Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 236

ICSI CS एग्जीक्यूटिव एवं प्रोफेशनल प्रोग्राम का रिजल्ट जारी, देखें टॉपर्स लिस्ट

0

नई दिल्ली। ICSI CS December 2025 Result: इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (ICSI) ने दिसंबर 2025 सत्र के लिए CS एग्जीक्यूटिव और प्रोफेशनल प्रोग्राम परीक्षाओं का रिजल्ट जारी कर दिए हैं।

जिन उम्मीदवारों ने इन परीक्षाओं में भाग लिया था, वे अब आधिकारिक वेबसाइट icsi.edu पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। रिजल्ट चेक करने के लिए कैंडिडेट को पहले लॉग इन करना होगा।

सीएस एग्जीक्यूटिव और प्रोफेशनल प्रोग्राम रिजल्ट 2025 को चेक करने के लिए उम्मीदवारों को अपनी परीक्षा का नाम, परीक्षा का रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर लॉग इन करना होगा।

परिणाम की घोषणा
इंस्टीट्यूट ने एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम (सिलेबस 2022) के परिणाम घोषित किए। साथ ही, प्रोफेशनल प्रोग्राम का परिणाम भी आज ही जारी कर दिया गया है। छात्र अब अपने ‘ई-रिजल्ट-कम-मार्क्स स्टेटमेंट’ को ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं।

आईसीएसआई ने स्पष्ट किया है कि परिणाम की कोई भी फिजिक्ल कॉपी उम्मीदवारों को डाक द्वारा नहीं भेजी जाएगी। इसलिए, छात्रों को अपने डिजिटल मार्कशीट का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लेना चाहिए।

टॉपर्स की लिस्ट
आईसीएसआई ने इस सत्र के लिए टॉप स्थान हासिल करने वाले छात्रों के नाम भी सार्वजनिक किए हैं:

  • एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम के टॉपर्स: प्रथम स्थान पर अनीशा दर्शन केसवानी, द्वितीय स्थान पर सिद्धि खंडेलवाल और तृतीय स्थान पर रंगवाला इंसिया इमरान बही रही हैं।
  • प्रोफेशनल प्रोग्राम के टॉपर्स: प्रथम स्थान पर किंजल अजमेरा, द्वितीय स्थान पर मान्या बथाला और तृतीय स्थान पर चारु उपाध्याय ने जगह बनाई है।

ऐसे डाउनलोड करें रिजल्ट
परिणाम चेक करने के लिए उम्मीदवारों को नीचे दिए गए आसान स्टेप्स के फॉलो करना होगा

  • सबसे पहले आईसीएसआई की आधिकारिक वेबसाइट icsi.edu पर जाएं।
  • होमपेज पर “ICSI CS Result 2026 – Executive Programme” या “Professional Programme” लिंक पर क्लिक करें।
  • एक नया पेज खुलेगा, जहां आपको अपनी लॉगिन जानकारी दर्ज करनी होगी।
  • ‘सबमिट’ बटन दबाते ही आपका परिणाम आपकी स्क्रीन पर दिखाई देगा।
  • भविष्य के लिए अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड करें और उसका एक प्रिंटआउट अवश्य निकाल लें।

परीक्षा में सफल होने वाले और असफल होने वाले सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपने स्कोरकार्ड, प्रमाण-पत्रों और जानकारी के लिए आईसीएसआई की आधिकारिक वेबसाइट को नियमित रूप से देखते रहें। यह परीक्षा कंपनी सचिव के रूप में करियर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

Gold Silve Price: MCX पर अमेरिका-ईरान तनाव से सोना उछला, चांदी ने लगाई छलांग

नई दिल्ली। Gold Silve Price Today : एमसीएक्स पर बुधवार को सोने-चांदी के भाव में तेजी दर्ज की गई, क्योंकि एशियाई कारोबार के दौरान निवेशकों ने अमेरिकी टैरिफ नीतियों को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच सुरक्षित निवेश विकल्पों का रुख किया। निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती की संभावनाएं कम होने से भी बाजार का रुख मजबूत हुआ।

पिछले कुछ सत्रों में आई तेजी को मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने और मजबूती प्रदान की है, जहां अमेरिका ने 2003 के बाद से अपना सबसे बड़ा सैन्य जमावड़ा किया है। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत इस सप्ताह के अंत में फिर से शुरू होने वाली है।

एमसीएक्स पर चांदी के भाव 2.7 फीसदी की छलांग लगाकर 2,67,990 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए, जबकि सोना 0.7 फीसदी की बढ़त के साथ 1,61,072 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्पॉट सिल्वर 1 फीसदी चढ़कर 88.23 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जो सोमवार को दो सप्ताह के उच्चतम स्तर को छूने के बाद आया है। वहीं, स्पॉट गोल्ड 0.5 फीसदी के उछाल के साथ 5,174.76 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। गौरतलब है कि पिछले सत्र में निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली करने के कारण सोना एक फीसदी से अधिक गिर गया था, क्योंकि दिन में पहले कीमतें तीन सप्ताह के हाई पर पहुंच गई थीं। अप्रैल डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में 0.3 फीसदी की मजबूती देखी गई और यह 5,192.20 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।

अन्य कीमती धातुओं का प्रदर्शन
अन्य कीमती धातुओं की बात करें तो स्पॉट प्लैटिनम में 2.1 फीसदी का जोरदार उछाल आया और यह 2,212.72 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि पैलेडियम 1.4 फीसदी बढ़त के साथ 1,793.68 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

क्या कह रहे एक्सपर्ट्स
विशेषज्ञों के अनुसार, चीनी बाजारों के फिर से खुलने और अमेरिका में बढ़ती नीतिगत अनिश्चितता, सोने और चांदी की मांग को लगातार समर्थन प्रदान कर रहे हैं। भू-राजनीतिक मोर्चे पर, ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल्बुसैदी के अनुसार, ईरान और अमेरिका के बीच गुरुवार को जिनेवा में परमाणु वार्ता का तीसरा दौर होने जा रहा है।

Stock Market: सेंसेक्स 666 अंक उछलकर 82800 के पार और निफ्टी 25636 पर

नई दिल्ली। Stock Market Updates 25 Feb.: आईटी स्टॉक्स की वापसी की बदौलत बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स अब 666 अंकों की बढ़त के साथ 82892 पर पहुंच गया है। जबकि, एनएसई का 50 स्टॉक्स वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी दोहरा शतक लगाकर 212 अंक ऊपर 25636 के लेवल पर है।

अच्छे ग्लोबल संकेतों के बाद घरेलू शेयर बाजार में सुबह रौनक लौट आई है। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज बुधवार को 304 अंकों की बढ़त के साथ 82530 पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 स्टॉक्स वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 87 अंक ऊपर 25513 के लेवल पर खुलने में कामयाब रहा। सेंसेक्स में टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इन्फोसिस और टीसीएस टॉप गेनर हैं। इन आईटी कंपनियों के शेयर में 2.43 से 3.45 प्रतिशत तक की तेजी है।

गलबल मार्केट के संकेत

  • एशियन मार्केट
    एशियाई बाजारों में बुधवार को बढ़त दर्ज की गई। जापान का निक्केई 225 1.11 प्रतिशत बढ़ा, जबकि टॉपिक्स सपाट था। दक्षिण कोरिया का कोस्पी पहली बार 0.77 प्रतिशत बढ़कर 6,000 के स्तर से ऊपर पहुंच गया, जबकि कोस्डैक 0.22 प्रतिशत बढ़ा। हांगकांग हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने उच्च शुरुआत का संकेत दिया।
  • गिफ्ट निफ्टी टुडे
    गिफ्ट निफ्टी 25,672 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 72 अंक का प्रीमियम था, जो भारतीय शेयर बाजार के सूचकांकों के लिए सकारात्मक शुरुआत का संकेत देता है।
  • वॉल स्ट्रीट
    अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 370.44 अंक या 0.76 प्रतिशत बढ़कर 49,174.50 पर पहुंच गया, जबकि एसएंडपी 500 52.32 अंक या 0.77 प्रतिशत बढ़कर 6,890.07 पर पहुंच गया। नैस्डैक कंपोजिट 236.41 अंक या 1.05 प्रतिशत बढ़कर 22,863.68 पर बंद हुआ।

ट्रंप ने भारत पर गिराया टैरिफ बम, सोलर पैनलों पर 126% टैरिफ लगाया

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्र्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को जोर का झटका दिया है। अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले सोलर पैनलों पर 126% की शुरुआती टैरिफ लगाने का फैसला किया है।

अमेरिकी वाणिज्य विभाग का कहना है कि भारत सरकार ने अपने निर्माताओं को गलत तरीके से सब्सिडी (आर्थिक मदद) दी, जिससे वे सस्ते उत्पाद बेचकर अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंचा रहे थे। इसी तरह, इंडोनेशिया पर 86% से 143% और लाओस पर 81% शुल्क लगाने का भी प्रस्ताव है।

ये टैरिफ अलग क्यों हैं
यह शुल्क अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन सामान्य टैरिफ से अलग है, जिन्हें हाल ही में अदालत ने खारिज कर दिया था। इसके जवाब में ट्रंप नए 10% शुल्क लगा चुके हैं।

आगे क्या होगा
अमेरिकामें कुछ सोलर निर्माता कंपनियों के समूह ने यह जांच कराने की मांग की थी। उनका कहना है कि अमेरिकी निर्माताओं को बचाने के लिए यह जरूरी है। इस मामले में अंतिम फैसला 6 जुलाई तक आना है।

ध्यान देने वाली बात यह है कि 2025 की पहली छमाही में अमेरिका में आने वाले 57% सोलर मॉड्यूल भारत, इंडोनेशिया और लाओस से ही आए थे। अब इन पर भारी शुल्क लगने से अमेरिकी सौर ऊर्जा उद्योग पर भी असर पड़ सकता है।

भारत-व्यापार वार्ता
ट्रंप का फैसला ऐसे समय पर आया है जब, एक दिन पहले ही केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि जैसे ही अमेरिका में टैरिफ के मोर्चे पर स्थिति और स्पष्ट होगी, भारत व्यापार वार्ता फिर से शुरू करेगा। अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता दोबारा शुरू होने की समयसीमा के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘जैसे ही स्थिति में अधिक स्पष्टता आएगी, हम बातचीत शुरू करेंगे।’

गोयल ने कहा कि भारत और कनाडा के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए वार्ता शुरू करने हेतु संदर्भ की शर्तों (टीओआर) को इस सप्ताह के अंत तक अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 26 फरवरी को भारत पहुंचेंगे। उनकी यात्रा के संदर्भ में गोयल ने कहा, “हमें उम्मीद है कि हम इस सप्ताह के अंत तक संदर्भ की शर्तों (टीओआर) को अंतिम रूप दे देंगे और कनाडा के साथ एफटीए वार्ता औपचारिक रूप से शुरू कर देंगे।

उल्लेखनीय है कि भारत और अमेरिका ने 22 फरवरी को अपने मुख्य वार्ताकारों की प्रस्तावित बैठक को स्थगित करने का निर्णय लिया था। यह बैठक इस सप्ताह वाशिंगटन में होनी थी, जिसमें अंतरिम व्यापार समझौते के मसौदे को अंतिम रूप दिया जाना था।

इसका क्या असर होगा
ब्लूमबर्ग की खबर के मुताबिक भारत पर इस फैसले से भारतीय सोलर कंपनियों का अमेरिकी बाजार में जाना मुश्किल हो जाएगा। 2024 में भारत ने अमेरिका को 792.6 मिलियन डॉलर (करीब 6,500 करोड़ रुपये) के सोलर उत्पाद निर्यात किए थे, जो 2022 की तुलना में 9 गुना ज्यादा है।अमेरिका पर असर की बात करें तो इससे वहां सोलर प्रोजेक्ट बनाने वाली कंपनियों और आम ग्राहकों के लिए लागत बढ़ सकती है।

कोटा प्रीमियर लीग में जीआर जयपुर एवं इनविक्सो इंडियनंस ने जीते अपने मैच

कोटा। कोटा जिला क्रिकेट संघ द्वारा कोटा में राष्ट्रीय स्तरीय सीनियर टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन पहले मुकाबले में सौलफील क्रिकेट एकेडमी का सामना जीआर क्रिकेट एकेडमी से हुआ। मैच में जीआर अकैडमी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। सौलफील टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 83 रन बनाए जिसमें स्वप्निल चौधरी ने 23 रन, भवानी सुथार ने 12 रन और मितेश जांगिड़ ने 11 रन बनाए।

जीआर टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए हिमांशु सिंह राणा ने चार ओवर में 26 रन देकर चार विकेट लिए तथा आशीष चोपड़ा ने दो विकेट एवं प्रखर शर्मा, हेमंत स्वामी, राहुल चौधरी और योगेंद्र काकोड़िया ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए जीआर अकैडमी ने तीन विकेट पर 85 रन बनाकर आसानी से 7 विकेट से मैच जीत लिया।

टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए प्रिंस जाखड़ ने नाबाद 44 रन तथा विजय सिंह मीणा ने 16 रनों की पारी खेली। सौलफील टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए दिनेश भट्ट, मितेश जांगिड़ ने एक-एक विकेट लिया। इस मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले हिमांशु सिंह राणा को प्लेयर ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।

तीसरे दिन के दूसरे मैच में इनविक्सो इंडियंस का सामना वीटीसीए नागपुर से हुआ। इस मैच में वीटीसीए नागपुर टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।

इनविक्सो टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल खंडेलवाल की 40 गेंद पर छह चौकों और 7 शानदार छक्कों की मदद से खेली गई 80 रनों की आतिशी पारी तथा अनुज प्रेम राजपूत की 19 गेंद पर दो चौके और चार छक्के की सहायता से खेली गई 44 रन की पारी तथा तुषार यादव के 30 रनों की सहायता से निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 198 रनों का बड़ा स्कोर बनाया।

वीटीसीए टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए दीपेश ने दो विकेट, संदेश और असित सिंह ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीटीसीए नागपुर टीम के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 146 रन पर ऑल आउट हो गई।

टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए विशेष ने 38 रन, आदित्य आहूजा ने 30 रन तथा रोहित ने 27 रन बनाए। इनविक्सो इंडियंस टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए पुनीत ने तीन विकेट, सुमित भाटी ने दो विकेट तथा हिमांशु, हरीश भड़ाना और समी उल हक ने एक-एक विकेट लिया। इनविक्सो इंडियंस ने यह मुकाबला 55 रनों से जीत लिया तथा इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करने वाले राहुल खंडेलवाल को प्लेयर ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।

आज के मैच
कोटा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के चौथे दिन पहले मुकाबले में सोलफील क्रिकेट अकेडमी बनाम वीटीसीए नागपुर एवं दूसरे मुकाबले में जीआर जयपुर बनाम इनविक्सो इंडियंस के मध्य मैच खेला जाएगा।

कृषि में क्रांतिकारी परिवर्तन महिलाओं द्वारा ही किया जायेगा: लोकसभा अध्यक्ष

0

राज्य स्तरीय कृषि ज्ञान महोत्सव में महिलाओं का सैलाब उमड़ा

कोटा। Agricultural Knowledge Festival: कृषि विश्वविद्यालय कोटा द्वारा राज्य स्तरीय कृषि ज्ञान महोत्सव का आयोजन मंगलवार को किया गया, जिसमें राजस्थान के विभिन्न जिलों से हजारों महिलाओं का सैलाब उमड़ा।

महोत्सव के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि कृषि में क्रांतिकारी परिवर्तन महिलाओं द्वारा ही किया जायेगा। देश में महिलाऐं प्रशासनिक, प्रौद्योगिकी, अन्तरिक्ष विज्ञान, देश की सुरक्षा, कृषि आदि क्षेत्रों में नेतृत्व कर रही है।

कृषि में प्रौद्योगिकी, आर्टीफिशियल इन्टेलिजेन्स, प्रिसीजन फार्मिंग, इन्टीगेटेड फार्मिंग, फसल विविधिकरण का उपयोग करके किसानों की आय में बढ़ोतरी की जा सकती है, जिसमें महिलाओं की भूमिका में बढ़ोतरी हेतु विश्वविद्यालय को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।

किसानों को कृषि उत्पादन के साथ-साथ उसके प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, मार्केटिंग में सहयोग कर किसानों को कृषि उद्यमी बनाना होगा। विश्वविद्यालय हाडौती में कृषि विकास हेतु लहसुन, धनिया के उत्पादन, प्रसंस्करण, मार्केटिंग पर कार्य योजना तैयार करें।

विश्वविद्यालय की कुलगुरू डॉ. विमला डूंकवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय महिलाओं को केन्द्र बिन्दु मानकर हाडौती की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार कार्य करेगा। विश्वविद्यालय द्वारा सैकड़ों महिलाओं में उद्यमिता विकास कर इन्हें कृषि उद्यम से जोड़ा है।

महिलाओं को प्रोत्साहित करने हेतु महोत्सव के दौरान नवाचारी महिलाओं को पुरस्कृत किया गया। विश्वविद्यालय अपनी कार्ययोजना में लोकसभा अध्यक्ष द्वारा सुझाये गये क्षेत्रों में प्राथमिकता से कार्य करेगा।

प्रसार शिक्षा निदेशक, डॉ. महेन्द्र सिंह ने बताया कि मेले में प्रतिभागी महिलाओ से कृषि सम्बन्धी आवश्यकताओं पर फीड बैक लेकर सीधा संवाद स्थापित किया गया, जिसका उपयोग कृषि विज्ञान केन्द्रों की कार्ययोजना बनाने में किया जायेगा।

कृषि महोत्सव में दर्जनों विभागों ने फूड प्रासेसिंग, नेचुरल फार्मिंग, कृषि में ड्रोन का उपयोग, सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली, उन्नत बीज, फसल, फल-सब्जी, पुष्प, कृषि उपकरण आदि पर प्रदर्शनी लगायी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलसचिव मनिषा तिवारी ने सभी आगन्तुकों का आभार प्रकट किया।

अष्ठाहनिका महापर्व पर निकली घटयात्रा, सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ

कोटा। अष्ठाहनिका महापर्व के पावन अवसर पर महावीर नगर प्रथम स्थित श्वेत जैन मंदिर में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान आराधना का विधिवत शुभारंभ भव्य घटयात्रा के साथ हुआ। घटयात्रा दीक्षा प्रदात्री गणिनी आर्यिका विशुद्धमति माताजी एवं संघस्थ आर्यिका पट्ट गणिनी आर्यिका विज्ञमति माताजी ससंघ के सानिध्य में आयोजित हुई।

कार्याध्यक्ष जीवनधर सोगानी ने बताया कि प्रातःकाल निकली भव्य घटयात्रा में आर्यिका माताजी ससंघ पदविहार करते हुए शामिल रहीं। सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ शोभायात्रा में सहभागिता निभाई।

अपने प्रवचन में आर्यिका विज्ञमति माताजी ने कहा कि श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान में सिद्ध भगवान की आराधना से साधक को महान पुण्य की प्राप्ति होती है तथा यह विधान आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नयन का श्रेष्ठ माध्यम है।

शोभायात्रा में हाथी पर ध्वजारोहण कर्ता के रूप में लोकेश दीप्ति सोनी परिवार विराजमान थे। बग्गियों में सोधर्म इंद्र के रूप में गुलाबचंद लुहाड़िया, ईशान इंद्र के रूप में इंद्रमल गोधा सहित अन्य इंद्र स्वरूप श्रद्धालु उपस्थित रहे।

महामंत्री मिलापचंद अजमेरा ने जानकारी दी कि आयोजन में सकल दिगम्बर जैन समाज अध्यक्ष प्रकाश बज, विमल जैन (नांता), जे.के. जैन, नरेश वेद, विमल वर्धमान सहित समाज के अनेक गणमान्य पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित रहे।

प्रभु के अनंत वैभव के समक्ष मानव का वैभव नगण्य है: विभाश्री माताजी

कोटा। मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर त्रिकाल चौबीसी परिसर, आर.के.पुरम के तत्वावधान में आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान में मंगलवार को श्रद्धालुओं ने गहन श्रद्धा के साथ अर्घ अर्पित किए। मंदिर परिसर मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से गुंजायमान रहा।

आयोजन गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी एवं आर्यिका विनयश्री माताजी के मंगल सान्निध्य में संपन्न हो रहा है। मंदिर अध्यक्ष अंकित जैन ने बताया कि प्रातः 6 बजे से मंत्रजाप, सहस्त्रनाम धारा, अभिषेक, शांतिधारा एवं विधान सहित विविध धार्मिक अनुष्ठान विधिपूर्वक आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्यार्जन किया।

धर्मसभा में प्रवचन देते हुए आर्यिका विभाश्री माताजी ने कहा कि जब तक मनुष्य के अंतर्मन में ज्ञान, पद अथवा वैभव का अहंकार विद्यमान है, तब तक सम्यकदर्शन की प्राप्ति नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि सांसारिक उपलब्धियों पर गर्व करना व्यर्थ है, क्योंकि प्रभु के अनंत वैभव के समक्ष मानव का वैभव नगण्य है।

‘मान’ विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए माताजी ने बताया कि शास्त्रों में वर्णित ज्ञान, पूजा, कुल, जाति, बल, ऋद्धि, तप और शरीर—ये आठ प्रकार के मद आत्मोन्नति में बाधक बनते हैं।

धर्मसभा में समिति उपाध्यक्ष लोकेश जैन बरमुंडा, निर्देशक विनोद टोरड़ी, संयोजक पदम जैन दुगरिया, कार्याध्यक्ष प्रकाश सेठिया, मुकेश पापड़ीवाल, अक्षय जैन, संजय जैन सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय साझेदारी से कोटा का निर्यात 5,000 करोड़ रुपये के पार संभव: जेटली

0

EAR प्रतिनिधिमंडल का मलेशिया दौरा, निर्यात व पर्यटन पर वैश्विक स्तर पर मंथन

कोटा/कुआलालंपुर। एम्प्लॉयर एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (EAR) के ग्लोबल टूर के अंतर्गत वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल ने मलेशिया दौरे के दौरान भारत–मलेशिया औद्योगिक सहयोग को नई गति देने पर उच्चस्तरीय मंथन किया।

इस अवसर पर करेजियस कम्युनिटी फाउंडेशन के चेयरमैन वीके जेटली ने विशेष रूप से कोटा को केंद्र में रखते हुए कहा कि वर्तमान में कोटा का निर्यात लगभग 1,000 करोड़ रुपये के आसपास है, जिसमें धनिया, स्टोन, कोटा डोरिया सहित अन्य उत्पादों की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुनियोजित रणनीति और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के माध्यम से अगले पांच वर्षों में कोटा का निर्यात 5,000 करोड़ रुपये के पार ले जाया जा सकता है।

जेटली ने यह भी कहा कि कोटा अब शिक्षा नगरी के साथ-साथ तेजी से पर्यटन सिटी के रूप में उभर रहा है। चंबल रिवर फ्रंट, चंबल सफारी, गडेरिया महादेव सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित कर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाया जा सकता है।

प्रतिनिधिमंडल ने कुआलालंपुर स्थित भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों से भेंट कर निवेश, निर्यात विस्तार और संस्थागत साझेदारी के विभिन्न आयामों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में कुआलालंपुर स्थित भारतीय उच्चायोग के अधिकारी प्रथम सचिव राजेश एच. मनियिल तथा द्वितीय सचिव (श्रम) आरएस चौहान उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल में एम्प्लॉयर एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (EAR) के मुख्य सलाहकार व करेजियस कम्युनिटी फाउंडेशन के चेयरमैन वीके जेटली, मुख्य सलाहकार डॉ. एके जैन, अध्यक्ष एनके जैन तथा वरिष्ठ सदस्य किशन पोद्दार शामिल थे।

बैठक के दौरान नवीकरणीय ऊर्जा एवं सौर विनिर्माण, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी एवं ईवी चार्जिंग अवसंरचना, नॉन-वोवन फैब्रिक, टेक्सटाइल एवं तकनीकी वस्त्र, सीमेंट एवं अवसंरचना सामग्री, रीसाइक्लिंग एवं परिपत्र अर्थव्यवस्था, स्विचगियर एवं विद्युत प्रणालियाँ, ईपीसी परियोजनाएँ तथा कुशल कार्यबल विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से विचार किया गया।

डॉ. एके जैन ने मलेशिया की ASEAN क्षेत्र में विनिर्माण एवं निर्यात हब के रूप में रणनीतिक भूमिका को रेखांकित करते हुए स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत विद्युत उपकरण निर्माण तथा ईवी अवसंरचना में साझेदारी की व्यापक संभावनाएं बताईं।

चर्चा के दौरान राजस्थान के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों पर भी विमर्श हुआ, जिनमें भीलवाड़ा का वस्त्र एवं यार्न उद्योग, चित्तौड़गढ़ का सीमेंट एवं उर्वरक उत्पादन, उदयपुर का फॉस्फेट, अलवर का रासायनिक उद्योग, किशनगढ़ का पावरलूम एवं टेक्सटाइल पार्क, श्रीगंगानगर का चीनी उद्योग, भिवाड़ी (खैरथल-तिजारा) के वृहद उद्योग तथा जयपुर, अलवर और जोधपुर में प्रस्तावित सेमीकंडक्टर परियोजनाएं शामिल रहीं।

किशन पोद्दार ने क्षेत्र-विशिष्ट सहयोग मॉडल और सप्लाई चेन एकीकरण की रूपरेखा प्रस्तुत की। भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों ने EAR प्रतिनिधिमंडल की पहल की सराहना करते हुए व्यापार, प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग का आश्वासन दिया।

Aerocity: ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के पास बसेगा एरोसिटी, इंफ्रास्ट्रक्चर की कार्ययोजना तैयार

आवासीय क्षेत्र और बेहतरीन कनेक्टिविटी विकसित की जाए: अशोक माहेश्वरी

कोटा। शहर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के पास प्रस्तावित एरोसिटी निर्माण को लेकर मंगलवार को केडीए आयुक्त ममता तिवारी की अध्यक्षता में शहर के व्यापार जगत, होटल व्यवसाय, कोचिंग व्यवसाय एवं उद्योग जगत से जुड़े लोगों की एक बैठक केडीए सभागार में संपन्न हुई।

बैठक मे एरोसिटी के नजदीक प्रस्तावित कार्य योजना के तहत 4 जोन में विकसित किया जाने, जिसमें कमर्शियल, इंडस्ट्रियल, एजुकेशनल सहित कई अन्य गतिविधियां संचालित करने के लिए बेहतरीन स्वरूप प्रदान करने पर प्रकाश डाला गया। शहर से बेहतरीन कनेक्टिविटी दिए जाने की यह कार्य योजना बनाई गई है।

केडीए सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि एरोसिटी के नजदीक 658 हेक्टर जमीन रीको को दी गई है और 755 सेक्टर जमीन पर कमर्शियल, शैक्षणिक, हॉस्पिटैलिटी, होटल रिसोर्ट एवं आवासीय क्षेत्र के लिए कार्य योजना बनाई जा रही है।

बैठक में होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि प्रस्तावित कार्य योजना बेहतरीन है। लेकिन इसको विकसित करने के लिए अभी से इसका इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करना होगा। सड़के, बिजली एवं पानी की व्यवस्था के साथ-साथ सबसे पहले शहर की दो-तीन सड़कों को सीधा इस क्षेत्र को जोड़ना होगा।

साथ ही ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट निर्माण के साथ ही यहां पर समस्त प्रोजेक्ट निर्माण की गतिविधियां शुरू करनी होगी। यहां पर एयरपोर्ट के निर्माण के साथ ही एरोसिटी की समस्त निर्माण की गतिविधियां भी विकसित हो सके। भारत माला रोड एवं रेलवे कनेक्टिविटी से भी एरोसिटी को जोड़ने की व्यवस्था के साथ ही मेट्रो ट्रेन का प्रोविजनल भी इसमें जोड़ना पड़ेगा।

इस कार्य योजना के क्षेत्र में प्राइवेट जमीनों पर 92 बी पर लगाई गई रोक को भी हटाया जाना चाहिए, जिससे प्राइवेट सेक्टर के लोग भी आवासीय कालोनियां व अन्य गतिविधियों का संचालन यहां पर कर सकेंगे।

माहेश्वरी ने कहा कि रामनगर पत्थर मंडी में अलॉट हुए भूकंप पिछले 25 वर्षों से खाली पड़े हुए हैं। अतिक्रमण और इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं होने की वजह से यह क्षेत्र अभी तक विकसित नहीं हो पाया है। इसका सबसे बड़ा कारण यहां की कीमत जो वर्तमान में ₹400 प्रति वर्गफिट बाजार भाव है।

जबकि डीएलसी की रेट ₹2100 प्रति वर्गफूट है। इसकी वजह से यहां पर खरीद बिक्री भी नहीं हो पा रही है। पिछले 25 वर्षों से कोई सेकंड रजिस्ट्री यहां पर नहीं हुई है। आने वाले समय में यह क्षेत्र एयरोसिटी से मात्र 5 से 6 किलोमीटर की दूरी पर है।

अतः यहां पर लैंड यूज में कन्वर्जन करके अन्य गतिविधियां भी संचालित करने की अनुमति दी जाए। पिछले दिनों केडीए द्वारा इस क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया है। 46 करोड रुपए की सड़कों के कार्य भी इस क्षेत्र में शुरू किए गए हैं। अन्य गतिविधियों की अनुमति मिलने के बाद निश्चित ही यह क्षेत्र तेजी से विकसित होगा।

माहेश्वरी ने कहा कि कार्य योजना को मूर्त रूप देने के लिए एरोसिटी के निर्माण का राष्ट्रीय स्तर का इसका प्रचार प्रसार होना चाहिए, जिससे बाहर के निवेशक भी इस क्षेत्र में अपना निवेश कर सके।

इसके लिए एक नोडल अधिकारी और अलग से एक विभाग के अधिकारियों का गठन किया जाए, जिसके साथ ही एक एकल खिड़की विंडो के आधार पर इस क्षेत्र में निवेश करने वालों को कम समय में सभी काम एक साथ हो सके।

साथ ही एक मार्केटिंग टीम भी अलग से घटित की जाए, जिससे पूरे देश में इसका प्रचार प्रसार कर पूरे देश की निवेशकों को कोटा में आमंत्रित किया जाए। हमें गुजरात मॉडल पर जाना होगा, जिससे यह क्षेत्र शैक्षणिक औद्योगिक और पर्यटन से जुड़े निवेशकों को आकर्षित कर सके।

यहां पर हवाई अड्डे के निर्माण के साथ ही हमें इस क्षेत्र का सर्वांगीण विकास के नए क्षेत्र भी विकसित करने होंगे। अगर इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया तो यहां ट्रैफिक मिलने की चुनौती का भी हमको सामना करना पड़ सकता है। एरोसिटी विकसित करने के लिए एक टेक्निकल टीम का गठन किया जाए, जिसमें व्यापार उद्योग व अन्य तकनीकी से जुड़े लोगों को इस टीम में शामिल किया जाए।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के महासचिव संदीप पाडिया ने कहा कि आधे अधूरे विकास से बचने के लिए हमें शुरुआत से ही संतुलित विकास करना होगा। केडीए आयुक्त ममता तिवारी, सचिव मुकेश चौधरी ने कहा कि सभी के सुझाव से केडीए इस योजना को बेहतरीन स्वरूप प्रदान करने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। इस योजना को मूर्त रूप एवं एरोसिटी निर्माण के बाद कोटा शहर का स्वरूप अलग ही होगा।

बैठक मे एक्सईएन रविंद्र माथुर नगर प्लानर निदेशक प्लानिंग मुकेश मालव, नगर नियोजन सलाहकार संदीप दंडवते सहित कोटा व्यापार महासंघ के पदाधिकारी होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के पदाधिकारी, कोचिंग एवं बिल्डर्स सहित से कई विभागों के पदाधिकारी भी मौजूद थे।