल’ की कहानी एक आदमी के इर्द-गिर्द घूमती है जिसे फीमेल फ्रेंडशिप कॉल सेंटर में जॉब मिल जाती है और वह इकलौता पुरुष कर्मचारी है। इसके लिए आयुष्‍मान अपनी आवाज बदलते हैं और कॉल पर खुद को पूजा बताते हैं।

जुलाई में निर्यात 2.25 फीसद बढ़ा, व्यापार घाटा 4 माह के निचले स्तर पर

नयी दिल्ली। देश का निर्यात जुलाई महीने में 2.25 प्रतिशत बढ़कर 26.33 अरब डॉलर रहा जबकि व्यापार घाटा कम होकर 13.43 अरब डॉलर पर आ गया। यह चार महीने का न्यूनतम स्तर है। सरकार ने बुधवार को यह जानकारी दी। सरकारी आंकड़े के अनुसार पिछले साल जुलाई महीने में निर्यात 25.75 अरब डॉलर था।

तेल और सोना समेत आयात में गिरावट के कारण व्यापार घाटा कम हुआ है। व्यापार घाटा आयात और निर्यात का अंतर है। आलोच्य महीने में आयात 10.43 प्रतिशत घटकर 39.76 अरब डॉलर पर आ गया। इससे व्यापार घाटा कम होकर 13.43 अरब डॉलर पर आ गया। व्यापार घाटा जुलाई 2018 में 18.63 अरब डॉलर रहा। मार्च 2019 में व्यापार घाटा 10.89 अरब डॉलर था।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट में कहा, सरकार की व्यापार नीतियों और समर्थन के परिणामस्वरूप भारत का व्यापार घाटा जुलाई 2019 में 28 प्रतिशत गिर गया। वहीं, इस दौरान निर्यात बढ़कर 26.33 अरब अरब डॉलर पर पहुंच गया। सोने का आयात जुलाई महीने में 42.2 प्रतिशत घटकर 1.71 अरब डॉलर रहा।

वहीं तेल आयात 22.15 प्रतिशत घटकर 9.6 अरब डॉलर तथा गैर – तेल आयात 5.92 प्रतिशत कम होकर 30.16 अरब डॉलर रहा। पिछले महीने जिन क्षेत्रों से निर्यात में सकारात्मक वृद्धि हुई है , उसमें रसायन , लौह अयस्क , इलेक्ट्रानिक्स , समुद्री उत्पाद और औषधि शामिल हैं। हालांकि कुछ प्रमुख क्षेत्रों से निर्यात में गिरावट दर्ज की गयी।

उनमें रत्न एवं आभूषण (-6.82 प्रतिशत), इंजीनियरिंग सामान (-1.69 प्रतिशत), और पेट्रोलियम उत्पाद (-5 प्रतिशत) शामिल हैं। कुल मिलाकर इस साल अप्रैल – जुलाई में निर्यात 0.37 प्रतिशत घटकर 107.41 अरब डॉलर रहा जबकि आयात 3.63 प्रतिशत घटकर 166.8 अरब डॉलर रहा। इन चार महीनों के दौरान व्यापार घाटा कम होकर 59.39 अरब डॉलर रहा जो पिछले वित्त वर्ष के इसी महीने में 65.27 अरब डॉलर था।

चालू वित्त वर्ष में अप्रैल – जुलाई के दौरान तेल आयात 44.45 अरब डॉलर रहा जो पिछले साल के इसी महीने के 47.13 अरब डॉलर से कम है। आंकड़ों पर अपनी टिप्पणी में भारतीय निर्यात संगठनों के परिसंघ (फियो) ने कहा कि कमजोर वैश्विक मांग और व्यापार युद्ध के कारण उत्पन्न अनिश्चितताओं का असर स्पष्ट रूप से निर्यात में नरमी के रूप में दिख रहा है।

फियो के अध्यक्ष शरद कुमार सर्राफ ने कहा , कर्ज की पहुंच वस्तु निर्यातकों के लिये कर्ज लागत, सभी कृषि निर्यातों के लिये ब्याज समर्थन, विदेशी सैलानियों को की जाने वाली बिक्री पर लाभ और GST की तुरंत वापसी जैसे मसलों के समाधान पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

जो काम 70 साल में नहीं हुआ, वह 70 दिन में किया: पीएम मोदी

नई दिल्‍ली। देश के 73वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्‍मू-कश्‍मीर से अनुच्‍छेद 370 और 35A को हटाने का विरोध करने वाली कांग्रेस पार्टी पर तीन सवालों के जरिए हमला बोला। उन्‍होंने कहा कि हम न समस्‍याओं को न टालते हैं और न पालते हैं। सरकार बनने के 70 दिन के भीतर 370 और 35 A को हमने हटा दिया और संसद ने इसे दो तिहाई बहुमत से पारित कर दिया। उन्‍होंने कहा कि जो काम 70 साल में नहीं हुआ, वह 70 दिन के भीतर हुआ।

पीएम मोदी ने कहा, ‘अनुच्छेद 370 को हटाने के लिए कोई प्रखर तो कोई मूक रूप से समर्थन देता रहा है। राजनीतिक के गलियारों में, चुनाव के तराजू से तौलने वाले कुछ लोग, 370 के पक्ष में कुछ न कुछ बोलते रहते हैं। 370 की वकालत करने वालों से देश पूछ रहा है कि अगर यह आर्टिकल इतना अहम था, तो फिर 70 साल तक इतना भारी बहुमत होने के बाद भी आपने उसे स्थायी क्यों नहीं किया, अस्थायी क्यों बनाए रखा। आगे आते स्थायी कर देते। आप भी जानते थे, यह जो हुआ है, सही नहीं हुआ है। लेकिन सुधार करने की आपमें हिम्मत नहीं थी। मेरे लिए देश का भविष्य सबकुछ है।’

उन्‍होंने कहा, ‘आर्टिकल 370 और 35 ए… हम न समस्याओं को टालते हैं, न समस्याओं को पालते हैं। न समस्याओं को पालने और न टालने का वक्त है। जो काम 70 साल में नहीं हुआ, वह नई सरकार बनने के 70 दिन के भीतर किया गया। संसद के दोनों सदनों ने 2 तिहाई बहुमत से इसको पारित कर दिया।

हर किसी के दिल में यह बात पड़ी थी, लेकिन शुरू कौन करे, आगे कौन आए, शायद उसी की इंतजार था। इसलिए देशवासियों ने मुझे यह काम दिया। आपने जो काम दिया, उसी को करने के लिए आया। मेरा अपना कुछ नहीं है।

पीएम मोदी ने कहा कि नई सरकार को 10 हफ्ते भी नहीं हुए, 10 हफ्ते के अंदर अनुच्छेद 370, 35 ए का हटना सरदार वल्लभ भाई पटेल के सपनों को पूरा करने में अहम कदम है। उन्‍होंने कहा, ‘अगर 2014 से 2019 आवश्यकताओं की पूरी का दौर था तो 2019 के बाद का कालखंड देशवासियों की आकांक्षाओं की पूर्ति का कालखंड है, उनके सपनों को पूरा करने का कालखंड है।’

सावधान! एक चार्जिंग केबल से भी हो सकता है फोन हैक

0

नई दिल्ली। आपने शायद ही कभी सोचा होगा कि एक सामान्य-सी चार्जिंग केबल से आईफोन, एंड्रॉयड फोन, मैक और विंडोज सिस्टम हैक हो सकते हैं और इसी केबल के जरिए आपकी निजी जानकारी हैकर्स के हाथों तक पहुंच सकती है, लेकिन यह संभव है। एक चार्जिंग या डाटा केबल की मदद से कोई हैकर आपके फोन या कंप्यूटर को हैक कर सकता है और आपके सिस्टम को रिमोटली अपने कब्जे में ले सकता है।

इसका दावा एमजी नाम के एक हैकर ने किया है। हैकर का दावा है उसने एक ऐसा चार्जिंग केबल तैयार किया है जो देखने में आम आईफोन चार्जिंग केबल की तरह ही है लेकिन इस केबल में कई तरह की कोडिंग और स्क्रिप्ट होती है। इसके बाद जैसे ही आप ऐसे केबल को अपने फोन या कंप्यूटर से कनेक्ट करते हैं तो हैकर आपके फोन या सिस्टम को अपने कब्जे में ले लेता है। इसके लिए वह आपके आसपास के किसी वाई-फाई या डिवाइस की मदद लेता है।

एमजी ने इस मोडिफाई करके तैयार की गई इस केबल को O.MG नाम दिया है। इस केबल के जरिए हैकर आपके सिस्टम में वायरस भेज सकता है और इसके अलावा आपके सिस्टम में मौजूद जानकारी ले सकता है। हैकर कुछ देर के लिए आपकी स्क्रीन को लॉक कर देते हैं और फिर जैसे ही आप अनलॉक करने के लिए पासवर्ड डालते हैं तो हैकर पूरी डिटेल्स ले लेता है।

आज से ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ेगा 10 गुना भारी, देखिये जुर्माने की लिस्ट

0

नई दिल्ली। मोटर व्हीकल अमेंडमेंट बिल 2019 पास हो चुका है और देश के राष्ट्रपति राम नाथ गोविंद ने भी इसपर मुहर लगा दी है। अब ये बिल पूरे देश में 15 अगस्त से लागू होने जा रहा है। इस बिल में यातायात नियमों की अनदेखी करने पर भारी जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा इमर्जेंसी गाड़ियों जैसे एम्बुलेंस या दमकल गाड़ी को रास्ता ना देने पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगेगा।

इसके अलावा अगर किसी का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है और इसके बावजूद भी वो गाड़ी चला रहा है तो भी 10 हजार रुपये तक चुकाने पड़ सकते हैं। इसी तरह की लंबी रेट लिस्ट हम आपके लिए अपनी इस रिपोर्ट में लेकर आए हैं, कि पहले कौनसे नियम तोड़ने पर कितना देना पड़ता था और 15 अगस्त के बाद कितना देना पड़ेगा।

मोदी सरकार द्वारा इस बिल को लागू करने का मकसद क्या था ? तो बता दें सड़का सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 18 साल से कम उम्र में ड्राइव करने वाले या फिर बिना लाइसेंस के ड्राइविंग, खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करने पर, शराब पीकर गाड़ी चलाने पर, ओवर-स्पीडिंग और ओवरलोडिंग जैसे अपराधों के लिए अब सख्त प्रावधान लागू किए गए हैं और जुर्माना भी भारी लगाया जाएगा। इसलिए अब अगर कोई भी ट्रैफिक उल्लघंन करता है तो जुर्माना 10 गुणा तक भरना पड़ सकता है। आज से जुर्माने की नई रेट लिस्ट लागू हो जाएगी।

  • अब बिना लाइसेंस के अगर कोई ड्राइव करते हुए पकड़ा जाता है तो उसे 500 रुपये की जगह 5000 रुपये जुर्माना देना होगा।
  • अगर कोई डिस्क्वालीफाई होने पर भी गाड़ी ड्राइव करता है तो 10,000 रुपये जुर्माना देना होगा पहले ये जुर्माना 500 रुपये का था।
  • अगर कोई ओवर स्पीड गाड़ी चला रहा है तो उस पर 400 रुपये की जगह 1000 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ेगा।
  • रैश ड्राइव करते हुए कोई पकड़ा जाता है तो जुर्माना 1000 रुपये के बजाए 5000 रुपये देना होगा।
  • ड्रिंक एंड ड्राइव का चालान अब 2000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दिया गया है।
  • बिना सीट बेल्ट लगाए गाड़ी चलाने पर 100 रुपये की बजाए 1000 रुपये का चालान भरना पड़ेगा।
  • रेड लाइट जम्प करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर 500 रुपये का जुर्माना और 1 साल की जेल भी हो सकती है। पहले 100 रुपये हुआ करता था।
  • टू-व्हीलर पर दो से ज्यादा लोग बैठाकर चलने पर 2 हजार रुपये का जुर्माना और 3 महीने के लिए लाइसेंस रद्द हो सकता है।
  • बिना हेलमेट टू-व्हीलर चलाने पर भी जुर्माना 100 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है।
  • इंश्योरेंस के बिना गाड़ी चलाने पर अब 1000 रुपये की बजाए अब 2000 रुपये का जुर्माना देना होगा।
  • एम्बुलेंस या किसी और इमरजेंसी व्हीकल का रास्ता रोकने पर अब से 10,000 रुपये जुर्माना देना होगा।
  • गाड़ी में लिमिट से ज्यादा पैसेंजर बैठाने पर भी अब 1000 रुपये प्रति पैसेंजर जुर्माना देना होगा।
  • इसके अलावा अगर कोई जुवेनाइल लापरवाही से गाड़ी चलाते पकड़ा गया तो गाड़ी के मालिक या फिर उनके माता-पिता को 25,000 रुपये का जुर्माना और 3 साल की जेल हो सकती है और साथ ही जुवेनाइल पर जुवेनाइल जस्टिस एक्स के अंडर मुकदमा चलाया जाएगा।

HTC ने भारत में लॉन्च किया ट्रिपल कैमरे वाला Wildfire X फ़ोन

नई दिल्ली। कल तक जिस HTC की भारत में वापसी की खबरें आ रही थी उसी ने आज धमाकेदार एंट्री कर भी दी। HTC ने भारत में लगभग एक साल बाद वापसी करते हुए अपना पहला स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने बुधवार को भारतीय बाजार में HTC Wildfire X स्मार्टफोन पेश कर दिया है जो ट्रिपल कैमरा और 8X हाइब्रिड झूम के साथ आ रहा है।

ताइवानी कंपनी ने अपने इस फोन की कीमत 9,999 रुपए रखी है। HTC के इस लॉन्च से बाजार में पहले से मौजूद इस प्राइज रेंज वाले रेडमी, सैमसंग और दूसरे स्मार्टफोन्स को कड़ी टक्कर देगा। यह फोन फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध होगा और

इसके स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो कंपनी ने 9,999 रुपए की बजट रेंज में 6.22 इंच के एचडी प्लस IPS LCD डिस्प्ले वाला फोन पेस किया है। यह वाटरड्रॉप नॉच के साथ आ रहा है। फोन में 2 गीगाहर्ट्ज का चिपसेट लगा है जो संभवतः ऑक्टाकोर हो सकता है। यह 3 जीबी रैम और 4 जीबी रैम वाले विकल्प के साथ आया है।

फोन में ट्रिपल कैमरा लगा है जिसमें 12 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर, 1.25 माइक्रोन पिक्सल के साथ है वहीं 8 मेगापिक्सल का सेंकडरी सेंसर दिया गया है। इसका तीसरा सेंसेर 5 मेगापिक्सल वाला है। साथ ही यह ट्रिपल कैमरा 8X हाइब्रिड झूम को सपोर्ट करता है। फ्रंट कैमरे की बात करें तो इसमें 8 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया गया है जो वाइड एंगल और 86 डिग्री लेंस के साथ आ रहा है।

फोन में एंड्रायड का वर्तमान ऑपरेटिंग सिस्टम Android 9 Pie दिया गया है। 4G वाला यह फोन वाईफाई, ब्लूटूथ जैसे कनेक्टिविटी फीचर्स भी लाया है साथ ही इसमें टाइप सी यूएसबी पोर्ट दिया गया है वहीं 3.5 एमएम का हेडफोन जैक है। फोन में 3,300 mAh की बैटरी दी गई है।

मोह और आसक्ति हमेशा दु:ख का कारण होती है: आर्यिका सौम्यनंदिनी

कोटा। प्रवचन करते हुए सुयोग्यनंदिनी माताजी ने बुधवार को कहा कि व्यक्ति के जीवन में पदार्थ की उपयोगिता होती है। उपयोग करना एक बात है, लेकिन व्यक्ति पदार्थ के प्रति आसक्ति की भावना न रखें। मोह व आसक्ति दु:ख का कारण होती है। व्यक्ति कामनाओं को सीमित रखने का प्रयास करें। कोई विषय भोग न भोगे परन्तु मन में भोग की कामना रखे तो वह भी दुर्गति का कारण बनती है।

उन्होंने कहा कि व्यक्ति धर्म की साधना द्वारा आसक्ति कम करने का प्रयास करें। इस संसार में जिस वस्तु का संयोग होता है उसका वियोग भी होता है। दोनों स्थितियों में समत्वभाव रखें । प्रवचन से पूर्व आर्यिका सौम्यनंदिनी माताजी पावन वर्षायोग की पत्रिका का विमोचन आर्यिका संघ और सकल दिगंबर जैन समाज के पदाधिकारियों के द्वारा किया गया। साथ ही माताजी का अवतरण दिवस भी मनाया गया।

अध्यक्ष नवीन दौराया तथा मंत्री पारस जैन ने बताया कि आर्यिका श्री 105 सौम्यनंदिनी माताजी ससंघ के चातुर्मास सम्बंधी कार्यक्रमों की सूचना देने के लिए चातुर्मास पत्रिका तैयार की गई है।
इस अवसर पर चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, शास्त्र भेंट रमेशचंद दौराया, चिंतामणी जैन, नवीन जैन, रिन्कू जैन, अनिल दौराया, मोनिका दौराया परिवार (रानपुर वाले) तथा कविता टोंगया, डॉ.अमित कुमार, डॉ. ऋतु टोंग्या परिवार के द्वारा किया गया।

कॅरियर सिटी कोटा संवार रहा शहीदों के बच्चों का भविष्य

  • इंजीनियरिंग व मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग
  • 31 से अधिक शहीदों के बच्चे एलन में कर रहे निशुल्क पढ़ाई
  • 5 हजार सेना में कार्यरत व सेवानिवृत्त जवानों के बच्चों का भविष्य भी संवार रहा

कोटा। कॅरियर सिटी कोटा देश की तकदीर संवार रहा है। शहीदों की शहादत को अपने ही अंदाज में सलाम कर रहा है। शहीद हमारे बीच भले ही नहीं हों लेकिन कोटा उनके सपना को पूरा कर रहा है। शहीद परिवारों की आंखों के आंसू भले सूख चुके हों, लेकिन उनके बच्चों के संकल्पों को पूरा करने में कोटा पूरी शिद्धत से लगा है।

यहां के एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट में 31 शहीदों के बच्चों को निशुल्क कोचिंग मिल रही है। इनमें 21 स्टूडेंट्स कोटा तथा 10 स्टूडेंट्स देश के अन्य स्टडी सेंटर्स पर अध्ययनरत हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से कोटा आकर पढ़ने वाले इन विद्यार्थियों को यहां के कोचिंग संस्थान और आमजन पूरी मदद कर रहे हैं। इन विद्यार्थियों को शुल्क में रियायत दी जा रही है वरन हॉस्टल व अन्य सुविधाएं भी इन विद्यार्थियों को रियायती दर पर उपलब्ध करवाई जा रही है।

कई राज्यों के हैं शहीद
देश की आन-बान-शान के लिए शहीद होने वालों में देश के हर कोने के जांबाज शामिल हैं। इसमें हरियाणा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, बिहार, उत्तराखंड समेत कई राज्यों के शहीद होने वाले सैनिक शामिल हैं।

अन्य सैनिकों के बच्चों को भी प्रोत्साहन
शहीद सैनिकों के अलावा सेना में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों के बच्चों को भी उनकी मेडिकल व इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारियों के लिए करवाई जाने वाली कोचिंग के शुल्क में एलन द्वारा रियायत दी जा रही है। सत्र 2019-20 में ऐसे करीब 4893 विद्यार्थी एलन में अध्ययनरत भी हैं, जिनमें कोटा में 3505 तथा अन्य शहरों के अध्ययन केन्द्रों पर 1388 स्टूडेंट्स शामिल हैं।

करगिल से लेकर पुलवामा तक के शहीद शामिल
कोटा में पढ़ाई कर रहे बच्चों के शहीद परिजनों ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में सरहदों की रक्षा करते हुए या आतंकियों से मुकाबला करते हुए अपनी जान गंवाई। इसमें जम्मू कश्मीर से लेकर दंतेवाड़ा तक आतंकियों और नक्सलियों से मुठभेड़, सियाचीन से लेकर करगिल तक के संघर्ष शामिल हैं। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के शहीद भी इसमें शामिल हैं।

संजय कुमार यादव जो जम्मू कश्मीर में ऑपरेशन रक्षक के दौरान 2003 में शहीद हुए उनकी पुत्री शिवानी यहां पढ़ रही है। इसके साथ ही डोडा जम्मू कश्मीर में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए अनिरूद्ध प्रताप सिंह के पुत्र अभिरूद्ध प्रताप सिंह, पंचमड़ी में नक्सली हमले में शहीद हुए राजेन्द्र राय के पुत्र रिषव राय, दंतेवाड़ा में नक्सली हमले में शहीद सर्वदेव सिंह की पुत्री प्रियांजलि, कारगिल में 1999 में ऑपरेशन विजय में शहीद हुए रम्भू सिंह के पुत्र रोहित कुमार शामिल है।

अवंतिपोरा पुलवामा श्रीनगर में आतंकवादियों द्वारा किए गए आईइडी ब्लास्ट में शहीद भगवान सिंह तोमर की पुत्री प्रिया तोमर, इम्फाल में हुई मुठभेड़ में मोहम्मद जोबेर के पुत्र मोहम्मद हामिद यहां पढ़ रहे हैं। इसके साथ ही पुलवामा हमले में शहीद हुए कोटा में सांगोद के हेमराज मीणा के पुत्र अजय मीणा तथा देहरादून के शहीद मोहनलाल की पुत्री कुमारी गंगा भी इसमें शामिल है।

शौर्य छात्रवृत्ति दी जाती है
देश सेवा को समर्पित इन वीर जवानों के बच्चों को एलन द्वारा शौर्य छात्रवृत्ति दी जाती है। जिसमें शहीदों व सैनिकों के बच्चों के लिए 15 से लेकर 90 प्रतिशत तक की छात्रवृत्ति दी जा रही है। पुलवामा शहीदों के बच्चों को निशुल्क पढ़ाई के साथ-साथ अन्य सुविधाएं भी दी जा रही हैं। नवीन माहेश्वरी, निदेशक, एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट, कोटा

इंदौर किराना: ग्राहकी से शक्कर में तेजी, खोपरा गोला सस्ता

इंदौर। स्थानीय सियागंज किराना बाजार में ग्राहकी से बुधवार को शक्कर के भाव में 60 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। इस बीच खोपरा गोला तीन रुपये प्रति किलोग्राम सस्ता बिका।कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक सियागंज किराना बाजार में बुधवार को सात गाड़ी शक्कर की आवक हुई।

शक्कर-गोला शक्कर 3400 से 3480 रुपये प्रति क्विंटल।खोपरा गोला 165 से 182 रुपये प्रति किलोग्राम।खोपरा बूरा 2200 से 3400 रुपये प्रति 15 किलोग्राम। हल्दी हल्दी खड़ी सांगली 130 से 132, निजामाबाद 90 से 100, पिसी 140 से 155 रुपये प्रति किलोग्राम।

साबूदाना साबूदाना 6000 से 7600, पैकिंग में 8000 से 8300 रुपये प्रति क्विंटल। आटा-मैदा गेहूं आटा 1200 से 1210, मैदा 1260 से 1270, रवा 1270 से 1280, चना बेसन 2950 से 2975 तथा बटला बेसन 2750 से 2775 रुपये प्रति क्विंटल।

इंदौर अनाज मंडी: ग्राहकी निकलने से मूंग दाल एवं मूंग मोगर में तेजी

इंदौर। स्थानीय संयोगितागंज अनाज मंडी में बुधवार को चना कांटा 25 रुपये और चना देसी के भाव में 25 रुपये प्रति क्विंटल की कमी आई। दालों में मूंग दाल 100 रुपये और मूंग मोगर के भाव 100 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी लिए रहे। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक संयोगितागंज अनाज मंडी में बुधवार को 1000 बोरी गेहूं की आवक हुई।

दलहन चना (कांटा) 4300 से 4325, चना (देसी) 4200 से 4225, डबल डॉलर 4800 से 5200, मसूर 4150 से 4200, हल्की 3750 से 3800, मूंग 5800 से 6000, हल्की 5200 से 5500, तुअर निमाड़ी (अरहर) 5000 से 5500, महाराष्ट्र तुअर (अरहर) 6000 से 6100, उड़द 5000 से 5100, हल्की 3800 से 4000 रुपये प्रति क्विंटल।

दाल तुअर (अरहर) दाल सवा नंबर 6950 से 7150, तुअर दाल फूल 7350 से 7550, तुअर दाल बोल्ड 7750 से 7950, आयातित तुअर दाल 6200 से 6400चना दाल 5600 से 5800, आयातित चना दाल 5500 से 5200मसूर दाल 5350 से 5450मूंग दाल 7600 से 7800, मूंग मोगर 8200 से 8400 उड़द दाल 7000 से 7200, उड़द मोगर 7000 से 7200 रुपये प्रति क्विंटल।

अनाज गेहूं हल्का 1870 से 1900, गेहूं 147- 1950 से 2200, गेहूं लोकवन 1950 से 2250, गेहूं चंद्रौसी 3200 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल। ज्वार हल्की 2000 से 2100, ज्वार संकर 2150 से 2200, ज्वार देसी 2500 से 2800, मक्का पीली 2150 से 2200, मक्का गजर 2100 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल।

चावल बासमती 8500 से 9000, तिबार 7000 से 7500, दुबार 6000 से 6500, मिनी दुबार 5500 से 6000, मोगरा 3500 से 5000, बासमती सैला 5500 से 8500, कालीमूंछ 5900 से 6000, राजभोग 4900 से 5000, दूबराज 3500 से 4000, परमल 2500 से 2700, हंसा सैला 2400 से 2650, हंसा सफेद 2200 से 2400, पोहा 4200 से 4400 रुपये प्रति क्विंटल।