Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 239

Gold Silver Price: एमसीएक्स पर फिसली सोना-चांदी की वायदा कीमतें

नई दिल्ली। Gold Silver Price 24 Feb: घरेलू वायदा बाजार में सोने की दरों में गिरावट देखी गई। पिछले सत्र में जोरदार बढ़त के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की। एमसीएक्स पर अप्रैल गोल्ड वायदा 0.50% से अधिक गिरकर ₹1,60,750 प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

वहीं, एमसीएक्स सिल्वर अप्रैल वायदा 0.20% फिसलकर ₹2,64,972 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। पिछले सत्र में एमसीएक्स गोल्ड अप्रैल वायदा 3% उछलकर ₹1,61,598 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि एमसीएक्स सिल्वर मार्च वायदा 5% की छलांग लगाकर ₹2,65,333 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया था।

बाजार में अनिश्चितता का माहौल है, जिसकी एक बड़ी वजह डोनाल्ड ट्रंप का बयान है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के बाद वे टैरिफ को बढ़ाकर 15% कर देंगे। यह फैसला उनके प्रस्तावित पारस्परिक टैरिफ उपायों के खिलाफ आया है।

निवेशक मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव पर भी नजर बनाए हुए हैं। अमेरिका और ईरान परमाणु वार्ता फिर से शुरू करने की तैयारी में हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने उन खबरों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि पेंटागन को लंबे सैन्य अभियान की चुनौतियों को लेकर चिंता है। उन्होंने यह भी दोहराया कि वे कूटनीतिक समझौते को प्राथमिकता देंगे।

आंकड़ों ने चिंता बढ़ाई
वहीं, पिछले शुक्रवार को जारी हुए आंकड़ों ने चिंता बढ़ा दी है। इनके मुताबिक, दिसंबर में अमेरिका में अंतर्निहित मुद्रास्फीति उम्मीद से कहीं ज्यादा बढ़ गई है। जनवरी में भी इसमें और तेजी के शुरुआती संकेत मिल रहे हैं। इस वजह से फेडरल रिजर्व निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती करने से बच सकता है। ब्याज दरों का बढ़ना या स्थिर रहना सोने जैसी नॉन-यील्ड वाली संपत्तियों को निवेश के लिहाज से कम आकर्षक बना देता है।

चांदी में निवेश
चांदी के बारे में एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी ने बताया कि बड़ी टाइमफ्रेम पर इसकी संरचना मजबूत बनी हुई है। कीमतें प्रमुख मूविंग एवरेज से ऊपर चली गई हैं, जो पिछले सुधार चरण से निकलकर नए सिरे से तेजी वाले ढांचे की ओर इशारा करता है। 70-75 डॉलर के बीच मजबूत खरीदारी देखी जा रही है। अगर कीमतें 92-96 डॉलर के स्तर को पार करके बंद होती हैं, तो यह 100-105 डॉलर और पुराने रिकॉर्ड हाई को छूने की राह खोल सकती हैं। मिड से लॉन्ग टर्म नजरिया सकारात्मक बना हुआ है, जिसे मजबूत इंडस्ट्रियल डिमांड एंड सप्लाई कमी का सपोर्ट मिल रहा है।

सेंसेक्स 1350 अंक से अधिक लुढ़का, निवेशकों के डूब गए ₹6.3 लाख करोड़

नई दिल्ली। Stock Market Update : अमेरिकी शेयर मार्केट में हाहाकार के बाद घरेलू शेयर मार्केट में भी हाहाकार मची हुई है। आज सेंसेक्स 1,350 पॉइंट्स से अधिक गिरकर 81,934 के इंट्राडे लो पर आ गया था।  बाजार में आई इस गिरावट के चलते निवेशकों की संपत्ति में लगभग 6.3 लाख करोड़ रुपये की कमी आई और बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 469 लाख करोड़ रुपये से घटकर 462 लाख करोड़ रुपये पर आ गया।

अभी यह 1157 अंक नीचे 82136 पर है। जबकि NSE का निफ्टी 50 सेशन के दौरान 1.5% गिरकर 25,327 पर था। अब यह 325 अंक नीचे 25387 पर है।

सेंसेक्स के सभी आईटी स्टॉक्स में गिरावट है। एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और टीसीएस टॉप लूजर हैं। अमेरिकी शेयर मार्केट में हाहाकार के बाद घरेलू शेयर मार्केट भी गिरावट के साथ खुला। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 242 अंकों के नुकसान के साथ 83052 पर खुला। दूसरी ओर एनएसई का 50 स्टॉक्स वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 71 अंकों की गिरावट के साथ 25641 के लेवल पर खुला।

आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा दबाव
आज के कारोबार में आईटी कंपनियों के शेयरों में गिरावट प्रमुख रही। HCL Technologies, Tech Mahindra और Infosys के शेयर करीब 2 प्रतिशत तक लुढ़क गए। इसके अलावा Eternal में लगभग 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका में टेक कंपनियों को लेकर बनी अनिश्चितता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े संभावित जोखिमों की चर्चा का असर भारतीय आईटी शेयरों पर भी पड़ रहा है।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

अमेरिका में बिकवाली, एशिया में मिलाजुला रुख
अमेरिका में टैरिफ नीति को लेकर अब भी अनिश्चितता है और भू-राजनीतिक तनाव बढ़ रहे हैं, जिसका सीधा असर वॉल स्ट्रीट पर देखा गया। सोमवार रात को अमेरिकी बाजार में भारी बिकवाली हुई। डॉऊ जोन्स 821 अंक टूट गया, जबकि S&P 500 और नैस्डैक भी 1% से ज्यादा फिसल गए। खासकर टेस्ला और एएमडी जैसी बड़ी टेक कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखी गई, हालांकि एनवीडिया के शेयर हल्की बढ़त में रहे।

इसका असर एशिया पर भी पड़ा और मंगलवार सुबह यहां मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। जापान का निक्की 0.77% की तेजी के साथ खुला, लेकिन दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.1% से ज्यादा लुढ़क गया। हांगकांग का हैंग सेंग भी कमजोरी के संकेत दे रहा है।

पुष्प प्रदर्शनी में फूलों से लबरेज दिल एवं सेल्फी पॉइंट्स सोशल मीडिया पर छाए

कोटा। कोटा महोत्सव के रंगीन कैनवास पर इस बार दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी ने ऐसी धूम मचाई कि शहर देखता रह गया। किशोर सागर तालाब की पाल 22 और 23 फरवरी को फूलों के एक ऐसे अद्भुत संसार में बदल गई, जहाँ हर उम्र का व्यक्ति सम्मोहित सा खिंचा चला आया। दोनों दिन प्रदर्शनी स्थल पर जनसैलाब उमड़ पड़ा था। लगभग एक लाख से अधिक लोगों ने इस पुष्प प्रदर्शनी में शिरकत की।

उद्यान अधीक्षक अमरीश शर्मा ने बताया, “यह कार्यक्रम विगत कई वर्षों से हर वर्ष फरवरी के प्रथम सप्ताह में होता आ रहा है। इस वर्ष कोटा महोत्सव के साथ इसे शामिल किया गया है, जिसकी शहरवासियों को बेसब्री से इंतजार रहता है।

तालाब की पाल की सुंदरता उसमें चार चाँद लगा देती है। उन्होंने कहा, कोटा में होने वाले कार्यक्रमों में इस पुष्प प्रदर्शनी में रिकॉर्ड फुटफॉल होता है। शाम होते-होते तो यहाँ हर उम्र के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ता है, जिससे पाँव रखने की जगह भी नहीं रहती।

प्रदर्शनी का दिल थे फूलों से लबरेज ‘सेल्फी पॉइंट्स’, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर छा गए। यहाँ की हर तस्वीर एक कहानी कह रही थी! कल्पना कीजिए – ट्यूलिप की शाही खूबसूरती, ऑर्किड का विदेशी अंदाज़, रेनेकुलस की नाजुकता और डच रोज़ का प्रेम…ये सब एक साथ मिलकर एक ऐसा इंद्रधनुषी मेला बना रहे थे, जिसने पूरे वातावरण को अपनी मादक सुगंध से भर दिया।

इस भव्य आयोजन में रंगोली, कट फ्लावर और बोनसाई जैसी प्रतियोगिताओं ने कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच दिया। शहर के हर कोने से, चाहे वो बड़े औद्योगिक घराने हों, सरकारी संस्थान हों, चहकती शैक्षणिक संस्थाएँ हों, लक्जरी होटल हों या हमारा प्यारा कोटा ग्रीन कम्युनिटी – सबने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने हुनर का लोहा मनवाया, अनमोल पुरस्कारों पर अपना नाम लिखवाया!

और हाँ, माहौल को जोशीला बनाए रखने के लिए आर्मी के बैगपाइपर और आर.ए.सी. के बॉस बैंड ने किशोर सागर तालाब की पाल पर हजारों दर्शकों के दिलों पर अपनी धुन से राज किया। उनकी सुरीली और शक्तिशाली प्रस्तुतियों ने जैसे पूरे वातावरण में एक नई ऊर्जा भर दी!

यह अनूठा आयोजन रविवार देर रात तक चलता रहा। संभागीय आयुक्त कोटा अनिल कुमार अग्रवाल, आईजी पुलिस कोटा रेंज राजेंद्र प्रसाद गोयल, आयुक्त नगर निगम अजय कुमार मेहरा, उपायुक्त नगर निगम दयावती और उद्यान अधीक्षक अमरीश शर्मा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से विजेताओं और सभी समर्पित प्रतिभागियों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

निरोगी कोटा: लोगों ने रोगों की रोकथाम, उपचार एवं स्वस्थ जीवनशैली को जाना

आईएमए कोटा के विशेषज्ञों ने विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर दी महत्वपूर्ण जानकारी

कोटा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कोटा महोत्सव के अंतर्गत रविवार को ‘निरोगी कोटा’ थीम पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कोटा के तत्वावधान में व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

चंबल रिवर फ्रंट स्थित पश्चिम घाट क्षेत्र में हुए इस आयोजन में आईएमए के वरिष्ठ चिकित्सकों ने आमजन को विभिन्न रोगों की रोकथाम, उपचार और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में आईएमए कोटा के अध्यक्ष डॉ. के. श्रृंगी ने मधुमेह (डायबिटीज) के बढ़ते प्रकोप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि असंतुलित खानपान, तनाव और शारीरिक निष्क्रियता इसके प्रमुख कारण हैं। उन्होंने नियमित जांच, संतुलित आहार और व्यायाम को नियंत्रण का प्रभावी उपाय बताया।

महासचिव डॉ. मनीष बोहरा ने बच्चों में टीकाकरण की अनिवार्यता पर जोर देते हुए कहा कि समय पर लगाए गए टीके बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखते हैं तथा समाज में सामूहिक प्रतिरक्षा को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में अन्य विशेषज्ञों ने भी अपने-अपने विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। डॉ. अविनाश बंसल ने बच्चों के स्कूल परिवेश में सावधानी एवं सुरक्षा पर प्रकाश डाला। डॉ. निर्मला शर्मा ने महिलाओं में ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और जागरूकता पर विचार रखे। डॉ. केवल डंग ने वायु प्रदूषण एवं धूम्रपान से बचाव के उपाय बताए।

डॉ. एम.एल. अग्रवाल ने तनाव प्रबंधन, डॉ. मीनाक्षी शारदा ने बुजुर्गों की सेहत एवं देखभाल, डॉ. अशोक शारदा ने बच्चों में मोबाइल के दुष्प्रभावों पर चेताया। डॉ. शुभम जोशी ने हृदय रोगों की जानकारी एवं बचाव के उपाय साझा किए। डॉ. मामराज अग्रवाल ने गोल्डन ऑवर एवं ट्रॉमा इमरजेंसी के महत्व को रेखांकित किया। डॉ. डी.के. शर्मा ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति एवं उपचार पर प्रकाश डाला।

डॉ. विजय सरदाना ने लकवा (स्ट्रोक) के लक्षण, बचाव एवं त्वरित उपचार की जानकारी दी। डॉ. अनिल शर्मा ने फैटी लिवर रोग पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. राकेश जिंदल ने वर्तमान में जीवनशैली प्रबंधन को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। आहार विशेषज्ञ ममता सिंघल ने महिलाओं के पोषण एवं संतुलित आहार पर मार्गदर्शन दिया।

रोटरी क्लब के सेवा कार्यों और प्रकल्पों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता: प्रज्ञा मेहता

रोटरी क्लब कोटा ने 10 हॉस्पिटल बेड एवं 500 स्कूल बैग्स भेंट किए  

कोटा। Rotary Club Kota Charter Day Celebration: रोटरी बिनानी सभागार में सोमवार को रोटरी क्लब कोटा द्वारा चार्टर डे समारोह एवं आरआईडी 3056 की प्रांतपाल प्रज्ञा मेहता के आधिकारिक दौरे के अवसर पर वर्ष भर संचालित सेवा कार्यों का अवलोकन किया गया।

प्रांतपाल प्रज्ञा मेहता ने क्लब के स्थायी प्रकल्पों का निरीक्षण किया। जिनमें देवनारायण नगर स्थित देव नारायण रोटरी पब्लिक स्कूल, मानव सेवा समिति में संचालित डायलिसिस सेंटर तथा जे. के. लॉन स्थित पीकू एवं नीकू वार्ड का भ्रमण शामिल रहा। उन्होंने क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे और प्रकल्पों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

तत्पश्चात बिनानी सभागार में संचालित स्वरोजगार केंद्र का अवलोकन करते हुए उपस्थित महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसरों एवं प्रशिक्षण संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया।

क्लब अध्यक्ष मनोज सोनी ने प्रांतपाल प्रज्ञा मेहता एवं राजीव मेहता का माल्यार्पण, उपरना एवं साफा बांधकर पारंपरिक स्वागत किया। क्लब सचिव नीरज अग्रवाल ने बताया कि क्लब के 68वें चार्टर डे समारोह के अवसर पर 10 हॉस्पिटल बेड एमबीएस अस्पताल के डॉ. विजय सरदाना को सुपुर्द किए गए।

क्लब कोषाध्यक्ष उमेश गोयल ने जानकारी दी कि रोटरी क्लब द्वारा संचालित आरसीसी आंवा, आरसीसी खेड़ारामपुर, आरसीसी पिसाहेड़ा तथा देव नारायण रोटरी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों को 500 स्कूल बैग्स भेंट किए गए।

सार्जेंट-एट-आर्म्स दीपक मेहता ने बताया कि चार्टर डे के अवसर पर क्लब के पूर्व अध्यक्षों तथा 25 वर्षों से अधिक समय से रोटरी से जुड़े सदस्यों को सम्मानित कर स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए।

प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि मंच संचालन सीए रजनी मित्तल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष गोपाल सपरा, गोपाल जैन, एस. एस. गौर, ए. के. जैन, के. के. कचोलिया एवं राजीव नारंग सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सचिव नीरज अग्रवाल ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

KPL: कोटा प्रीमियर लीग के दूसरे दिन कोटा डीसीए व डब्ल्यूसीआर रेल्वे टीम जीती

कोटा। KPL-2026: कोटा जिला क्रिकेट संघ द्वारा कोटा में राष्ट्रीय स्तरीय सीनियर टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

रविवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में डब्ल्यूसीआर जबलपुर का सामना राजस्थान यूनाइटेड से हुआ। इस मैच में डब्ल्यूसीआर जबलपुर टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 132 रन बनाए जिसमें बल्लेबाजी करते हुए विशाल यादव तथा आयुष आर्य ने 28-28 रन का योगदान किया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को राजस्थान यूनाइटेड बनाम कोटा डीसीए के बीच खेले गए पहले मुकाबले में कोटा डीसीए टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान यूनाइटेड की टीम 102 रनों पर ऑलआउट हो गई जिसमें बल्लेबाजी करते हुए अजय तेतरवाल ने 49 रन, मोहित जोशी ने 21 रन और भूपेंद्र रायका ने 18 रनों का योगदान किया।

कोटा डीसीए की ओर से गेंदबाजी करते हुए अशोक सिंह ने तीन विकेट, हिमांशु नेहरा व अमन राजावत ने दो-दो विकेट तथा महेंद्र महेला और दिव्यप्रताप सिंह हाडा ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कोटा डीसीए की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 104 रन बनाकर मैच जीत लिया।

टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए कप्तान दिव्यप्रताप सिंह हाडा ने 54 रन की अर्धशतकीय पारी खेली तथा दुष्यंत सिंह ने 24 रन बनाए। राजस्थान यूनाइटेड टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए राहुल चौधरी, देव शर्मा और जय गोयल ने एक-एक विकेट लिया। इस मैच में कोटा डीसीए टीम के कप्तान दिव्यप्रताप सिंह हाड़ा प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

दूसरे दिन खेले गए दूसरे मुकाबले में बाउंड्री ब्रेकर्स का सामना डब्ल्यूसीआर जबलपुर से हुआ। इस मैच में बाउंड्री ब्रेकर्स टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लेते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 103 रन बनाए जिसमें सैयद अली ने 52 रन तथा राजकुमार सैनी ने 20 रन बनाए।

डब्ल्यूसीआर जबलपुर टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए आयुष आर्य ने चार विकेट लिए तथा सुशील, दीपक त्रिपाठी, अयान चौधरी ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए डब्ल्यूसीआर जबलपुर टीम में अमीन खान के 33 रन और अमित सिंह के 28 रनों की महत्वपूर्ण पारियों की सहायता से 5 विकेट के नुकसान पर 104 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

बाउंड्री ब्रेकर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए सचिन चौधरी तथा मीरान खान ने दो-दो विकेट लिए एवं रजत गुजराती को एक सफलता मिली। इस मैच में आयुष आर्य प्लेयर ऑफ द मैच रहे। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में मुख्य आकर्षण जिला क्रिकेट संघ द्वारा दर्शकों द्वारा कैच पकड़ने पर 1100 रुपए का नकद पुरस्कार रहा जिसमें रामेश्वर मीणा एवं मनमोहन सोनी ने कैच पड़कर 1100 रुपए का नकद पुरस्कार प्राप्त किया।

कोटा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष एवं प्रतियोगिता के आयोजन प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन पहले मैच में मुख्य अतिथि कोटा रेंज आईजी राजेंद्र प्रसाद गोयल रहे तथा दूसरे मैच में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर रहे।

आज होने वाले मुकाबले
शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के तीसरे दिन पहले मुकाबले में सोलफील क्रिकेट अकेडमी बनाम जीआर जयपुर एवं दूसरे मुकाबले में वीटीसीए नागपुर बनाम इनविक्सो इंडियंस के मध्य मैच खेला जाएगा।

बिरला ने इन्द्रगढ़ बीजासन माता मंदिर में 18 करोड़ के रोप-वे का शिलान्यास किया

इन्द्रगढ़-करवर-पाटन क्षेत्र को 135 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

इन्द्रगढ़ (बून्दी)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इन्द्रगढ़ स्थित प्राचीन माँ बीजासन मंदिर में 18 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले रोप-वे तथा 62 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित बांसी-देई-खजूरी-करवर-इन्द्रगढ़ सड़क सहित कुल 103 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके अलावा बिरला ने केशवराय पाटन पंचायत समिति क्षेत्र में 32.50 करोड़ रूपए की लागत से 44 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

बिरला ने कहा कि सदियों से आस्था का केंद्र रहा माँ बीजासन मंदिर हाड़ौती ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के श्रद्धालुओं के लिए श्रद्धा का प्रमुख धाम है। रोप-वे बनने से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी, जिन्हें अब तक कठिन चढ़ाई के कारण परेशानी होती थी।

उन्होंने कहा कि अभयारण्य क्षेत्र होने के कारण विकास कार्यों में पर्यावरण संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि रोप-वे से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। राजस्थान में धार्मिक पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है और इन्द्रगढ़ भी इस मानचित्र में महत्वपूर्ण स्थान बनाएगा।

बिरला ने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र को आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। केशवरायपाटन में लगभग 42 करोड़ रुपए के विकास कार्य, श्री मथुराधीश मंदिर कॉरिडोर का निर्माण तथा अन्य प्रमुख आस्था स्थलों के उन्नयन के माध्यम से क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई मजबूती दी जा रही है। इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं की सुविधाएँ बढ़ेंगी और पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि 62 करोड़ रुपए की लागत से बनी बांसी-देई-खजूरी-करवर-इन्द्रगढ़ सड़क से क्षेत्र में कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होने से आवागमन आसान होगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

बिरला ने कहा कि सड़क, पेयजल, सिंचाई और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएँ विकास की नींव हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई विकास कार्य प्रगति पर हैं और आने वाले समय में सड़क कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाएगा।

साथ ही ईआरसीपी, नवनेरा सहित कई पेयजल और सिंचाई परियोजनाओं पर भी काम जारी है तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान पूर्व मंत्री बाबूलाल वर्मा, पूर्व विधायक चन्द्रकान्ता मेघवाल, बून्दी जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा आदि वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया।

GATE 2026 की आंसर की एवं मास्टर क्वेश्चन पेपर जारी, ऐसे करें डाउनलोड

0

नई दिल्ली। GATE 2026 Answer Key: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी गुवाहाटी (IIT guwahati) द्वारा अभियांत्रिकी स्नातक अभिक्षमता परीक्षा यानी कि GATE 2026 में भाग लेने वाले उम्मीदवारों के लिए उत्तर कुंजी एवं मास्टर क्वेश्चन पेपर जारी कर दिया गया है।

एग्जाम का आयोजन 7, 8, 14 एवं 15 फरवरी 2026 को करवाया गया था। अब इस परीक्षा परीक्षार्थी अब अपने प्रश्न उत्तरों का मिलान करके एग्जाम में किये गए प्रदर्शन का अनुमान लगा सकते हैं।

तय तिथियों में दर्ज कर सकते हैं आपत्ति
प्रोविजनल आंसर की एवं मास्टर प्रश्न पत्र जारी होने के बाद छात्र उससे अपने प्रश्न उत्तरों का मिलान कर सकते हैं। इस दौरान अगर में किसी उत्तर से संतुष्ट नहीं होते हैं तो तय तिथियों के अंदर ऑनलाइन माध्यम से उस पर ऑब्जेक्शन दर्ज कर सकते हैं। अगर आपके द्वारा किया गया दावा सही पाया जायेगा तो उसके लिए अंक प्रदान किये जायेंगे।

आंसर की ऐसे करें डाउनलोड

  1. गेट आंसर की 2026 डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले वेबसाइट gate2026.iitg.ac.in पर जाना है।
  2. वेबसाइट के होम पेज पर Application Login पर क्लिक करना है।
  3. अब Enrollment Id / Email Address, Password एवं दिया गया कोड दर्ज करके लॉग इन करना होगा।
  4. प्रोविजनल आंसर की एवं रिस्पॉन्स शीट ओपन हो जाएगी।
  5. इसके बाद आप अपने प्रश्न उत्तरों का मिलान कर सकते हैं।

GATE Answer Key 2026 Link

रिजल्ट 19 मार्च को होगा जारी
आंसर की पर दर्ज आपत्तियों का निराकरण आईआईटी की ओर से विशेषज्ञों की टीम द्वारा करवाया जायेगा। फाइनल आंसर की तैयार होने के बाद उसी को ध्यान में रखकर उम्मीदवारों के रिजल्ट की घोषणा की जाएगी। नतीजे 19 मार्च 2026 को जारी होंगे। लेटेस्ट अपडेट के लिए परीक्षार्थियों को समय समय पर ऑफिशियल वेबसाइट पर विजिट करने की सलाह दी जाती है।

Kota Mandi: कमजोर उठाव से कोटा मंडी में गेहूं, धान और सरसों के भाव गिरे

एनसीडीईएक्स पर अप्रैल-मई के धनिया वायदा में उछाल, हाजिर में स्थिर

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में सोमवार को कमजोर उठाव से गेहूं 25 रुपये, धान और सरसों 100 रुपये मंदी रही। एनसीडीईएक्स पर अप्रैल का धनिया वायदा 224 रुपये तेज होकर 10748 रुपये, मई वायदा 238 रुपये मजबूत होकर 10846 रुपये और जून वायदा 90 रुपये लुढ़क कर 10850 रुपये पर बंद हुआ।

मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब 70 हजार कट्टे और लहसुन की 1500 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं 2370 से 2420, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1550, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ 2000 से 2300 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3201, धान (1509) 3400 से 4000, धान (1847) 3200 से 3701, धान (1718-1885) 3900 से 4320, धान (पूसा-1) 3600 से 4280, धान (1401-1846) 3800 से 4360, धान दागी 1500 से 3200 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 4000 से 5301, सरसों नयी 5500 से 6450, अलसी 6000 से 6700, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6900, उड़द 4500 से 8200, चना देशी 4700 से 5171, चना मौसमी 4700 से 5100, चना पेप्सी 4800 से 5151, चना डंकी 3500 से 4700, चना काबुली 5500 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल।

नया लहसुन 3500 से 9000, मैथी 4000 से 5200, धनिया बादामी 7500 से 9100, धनिया ईगल 9200 से 9500, धनिया नया गीला 6700 से 9000 रुपये प्रति क्विंटल।

होली पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए तीन और स्पेशल एक्सप्रेस ट्रैन, जानिए स्टॉपेज

कोटा। होली के अवसर पर अतिरिक्त यात्री भार को क्लियर करने के उद्देश्य से रेल प्रशासन द्वारा तीन और स्पेशल एक्सप्रेस ट्रैन का संचालन किया जा रहा है। कोटा–राशिदपुरा खुड़ी–कोटा, कोटा–जबलपुर–कोटा स्पेशल ट्रेन एवं कोटा–मथुरा–कोटा होली एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन का फरवरी और मार्च में संचालन किया जाएगा।

कोटा–राशिदपुरा खुड़ी–कोटा होली एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09807 (कोटा–राशिदपुरा खुड़ी) का संचालन दिनांक 25.02.2026 एवं 04.03.2026 (बुधवार) को कुल 02 फेरे के लिए किया जाएगा।

यह ट्रेन निर्धारित तिथियों पर कोटा स्टेशन से 21.55 बजे प्रस्थान कर 22.38 बजे लाखेरी, 22.50 बजे इन्द्रगढ़ सुमेरगंज मंडी, अगले दिन 00.05 बजे सवाई माधोपुर, 02.02 बजे दुर्गापुरा, 02.30 बजे जयपुर, 02.50 बजे देहर का बालाजी, 03.13 बजे चौमूं सामोद, 03.40 बजे रींगस एवं 04.30 बजे सीकर पर ठहरते हुए 05.20 बजे राशिदपुरा खुड़ी पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09808 (राशिदपुरा खुड़ी–कोटा) का संचालन दिनांक 26.02.2026 एवं 05.03.2026 (गुरुवार) को कुल 02 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन राशिदपुरा खुड़ी स्टेशन से 06.55 बजे प्रस्थान कर 07.10 बजे सीकर, 08.00 बजे रींगस, 08.36 बजे चौमूं सामोद, 09.40 बजे देहर का बालाजी, 10.00 बजे जयपुर, 10.22 बजे दुर्गापुरा, 13.45 बजे सवाई माधोपुर, 14.38 बजे इन्द्रगढ़ सुमेरगंज मंडी एवं 14.50 बजे लाखेरी पर ठहरते हुए 15.55 बजे कोटा पहुंचेगी।

यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में कोटा, लाखेरी, इन्द्रगढ़ सुमेरगंज मंडी, सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा, जयपुर, देहर का बालाजी, चौमूं सामोद, रींगस, सीकर स्टेशनों पर ठहराव लेकर गंतव्य को जाएगी।

इस विशेष ट्रेन में 4 सामान्य श्रेणी, 7 शयनयान श्रेणी, 5 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 1 वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी, 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी एवं 1 वातानुकूलित द्वितीय सह प्रथम श्रेणी के डिब्बे सहित कुल 22 डिब्बे होंगे।

कोटा–जबलपुर–कोटा होली एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 09806 (कोटा–जबलपुर) का संचालन दिनांक 01.03.2026 एवं 03.03.2026 (रविवार एवं मंगलवार) को कुल 2 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन निर्धारित तिथियों पर कोटा स्टेशन से 18.30 बजे प्रस्थान कर 19.05 बजे अंता, 19.25 बजे बारां, 19.48 बजे अटरू, 20.03 बजे सालपुरा, 20.18 बजे छबड़ा गुगोर, 21.18 बजे रुठियाई, 21.50 बजे गुना, 22.40 बजे अशोकनगर, अगले दिन 00.20 बजे बीना मालखेड़ी जं., 01.20 बजे सागर, 03.00 बजे दमोह, 05.00 बजे कटनी मुड़वारा एवं 06.05 बजे सिहोरा रोड पर ठहरते हुए 06.55 बजे जबलपुर पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09805 (जबलपुर–कोटा) का संचालन दिनांक 02.03.2026 एवं 04.03.2026 (सोमवार एवं बुधवार) को कुल 2 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन जबलपुर स्टेशन से 09.10 बजे प्रस्थान कर 09.40 बजे सिहोरा रोड, 10.45 बजे कटनी मुड़वारा, 12.20 बजे दमोह, 13.50 बजे सागर, 15.00 बजे बीना मालखेड़ी जं., 17.00 बजे अशोकनगर, 18.00 बजे गुना, 19.00 बजे रुठियाई, 19.33 बजे छबड़ा गुगोर, 19.48 बजे सालपुरा, 20.03 बजे अटरू, 20.26 बजे बारां एवं 20.46 बजे अंता पर ठहरते हुए 22.15 बजे कोटा पहुंचेगी।

यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में कोटा, अंता, बारां, अटरू, सालपुरा, छबड़ा गुगोर, रुठियाई, गुना, अशोकनगर, बीना मालखेड़ी जं., सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, सिहोरा रोड स्टेशनों पर ठहराव लेकर गंतव्य को जाएगी।

इस विशेष ट्रेन में 6 सामान्य श्रेणी, 2 शयनयान श्रेणी एवं 2 बैठक श्रेणी के डिब्बे सहित कुल 12 डिब्बे होंगे।

कोटा–मथुरा–कोटा होली एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि गाड़ी संख्या 09801 (कोटा–मथुरा) का संचालन दिनांक 02.03.2026 तक सोमवार को 1 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन निर्धारित तिथि पर कोटा स्टेशन से 22.15 बजे प्रस्थान कर लाखेरी 22.58 बजे, सवाई माधोपुर 23.38 बजे, गंगापुर सिटी 00.23 बजे (अगले दिन), श्री महावीरजी 00.53 बजे, हिंडौन सिटी 01.08 बजे , बयाना 01.38 बजे एवं भरतपुर 02.18 बजे पर ठहरते हुए 04.20 बजे मथुरा पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09802 (मथुरा–कोटा) का संचालन दिनांक 03.03.2026 तक मंगलवार को 01 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन मथुरा स्टेशन से 05.40 बजे प्रस्थान कर भरतपुर 06.08 बजे, बयाना 06.38 बजे, हिंडौन सिटी 07.21 बजे, श्री महावीरजी 07.33 बजे, गंगापुर सिटी 08.28 बजे, सवाई माधोपुर 09.23 बजे एवं लाखेरी 10.18 बजे पर ठहरते हुए 11.40 बजे कोटा पहुंचेगी।

यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में कोटा, लाखेरी, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, श्री महावीरजी, हिंडौन सिटी, बयाना, भरतपुर स्टेशनों पर ठहराव लेकर गंतव्य को जाएगी।

इस विशेष ट्रेन में 4 सामान्य श्रेणी, 6 शयनयान श्रेणी, 6 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 1 वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी एवं 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के डिब्बे सहित कुल 22 डिब्बे होंगे।