Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 237

प्रभु के अनंत वैभव के समक्ष मानव का वैभव नगण्य है: विभाश्री माताजी

कोटा। मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर त्रिकाल चौबीसी परिसर, आर.के.पुरम के तत्वावधान में आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान में मंगलवार को श्रद्धालुओं ने गहन श्रद्धा के साथ अर्घ अर्पित किए। मंदिर परिसर मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से गुंजायमान रहा।

आयोजन गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी एवं आर्यिका विनयश्री माताजी के मंगल सान्निध्य में संपन्न हो रहा है। मंदिर अध्यक्ष अंकित जैन ने बताया कि प्रातः 6 बजे से मंत्रजाप, सहस्त्रनाम धारा, अभिषेक, शांतिधारा एवं विधान सहित विविध धार्मिक अनुष्ठान विधिपूर्वक आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्यार्जन किया।

धर्मसभा में प्रवचन देते हुए आर्यिका विभाश्री माताजी ने कहा कि जब तक मनुष्य के अंतर्मन में ज्ञान, पद अथवा वैभव का अहंकार विद्यमान है, तब तक सम्यकदर्शन की प्राप्ति नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि सांसारिक उपलब्धियों पर गर्व करना व्यर्थ है, क्योंकि प्रभु के अनंत वैभव के समक्ष मानव का वैभव नगण्य है।

‘मान’ विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए माताजी ने बताया कि शास्त्रों में वर्णित ज्ञान, पूजा, कुल, जाति, बल, ऋद्धि, तप और शरीर—ये आठ प्रकार के मद आत्मोन्नति में बाधक बनते हैं।

धर्मसभा में समिति उपाध्यक्ष लोकेश जैन बरमुंडा, निर्देशक विनोद टोरड़ी, संयोजक पदम जैन दुगरिया, कार्याध्यक्ष प्रकाश सेठिया, मुकेश पापड़ीवाल, अक्षय जैन, संजय जैन सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय साझेदारी से कोटा का निर्यात 5,000 करोड़ रुपये के पार संभव: जेटली

0

EAR प्रतिनिधिमंडल का मलेशिया दौरा, निर्यात व पर्यटन पर वैश्विक स्तर पर मंथन

कोटा/कुआलालंपुर। एम्प्लॉयर एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (EAR) के ग्लोबल टूर के अंतर्गत वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल ने मलेशिया दौरे के दौरान भारत–मलेशिया औद्योगिक सहयोग को नई गति देने पर उच्चस्तरीय मंथन किया।

इस अवसर पर करेजियस कम्युनिटी फाउंडेशन के चेयरमैन वीके जेटली ने विशेष रूप से कोटा को केंद्र में रखते हुए कहा कि वर्तमान में कोटा का निर्यात लगभग 1,000 करोड़ रुपये के आसपास है, जिसमें धनिया, स्टोन, कोटा डोरिया सहित अन्य उत्पादों की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुनियोजित रणनीति और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के माध्यम से अगले पांच वर्षों में कोटा का निर्यात 5,000 करोड़ रुपये के पार ले जाया जा सकता है।

जेटली ने यह भी कहा कि कोटा अब शिक्षा नगरी के साथ-साथ तेजी से पर्यटन सिटी के रूप में उभर रहा है। चंबल रिवर फ्रंट, चंबल सफारी, गडेरिया महादेव सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित कर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाया जा सकता है।

प्रतिनिधिमंडल ने कुआलालंपुर स्थित भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों से भेंट कर निवेश, निर्यात विस्तार और संस्थागत साझेदारी के विभिन्न आयामों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में कुआलालंपुर स्थित भारतीय उच्चायोग के अधिकारी प्रथम सचिव राजेश एच. मनियिल तथा द्वितीय सचिव (श्रम) आरएस चौहान उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल में एम्प्लॉयर एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (EAR) के मुख्य सलाहकार व करेजियस कम्युनिटी फाउंडेशन के चेयरमैन वीके जेटली, मुख्य सलाहकार डॉ. एके जैन, अध्यक्ष एनके जैन तथा वरिष्ठ सदस्य किशन पोद्दार शामिल थे।

बैठक के दौरान नवीकरणीय ऊर्जा एवं सौर विनिर्माण, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी एवं ईवी चार्जिंग अवसंरचना, नॉन-वोवन फैब्रिक, टेक्सटाइल एवं तकनीकी वस्त्र, सीमेंट एवं अवसंरचना सामग्री, रीसाइक्लिंग एवं परिपत्र अर्थव्यवस्था, स्विचगियर एवं विद्युत प्रणालियाँ, ईपीसी परियोजनाएँ तथा कुशल कार्यबल विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से विचार किया गया।

डॉ. एके जैन ने मलेशिया की ASEAN क्षेत्र में विनिर्माण एवं निर्यात हब के रूप में रणनीतिक भूमिका को रेखांकित करते हुए स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत विद्युत उपकरण निर्माण तथा ईवी अवसंरचना में साझेदारी की व्यापक संभावनाएं बताईं।

चर्चा के दौरान राजस्थान के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों पर भी विमर्श हुआ, जिनमें भीलवाड़ा का वस्त्र एवं यार्न उद्योग, चित्तौड़गढ़ का सीमेंट एवं उर्वरक उत्पादन, उदयपुर का फॉस्फेट, अलवर का रासायनिक उद्योग, किशनगढ़ का पावरलूम एवं टेक्सटाइल पार्क, श्रीगंगानगर का चीनी उद्योग, भिवाड़ी (खैरथल-तिजारा) के वृहद उद्योग तथा जयपुर, अलवर और जोधपुर में प्रस्तावित सेमीकंडक्टर परियोजनाएं शामिल रहीं।

किशन पोद्दार ने क्षेत्र-विशिष्ट सहयोग मॉडल और सप्लाई चेन एकीकरण की रूपरेखा प्रस्तुत की। भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों ने EAR प्रतिनिधिमंडल की पहल की सराहना करते हुए व्यापार, प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग का आश्वासन दिया।

Aerocity: ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के पास बसेगा एरोसिटी, इंफ्रास्ट्रक्चर की कार्ययोजना तैयार

आवासीय क्षेत्र और बेहतरीन कनेक्टिविटी विकसित की जाए: अशोक माहेश्वरी

कोटा। शहर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के पास प्रस्तावित एरोसिटी निर्माण को लेकर मंगलवार को केडीए आयुक्त ममता तिवारी की अध्यक्षता में शहर के व्यापार जगत, होटल व्यवसाय, कोचिंग व्यवसाय एवं उद्योग जगत से जुड़े लोगों की एक बैठक केडीए सभागार में संपन्न हुई।

बैठक मे एरोसिटी के नजदीक प्रस्तावित कार्य योजना के तहत 4 जोन में विकसित किया जाने, जिसमें कमर्शियल, इंडस्ट्रियल, एजुकेशनल सहित कई अन्य गतिविधियां संचालित करने के लिए बेहतरीन स्वरूप प्रदान करने पर प्रकाश डाला गया। शहर से बेहतरीन कनेक्टिविटी दिए जाने की यह कार्य योजना बनाई गई है।

केडीए सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि एरोसिटी के नजदीक 658 हेक्टर जमीन रीको को दी गई है और 755 सेक्टर जमीन पर कमर्शियल, शैक्षणिक, हॉस्पिटैलिटी, होटल रिसोर्ट एवं आवासीय क्षेत्र के लिए कार्य योजना बनाई जा रही है।

बैठक में होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि प्रस्तावित कार्य योजना बेहतरीन है। लेकिन इसको विकसित करने के लिए अभी से इसका इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करना होगा। सड़के, बिजली एवं पानी की व्यवस्था के साथ-साथ सबसे पहले शहर की दो-तीन सड़कों को सीधा इस क्षेत्र को जोड़ना होगा।

साथ ही ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट निर्माण के साथ ही यहां पर समस्त प्रोजेक्ट निर्माण की गतिविधियां शुरू करनी होगी। यहां पर एयरपोर्ट के निर्माण के साथ ही एरोसिटी की समस्त निर्माण की गतिविधियां भी विकसित हो सके। भारत माला रोड एवं रेलवे कनेक्टिविटी से भी एरोसिटी को जोड़ने की व्यवस्था के साथ ही मेट्रो ट्रेन का प्रोविजनल भी इसमें जोड़ना पड़ेगा।

इस कार्य योजना के क्षेत्र में प्राइवेट जमीनों पर 92 बी पर लगाई गई रोक को भी हटाया जाना चाहिए, जिससे प्राइवेट सेक्टर के लोग भी आवासीय कालोनियां व अन्य गतिविधियों का संचालन यहां पर कर सकेंगे।

माहेश्वरी ने कहा कि रामनगर पत्थर मंडी में अलॉट हुए भूकंप पिछले 25 वर्षों से खाली पड़े हुए हैं। अतिक्रमण और इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं होने की वजह से यह क्षेत्र अभी तक विकसित नहीं हो पाया है। इसका सबसे बड़ा कारण यहां की कीमत जो वर्तमान में ₹400 प्रति वर्गफिट बाजार भाव है।

जबकि डीएलसी की रेट ₹2100 प्रति वर्गफूट है। इसकी वजह से यहां पर खरीद बिक्री भी नहीं हो पा रही है। पिछले 25 वर्षों से कोई सेकंड रजिस्ट्री यहां पर नहीं हुई है। आने वाले समय में यह क्षेत्र एयरोसिटी से मात्र 5 से 6 किलोमीटर की दूरी पर है।

अतः यहां पर लैंड यूज में कन्वर्जन करके अन्य गतिविधियां भी संचालित करने की अनुमति दी जाए। पिछले दिनों केडीए द्वारा इस क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया है। 46 करोड रुपए की सड़कों के कार्य भी इस क्षेत्र में शुरू किए गए हैं। अन्य गतिविधियों की अनुमति मिलने के बाद निश्चित ही यह क्षेत्र तेजी से विकसित होगा।

माहेश्वरी ने कहा कि कार्य योजना को मूर्त रूप देने के लिए एरोसिटी के निर्माण का राष्ट्रीय स्तर का इसका प्रचार प्रसार होना चाहिए, जिससे बाहर के निवेशक भी इस क्षेत्र में अपना निवेश कर सके।

इसके लिए एक नोडल अधिकारी और अलग से एक विभाग के अधिकारियों का गठन किया जाए, जिसके साथ ही एक एकल खिड़की विंडो के आधार पर इस क्षेत्र में निवेश करने वालों को कम समय में सभी काम एक साथ हो सके।

साथ ही एक मार्केटिंग टीम भी अलग से घटित की जाए, जिससे पूरे देश में इसका प्रचार प्रसार कर पूरे देश की निवेशकों को कोटा में आमंत्रित किया जाए। हमें गुजरात मॉडल पर जाना होगा, जिससे यह क्षेत्र शैक्षणिक औद्योगिक और पर्यटन से जुड़े निवेशकों को आकर्षित कर सके।

यहां पर हवाई अड्डे के निर्माण के साथ ही हमें इस क्षेत्र का सर्वांगीण विकास के नए क्षेत्र भी विकसित करने होंगे। अगर इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया तो यहां ट्रैफिक मिलने की चुनौती का भी हमको सामना करना पड़ सकता है। एरोसिटी विकसित करने के लिए एक टेक्निकल टीम का गठन किया जाए, जिसमें व्यापार उद्योग व अन्य तकनीकी से जुड़े लोगों को इस टीम में शामिल किया जाए।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के महासचिव संदीप पाडिया ने कहा कि आधे अधूरे विकास से बचने के लिए हमें शुरुआत से ही संतुलित विकास करना होगा। केडीए आयुक्त ममता तिवारी, सचिव मुकेश चौधरी ने कहा कि सभी के सुझाव से केडीए इस योजना को बेहतरीन स्वरूप प्रदान करने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। इस योजना को मूर्त रूप एवं एरोसिटी निर्माण के बाद कोटा शहर का स्वरूप अलग ही होगा।

बैठक मे एक्सईएन रविंद्र माथुर नगर प्लानर निदेशक प्लानिंग मुकेश मालव, नगर नियोजन सलाहकार संदीप दंडवते सहित कोटा व्यापार महासंघ के पदाधिकारी होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के पदाधिकारी, कोचिंग एवं बिल्डर्स सहित से कई विभागों के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

Kota Mandi: वायदा में 6 फीसदी तेजी का सर्किट लगने से धनिया 300 रुपये उछला

कोटा। Kota Mandi Price Today: एनसीडेक्स पर अप्रैल एवं मई के धनिया वायदा में 6 फीसदी तेजी का सर्किट लगने से मंगलवार को भामाशाह अनाज मंडी में धनिया 300 रुपये उछल गया। मिलर्स की लिवाली से सरसों 100 तेज बिकी। कमजोर उठाव से गेहूं 15 रुपये और चना 50 रुपये मंदा रहा।

कारोबारी सूत्रों के एनसीडेक्स पर अप्रैल का धनिया वायदा 640 बढ़कर 11330 रुपये, मई वायदा 648 रुपये उछल कर 11454 रुपये और जून वायदा 434 रुपये चढ़कर 11308 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब 70 हजार कट्टे और 1500 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं 2370 से 2400, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1550, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ 2000 से 2300 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3201, धान (1509) 3400 से 4000, धान (1847) 3200 से 3701, धान (1718-1885) 3900 से 4350, धान (पूसा-1) 3600 से 4280, धान (1401-1846) 3800 से 4350, धान दागी 1500 से 3200 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 4000 से 5351, सरसों नयी 5500 से 6550, अलसी 6000 से 6700, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6900, उड़द 4500 से 8200, चना देशी 4700 से 5101, चना मौसमी 4700 से 5100, चना पेप्सी 4800 से 5101, चना डंकी 3500 से 4700, चना काबुली, 5500 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल।

नया लहसुन 3500 से 7500, मैथी 4000 से 5200, धनिया बादामी 7500 से 9400, धनिया ईगल 9200 से 9800, धनिया नया गीला 6700 से 9300 रुपये प्रति क्विंटल।

एयरटेल लायेगा लोन की नई राह, बनाएगा बड़ा डिजिटल लोन प्लेटफॉर्म

कोटा। भारती एयरटेल ने आज अपनी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी इकाई एयरटेल मनी लिमिटेड के लिए महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की। यह कदम भारत में ऋण उपलब्धता की कमी को दूर करने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी सहायक को आने वाले कुछ वर्षों में कुल 20 हजार करोड़ रुपये की पूंजी से सशक्त किया जाएगा। इसमें एयरटेल 70 प्रतिशत निवेश करेगी, जबकि शेष 30 प्रतिशत राशि प्रोत्साहक समूह के माध्यम से भारती उद्यम लिमिटेड द्वारा निवेश की जाएगी।

भारती एयरटेल के कार्यकारी उपाध्यक्ष गोपाल विट्टल ने कहा, पिछले दो वर्षों में कंपनी के सेवा प्रदाता मंच की सफलता इस बात का प्रमाण है कि कंपनी तकनीक, आंकड़ों और ग्राहकों के भरोसे को जोड़कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रभाव डालने में सक्षम है। दे

श के सबसे भरोसेमंद और विस्तार योग्य डिजिटल ऋण इंजनों में से एक तैयार किया गया है, जो लाखों लोगों तक उच्च गुणवत्ता वाला ऋण पहुंचा रहा है और उद्योग के उच्च मानकों पर खरा उतरा है।

कंपनी का गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी विस्तार इस मजबूत नींव को और मजबूत करेगा।”भारत के तेजी से बढ़ते वित्तीय सेवा क्षेत्र में यह विस्तार एयरटेल की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है कि वह अधिक से अधिक लोगों तक औपचारिक वित्तीय सेवाएं पहुंचाएगी और अब तक वंचित रह गए ग्राहकों को सशक्त बनाएगी।

UPSC CSE 2026 के लिए आवेदन अब 27 फरवरी तक कर सकेंगे

0

नई दिल्ली। UPSC CSE 2026: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से उन लाखों उम्मीदवारों के लिए एक राहत भरी खबर आई है, जो सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2026 के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे।

आयोग ने सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा और भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को तीन दिनों के लिए बढ़ा दिया है। अब उम्मीदवार अपने आवेदन 27 फरवरी 2026 को शाम 6:00 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in या upsc.gov.in पर जाकर जमा कर सकते हैं।

इस साल UPSC ने आवेदन प्रक्रिया में ‘यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन नंबर’ (URN) और ‘कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म’ (CAF) जैसे नए बदलाव किए थे। अंतिम समय में भारी संख्या में उम्मीदवारों द्वारा वेबसाइट पर लॉग इन करने के कारण पोर्टल पर तकनीकी समस्याएं और धीमापन देखा गया।

कई छात्र ‘वन-टाइम रजिस्ट्रेशन’ (OTR) और आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाई का सामना कर रहे थे। छात्रों की इस समस्या को देखते हुए आयोग ने डेडलाइन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।

आवेदन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी
यूपीएससी ने इस वर्ष कुल 933 रिक्तियों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना अपना फॉर्म जल्द से जल्द पूरा कर लें।

  1. वेबसाइट पर जाएं: आधिकारिक पोर्टल upsconline.nic.in पर लॉग इन करें।
  2. रजिस्ट्रेशन: यदि आप नए हैं, तो पहले ‘न्यू रजिस्ट्रेशन’ पर क्लिक करके अपना खाता बनाएं।
  3. URN जनरेशन: अपनी बुनियादी जानकारी दर्ज करके अपना यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) प्राप्त करें।
  4. फॉर्म भरना: कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म (CAF) में अपनी डिटेल्स, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा केंद्र और वैकल्पिक विषय चुनें।
  5. शुल्क भुगतान: सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के पुरुष उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क देना होगा। महिला, एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों को शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है।

परीक्षा का शेड्यूल

  • संशोधित अंतिम तिथि: 27 फरवरी 2026 (शाम 6:00 बजे तक)
  • प्रारंभिक परीक्षा : 24 मई 2026
  • मुख्य परीक्षा : 21 अगस्त 2026 से

आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद, आयोग करेक्शन विंडो भी खोलेगा, ताकि यदि आवेदन फॉर्म में कोई छोटी-मोटी गलती रह जाती है, तो उम्मीदवार उसे ठीक कर सकें।

उम्मीदवारों के लिए सलाह
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह समय विस्तार उन सभी उम्मीदवारों के लिए एक अंतिम मौका है जो किसी कारणवश आवेदन नहीं कर सके थे। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपने फोटो, सिग्नेचर और आवश्यक डॉक्यूमेंट को पहले से तैयार रखें ताकि अंतिम समय में कोई तकनीकी बाधा न आए। परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें और सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से बचें।

JEE Main 2026: पेपर-2 का रिजल्ट जारी, ऐसे करें सीधे लिंक से डाउनलोड

0

नई दिल्ली। JEE Main 2026 Paper 2 Result: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2026 सत्र 1 के पेपर 2 (B.Arch और B.Planning) का परिणाम जारी कर दिया है।

आर्किटेक्चर और प्लानिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक हजारों अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया था। परीक्षार्थी अब आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख और डाउनलोड कर सकते हैं।

जारी परिणाम में उम्मीदवारों का पर्सेंटाइल स्कोर, विषयवार अंक और अन्य आवश्यक विवरण शामिल हैं। यह स्कोर आगे की प्रवेश प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पेपर 2 का आयोजन जनवरी 2026 में किया गया था। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में हुई, जबकि B.Arch अभ्यर्थियों के लिए ड्रॉइंग टेस्ट भी शामिल था।

इन्होंने किया टॉप

  • पेपर 2ए (बी. आर्क.) में केरल के सूर्याथेजस एस ने 100 फीसदी का स्कोर हासिल किया है।
  • पेपर 2बी (बी. प्लानिंग) में भी केरल के गौरी शंकर वी ने 100 फीसदी स्कोर हासिल किया है।

66 हजार से अधिक छात्रों ने दी थी परीक्षा
एनटीए की ओर से साझा की गई डिटेल के मुताबिक इस बार पेपर 2 बीआर्क में कुल 64,786 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था जिसमें से 45,452 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी। इसके अलावा बी प्लानिंग में 32,366 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन किया था जिसमें से 21,067 छात्रों ने परीक्षा दी थी।

स्कोरकार्ड लिंक हुआ सक्रिय
जेईई मेन 2026 पेपर 2 का परिणाम देखने के लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करना होगा। लॉगिन के लिए आवेदन संख्या, पासवर्ड या जन्मतिथि और सुरक्षा कोड दर्ज करना आवश्यक है।

एनटीए ने परिणाम के साथ कुछ प्रमुख आंकड़े और टॉपर्स की जानकारी भी साझा की है। पेपर 2 के टॉपर्स का विवरण आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध है। उल्लेखनीय है कि पेपर 2 की अंतिम आंसर की पहले ही जारी की जा चुकी थी। इससे पहले एनटीए ने पेपर 1 का परिणाम 16 फरवरी 2026 को घोषित किया था। सत्र 2 की परीक्षा अप्रैल 2026 में आयोजित की जाएगी।

JEE Main Raper 2 Result 2026 Link

Result ऐसे करें डाउनलोड

  1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं।
  2. JEE Main 2026 Session 1 Paper 2 Result लिंक पर क्लिक करें।
  3. आवेदन संख्या, पासवर्ड/जन्मतिथि और कैप्चा कोड दर्ज करें।
  4. लॉगिन करते ही परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा।
  5. अंक जांचें और स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सुरक्षित रखें।

फाइनल आंसर की भी जारी
एनटीए की ओर से रिजल्ट जारी होने के साथ ही फाइनल उत्तर कुंजी भी जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी फाइनल आंसर की का पीडीएफ ऑफिशियल वेबसाइट या नीचे दिए डायरेक्ट लिंक से डाउनलोड कर सकते हैं। ध्यान रखें कि फाइनल आंसर की अंतिम और सर्वमान्य है। इस पर किसी भी प्रकार से आपत्ति दर्ज नहीं की जा सकती है।

यदि परिणाम डाउनलोड करने में किसी प्रकार की परेशानी आती है, तो अभ्यर्थी NTA की हेल्पलाइन 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा jeemain@nta.ac.in पर ईमेल के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

उम्मीदवारों को सलाह है कि वे अपने स्कोरकार्ड की एक से अधिक प्रतियां सुरक्षित रखें, ताकि आगे की काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या न हो।

जेईई मेन 2026 पेपर 2A (बी. आर्क) टॉपर्स लिस्ट

  1. सूर्यथेजस एस
  2. सुशीलनारायण एस
  3. साराह शकील अख्तर बोहारी
  4. टेलुरी श्रेयस रेड्डी
  5. आर्यन मदन
  6. अंशिता सुरेश मलयोट
  7. जाह्नवी सिंघल
  8. दिव्यांका गुप्ता
  9. आरुष जैन
  10. वोरुगंती सरन्या अश्विनी

रेलवे चलाएगा कोटा होकर तीन और होली स्पेशल ट्रेनें, जानिए कब से चलेंगी

कोटा। यात्रियों की सुविधा के लिए होली पर्व के अवसर पर रेलवे प्रशासन द्वारा तीन होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। रेलवे सोगरिया (कोटा)–दानापुर–सोगरिया (कोटा), जबलपुर–सोगरिया(कोटा) और मऊ–वलसाड–मऊ स्पेशल ट्रेन का संचालन करेगा।

सोगरिया–दानापुर होली स्पेशल
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09803 (सोगरिया (कोटा)–दानापुर) का संचालन दिनांक 01.03.26 रविवार को 01 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन सोगरिया (कोटा) स्टेशन से 23.10 बजे प्रस्थान कर बारां 23.53 बजे, सालपुरा 00.28 बजे (अगले दिन) एवं छबड़ा गुगोर 00.48 बजे (अगले दिन) पर ठहरते हुए 23.45 बजे (अगले दिन) दानापुर पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09804 (दानापुर–सोगरिया (कोटा)) का संचालन दिनांक 03.03.26 मंगलवार को 01 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन दानापुर स्टेशन से 01.15 बजे प्रस्थान कर छबड़ा गुगोर 22.18 बजे, सालपुरा 22.33 बजे एवं बारां 23.13 बजे ठहरते हुए अगले दिन 01.10 बजे सोगरिया (कोटा) पहुंचेगी।

यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में सोगरिया, बारां, सालपुरा, छबड़ा गुगोर, रुठियाई, गुना, अशोक नगर, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा एवं दानापुर स्टेशनों पर ठहराव लेकर गंतव्य को जाएगी।

मऊ–वलसाड–मऊ स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 05017 (मऊ–वलसाड) का संचालन दिनांक 28.02.26 एवं 07.03.26 को शनिवार को कुल 02 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन निर्धारित तिथियों पर मऊ जंक्शन स्टेशन से 03.45 बजे प्रस्थान कर बयाना जंक्शन 21.33 बजे, गंगापुर सिटी 22.30 बजे, अगले दिन कोटा जंक्शन 00.50 बजे , रामगंज मंडी 01.53 बजे एवं भवानी मंडी 02.16 बजे पर ठहरते हुए 12.35 बजे वलसाड पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 05018 (वलसाड–मऊ) का संचालन दिनांक 01.03.26 एवं 08.03.26 को रविवार को कुल 02 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन वलसाड स्टेशन से 15.10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मार्ग में अगले दिन भवानी मंडी 01.03 बजे, रामगंज मंडी 01.28 बजे, कोटा जंक्शन 02.35 बजे, गंगापुर सिटी 04.35 बजे एवं बयाना जंक्शन 06.43 बजे पर ठहरते हुए तीसरे दिन 00.45 बजे मऊ जंक्शन पहुंचेगी।

यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में मऊ जंक्शन, बेल्थरा रोड, सलेमपुर जंक्शन, भटनी जंक्शन, देवरिया सदर, गोरखपुर जंक्शन, बस्ती, गोंडा जंक्शन, बाराबंकी जंक्शन, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, टुंडला जंक्शन, ईदगाह जंक्शन, बयाना जंक्शन, गंगापुर सिटी, कोटा जंक्शन, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, नागदा जंक्शन, रतलाम जंक्शन, वडोदरा जंक्शन, सूरत स्टेशनों पर ठहराव लेकर गंतव्य को जाएगी।

जबलपुर–सोगरिया होली स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 01707 जबलपुर–सोगरिया (कोटा) का संचालन दिनांक 01.03.26 रविवार को कुल 01 फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन जबलपुर स्टेशन से 09.05 बजे प्रस्थान कर गुना 17.50 बजे, बारां 19.53 बजे होते हुए 21.05 बजे सोगरिया पहुंचेगी|

यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी मुरवारा, दमोह, सागर, मलकहेड़ी, गुना, बारां स्टेशनों पर ठहराव लेकर गंतव्य को जाएगी।

क्या डोनाल्ड ट्रंप भारत पर ज्यादा टैरिफ लगाएंगे, जानिए किसकी तरफ है इशारा

नई दिल्ली। अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ को अवैध करार दे दिया था। इसके बाद से ट्रंप बौखलाए हुए हैं। उन्होंने धमकी दी है कि अगर कोई देश सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इस्तेमाल करके अमेरिका के साथ गेम खेलना चाहता है, उसे बहुत ज्यादा टैरिफ झेलना पड़ सकता है।

हालांकि उन्होंने किसी खास देश का नाम नहीं लिया लेकिन जानकारों का कहना है कि ट्रंप का निशाना भारत हो सकता है। उनकी यह धमकी ऐसे समय आई जब भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने ट्रेड डील को फाइनल करने के लिए अपनी अमेरिका की यात्रा स्थगित कर दी।

ट्रंप ने दुनियाभर के देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ लगाया था और उनके साथ ट्रेड डील करने के लिए इसका इस्तेमाल कर रहे थे। लेकिन अब यह हथियार उनके हाथ से निकल चुका है। ट्रंप को डर है कि अब विभिन्न देश ट्रेड एग्रीमेंट्स पर नए सिरे से विचार कर सकते हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, ‘कोई भी देश जो सुप्रीम कोर्ट के इस बेतुके फैसले के साथ गेम खेलना चाहता है, उन पर कहीं ज्यादा टैरिफ लगेगा और यह उससे भी बुरा होगा जिस पर वे हाल ही में सहमत हुए हैं। खासकर उन देशों को सावधान रहने की जरूरत है जिन्होंने सालों और दशकों तक अमेरिका को धोखा दिया है।’

भारत पर निशाना
जानकारों का कहना है कि ट्रंप की पोस्ट की टाइमिंग और शब्दावली भारत की तरफ इशारा करती है। ट्रंप की पोस्ट से कुछ ही घंटे पहले भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका दौरा टाल दिया था। यह प्रतिनिधिमंडल दोनों देशों के बीच इस महीने की शुरुआत में घोषित ट्रेड डील को फाइनल करने के लिए अमेरिका जा रहा था। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि भारत दोनों देशों के बीच हाल में घोषित ट्रेड डील से हटने पर विचार नहीं कर रहा है।

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में ripped off जैसे शब्दों का प्रयोग किया है। वह भारत के खिलाफ पहले भी इस तरह के शब्दों का प्रयोग कर चुके हैं और उनका आरोप है कि भारत ने अमेरिका का फायदा उठाया है।

पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल का कहना है कि ट्रंप की पोस्ट पूरी तरह भारत की तरफ इशारा है। उन्होंने ट्वीट किया। उन्होंने कहा, “उन्होंने (ट्रंप ने) सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मीडिया के एक सवाल के जवाब में भारत के संबंध में ‘रिप्ड ऑफ’ शब्द का इस्तेमाल किया। उनकी ईगो वाली सोच एक गंभीर समस्या है।”

मोलभाव का मौका
हालांकि केवल भारत ने ही अमेरिका के साथ ट्रेड डील को नहीं टाला है। यूरोपियन यूनियन ने भी अमेरिका के साथ ट्रेड डील को मंजूरी रोक दी है। दोनों पक्षों के बीच पिछले साल जुलाई में डील हुई थी। पूर्व चीफ इकनॉमिक एडवाइजर अरविंद सुब्रमण्यम का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से ट्रंप सरकार के हाथ कमजोर हुए हैं। कई देश इस कमजोरी का फायदा उठाना चाहेंगे। ट्रंप ने भारत पर पहले 50% टैरिफ लगाया था जिसे बाद में घटाकर 18% कर दिया था। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भारत अब फिर से मोलभाव करने की स्थिति में है।

iQOO का फ्लैगशिप फोन 7600mAh की बैटरी, 50MP OIS कैमरा के साथ लॉन्च

नई दिल्ली। iQOO 15R Smartphone Launched: iQOO ने अपनी R सीरीज का पहला किफायती फ्लैगशिप फोन बाजार में उतार दिया है। नया iQOO 15R उसी प्रोसेसर पर चलता है जो OnePlus 15R में है, लेकिन इसमें थोड़ी बड़ी बैटरी, डुअल कैमरा सेटअप और AMOLED डिस्प्ले दिया गया है।

यह डिवाइस अपनी कैटेगरी का ऐसा फोन है जो Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर और 7600mAh की बैटरी के साथ आता है। फोन में 144Hz रिफ्रेश रेट है, जिससे विज़ुअल्स बेहद स्मूद और शानदार दिखाई देते हैं। इसके अलावा IP68/IP69 वाटर और डस्ट रेज़िस्टेंस, 100W फास्ट चार्जिंग, डुअल रियर कैमरा और 32MP का सेल्फी कैमरा हैं।

कीमत और ऑफर्स
iQOO 15R तीन कॉन्फ़िगरेशन में उपलब्ध है: 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले बेस वेरिएंट की कीमत 44,999 रुपए है। 12GB रैम + 256GB स्टोरेज और 12GB रैम + 512GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 47,999 रुपए और टॉप वेरिएंट की कीमत 52,999 रुपए है।

बैंक ऑफर के तहत Axis और HDFC कार्ड का यूज करने पर 4,000 रुपए का इंस्टेंट डिस्काउंट मिलता है, जिससे प्रभावी कीमत लगभग 40,999 रुपए, 43,999 रुपए और 48,999 रुपए हो जाती है। प्री-बुकिंग 2 मार्च से शुरू हो चुकी है और सेल 3 मार्च 2026 से होगा। प्री-बुक करने पर फ्री iQOO/Vivo TWS ईयरबड्स मिलेंगे।

फीचर्स और स्पेसिफिकेशन
iQOO 15R में Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 टॉप-टियर प्रोसेसर मिलता है, जो हैवी गेमिंग, मल्टीटास्किंग और हर तरह के ऐप्स को बिना लैग के आसानी से संभालता है। फोन में 6.59-इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसमें 144Hz रिफ्रेश रेट है, जिससे स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग, गेमिंग और वीडियो अनुभव स्मूद और शानदार होता है। इसकी सबसे खास बात है 7600mAh की बड़ी बैटरी है, और 100W फास्ट चार्जिंग के साथ यह जल्दी चार्ज भी हो जाती है।

कैमरा सेटअप भी प्रीमियम है फोन के रियर में 50MP Sony LYT-700V मुख्य कैमरा OIS सपोर्ट के साथ और एक 8MP अल्ट्रा-वाइड लेंस मिलता है, जिससे फोटो और वीडियो दोनों शानदार बनते हैं। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 32MP कैमरा है, जो साफ और शार्प सेल्फी देता है। इसके अलावा iQOO 15R में IP68 और IP69 वाटर/डस्ट रेज़िस्टेंस भी है, जो इसे पानी और धूल से सुरक्षित बनाता है। फोन में LPDDR5X Ultra RAM और UFS 4.1 स्टोरेज भी मिलता है, जो मल्टीटास्किंग और भारी फ़ाइल ट्रांसफर को भी आराम से संभाल सकता है। फोन OriginOS 6 (Android 16 बेस्ड) पर चलता है।