Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 220

इस्कॉन में चैतन्य महाप्रभु के प्राकट्य उत्सव पर हरिनाम संकीर्तन में झूमे श्रृद्धालु

कोटा। चैतन्य महाप्रभु के प्राकट्य उत्सव के अवसर पर किशोरपुरा स्थित इस्कॉन केंद्र गोविंद धाम में गुरुवार को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में कथा, संकीर्तन, नाट्य प्रस्तुति और आरती में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी भगवान बिरला, सोहन माहेश्वरी और नारकोटिक्स कमिश्नर नरेश बुंदेल उपस्थित रहे।
उत्सव के दौरान इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने चैतन्य महाप्रभु के जीवन और उनके हरिनाम संकीर्तन आंदोलन पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की। विद्यार्थियों की इस प्रस्तुति को श्रद्धालुओं ने ध्यानपूर्वक देखा।

कार्यक्रम में मायापुर वासी दास ने ‘गौर कथा’ के माध्यम से चैतन्य महाप्रभु के जीवन, उनके संदेश और भक्ति परंपरा के विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने भक्ति आंदोलन और हरिनाम संकीर्तन की परंपरा पर प्रकाश डाला।

उत्सव के दौरान भगवान का अभिषेक किया गया तथा पालकी उत्सव का आयोजन हुआ। इसके बाद और महा-आरती संपन्न हुई। कार्यक्रम में भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा को भोग अर्पित किया गया।

आयोजन की व्यवस्थाएं इस्कॉन कोटा के मैनेजर अवतार गौर प्रभु के मार्गदर्शन में की गईं। यूथ डायरेक्टर गजेंद्र पति विष्णु प्रभु और युवाओं की टीम ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।

Kota Mandi: खाद्य तेलों का आयात बेपड़ता होने से सोयाबीन और सरसों तेज बिकी

कोटा मंडी में नए गेहूं की आवक शुरू, ऊपर में 2455 रुपये क्विंटल बिका

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में गुरुवार को मंडी में नए गेहूं की आवक भी शुरू हो गई है। एक ढेर ऊपर में 2455 रुपये क्विंटल बिका। कमजोर उठाव से गेहूं, चना 50 रुपये टूट गया। खाद्य तेलों का आयात बेपड़ता होने से सोयाबीन 50 रुपये और सरसों 100 तेज बिकी।

कारोबारी सूत्रों के अनुसार खाड़ी देशों में चावल का निर्यात अटकने से धान के भाव धान 250 रुपये क्विंटल तक गिर गए। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब एक लाख कट्टे और लहसुन की 3500 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं 2250 से 2370, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1550, मक्का सफेद 1600 से 2200 जौ 2000 से 2300, गेहूं नया 2200 से 2455 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3001,धान (1509) 3200 से 3700, धान (1847) 3200 से 3501, धान (1718-1885) 3900 से 4000, धान (पूसा-1) 3600 से 4000, धान (1401-1846) 3800 से 4100, धान दागी 1500 से 3200 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 4000 से 5325, सरसों 5200 से 6250, अलसी 6000 से 6700, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 6500, उड़द 4500 से 8000, चना देशी 4700 से 4901, चना मौसमी 4700 से 4800, चना पेप्सी 4800 से 4901, चना डंकी 3500 से 4500, चना काबुली 5500 से 7500, नया चना 4500 से 4900 रुपये प्रति क्विंटल।

नया लहसुन 3300 से 7500, मैथी 4000 से 5100, धनिया बादामी 7500 से 9000, धनिया ईगल 9200 से 9500, धनिया नया गीला 6700 से 9500,धनिया रंगदार 10000 से 11000 रुपये प्रति क्विंटल।

Crude Oil Price: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव से क्रूड ऑयल 80 डॉलर पार

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध के असर अब दुनिया के ऊर्जा बाजार में साफ दिखाई देने लगे हैं। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव ने तेल और गैस की सप्लाई को लेकर बड़ी चिंता खड़ी कर दी है।

इसी बीच आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज की नई रिपोर्ट कहती है कि मौजूदा हालात में भारत की सरकारी कंपनियां ओएनजीसी और ऑयल इंडिया सबसे मजबूत स्थिति में दिख रही हैं, जबकि बाकी तेल और गैस कंपनियों पर दबाव बढ़ सकता है।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बना तनाव का केंद्र
रिपोर्ट के मुताबिक इस पूरे संकट का सबसे अहम केंद्र स्ट्रेट ऑफ होर्मुज है। दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल और एलएनजी की सप्लाई इसी समुद्री रास्ते से गुजरती है। ईरान ने हाल में अपने सर्वोच्च नेता की हत्या के बाद कई पड़ोसी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों और ऊर्जा ढांचे पर हमला किया।

साथ ही उसने चेतावनी दी कि होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाया जा सकता है। हालांकि अमेरिका, इजरायल और कुछ यूरोपीय देशों ने इस समुद्री रास्ते को सुरक्षित रखने के लिए सैन्य मदद देने की बात कही है। इससे उम्मीद है कि आने वाले समय में यहां से फिर से जहाजों की आवाजाही शुरू हो सकती है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि कतर के रस लफ्फान औद्योगिक परिसर में विस्फोट के बाद वहां एलएनजी उत्पादन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। यह दुनिया के सबसे बड़े गैस निर्यात केंद्रों में से एक है। इस फैसले के कारण वैश्विक बाजार से लगभग 20 प्रतिशत एलएनजी सप्लाई फिलहाल कम हो गई है।

इसका असर यह हुआ कि यूरोप में एलएनजी की कीमतें करीब 45 से 50 प्रतिशत तक बढ़ गईं, जबकि एशिया में स्पॉट एलएनजी की कीमत लगभग 25 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू तक पहुंच गई। भारत के लिए यह स्थिति अहम है क्योंकि देश अपनी कुल एलएनजी जरूरत का करीब 50 प्रतिशत कतर से आयात करता है।

यूरोप और एशिया विकल्प तलाश रहे
कतर की सप्लाई रुकने के बाद यूरोप और एशिया के खरीदार अब दूसरे स्रोत तलाश रहे हैं। यूरोपीय देश तेजी से अमेरिका से एलएनजी आयात बढ़ा रहे हैं। इसके अलावा अजरबैजान, अल्जीरिया और नाइजीरिया जैसे देशों से गैस लेने की कोशिश भी तेज हो गई है। यूरोप में गैस का भंडार भी कम स्तर पर पहुंच गया है, इसलिए वहां सरकारें स्टोरेज बढ़ाने और नई सप्लाई सुनिश्चित करने के कदम उठा रही हैं।

तेल की कीमत 80 डॉलर के पार
तनाव बढ़ने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 80 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई है। इससे पहले यह करीब 72 डॉलर प्रति बैरल के आसपास थी। रिपोर्ट के अनुसार अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज लंबे समय तक प्रभावित रहता है तो तेल की कीमतों में तेजी बनी रह सकती है।

निवेशकों के लिए ONGC और ऑयल इंडिया मजबूत
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज का कहना है कि मौजूदा हालात में ONGC और ऑयल इंडिया को तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से फायदा मिल सकता है। ब्रेंट क्रूड की कीमत में करीब 15 डॉलर प्रति बैरल की बढ़ोतरी इन कंपनियों की कमाई बढ़ा सकती है।

हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि लंबे समय में वैश्विक स्तर पर तेल और गैस की सप्लाई बढ़ सकती है, जिससे आने वाले 3 से 5 साल में कीमतों पर दबाव बन सकता है। फिलहाल, मौजूदा संकट के बीच रिपोर्ट का मानना है कि निवेश के नजरिये से ओएनजीसी और ऑयल इंडिया बाकी तेल-गैस कंपनियों के मुकाबले बेहतर स्थिति में हैं।

Stock Market: सेंसेक्स 900 अंक चढ़कर 80 हजार के पार, निफ्टी 24766 पर बंद

नई दिल्ली। Stock Market Closed: ग्लोबल टेंशन के बीच भारतीय शेयर बाजार गुरुवार (5 मार्च) को बढ़त में बंद हुए। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 899.71 अंक चढ़कर 80,015.90 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी-50 सूचकांक 24,765.90 अंक की बढ़त में 24,765.90 अंक पर ठहरा।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 79,530 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार के दौरान इंडेक्स में सीमित बढ़त देखी गई। लेकिन आखिरी एक घंटे में खरीदारी से इंडेक्स को सपोर्ट मिला। अंत में यह 899.71 अंक या 1.14 प्रतिशत बढ़कर 80,015.90 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) बढ़त के साथ 24,615 अंक पर खुला। शुरुआत में सीमित कारोबार के बाद अंत में इंडेक्स में मजबूती आई जिससे यह 285.40 अंक या 1.17 फीसदी की बढ़त लेकर 24,765 पर बंद हुआ।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, ”सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। इसमें मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने लार्जकैप की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। अमेरिका के उप विदेश मंत्री की उस टिप्पणी के बाद निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ, जिसमें उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता जल्द पूरा होने के करीब है।

उन्होंने कहा, ”हालिया गिरावट के बाद मेटल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी और ऑटो सेक्टर में निवेशकों ने वैल्यू बायिंग की। वहीं रुपये के मजबूत होने के कारण आईटी शेयरों में गिरावट का रुख जारी रहा। बाजार में कारोबार के अंत में तेजी और बढ़ गई, जब खबर आई कि ईरान ने कुछ शर्तों के साथ अपने परमाणु कार्यक्रम को छोड़ने की पेशकश की है। इससे अमेरिका/इज़राइल और ईरान के बीच जारी तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ी।

एशियाई बाजारों में तेजी के बीच भारतीय शेयर बाजार चार दिन से जारी गिरावट के बाद भूराजनीतिक तनाव के बीच हैवीवेट और मेटल शेयरों में तेजी से बाजार को प्रमुख रूप से सपोर्ट मिला। साथ ही अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के संकेतों से बाजार के सेंटीमेंट्स पर कुछ पॉजिटव असर पड़ा।

टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स, एलएंडटी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, इंडिगो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, टाटा स्टील, मारुति और बजाज फाइनेंस सबसे ज्यादा बढ़त में रहे। दूसरी तरफ, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक, टीसीएस और हिंदुस्तान यूनीलीवर गिरावट में रहने वाले शेयरों में रहे। बड़े इंडेक्स की तुलना में ब्रॉडर मार्केट का प्रदर्शन बेहतर रहा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 1.52 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 1.58 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेक्टर के हिसाब से निफ्टी मेटल इंडेक्स सबसे ज्यादा बढ़त के साथ 2.3 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। इसके अलावा निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी कंस्ट्रक्शन ड्यूरेबल्स भी दिन के बेहतर प्रदर्शन करने वाले सेक्टरों में शामिल रहे।

छात्रों के सपनों पर आधारित कोटा में फिल्माई ‘हैलो बच्चों’ नेटफ्लिक्स पर कल से

कोटा के करीब 200 जूनियर आर्टिस्टों ने अपने अभिनय से रोमांचित किया है

कोटा। कोटा शहर सपनों का शहर है, यहां हर स्टूडेंट के सपनों को पूरा किया जाता है और इस स्वर्णिम सफर में यहां की टीचर्स का अहम योगदान होता है। यहां के टीचर पढाई तक ही नहीं, बच्चों की हर एक्टिविटी पर नजर रखते हैं।

यही सब कुछ नेटफ्लिक्स ओटीटी पर रिलीज हो रही ‘‘हैलो बच्चों’’ वेब सीरीज में दिखाया गया है। छात्रों के सपनों पर आधारित कोटा में फिल्माई यह वेब सीरीज नेटफ्लिक्स पर कल रिलीज होगी।

लाइन प्रोड्यूसर सुभाष सोरल ने बताया कि इस फिल्म में कोटा के करीब 200 जूनियर कलाकारों ने अपने अभिनय से रोमांचित किया है। सोरल ने कहा कि छात्रों के सपनों और उन पर विश्वास रखने वाले शिक्षक की प्रेरक कहानी इस फिल्म में है।

‘कोटा फैक्ट्री’ के बाद, नेटफ्लिक्स और टीवीएफ एक और स्कूल आधारित कहानी ला रहे हैं, जो भारत के मशहूर शिक्षक और बड़े सपने देखने वाले छात्रों को समर्पित है। यह सीरीज शिक्षक अलख पांडे के खास सफर को दिखाती है।

उनका प्रभाव सिर्फ क्लासरूम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारत के कई छात्रों के घरों और दिलों तक पहुंचा है। सही मार्गदर्शन और विश्वास से शिक्षा जीवन बदल सकती है। प्रतिश मेहता के निर्देशन में यह सीरीज बनाई गई है।

मुख्य भूमिका विनीत कुमार सिंह ने निभाई है, उनके साथ विक्रम कोचर और गिरिजा ओक गोडबोले सहित अन्य कलाकार भी हैं। सतेन्द्र सोनी, सोनू कुमार यादव, अंशुल डोगरा, समता सुदिक्षा, वरुण बुद्धदेव और नमन जैन ने भी शानदार अभिनय किया है।

इन सभी ने पांच छात्रों की अलग-अलग और प्रेरणादायक कहानियां पेश की हैं, जो हर मुश्किल का सामना कर अपने सपनों की ओर बढ़ते हैं। हैलो बच्चो सीरीज अभिषेक यादव ने बनाई है। इसकी कहानी अंकित यादव, वनार्ली और संदीप सिंह ने मिलकर लिखी है।

यह सीरीज नेटफ्लिक्स और टीवीएफ का संयुक्त प्रोजेक्ट है। टीवीएफ के संस्थापक और सीईओ अरुणाभ कुमार ने कहा, हैलो बच्चो हमारे लिए बहुत खास सीरीज है। विनीत कुमार सिंह ने कहा हैलो बच्चो खास है, क्योंकि यह दो सफर की कहानी समान भावना के साथ बताती है।

एक शिक्षक जो अपना उद्देश्य ढूंढ रहा है और छात्र जो खुद पर भरोसा करना सीख रहे हैं। तान्या बामी कहती हैं, हैलो बच्चो के जरिए हम भारत के युवाओं की असली जिंदगी की चुनौतियों को दिखा रहे हैं।

इस सिरीज में निर्देशक प्रतिश मेहता, प्रोड्यूसर एवं राइटर अभिषेक यादव, अंकित यादव, वनार्ली, संदीप सिंह, एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर विजय कोशी, श्रेयांश पांडे, कलाकारों में विनीत कुमार सिंग, विक्रम कोचर, गिरीजा ओक गोडबोले शामिल हैं।

कोटा में कई लोकेशन पर हुई शूटिंग
सुभाष सोरल ने बताया कि इस सिरीज की शूटिंग कोटा एवं बूंदी में हुई है। कोटा में स्टेशन, खेड़ली, नयापुरा, बोरखेड़ा, महावीर नगर, विज्ञान नगर, खानपुरिया रानपुर में शूटिंग हुई। लाइन प्रोड्यूसर सुभाष सोरल टीम के भुवनेश महावर, अंशुल मेहरा, जीतू मुलालका, आशीष, मनीष मीणा, सुल्तान, नन्द किशोर, सलोनी सोरल, कुणाल मिश्रा, लक्ष्य, रितेश, लविषा, विशाल ने शूटिंग में अहम जिम्मेदारी निभाई है। इसके साथ ही प्रकाश माधवानी, शिवानी नागर, सिद्धार्थ गुप्ता, संजय संगर, अमन कटारिया, सौरभ बैरागी, मोहित महावर, याशिका परियानी, विशाल श्रृंगी, राजेश शर्मा, राकेश व्यास, नंदनी ने अपने शानदार अभिनय से मन को मोह लिया।

कोटा में एयरपोर्ट आने पर खुलेगी फिल्म शूटिंग की राह
सोरल ने कहा कि कोटा में 7 मार्च को एयरपोर्ट का शिलान्यास होगा। वर्ष 2027 में एयरपोर्ट चालू होने के बाद यहां बडी फिल्मों के आने की उम्मीद है। बडे कलाकार एयरपोर्ट नहीं होने से नहीं आ पाते हैं।

उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा और उनके प्रयास से कोटा नई बुलंदियों पर पहुंचेगा। पूरी फिल्म प्रोडक्शन टीम ने एयरपोर्ट के लिए बिरला का आभार जताया है।

सोरल एवं वेब सीरीज की टीम ने शूटिंग में पूर्ण रूप से सहयोग करने पर जिला प्रशासन, केडीए, नगर निगम, पुलिस प्रशासन एवं पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त किया है। सभी के सहयोग से सीरीज की शूटिंग सहजता और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकी।

टैरिफ रद्द होने के बाद कंपनियां रिफंड की हकदार, US कोर्ट का फैसला

वाशिंगटन। न्यूयॉर्क के एक संघीय न्यायाधीश ने बुधवार को अपने आदेश में कहा कि जिन कंपनियों ने पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट द्वारा रद्द किए गए आयात शुल्क का भुगतान किया है, वे अब रिफंड (धन वापसी) की हकदार हैं। इसे ट्रंप प्रशासन के लिए एक बड़ी हार के रूप में देखा जा रहा है।

अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय व्यापार न्यायालय के न्यायाधीश रिचर्ड ईटन ने लिखा कि रिकॉर्ड पर मौजूद सभी आयातक सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले का लाभ उठाने के हकदार हैं, जिसके तहत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पिछले साल अंतरराष्ट्रीय आपातकाल आर्थिक शक्ति कानून (आईईईपीए) के तहत लगाए गए भारी आयात करों को रद्द कर दिया गया था।

सुप्रीम कोर्ट ने पाया था कि आपातकालीन शक्तियों वाले कानून के तहत वे शुल्क असंवैधानिक थे। अदालत ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति एकतरफा रूप से शुल्क निर्धारित और परिवर्तित नहीं कर सकते, क्योंकि कराधान की शक्ति स्पष्ट रूप से कांग्रेस (अमेरिकी संसद) के पास है।

न्यायाधीश ईटन ने अपने फैसले में लिखा कि वह सिर्फ आईईईपीए शुल्क के रिफंड से संबंधित मामलों की सुनवाई करेंगे। यह फैसला रिफंड प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता प्रदान करता है, जिसका सुप्रीम कोर्ट ने अपने 20 फरवरी के फैसले में उल्लेख नहीं किया था।

फरवरी के अंत में अमेरिका के उच्च सदन ‘सीनेट’ में डेमोक्रेटिक पार्टी के तीन सांसद सरकार से लगभग 175 अरब अमेरिकी डॉलर के शुल्क की रिफंड प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे हैं। ओरेगन प्रांत से सीनेटर रॉन वायडेन, मैसाचुसेट्स से एड मार्की और न्यू हैम्पशायर से जीन शाहीन एक विधेयक पेश करने जा रहे थे। इस विधेयक में यह प्रावधान प्रस्तावित है कि अमेरिका के सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा विभाग को 180 दिन के भीतर शुल्क लौटाना होगा और इस राशि पर ब्याज भी देना होगा।

इस विधेयक में यह भी प्रस्ताव है कि रिफंड देने में छोटे व्यवसायों को प्राथमिकता दी जाए और आयातकों, थोक विक्रेताओं और बड़ी कंपनियों को अपने ग्राहकों तक यह रिफंड पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इस विधेयक के कानून बनने की संभावना कम है, लेकिन यह दर्शाता है कि डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों ने ट्रंप प्रशासन पर सार्वजनिक रूप से दबाव बनाना शुरू कर दिया है।

15 फीसदी टैरिफ लगाया
फरवरी में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप प्रशासन के देश-विशिष्ट शुल्क के खिलाफ फैसला दिया था, जिसके बाद ट्रंप ने सभी देशों पर 150 दिन के लिए 10 प्रतिशत शुल्क लगा दिया। बाद में इसे बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने की भी घोषणा की है। अब कहा जा रहा है कि नई दर इस सप्ताह से ही लागू हो सकती हैं।

नई दरों से फायदे के आसार
15 प्रतिशत के एकसमान शुल्क का एशिया-प्रशांत क्षेत्र की कुछ अर्थव्यवस्थाओं को लाभ मिल सकता है जिन्हें पहले अधिक ऊंचे शुल्क का सामना करना पड़ा है। इनमें चीन और दक्षिण-पूर्व एशिया के अधिकतर देश शामिल हैं। मूडीज ने फरवरी में कहा था कि जापान, दक्षिण कोरिया और ताइवान (चीन) जैसे देशों पर इसका प्रभाव हालांकि सीमित होगा जहां शुल्क पहले से ही 15 प्रतिशत है।

MCX पर सोना 1600 रुपये चढ़ा, चांदी 2% महंगी, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Price Today : MCX पर आज गुरुवार, 5 मार्च को सुबह सोना लगभग 1% चढ़ गया। यह अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से हुआ। हालांकि, डॉलर की मजबूती और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर कटौती की उम्मीद कमजोर होने से सोने की तेजी सीमित रही।

MCX पर अप्रैल वायदा सोना ₹1,63,142 प्रति 10 ग्राम तक ₹1,600 या 1% ऊपर पहुंच गया। वहीं, मई चांदी वायदा ₹2,70,501 प्रति किलो पर लगभग 2% चढ़ी। बुधवार को सोना ₹1,61,525 पर 0.30% ऊपर बंद हुआ था, जबकि चांदी ₹2,65,560 पर लगभग स्थिर रही।

डॉलर इंडेक्स 0.20% चढ़कर 98.98 पर पहुंच गया, जिससे अन्य मुद्राओं में डॉलर-आधारित सोना महंगा हो गया। इस हफ्ते डॉलर 1% से ज्यादा मजबूत हुआ है, क्योंकि अमेरिका-ईरान युद्ध से कमोडिटी कीमतें बढ़ने और महंगाई का दबाव बढ़ने से फेड की दर कटौती में देरी की आशंका है।

कीमतों में तेजी के कारण
भू-राजनीतिक अस्थिरता के दौरान सोना-चांदी जैसे कीमती धातु सुरक्षित निवेश बन जाते हैं। अमेरिका-ईरान युद्ध से वैश्विक अर्थव्यवस्था, ऊर्जा आपूर्ति और तेल मार्गों पर चिंता बढ़ी है। डॉलर की कमजोरी ने भी कीमतों को सहारा दिया, क्योंकि कमजोर डॉलर से अन्य मुद्राओं वाले खरीदारों के लिए सोना सस्ता पड़ता है। युद्ध से तेल कीमतें चढ़ने से महंगाई की आशंका बढ़ी है।

क्या है एक्सपर्ट्स की भविष्यवाणी
पृथ्वीफिनमार्ट के मनोज कुमार जैन का कहना है कि इस हफ्ते सोना-चांदी में उतार-चढ़ाव रहेगा। सोने को $5,080 और $5,034 पर समर्थन मिल सकता है, जबकि प्रतिरोध $5,220 और $5,280 प्रति औंस पर। चांदी को $80.80 और $76.60 पर सपोर्ट तथा $86.40 और $90.00 पर प्रतिरोध दिखेगा।

Samsung Galaxy A57 और A37 की कीमत लॉन्च से पहले लीक

नई दिल्ली। सैमसंग कंपनी A-सीरीज के दो नए मिड-रेंज स्मार्टफोन्स Galaxy A57 और Galaxy A37 को जल्द लॉन्च करने वाला है। अब फोन के लॉन्च से पहले इसकी कीमत और स्पेसिफिकेशंस लीक हो गए है।

लीक रिटेल लिस्टिंग के मुताबिक़ दोनों फोन की कीमत पिछली पीढ़ी की तुलना में काफी बढ़ सकती है, जिससे यूजर्स के बजट पर असर पड़ेगा। यूरोपियन लिस्टिंग में सामने आया है कि Galaxy A57 और A37 के अलग-अलग वेरिएंट्स के प्राइस लगभग €439 से लेकर €609 (लगभग 47,000 से 65,000 रुपए तक) के आसपास हो सकते हैं। कीमत में यह उछाल Samsung के पुराने A-सीरीज मॉडल्स जैसे A36 और A56 से ज्यादा है, जो पहले कम दाम में उपलब्ध थे।

Samsung Galaxy A57 और Galaxy A37 की यूरोपियन रिटेल लिस्टिंग सामने आ चुकी है, जिससे पता चलता है कि दोनों फोन की कीमत इस बार बढ़ सकती है। टिपस्टर अशोक मोर ने लीक जानकारी शेयर करते हुए बताया है कि Galaxy A57 का 6GB+128GB मॉडल लगभग 47,000 रुपए के आसपास होगा। वहीं Galaxy A37 का 8GB+128GB मॉडल भी लगभग 38,000 रुपए के आसपास रह सकता है।

वहीं भारत में मार्च 2025 में लॉन्च हुए Samsung Galaxy A56 5G की शुरुआती कीमत (8GB+128GB) 41,999 रुपए थी, जबकि Galaxy A36 5G (8GB+128GB) की शुरुआती कीमत 32,999 रुपए थी।

Samsung Galaxy A57 के फीचर्स (लीक)
Samsung Galaxy A57 एक प्रीमियम मिड-रेंज फोन हो सकता है। यह फोन 6.6-इंच के AMOLED डिस्प्ले के साथ आएगा, जिसमें 120Hz रिफ्रेश रेट मिलेगा जो गेमिंग और वीडियो के लिए स्मूद अनुभव देगा। इसमें Samsung का Exynos 1680 चिपसेट होने की उम्मीद है, जो पिछले मॉडलों से अच्छा परफॉर्मेंस देता है। बैटरी की बात करें तो A57 में 5000mAh की बड़ी बैटरी दी जाएगी, जो 45W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करेगी। साथ ही फोन में IP68 डस्ट और वॉटर रेजिस्टेंस भी मिलने की उम्मीद है।

Samsung Galaxy A37 के फीचर्स
Galaxy A37 में Exynos 1480 प्रोसेसर मिलने की संभावना है, जो पिछले A55 जैसे मॉडल्स में भी उपयोग हुआ था। A37 में 5000mAh बैटरी और 45W चार्जिंग सपोर्ट दिया जाएगा, जैसे कि A57 में मिलता है। कैमरा सेटअप में Galaxy A37 में 50MP प्राइमरी कैमरा, 8MP अल्ट्रा-वाइड और 5MP मैक्रो कैमरा दिया जा सकता है जो मिड-रेंज यूजर्स के लिए काफी अच्छा है। फ्रंट कैमरा भी लगभग 12MP की हो सकता है।

24 कैरेट सोने से बना है सैमसंग का यह फोन, जानिए कीमत और खासियत

नई दिल्ली। Gold Made Samsung Galaxy S26 Ultra: हीरे, सोने और महंगे रत्नों से जड़े फोन बनाने के लिए मशहूर दुबई के लग्जरी कस्टमाइजेशन ब्रांड Caviar ने अब टोटेम कलेक्शन पेश किया है, जो लग्जरी डिजाइन वाले सैमसंग गैलेक्सी S26 अल्ट्रा स्मार्टफोन की एक नई सीरीज है।

कलेक्शन का हर फोन एक सिंबॉलिक एनिमल से इंस्पायर्ड, जिसमें घोड़ा, शेर, भेड़िया और बाज शामिल हैं। इसे 24K गोल्ड, ब्लैक टाइटेनियम और फोर्ज्ड कार्बन जैसे प्रीमियम मटेरियल से बनाया गया है। कंपनी का कहना है कि हर फोन के सिर्फ 19 पीस ही बनाए जाएंगे। कितनी है अलग-अलग मॉडल की कीमत और क्या है खास, चलिए डिटेल में बताते हैं…

फ्लैगशिप फायर हॉर्स मॉडल लूनर न्यू ईयर और घोड़े को एनर्जी, जोश और जुनून की निशानी के तौर पर डिजाइन किया गया है। कैवियर ने इस फोन को एक बोल्ड 24K गोल्ड बेस-रिलीफ के साथ डिजाइन किया है, जिसमें एक उछलते हुए घोड़े की आकृति है, जिसे लाल लौ के डिजाइन से फ्रेम किया गया है, जिससे ऐसा लगता है कि घोड़ा आग की लपटों के बीच में छलांग लगा रहा है। ब्लैक टाइटेनियम से बना बेस, विरासत और ताकत का एहसास देता है। फायर हॉर्स की कीमत $11,490 (करीब 10 लाख 60 हजार रुपये) है, जो इसे कलेक्शन में सबसे महंगा बनाता है।

शेर के आकृति वाला मॉडल पावर, हिम्मत और लीडरशिप को दर्शाता है। फोन के बैक पैनल पर बीचों-बीच सोने से शेर का चेहरा बना है, जो काफी एग्रेसिव लग रहा है, जो इसकी शाही मौजूदगी और कमांडिंग अथॉरिटी पर जोर देता है। इस मॉडल की कीमत $11,060 (करीब 10 लाख 18 हजार रुपये) है।

भेड़िया की आकृति वाला मॉडल आजादी, समझ और अनुशासन को दर्शाता है। इसमें एक भेड़िये का बारीक डिटेल वाला बेस-रिलीफ है, जिसे टेक्सचर्ड ब्लैक टाइटेनियम और फोर्ज्ड कार्बन बेस पर सेट किया गया है। भेड़िये के चारों ओर शार्प, रेडिएंट मोटिफ हैं, जो एक सुरक्षा देने वाला सिंबॉलिक शील्ड बनाते हैं जो मजबूती और फोकस को दिखाता है। इस मॉडल की कीमत $10,490 (करीब 9 लाख 66 हजार रुपये) है।

बाज की आकृति वाला मॉडल दूर की सोचने वालों और आगे रहने वालों को दर्शाता है। इसमें उड़ते हुए बाज की उभरी हुई आकृति है, जिसे सुनहरे रंग के कार्बन पैनल पर रखा गया है। बाज के चारों ओर फैला हुआ पैटर्न क्लैरिटी और कंट्रोल को दिखाता है, जो दूर की सोच से जुड़े गुण हैं। फाल्कन मॉडल की कीमत $10,910 (करीब 10 लाख रुपये) है।

19 पीस ही बनाएगी कंपनी
कैवियार ने कहा कि टोटेम कलेक्शन में हर मॉडल के सिर्फ 19 पीस ही बनाए जाएंगे। हर फोन एक सिग्नेचर लग्जरी गिफ्ट बॉक्स में दिया जाएगा है और उसके साथ एक पर्सनलाइज्ड वीडियो ग्रीटिंग भी मिलेगा।

Stock Market में लौटी रौनक, सेंसेक्स 414 अंक ऊपर खुला, निफ्टी का शतक

नई दिल्ली। Stock Market Opened 5 March:अमेरिका से कोरिया-जापान तक के शेयर बाजारों में उछाल का असर आज घरेलू शेयर मार्केट पर भी देखने को मिल रहा है। बीएसई का सेंसेक्स 414 अंकों की बढ़त के साथ आज गुरुवार को 79530 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई का निफ्टी तेजी के शतक के साथ 135 अंक ऊपर 24615 पर खुलने में कामयाब रहा। प्रीओपनिंग में सेंसेक्स के सभी स्टॉक्स हरे निशान पर थे।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

एशियन मार्केट
वॉल स्ट्रीट पर रातोंरात बढ़त के बाद एशियाई बाजारों में गुरुवार को तेजी दर्ज की गई। जापान के निक्केई 225 में 4 प्रतिशत और टॉपिक्स में 3.63 प्रतिशत की तेजी आई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 12 प्रतिशत से अधिक और कोस्डैक 11 प्रतिशत से अधिक बढ़ गया। हांगकांग हैंग सेंग इंडेक्स फ्यूचर्स ने उच्च शुरुआत का संकेत दिया।

गिफ्ट निफ्टी टुडे
गिफ्ट निफ्टी 24,740 के आसपास कारोबार कर रहा था। यह निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 156 अंक का प्रीमियम था, जो भारतीय शेयर बाजार के सूचकांकों के लिए सकारात्मक शुरुआत का संकेत देता है।

वॉल स्ट्रीट
अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को प्रौद्योगिकी शेयरों के नेतृत्व में तेजी के साथ बंद हुआ। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 238.14 अंक या 0.49 प्रतिशत बढ़कर 48,739.41 पर पहुंच गया, जबकि एसएंडपी 500 ने 52.87 अंक या 0.78 प्रतिशत को 6,869.50 पर पहुंचाया। नैस्डैक कंपोजिट 290.79 अंक या 1.29 प्रतिशत बढ़कर 22,807.48 पर बंद हुआ।