Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 221

अमेरिकी सीनेट ने ईरान युद्ध रोकने का प्रस्ताव किया खारिज, ट्रम्प की जीत

वाशिंगटन। अमेरिकी सीनेट ने बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर सैन्य हमले जारी रखने के अधिकार को सीमित करने के उद्देश्य से लाए गए प्रस्ताव को खारिज कर दिया।

डेमोक्रेट टिम केन और रिपब्लिकन रैंड पॉल द्वारा पेश किए गए इस द्विदलीय विधेयक में यह प्रावधान था कि जब तक कांग्रेस इस अभियान को अधिकृत नहीं करती, तब तक ईरान के खिलाफ शत्रुता से अमेरिकी सेनाओं को वापस बुलाना अनिवार्य होगा।

लेकिन कांग्रेस के ऊपरी सदन में रिपब्लिकन पार्टी के पास 53-47 का बहुमत होने और इजरायल के साथ ईरान पर हमला करने के राष्ट्रपति के फैसले का बड़े पैमाने पर समर्थन करने के कारण, प्रस्ताव ठीक उसी अंतर से पारित नहीं हो सका।

डेमोक्रेट्स का तर्क है कि ट्रंप ने हवाई हमले का आदेश देते समय असंवैधानिक रूप से कांग्रेस को दरकिनार कर दिया और उनका कहना है कि प्रशासन ने युद्ध के लिए बदलते हुए औचित्य पेश किए हैं।

प्रशासन के अधिकारियों से मिली गोपनीय जानकारी के बाद केन ने एएफपी को बताया कि मैं इसे इस तरह से कहूंगा कि उस कमरे में ऐसा कोई सबूत पेश नहीं किया गया था… जिससे यह संकेत मिलता हो कि अमेरिका को ईरान से कोई तत्काल खतरा है।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि ईरान के साथ युद्ध में संयुक्त राज्य अमेरिका और इजरायल एक मजबूत स्थिति में हैं, और उन्होंने इस्लामी गणराज्य के खिलाफ “आगे बढ़ते रहने” का संकल्प लिया।

ट्रंप ने कहा कि ईरान के मारे गए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के संभावित उत्तराधिकारी “अंततः मारे जाते हैं” और तेहरान के बैलिस्टिक मिसाइलों के भंडार को “तेजी से नष्ट किया जा रहा है”।

“युद्ध के मोर्चे पर हम अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, सीधे शब्दों में कहें तो। किसी ने पूछा कि 10 में से आप इसे कितने अंक देंगे? मैंने कहा लगभग 15,” ट्रंप ने व्हाइट हाउस में तकनीकी क्षेत्र के दिग्गजों की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा।

ईरान-अमेरिका युद्ध की आंच भारत तक, US ने हिंद महासागर में डुबोया ईरानी युद्धपोत

वॉशिंगटन। सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की हत्या के बाद ईरान-अमेरिका के बीच जंग और तीखी हो गई है। हिंद महासागर में भारत के पास और श्रीलंका के दक्षिण तट पर अमेरिकी नौसेना ने पनडुब्बी से हमला करके ईरानी युद्धपोत को डुबो दिया।

इस भीषण हमले का वीडियो सामने आया है, जिसमें युद्धपोत पर हमला करते हुए दिखाया गया है। हिंद महासागर में हुए इस हमले के बाद युद्ध का दायरा और बढ़ता दिख रहा है। अभी तक मिडिल ईस्ट, गल्फ के इलाकों तक ही यह युद्ध सीमित था।

हमले के समय ईरानी युद्धपोत पर तकरीबन 180 लोग सवार थे। अब तक 87 लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग पानी में गायब हो गए हैं। हमले के तुरंत बाद श्रीलंकाई नोसैना ने ऑपरेशन शुरू करते हुए युद्धपोत पर सवार ईरानी लोगों की जान बचाई। अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ वॉर की तरफ से 20 सेकंड का वीडियो जारी किया गया है।

इसमें ईरानी युद्धपोत को निशाना बनाते हुए दिखाया गया है। कुछ ही सेकंड में जहाज पर एक बड़ा ब्लास्ट होता है और पानी कई फीट ऊंचे तक उठता दिखता है।

ईरानी युद्धपोत आईआरआईएस डेना भारत से ईरान वापस जा रहा था, जब हिंद महासागर पर इस पर हमला हुआ। इसने हाल ही में विशाखापट्ट्नम में आयोजित किए गए इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू 2026 में हिस्सा लिया था।

अमेरिकी डिफेंस सेकरेट्री पीटर हेगसेथ ने कहा, ”हिंद महासागर में-एक अमेरिकी सबमरीन ने एक ईरानी वॉरशिप को डुबो दिया, जिसे लगा कि वह इंटरनेशनल पानी में सेफ है। इसके बजाय, उसे एक टॉरपीडो से डुबो दिया गया-क्विट डेथ। वर्ल्ड वॉर 2 के बाद पहली बार किसी दुश्मन शिप को टॉरपीडो से डुबोया गया। उस वॉर की तरह-जब हम अभी भी वॉर डिपार्टमेंट थे-हम जीतने के लिए लड़ रहे हैं।”

अब तक 87 नाविकों की लाशें बरामद
श्रीलंका की पुलिस और डिफेंस अधिकारियों ने बताया कि श्रीलंका की नौसेना ने एक ईरानी युद्धपोत से 87 नाविकों की लाशें बरामद की हैं। नेवी के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर न्यूज जेंसी AFP को बताया, “हमने 87 लाशें इकट्ठा कर ली हैं, और जो बाकी लापता हैं, उनकी तलाश अभी भी जारी है।” पुलिस और नेवी के प्रवक्ता ने कहा कि 61 नाविक अभी भी लापता हैं। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 32 को बचा लिया गया है और उनका इलाज गाले शहर के एक हॉस्पिटल में चल रहा है।

UPSC CSE 2025 फाइनल रिजल्ट जल्द ही, सीधे लिंक से करें डाउनलोड

नई दिल्ली। UPSC CSE Final Result 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 का अंतिम परिणाम जल्द जारी होने वाला है। लाखों अभ्यर्थियों की धड़कनें तेज हैं, क्योंकि देश की सबसे प्रतिष्ठित सेवा (IAS, IPS, IFS) का हिस्सा बनने का उनका सपना अब बस एक क्लिक दूर है। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर मेरिट लिस्ट का पीडीएफ किसी भी समय अपलोड किया जा सकता है।

इस साल की चयन प्रक्रिया अपने अंतिम पड़ाव पर है। 2025 भर्ती प्रक्रिया के लिए इंटरव्यू फरवरी 2026 के अंत तक पूरे कर लिए गए थे। यूपीएससी के पिछले रुझानों को देखें, तो इंटरव्यू खत्म होने के एक हफ्ते के भीतर ही फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया जाता है।

कितनी हैं रिक्तियां?
वर्ष 2025 के लिए यूपीएससी ने कुल 979 रिक्त पदों की घोषणा की थी। इनमें आईएएस (IAS), आईपीएस (IPS), आईएफएस (IFS) और अन्य ग्रुप-ए और ग्रुप-बी केंद्रीय सेवाएं शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को उनकी रैंक और वरीयता के आधार पर कैडर और सेवाएं आवंटित की जाएंगी।

रिजल्ट ऐसे चेक करें

  1. जैसे ही आयोग परिणाम घोषित करेगा, उम्मीदवार इन स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:
  2. यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाएं।
  3. होमपेज पर ‘What’s New’ सेक्शन में ‘Final Result: Civil Services Examination, 2025’ के लिंक पर क्लिक करें।
  4. एक पीडीएफ फाइल खुलेगी जिसमें सफल उम्मीदवारों के नाम और रोल नंबर रैंक के अनुसार दिए होंगे।
  5. Ctrl+F दबाकर अपना रोल नंबर या नाम सर्च करें।
  6. भविष्य के लिए पीडीएफ को सुरक्षित डाउनलोड कर लें।

इंटरव्यू और मुख्य परीक्षा का महत्व
अंतिम मेरिट लिस्ट मुख्य परीक्षा के 1750 अंकों और इंटरव्यू के 275 अंकों को मिलाकर तैयार की जाती है।इंटरव्यू में उम्मीदवारों के व्यक्तित्व, निर्णय लेने की क्षमता और प्रशासनिक कौशल का परीक्षण किया जाता है।

आयोग परिणाम के साथ ही कैटेगरी-वाइज कट-ऑफ मार्क्स और टॉपर्स की मार्कशीट भी कुछ दिनों बाद जारी करेगा। वर्तमान में, सभी की निगाहें दिल्ली के धौलपुर हाउस की ओर टिकी हैं, जहां से जल्द ही नए अफसरों की लिस्ट जारी होगी।

बीमा धारकों को अब भारी-भरकम कमीशन से मिलेगी राहत, जानिए कैसे

नई दिल्ली। अगर आपको लगता है कि बीमा लेना महंगा हो गया है, तो यह खबर आपके काम की है। बीमा नियामक इरडा अगले 4-6 महीनों में ऐसे कई बड़े सुधार लागू करने जा रहा है, जिससे बीमा किफायती होगा और आपको पैसे का पूरा दम मिलेगा। इन बदलावों की सबसे बड़ी मार उन भारी-भरकम कमीशनों पर पड़ेगी, जो बीमा कंपनियां एजेंटों और बैंकों को देती हैं।

जल्द ही लॉन्च होगा बीमा सुगम: एक डिजिटल मार्केटप्लेस जहां आप अमेजॉन-फ्लिपकार्ट की तरह सभी बीमा कंपनियों की पॉलिसियां कंपेयर कर सकेंगे। कीमत, फीचर्स, क्लेम सेटलमेंट रेशियो – सब कुछ एक क्लिक पर। जब सबकुछ खुला होगा, कंपनियों को अपने दम पर प्रीमियम कम रखना होगा।

सोचिए, वित्त वर्ष 2025 में अकेले कमीशन के नाम पर बीमा कंपनियों ने करीब 1 लाख करोड़ रुपये बांटे। यही वह पैसा है जो आपकी जेब से प्रीमियम के रूप में निकलता है। आरबीआई और इरडा दोनों ने इस पर चिंता जताई है। अब नियामक इस वितरण लागत को तर्कसंगत बनाने पर काम कर रहा है।

फिलहाल बीमा कंपनियां आपके प्रीमियम का 30% हिस्सा डिस्ट्रिब्यूशन और एडमिन के कामों पर खर्च करती हैं। इसमें 17-18% सीधे बैंकों, एनबीएफसी और एजेंटों की जेब में जाता है। इरडा अब इसे घटाने की तैयारी में है, खासकर हेल्थ इंश्योरेंस में जहां प्रीमियम तेजी से बढ़े हैं।

नियामक IRDA एक सहमति-आधारित डेटा रजिस्ट्री बना रहा है, जहां पॉलिसी और दावों का सारा डेटा सुरक्षित रहेगा। इससे अंडरराइटिंग तेज होगी, फ्रॉड पर लगाम लगेगी और पॉलिसी पोर्टेबिलिटी आसान होगी। मतलब – कम लागत, तेज प्रोसेस और ज्यादा पारदर्शिता।

इरडा बीमा कंपनियों पर शिकंजा कस रहा है। अब कंपनियों को अपने प्रोडक्ट्स, रिटर्न और क्लेम सेटलमेंट रेशियो का खुलकर खुलासा करना होगा। जब सबकुछ सार्वजनिक होगा, तो कंपनियों के बीच बेहतर सर्विस और कॉम्पिटिटिव प्राइसिंग की होड़ लगेगी।

आम आदमी को क्या मिलेगा: इन सुधारों का सीधा फायदा आपको मिलेगा। कमीशन खर्च घटेगा तो प्रीमियम स्थिर या कम हो सकता है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तुलना से बेहतर और किफायती पॉलिसी चुन पाएंगे। पता चलेगा कि आपका पैसा कहां जा रहा है और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से क्लेम प्रोसेस तेज होगा। खासकर हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस में इन बदलावों का असर साफ दिखेगा, जहां बढ़ती लागत ने मिडल क्लास की जेब पर दबाव बढ़ा दिया था।

संयम, सरलता, करुणा और सदाचार को आत्मसात करना ही धर्म: विभाश्री माताजी

विश्व शांति की कामना के साथ सिद्धचक्र महामंडल विधान का समापन

कोटा। आर.के.पुरम स्थित मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर, त्रिकाल चौबीसी के तत्वावधान में गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी एवं गणिनी आर्यिका विनयश्री माताजी के सान्निध्य में आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान का विधिवत पूर्णाहुति के साथ श्रद्धा एवं भक्ति भाव से सम्पन्न हुआ।

अध्यक्ष अंकित जैन ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलाष्टक, सहस्त्रनाम अभिषेक एवं शांति धारा पूजन विधान संपन्न हुआ। इसके पश्चात विश्वशांति महायज्ञ एवं मंडल विसर्जन की पावन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसके उपरांत पांडाल से मंदिर तक भव्य श्रीजी शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रीजी पालकी में विराजमान थे, जिनके साथ बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं भक्ति भाव से चल रही थीं। संपूर्ण मार्ग महावीर स्वामी के जयकारों से गूंज उठा।

उपाध्यक्ष लोकेश जैन बरमुंडा ने बताया कि शोभायात्रा में महिलाएं लाल रंग की साड़ियों में सुसज्जित होकर सिर पर कलश धारण किए, भक्ति नृत्य करते हुए आगे बढ़ती रहीं। श्रद्धालु नाचते-गाते जयकारे लगाते नजर आए। गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी ससंघ श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करती हुई शोभायात्रा के साथ चलती रहीं।

इस अवसर पर विभाश्री माताजी ने अपने प्रवचन में कहा कि सिद्धचक्र महामण्डल विधान का साक्षात फल तीर्थंकर बनना नहीं, बल्कि मनुष्य जीवन को सार्थक बनाना है। धर्म भगवान के लिए नहीं, अपितु समस्त जीवों के कल्याण के लिए है। धर्म हमें सही मार्ग दिखाता है और जीवन में सम्यकदर्शन की प्राप्ति कराता है।

गणिनी माताजी ने कहा कि धर्म का उद्देश्य केवल पूजा-पाठ नहीं, बल्कि जीवन में संयम, सरलता, करुणा और सदाचार को आत्मसात करना है। यदि वाणी और विचार शुद्ध हो जाएं तो वहीं से कल्याण का मार्ग प्रारंभ हो जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान की आराधना करते समय यदि कोई परेशानी आए तो उसे सम्यक समाधान भाव से स्वीकार करना चाहिए, क्योंकि देव-शास्त्र-गुरु की अवहेलना कभी नहीं होनी चाहिए।

इस अवसर पर सकल समाज मनोज जैसवाल, विनोद टोरडी, पदम बडला, ताराचंद बडला, संयोजक पदम जैन दुगरिया, कार्याध्यक्ष प्रकाश सेठिया, मुकेश पापड़ीवाल, अक्षय जैन, संजय बांझल, रोहित जैन सहित अनेक गणमान्यजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सफेद जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान संपन्न

महावीर नगर प्रथम स्थित सफेद जैन मंदिर में गणिनी आर्यिका रत्न विशुद्धमति माताजी एवं उनकी शिष्या पट्ट गणिनी आर्यिका विज्ञमति माताजी के सान्निध्य में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।

अध्यक्ष गुलाबचंद लुहाड़िया ने बताया कि विधान के अंतर्गत शांतिधारा के पश्चात नित्य नियम पूजन, प्रवचन, हवन एवं विश्व शांति महायज्ञ का विधिवत आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर आत्मकल्याण एवं विश्व शांति की कामना की।

कार्याध्यक्ष जीवनधर सोगानी के अनुसार आयोजित शोभायात्रा में श्रीजी को सुसज्जित रथ में विराजमान किया गया। श्रद्धालुओं ने रथ को अपने हाथों से खींचकर पुण्यार्जन किया। शोभायात्रा में आर्यिका संघ का सान्निध्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

संकीर्तन और अन्नकूट के साथ संपन्न हुआ चैतन्य महाप्रभु आविर्भाव महोत्सव

कोटा। गणेश नगर स्थित श्री गौर राधागोविंद मंदिर पर श्रीकृष्ण चैतन्य महाप्रभु के शुभ 540वां आविर्भाव दिवस पर आयोजित षष्ठ दिवसीय प्राकट्य महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

27 फरवरी से 4 मार्च तक चले इस आयोजन के दौरान संपूर्ण क्षेत्र श्रीकृष्ण नाम संकीर्तन की गूंज से भक्तिमय बना रहा। यह आयोजन गौड़ीय परंपरा के संत नित्य लीला प्रविष्टि ओम् विष्णुपाद चक्रधर प्रसाद ‘भक्ति शास्त्री’ महाराज के आशीर्वाद तथा वर्तमान आचार्य हरे कृष्ण दास ब्रह्मचारी महाराज के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ।

आविर्भाव दिवस पर बुधवार प्रातः 6 बजे मंगल आरती के पश्चात हरिनाम संकीर्तन प्रभात फेरी निकाली गई। श्रद्धालु भक्तों ने मृदंग, करताल एवं विविध वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि के साथ श्रीहरिनाम का गुणगान किया।

इसके पश्चात मंदिर परिसर में भजन-संकीर्तन, बधाई गायन तथा धर्म प्रवचन के कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। ललित नारायण प्रभु के अनुसार, मंगलवार को सायंकाल दण्डवीर हनुमान मंदिर, महावीर नगर से एक भव्य नगर शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई।

शोभायात्रा में श्री ठाकुरजी की सुसज्जित झांकी, गुरु परंपरा की आकर्षक झांकियां, ध्वज-पताकाएं एवं बैंड-बाजों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। संकीर्तन करते हुए भक्तगण नृत्य में आत्मविभोर दिखाई दिए। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर आरती उतारी गई तथा चंदन, पुष्पमाला एवं प्रसाद से श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

नारायणदास प्रभु ने बताया कि बुधवार को को फाल्गुन पूर्णिमा के अवसर पर मध्यान्ह 2:30 बजे श्री ठाकुरजी की भोग आरती संपन्न हुई। भगवान को छप्पन व्यंजनों का अन्नकूट भोग अर्पित किया गया। तत्पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजन में मध्यप्रदेश के भोपाल, जबलपुर, इंदौर, सागर, दमोह, विदिशा सहित विभिन्न नगरों तथा राजस्थान के भरतपुर, बूंदी, अजमेर, भीलवाड़ा, वृंदावन, दिल्ली और देहरादून से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

होलिका दहन के साथ यूजीसी के ‘काले कानून’ का प्रतीकात्मक दहन

कोटा। समता आंदोलन समिति के धरने में लिए गए निर्णय के अनुरूप होली दहन के अवसर पर समता आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने यूजीसी के कथित ‘काले कानून’ का प्रतीकात्मक दहन कैथूनीपोल ​पिप्लेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण कर विरोध दर्ज कराया। गाजे-बाजे और नारों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

समता आंदोलन के संभागीय अध्यक्ष डॉ. अनिल शर्मा, महामंत्री कमल सिंह, संयोजक राजेंद्र गौतम एवं जिला महामंत्री रासबिहारी पारीक ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यूजीसी के प्रस्तावित प्रावधानों से कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

वक्ताओं ने युवाओं से अपील की कि वे विषय की गंभीरता को समझें और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएं।
समय रहते छात्र-युवा संगठित होकर विरोध नहीं करेंगे तो भविष्य में उन्हें शैक्षणिक एवं प्रशासनिक स्तर पर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

उन्होंने वर्तमान नीतियों की आलोचना करते हुए इसे युवाओं के हितों के प्रतिकूल बताया और व्यापक जनजागरण अभियान चलाने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान होलिका दहन के साथ यूजीसी कानून की प्रतिकृति का दहन किया गया। समतादल पदाधिकारियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में सरकार से पुनर्विचार की अपील की।

न्यू कोटा स्टेशन पर ट्रैन रिजर्वेशन टिकटों की कालाबाजारी करते एक व्यक्ति गिरफ्तार

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन उपलब्ध” के तहत रेल टिकटों के अवैध व्यापार में संलिप्त एक व्यक्ति के विरुद्ध रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कोटा द्वारा कार्रवाई की गई है।

रेलवे सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक घनश्याम वर्मा एवं उपनिरीक्षक कप्तान सिंह मय स्टाफ टिकटों की अवैध कालाबाजारी करने वालों की धरपकड़ के दौरान न्यू कोटा स्टेशन स्थित बुकिंग एवं आरक्षण केंद्र पर निगरानी कर रहे थे।

इसी दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया, जिसके पास एक लाइव पेपर टिकट, जिसकी कीमत 6000 रुपये थी, तथा पांच खाली आरक्षण मांग पत्र पाए गए।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निर्मल दास उम्र 63 वर्ष, निवासी कोटा बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ग्राहकों की मांग पर न्यू कोटा आरक्षण केंद्र से आरक्षित टिकट बनवाकर उन्हें उपलब्ध कराता था।

इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कोटा पर रेल अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक घनश्याम वर्मा, रेलवे सुरक्षा बल आउट पोस्ट न्यू कोटा द्वारा की जा रही है।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेल टिकटों की कालाबाजारी एवं अवैध व्यापार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खामेनेई की हत्या पर दुनिया भर में सफाई दे रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ईरान के खिलाफ चलाए गए विनाशकारी हवाई अभियान ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ को लेकर कई स्पष्टीकरण दिए हैं। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई है।

ट्रंप ने इस सैन्य कार्रवाई को जायज ठहराने के लिए एक बेहद सीधा तर्क दिया। इससे पहले कि वह मुझे मारता, मैंने उसे मार गिराया। एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा- उन्होंने दो बार (मुझे मारने की) कोशिश की, लेकिन मैंने उन्हें पहले ही खत्म कर दिया। हालांकि, विभिन्न पोल्स के अनुसार अधिकांश अमेरिकी इस युद्ध को लेकर शंका और बेचैनी में हैं। इसके बावजूद, ट्रंप ने कई अमेरिकी मीडिया आउटलेट्स (लगभग दस इंटरव्यू) के जरिए अपने पक्ष में एक जटिल कहानी बुनने की कोशिश की है।

हमले के पीछे के तीन मुख्य कारण
विभिन्न इंटरव्यू में ट्रंप ने ईरान के खिलाफ इस अचानक और हिंसक हमले के तीन बड़े कारण बताए।

  • हत्या की साजिश: एक अत्यंत खुफिया जानकारी के अनुसार, अमेरिका में एक ईरानी सेल अमेरिकी धरती पर हत्या की साजिश रचने से महज कुछ दिन दूर था।
  • चुनावी हस्तक्षेप: ईरान अमेरिकी चुनावों में दखलंदाजी कर रहा था।
  • परमाणु खतरा: सीएनबीसी और वाशिंगटन पोस्ट से बातचीत में उन्होंने सबसे गंभीर दावा किया कि ईरान एक कार्यात्मक परमाणु हथियार बनाने से कुछ हफ्ते या शायद कुछ ही दिन दूर था।

रिपोर्ट के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों ने ट्रंप के इन दावों की पुष्टि के लिए कोई ठोस सबूत पेश नहीं किए हैं। आलोचकों का आरोप है कि ट्रंप इजरायल और सऊदी अरब के इशारे पर ईरान में सत्ता परिवर्तन के लिए अमेरिकी जनता को गुमराह कर रहे हैं। सर्वेक्षण बताते हैं कि अधिकांश अमेरिकी इस सैन्य कार्रवाई के खिलाफ हैं; केवल एक-चौथाई (मुख्यतः रिपब्लिकन) ही इसका समर्थन कर रहे हैं।

  • विरोधाभास और नेतृत्व का शून्य
    ट्रंप की इस पीआर रणनीति में कई भारी विरोधाभास भी सामने आए हैं।
  • ‘वेनेजुएला मॉडल’ का दावा: रविवार को उन्होंने ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ से कहा कि यह ऑपरेशन “वेनेजुएला मॉडल” पर आधारित था, जिसमें सत्ता का त्वरित हस्तांतरण होता है।
  • सब खत्म हो गए: लेकिन सोमवार को सीएनएन से बातचीत में उन्होंने शेखी बघारते हुए माना कि हमले इतने घातक थे कि संभावित उत्तराधिकारियों में से अधिकांश मारे गए हैं। उन्होंने कहा- दूसरे या तीसरे स्थान के सभी लोग मर चुके हैं। मेरे अलावा कोई और यह नहीं कर सकता था।

ट्रंप ने यह भी खुलासा किया कि ईरान के बचे हुए गिने-चुने नेताओं में से एक ने उनसे संपर्क किया है और उन्होंने एक व्यावहारिक उत्तराधिकारी आने पर प्रतिबंधों में छूट का संकेत दिया है।

ट्रंप ने सत्ता परिवर्तन के तीन संभावित परिदृश्य भी सामने रखे: (1) ईरानी सेना (IRGC) जनता के सामने हथियार डाल दे, (2) नौकरशाह अपनी जगह रहें लेकिन शीर्ष नेतृत्व बदल जाए, या (3) ईरानी जनता खुद सत्ता पर कब्जा कर ले।

सैन्य विश्लेषकों की चिंताएं और प्लान बी की कमी
ट्रंप भले ही दावा कर रहे हों कि ईरान की नौसेना और कमांड को नष्ट करने के बाद अभियान तय समय से काफी आगे है, लेकिन सैन्य विश्लेषक उनकी बताई गई ‘4 सप्ताह की समय सीमा’ को संदेह की नजर से देख रहे हैं। चूंकि अब ईरान में कोई स्पष्ट नेतृत्व नहीं बचा है, इसलिए विश्लेषकों को डर है कि अमेरिका बिना किसी ‘प्लान बी’ के एक ऐसे अंतहीन युद्ध में फंस गया है जिसका कोई स्पष्ट समाधान नहीं है।

अपने बयानों को लगातार बदलते हुए ट्रंप हर संभावित स्थिति को कवर करने की कोशिश कर रहे हैं। अगर ईरानी शासन जल्दी गिरता है, तो वह इसे ‘आजादी की ऐतिहासिक जीत’ बताएंगे। अगर युद्ध लंबा खिंचता है, तो वह ‘अमेरिकी जान बचाने के लिए खतरों को बेअसर करने’ का दावा करेंगे। फिलहाल, पूरी दुनिया एक ऐसे युद्ध को देख रही है जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति अपने फोन कॉल और सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए रियल-टाइम में नरेट कर रहे हैं।

50MP के कैमरे वाला सैमसंग का यह फोन 8500 से कम में, जानिए ऑफर्स

नई दिल्ली। क्या आप भी सैमसंग का फोन खरीदने की सोच रहे हैं तो Samsung Galaxy F07 आपके लिए एक तगड़ा ऑप्शन है। खास बात है कि फोन फ्लिपकार्ट पर कई शानदार ऑफर्स के साथ मिल रहा है।

फोन के 4जीबी रैम और 64जीबी के इंटरनल स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत फ्लिपकार्ट पर 8399 रुपये है। आप इस फोन को 420 रुपये के कैशबैक के साथ खरीद सकते हैं। इस कैशबैक के लिए आपको फ्लिपकार्ट ऐक्सिस बैंक या फ्लिपकार्ट एसबीआई के कार्ड से पेमेंट करना होगा।

यह फोन 296 रुपये की शुरुआती ईएमआई पर भी खरीदा जा सकता है। फोन पर कंपनी तगड़ा एक्सचेंद बोनस भी दे रही है। ध्यान रहे कि एक्सचेंज ऑफर में मिलने वाला अडिशनल डिस्काउंट आपके पुराने फोन की कंडीशन, ब्रैंड और कंपनी की एक्सचेंज पॉलिसी पर निर्भर करेगा। फोन में कंपनी 50 मेगापिक्सल के कैमरा और 5000mAh की बैटरी के साथ कई धांसू फीचर ऑफर कर रही है।

फीचर और स्पेसिफिकेशन
कंपनी इस बजट स्मार्टफोन में 720 x 1600 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 6.7 इंच का PLS LCD पैनल ऑफर कर रही है। फोन में ऑफर किया जा रहा यह एचडी+ डिस्प्ले 90Hz के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। फोन 4जीबी LPDDR4x रैम और 64जीबी के eMMC 5.1 स्टोरेज से लैस है। प्रोसेसर के तौर पर फोन में कंपनी मीडियाटेक हीलियो G99 चिपसेट ऑफर कर रही है।

स्पेसिफिकेशन
फोटोग्राफी के लिए फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ ड्यूल कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50 मेगापिक्सल के प्राइमरी लेंस के साथ एक 2 मेगापिक्सल का डेप्थ कैमरा शामिल है। सेल्फी के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है। यह फोन 5000mAh की बैटरी से लैस है। यह बैटरी 25 वॉट की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।

ओएस की जहां तक बात है, तो यह फोन ऐंड्रॉयड 15 पर बेस्ड OneUI 7 पर काम करता है। फोन को 6 जेनरेशन के ओएस अपग्रेड मिलेंगे। साथ ही कंपनी इसे सिक्योरिटी पैच भी ऑफर करेगी। बायोमेट्रिक सिक्योरिटी के लिए इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर लगा है। सैमसंग का यह फोन IP54 डस्ट और वॉटर रेजिस्टेंट रेटिंग के साथ आता है।

7.6mm की थिकनेस के साथ फोन दिखने में काफी स्लीक और स्टाइलिश लगता है। कनेक्टिविटी के लिए आपको इसमें ड्यूल 4G VoLTE, Wi-Fi 802.11 ac (2.4GHz + 5GHz), ब्लूटूथ 5.3, जीपीएस, यूएसबी टाइप-C पोर्ट और 3.5mm हेडफोन जैक जैसे ऑप्शन देखने को मिलेंगे। सैमसंग के इस फोन के डाइमेंशन की बात करें तो यह 167.4 x 77.4 x 7.6 है और इसका वजन 184 ग्राम है।