Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 222

न्यू कोटा स्टेशन पर ट्रैन रिजर्वेशन टिकटों की कालाबाजारी करते एक व्यक्ति गिरफ्तार

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन उपलब्ध” के तहत रेल टिकटों के अवैध व्यापार में संलिप्त एक व्यक्ति के विरुद्ध रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कोटा द्वारा कार्रवाई की गई है।

रेलवे सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक घनश्याम वर्मा एवं उपनिरीक्षक कप्तान सिंह मय स्टाफ टिकटों की अवैध कालाबाजारी करने वालों की धरपकड़ के दौरान न्यू कोटा स्टेशन स्थित बुकिंग एवं आरक्षण केंद्र पर निगरानी कर रहे थे।

इसी दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया, जिसके पास एक लाइव पेपर टिकट, जिसकी कीमत 6000 रुपये थी, तथा पांच खाली आरक्षण मांग पत्र पाए गए।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निर्मल दास उम्र 63 वर्ष, निवासी कोटा बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ग्राहकों की मांग पर न्यू कोटा आरक्षण केंद्र से आरक्षित टिकट बनवाकर उन्हें उपलब्ध कराता था।

इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कोटा पर रेल अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक घनश्याम वर्मा, रेलवे सुरक्षा बल आउट पोस्ट न्यू कोटा द्वारा की जा रही है।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेल टिकटों की कालाबाजारी एवं अवैध व्यापार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खामेनेई की हत्या पर दुनिया भर में सफाई दे रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ईरान के खिलाफ चलाए गए विनाशकारी हवाई अभियान ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ को लेकर कई स्पष्टीकरण दिए हैं। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई है।

ट्रंप ने इस सैन्य कार्रवाई को जायज ठहराने के लिए एक बेहद सीधा तर्क दिया। इससे पहले कि वह मुझे मारता, मैंने उसे मार गिराया। एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा- उन्होंने दो बार (मुझे मारने की) कोशिश की, लेकिन मैंने उन्हें पहले ही खत्म कर दिया। हालांकि, विभिन्न पोल्स के अनुसार अधिकांश अमेरिकी इस युद्ध को लेकर शंका और बेचैनी में हैं। इसके बावजूद, ट्रंप ने कई अमेरिकी मीडिया आउटलेट्स (लगभग दस इंटरव्यू) के जरिए अपने पक्ष में एक जटिल कहानी बुनने की कोशिश की है।

हमले के पीछे के तीन मुख्य कारण
विभिन्न इंटरव्यू में ट्रंप ने ईरान के खिलाफ इस अचानक और हिंसक हमले के तीन बड़े कारण बताए।

  • हत्या की साजिश: एक अत्यंत खुफिया जानकारी के अनुसार, अमेरिका में एक ईरानी सेल अमेरिकी धरती पर हत्या की साजिश रचने से महज कुछ दिन दूर था।
  • चुनावी हस्तक्षेप: ईरान अमेरिकी चुनावों में दखलंदाजी कर रहा था।
  • परमाणु खतरा: सीएनबीसी और वाशिंगटन पोस्ट से बातचीत में उन्होंने सबसे गंभीर दावा किया कि ईरान एक कार्यात्मक परमाणु हथियार बनाने से कुछ हफ्ते या शायद कुछ ही दिन दूर था।

रिपोर्ट के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों ने ट्रंप के इन दावों की पुष्टि के लिए कोई ठोस सबूत पेश नहीं किए हैं। आलोचकों का आरोप है कि ट्रंप इजरायल और सऊदी अरब के इशारे पर ईरान में सत्ता परिवर्तन के लिए अमेरिकी जनता को गुमराह कर रहे हैं। सर्वेक्षण बताते हैं कि अधिकांश अमेरिकी इस सैन्य कार्रवाई के खिलाफ हैं; केवल एक-चौथाई (मुख्यतः रिपब्लिकन) ही इसका समर्थन कर रहे हैं।

  • विरोधाभास और नेतृत्व का शून्य
    ट्रंप की इस पीआर रणनीति में कई भारी विरोधाभास भी सामने आए हैं।
  • ‘वेनेजुएला मॉडल’ का दावा: रविवार को उन्होंने ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ से कहा कि यह ऑपरेशन “वेनेजुएला मॉडल” पर आधारित था, जिसमें सत्ता का त्वरित हस्तांतरण होता है।
  • सब खत्म हो गए: लेकिन सोमवार को सीएनएन से बातचीत में उन्होंने शेखी बघारते हुए माना कि हमले इतने घातक थे कि संभावित उत्तराधिकारियों में से अधिकांश मारे गए हैं। उन्होंने कहा- दूसरे या तीसरे स्थान के सभी लोग मर चुके हैं। मेरे अलावा कोई और यह नहीं कर सकता था।

ट्रंप ने यह भी खुलासा किया कि ईरान के बचे हुए गिने-चुने नेताओं में से एक ने उनसे संपर्क किया है और उन्होंने एक व्यावहारिक उत्तराधिकारी आने पर प्रतिबंधों में छूट का संकेत दिया है।

ट्रंप ने सत्ता परिवर्तन के तीन संभावित परिदृश्य भी सामने रखे: (1) ईरानी सेना (IRGC) जनता के सामने हथियार डाल दे, (2) नौकरशाह अपनी जगह रहें लेकिन शीर्ष नेतृत्व बदल जाए, या (3) ईरानी जनता खुद सत्ता पर कब्जा कर ले।

सैन्य विश्लेषकों की चिंताएं और प्लान बी की कमी
ट्रंप भले ही दावा कर रहे हों कि ईरान की नौसेना और कमांड को नष्ट करने के बाद अभियान तय समय से काफी आगे है, लेकिन सैन्य विश्लेषक उनकी बताई गई ‘4 सप्ताह की समय सीमा’ को संदेह की नजर से देख रहे हैं। चूंकि अब ईरान में कोई स्पष्ट नेतृत्व नहीं बचा है, इसलिए विश्लेषकों को डर है कि अमेरिका बिना किसी ‘प्लान बी’ के एक ऐसे अंतहीन युद्ध में फंस गया है जिसका कोई स्पष्ट समाधान नहीं है।

अपने बयानों को लगातार बदलते हुए ट्रंप हर संभावित स्थिति को कवर करने की कोशिश कर रहे हैं। अगर ईरानी शासन जल्दी गिरता है, तो वह इसे ‘आजादी की ऐतिहासिक जीत’ बताएंगे। अगर युद्ध लंबा खिंचता है, तो वह ‘अमेरिकी जान बचाने के लिए खतरों को बेअसर करने’ का दावा करेंगे। फिलहाल, पूरी दुनिया एक ऐसे युद्ध को देख रही है जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति अपने फोन कॉल और सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए रियल-टाइम में नरेट कर रहे हैं।

50MP के कैमरे वाला सैमसंग का यह फोन 8500 से कम में, जानिए ऑफर्स

नई दिल्ली। क्या आप भी सैमसंग का फोन खरीदने की सोच रहे हैं तो Samsung Galaxy F07 आपके लिए एक तगड़ा ऑप्शन है। खास बात है कि फोन फ्लिपकार्ट पर कई शानदार ऑफर्स के साथ मिल रहा है।

फोन के 4जीबी रैम और 64जीबी के इंटरनल स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत फ्लिपकार्ट पर 8399 रुपये है। आप इस फोन को 420 रुपये के कैशबैक के साथ खरीद सकते हैं। इस कैशबैक के लिए आपको फ्लिपकार्ट ऐक्सिस बैंक या फ्लिपकार्ट एसबीआई के कार्ड से पेमेंट करना होगा।

यह फोन 296 रुपये की शुरुआती ईएमआई पर भी खरीदा जा सकता है। फोन पर कंपनी तगड़ा एक्सचेंद बोनस भी दे रही है। ध्यान रहे कि एक्सचेंज ऑफर में मिलने वाला अडिशनल डिस्काउंट आपके पुराने फोन की कंडीशन, ब्रैंड और कंपनी की एक्सचेंज पॉलिसी पर निर्भर करेगा। फोन में कंपनी 50 मेगापिक्सल के कैमरा और 5000mAh की बैटरी के साथ कई धांसू फीचर ऑफर कर रही है।

फीचर और स्पेसिफिकेशन
कंपनी इस बजट स्मार्टफोन में 720 x 1600 पिक्सल रेजॉलूशन के साथ 6.7 इंच का PLS LCD पैनल ऑफर कर रही है। फोन में ऑफर किया जा रहा यह एचडी+ डिस्प्ले 90Hz के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। फोन 4जीबी LPDDR4x रैम और 64जीबी के eMMC 5.1 स्टोरेज से लैस है। प्रोसेसर के तौर पर फोन में कंपनी मीडियाटेक हीलियो G99 चिपसेट ऑफर कर रही है।

स्पेसिफिकेशन
फोटोग्राफी के लिए फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ ड्यूल कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50 मेगापिक्सल के प्राइमरी लेंस के साथ एक 2 मेगापिक्सल का डेप्थ कैमरा शामिल है। सेल्फी के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है। यह फोन 5000mAh की बैटरी से लैस है। यह बैटरी 25 वॉट की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।

ओएस की जहां तक बात है, तो यह फोन ऐंड्रॉयड 15 पर बेस्ड OneUI 7 पर काम करता है। फोन को 6 जेनरेशन के ओएस अपग्रेड मिलेंगे। साथ ही कंपनी इसे सिक्योरिटी पैच भी ऑफर करेगी। बायोमेट्रिक सिक्योरिटी के लिए इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर लगा है। सैमसंग का यह फोन IP54 डस्ट और वॉटर रेजिस्टेंट रेटिंग के साथ आता है।

7.6mm की थिकनेस के साथ फोन दिखने में काफी स्लीक और स्टाइलिश लगता है। कनेक्टिविटी के लिए आपको इसमें ड्यूल 4G VoLTE, Wi-Fi 802.11 ac (2.4GHz + 5GHz), ब्लूटूथ 5.3, जीपीएस, यूएसबी टाइप-C पोर्ट और 3.5mm हेडफोन जैक जैसे ऑप्शन देखने को मिलेंगे। सैमसंग के इस फोन के डाइमेंशन की बात करें तो यह 167.4 x 77.4 x 7.6 है और इसका वजन 184 ग्राम है।

Tecno का रफ टफ नया फोन भारत में लॉन्च, बिना नेटवर्क कर सकेंगे कॉल

नई दिल्ली। Tecno Pop X Launched in India: टेक्नो ने भारतीय बाजार में अपने नए स्मार्टफोन के तौर पर Tecno Pop X को लॉन्च कर दिया है। यह कंपनी का एक एंट्री-लेवल स्मार्टफोन है, जो इसक हफ्ते के आखिर में भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध हो जाएगा।

इसमें 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट वाली एलसीडी स्क्रीन है। Tecno Pop X को धूल और पानी के छींटों से सुरक्षित रहने के लिए IP64 रेटिंग दी गई है। हाल ही में लॉन्च हुए दूसरे स्मार्टफोन मॉडल्स की तरह, यह स्मार्टफोन यूजर्स को अपने आस-पास के दूसरे यूजर्स को बिना नेटवर्क भी फोन कॉल करने की सुविधा देता है, ताकि वे हम समय अपनों के साथ कनेक्टेड रहे सकें।

Tecno Pop X की कीमत
भारत में टेक्नो पॉप एक्स की कीमत 8,499 रुपये रखी गई है और यह फोन के एकमात्र 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत है। स्मार्टफोन चिली ग्रीन और फ्लेयर व्हाइट जैसे कलर्स में उपलब्ध है, और अमेजन पर फोन के लैंडिंग पेज से पता चलता है कि यह 6 मार्च दोपहर 12PM बजे से अमेजन और दूसरे रिटेल चैनलों के जरिए भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। लॉन्च ऑफर के हिस्से के तौर पर, एलिजिबल एचडीएफसी बैंक कार्ड से खरीदी करने पर फोन 7,749 रुपये की प्रभावी कीमत पर मिलेगा।

फोन में 6.75-इंच एचडी प्लस (720×1,600 पिक्सेल) एलसीडी स्क्रीन है जो 120 हर्ट्ज पर रिफ्रेश होती है, जिसकी पिक्सेल डेंसिटी 260 पीपीआई है। 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट होने से फोन में स्मूद एक्सपीरियंस मिलता है। फोन में नो-नेटवर्क कम्युनिकेशन फीचर भी है, जिससे यूजर अपने आस-पास (1.5KM रेंज) के दूसरे यूजर से बिना सेलुलर नेटवर्क के ही कॉल पर बात कर सकता है।

इसकी मजबूती को लेकर कंपनी का दावा है कि यह अचानक गिरने पर टूटेगा नहीं, इसका 25,000 से ज्यादा बार ड्रॉप टेस्ट किया गया है। कंपनी का दावा है कि फोन चार साल तक लैग-फ्री परफॉर्मेंस देगा। टेक्नो पॉप एक्स एक डुअल सिम फोन है जो एंड्रॉयड 15 पर चलता है, जिसमें कंपनी का HiOS 15 यूजर इंटरफेस है। यह 12nm ऑक्टा कोर यूनिसोक T7250 चिप पर चलता है, जो 4GB LPDDR4x रैम और 64GB eMMC स्टोरेज से लैस है।

कैमरा और बैटरी
फोटोग्राफी के लिए, टेक्नो पॉप एक्स के रियर पैनल पर दो सेंसर हैं, लेकिन इसमें f/1.85 अपर्चर वाला एक 13-मेगापिक्सेल का कैमरा है। सेल्फी के लिए 8-मेगापिक्सेल का फ्रंट कैमरा है। पॉप एक्स को IP64 रेटिंग मिली है, जिसका मतलब है कि यह धूल और पानी के छींटों से सुरक्षित है। टेक्नो पॉप एक्स में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर है, और स्मार्टफोन में 5000mAh की बैटरी है जिसे 15W पर चार्ज किया जा सकता है। फोन के बॉक्स में 10W एडॉप्टर आता है।

फोन बनाम रिमोट कंट्रोल
टेक्नो ने फोन में एक IR ट्रांसमीटर भी दिया है, जिससे फोन को रिमोट कंट्रोल की तरह यूज किया जा सकता है और इसका इस्तेमाल घर के अप्लायंसेज को कंट्रोल करने के लिए किया जा सकता है। फोन में ELLA AI फीचर का भी सपोर्ट मिलता है। फोन में AI नॉइज रिडक्शन, AI फ्लैश शार्प, AI स्कैन टू डॉक्यूमेंट और AI सॉन्ग आईडेंटिफिकेशन जैसे फीचर्स का सपोर्ट मिलता है। फोन 4G LTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ 5.2, जीपीएस और यूएसबी टाइप-सी कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है। फोन में 3.5 एमएम हेडफोन जैक भी है। 182 ग्राम वजनी इस फोन का डाइमेंशन 167.79×77.97×8.18 एमएम है।

सेंसेक्स 1122 अंक गिरकर बंद, निवेशकों के होली पर 10 लाख करोड़ स्वाहा

नई दिल्ली। Stock Market Closed : घरेलू शेयर बाजार में बुधवार का दिन एक बुरा सपना जैसा रहा है। 30 संवेदी सूचकांक वाला सेंसेक्स बुधवार को 1.40 प्रतिशत या फिर 1122.66 अंक की गिरावट के बाद 79,116.19 अंक पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 1.55 प्रतिशत या फिर 385.20 अंक की गिरावट के बाद 24480.50 अंक पर बंद हुआ है। इस गिरावट से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 10 लाख करोड़ रुपये गिरकर 447 लाख करोड़ रुपये रह गया।

वैश्विक कमजोरी और पश्चिम एशिया तनाव के बीच बाजार में भारी बिकवाली, निफ्टी के 46 शेयर गिरावट में बंद हुये। टाटा स्टील का शेयर आज 7 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुआ है। वहीं बाजार के बंद होने के समय पर एलटी का शेयर 4.57 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस के शेयरों में 3.52 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

टॉप लूजर्स एंड गेनर्स
कई बड़े शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ा। टाटा स्टील में सबसे ज्यादा करीब 7 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी और इंडिगो जैसे शेयरों में भी 3 से 5 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई। ऑटो सेक्टर में मारुति और महिंद्रा एंड महिंद्रा भी दबाव में बंद हुए।

बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली। एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक जैसे बड़े बैंकिंग शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

गिरावट भरे बाजार में भी कुछ आईटी और चुनिंदा शेयरों में हल्की मजबूती देखने को मिली। भारती एयरटेल करीब 1.90 प्रतिशत की तेजी के साथ टॉप गेनर्स में रहा। इसके अलावा इन्फोसिस में लगभग 1.39 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि टेक महिंद्रा भी हल्की तेजी के साथ बंद हुआ। कमजोर बाजार के बावजूद इन शेयरों में खरीदारी देखने को मिली।

मेल पढ़ा गया या नहीं ऐसे पता चलेगा, ईमेल में करनी होगी यह खास सेंटिंग

नई दिल्ली। WhatsApp पर किसी को मैसेज भेजकर डबल टिक की मदद से पता लगाया जा सकता है कि सामने वाले के पास मैसेज पहुंच गया है या उसने उसे पढ़ लिया है। क्या आप जानते हैं कि ऐसा ही ईमेल के साथ भी किया जा सकता है? मतलब कि आप किसी को ईमेल भेजें और आपको पता चल जाए कि सामने वाले ने उसे पढ़ लिया है।

ऐसा करना काफी आसान है और एक छोटा सा सेटअप करने के बाद आप अपने Gmail पर डबल टिक की मदद से पता लगा पाएंगे कि सामने वाले ने आपका ईमेल पढ़ा है या नहीं। बता दें कि इसके लिए आपको एक क्रोम एक्सटेंशन का इस्तेमाल करना पड़ेगा और उसके बाद आप ईमेल की पढ़े जाने का स्टेटस आसानी से चेक कर पाएंगे।

ईमेल पढ़े जाने का पता कैसे चलेगा
कई बार होता है कि आप किसी को जरूरी ईमेल भेजते हैं और सामने वाला ईमेल चेक न करने की बात कहकर काम को टाल देता है। हालांकि अगर आप ईमेल ट्रैकर नाम के एक्सटेंशन का इस्तेमाल अपने क्रोम ब्राउजर पर करें, तो आसानी से पता लगा सकते हैं कि सामने वाले ने आपका ईमेल पढ़ा है या नहीं।

इसे सेटअप करने के बाद आपको Gmail पर उन ईमेल के आगे डबल टिक दिखाई देगा, जिसे सामने वाले ने पढ़ लिया होगा। यह दिखने में काफी हद तक WhatsApp के डबल टिक जैसा ही लगता है।

कैसे सेटअप करें एक्सटेंशन

  • ईमेल ट्रैकर नाम के एक्सटेंशन को क्रोम में सेटअप करना काफी आसान है।
  • इसके लिए आपको गूगल पर सर्च करना है ईमेल ट्रैकर एक्सटेंशन।
  • इसके बाद दूसरे नंबर पर दिखने वाले Mailsuit के लिंक पर क्लिक करें।
  • अब इंस्टॉल MailSuit के ऑप्शन पर क्लिक करें।
  • यह आपको एक्सटेंशन के पेज पर ले जाएगा।
  • अब Add To Chrome पर क्लिक करें और गूगल अकाउंट के साथ लॉग इन कर लें।
  • इसके बाद आपको Gmail पर दूसरों द्वारा पढ़ लिए गए ईमेल के डबल टिक दिखने लगेंगे।

ध्यान रखने वाली बातें
इस बात का ध्यान रखें कि एक्सटेंशन को इनेबल करने के बाद भेजे जाने वाले ईमेल्स पर ही डबल टिक काम करेंगे। उससे पहले भेजे गए ईमेल पर डबल टिक दिखेंगे लेकिन वह स्टेटस नहीं बताएंगे। इसके अलावा अलग-अलग ईमेल इस्तेमाल करने वालों को हर आईडी से रजिस्ट्रेशन mailsuit पर करना होगा।

16GB रैम और 108MP DSLR कैमरा वाले फोन 15000 से कम में, जानिए ऑफर्स

नई दिल्ली। स्मार्टफोन खरीदते वक्त आजकल सभी लोग फोन का कैमरा चेक करते हैं। क्योंकि सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो शेयर करने का ट्रेंड बढ़ गया है कि अच्छा कैमरा अब जरूरत बन चुका है।

अगर आपका 15 हजार रुपये से कम में एक दमदार 5G स्मार्टफोन ढूंढ रहे हैं, तो लिस्ट आपके लिए है। यह हमने आपके लिए 1500 रुपए से कम बजट के 108MP हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा वाले फोन्स की लिस्ट बनाई है, जिससे फोटो डिटेल और क्लैरिटी शानदार आती है।

इसके साथ ही यह फोन 120Hz रिफ्रेश रेट डिस्प्ले से लैस हैं जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग स्मूद रहती है। इतना ही नहीं, 16GB तक की रैम (वर्चुअल रैम सहित) का सपोर्ट भी दिया जा रहा है, जिससे मल्टीटास्किंग आसान हो जाती है। इस लिस्ट में Redmi और Poco जैसे पॉपुलर ब्रांड्स के स्मार्टफोन शामिल हैं, जो कम कीमत में ज्यादा फीचर्स देने के लिए जाने जाते हैं।

Redmi 13 5G
क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 4 जेन 2 प्रोसेसर से लैस यह स्मार्टफोन इस समय फ्लिपकार्ट पर करीब 12,499 रुपये की कीमत में उपलब्ध है। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसका 108MP का प्राइमरी कैमरा है, जो इस बजट में शानदार डिटेल और क्लियर फोटो देता है। इसके साथ 2MP का मैक्रो लेंस मिलता है, जिससे क्लोज-अप शॉट भी आसानी से लिए जा सकते हैं। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए इसमें 13MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

डिस्प्ले की बात करें तो फोन में 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट मिलता है, जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग स्मूद रहती है। साथ ही यह 16GB तक एक्सपेंडेबल रैम (वर्चुअल रैम सहित) सपोर्ट करता है, जिससे मल्टीटास्किंग आसान हो जाती है। पावर के लिए इसमें 5030mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 33W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।

Alcatel V3 Ultra 5G
Alcatel V3 Ultra 5G फ्लिपकार्ट पर 15,999 रुपए में लिस्टेड है लेकिन बैंक ऑफर्स के साथ इसे 15 हजार रुपए के लगभग में खरीदा जा सकता है। इस फोन में ऑक्टा कोर मीडियाटेक डाइमेंसिटी 6300 6nm प्रोसेसर है। कैमरा सेटअप की बात करें तो V3 Ultra 5G के रियर में 108 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा दिया गया है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। सिक्योरिटी के लिए फोन साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर से लैस है।

POCO M6 Plus 5G
पोको का यह 108MP कैमरा वाला किफायती स्मार्टफोन फिलहाल फ्लिपकार्ट पर करीब 13,499 रुपये में मिल रहा है। अगर आप इसे क्रेडिट कार्ड से खरीदते हैं तो लगभग 750 रुपये तक की अतिरिक्त छूट है। कैमरा इसकी सबसे बड़ी खासियत है। फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें 108MP का मेन सेंसर शामिल है। इसके साथ 2MP का डेप्थ सेंसर मिलता है, जो पोर्ट्रेट शॉट्स में बैकग्राउंड ब्लर इफेक्ट देने में मदद करता है।

खास बात यह है कि मेन कैमरा 3x इन-सेंसर जूम सपोर्ट करता है, जिससे बिना क्वालिटी ज्यादा खराब किए क्लोज शॉट लिए जा सकते हैं। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए इसमें 13MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

फोन में 6.79 इंच का बड़ा LCD डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें 16GB तक एक्सपेंडेबल रैम का सपोर्ट दिया गया है। पावर बैकअप के लिए 5,030mAh की बैटरी दी गई है, जो दिनभर आराम से साथ निभा सकती है।

ईरान ने सऊदी अरब में अमेरिकी किला भेदा, ड्रोन हमले में उड़ाया CIA स्टेशन

रियाद। अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब दे रहे ईरान के हाथ बड़ी सफलता लगी है। ईरान ने एक ड्रोन हमले में सऊदी अरब स्थित अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के स्टेशन को उड़ा दिया है। CIA का स्टेशन रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास में मौजूद था।

संदिग्ध ड्रोन ने सोमवार को CIA स्टेशन पर हमला किया। यह हमला ऐसे समय में किया गया है जब पता चला है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी ईरान में विद्रोह भड़काने के लिए कुर्द लड़ाकों को हथियार देने की योजना बना रही है।

हमले से ठीक दो दिन पहले अमेरिकी और इजरायल हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस हमले के लिए लोकेशन CIA ने जुटाई थी।

वॉशिंगटन पोस्ट ने अपनी रिपोर्ट में विदेश विभाग के इंटरनल अलर्ट का जिक्र किया है। इससे पता चलता है कि ड्रोन हमले में CIA स्टेशन का एक हिस्सा गिर गया और परिसर धुएं से भर गया।

स्टेशन को ढांचागत नुकसान भी हुआ है। अमेरिका और सऊदी अरब ने बताया कि दो ड्रोन ने दूतावास कॉम्प्लेक्स पर हमला किया लेकिन यह नहीं बताया कि CIA स्टेशन पर कोई असर पड़ा था।

खामेनेई की मौत से भड़का ईरान
शनिवार को इजरायल और अमेरिका के हमले में सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान भड़का हुआ है। तेहरान ने इजरायल और मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सहयोगियों के खिलाफ लगातार हमले कर रहा है। मंगलवार को ऐसे ही एक ड्रोन हमले में दुबई में अमेरिकी कॉन्सुलेट हिल गया, जब एक बड़े धमाके से वहां आग लग गई। इसके पहले कुवैत में अमेरिकी बेस पर हमले में 6 सैनिक मारे गए थे।

Share Market: होली पर ₹8 लाख करोड़ स्वाहा, सेंसेक्स 1700 अंक लुढ़का

नई दिल्ली। Stock Market Updates 4 March 2026: ईरान-इजरायल युद्ध की वजह से शेयर बाजार में बुधवार को भी हाहकार मचा हुआ है। सेंसेक्स 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ खुला है। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 1,700 अंक से अधिक गिरावट आई जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स भी 500 अंक से अधिक लुढ़क गया।

इससे पहले प्री-ओपन सेशन में सेंसेक्स में 2,000 अंक से अधिक गिरावट आई । इस बीच रुपया आज डॉलर के मुकाबले 92.03 के ऑल टाइम लो पर चला गया। सुबह 9.23 बजे सेंसेक्स 1678.23 अंक यानी 2.09% गिरावट के साथ 78,560.62 अंक पर था। निफ्टी 520.70 अंक यानी 2.09% गिरावट के साथ 24,345.00 अंक पर ट्रेड कर रहा था। सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयरों में गिरावट आई है।

लार्सन एंड टुब्रों में सबसे ज्यादा 5.79 फीसदी गिरावट आई है। इसी तरह टाटा स्टील, अडानी पोर्ट्स, इंडिगो, महिंद्रा एंड महिंद्रा में तीन फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है। दूसरी ओर इन्फोसिस, बीईएल और एचसीएल टेक के शेयरों में तेजी आई है। आईटी को छोड़कर सभी सेक्टोरल इंडेक्सेज में गिरावट आई है।

होली पर ₹8 लाख करोड़ स्वाहा!
इससे बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 7.93 लाख करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 449 लाख करोड़ रुपये रह गया। इससे पहले दो दिन की गिरावट में निवेशकों को 11 लाख करोड़ रुपये की चपत लगी थी। दूसरी ओर इन्फोसिस, बीईएल और एचसीएल टेक के शेयरों में तेजी आई है। आईटी को छोड़कर सभी सेक्टोरल इंडेक्सेज में गिरावट आई है।

सोमवार को बाजार में दिखी थी भारी गिरावट
शेयर बाजार में सोमवार को तेज गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,048 अंक का गोता लगा गया जबकि एनएसई निफ्टी 575 अंक के नुकसान में रहा। बाद में यह 1,048.34 अंक यानी 1.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,238.85 अंक पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 575.15 अंक यानी 2.28 प्रतिशत का गोता लगाकर 24,603.50 अंक पर आ गया था। बाद में यह 312.95 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,865.70 अंक पर बंद हुआ था।

West Asia crisis: भारत में 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ड्राई फ्रूट आयात प्रभावित

नई दिल्ली। Dry fruit trade: पश्चिम एशिया संकट का असर भारत में मेवा कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है। मेवा कारोबारियों का कहना है कि इस संकट के कारण मेवों की कीमतों में इजाफा हुआ।

भारत मेवों के आयात पर काफी निर्भर है और ये मेवे न केवल ईरान से आते हैं, बल्कि अफगानिस्तान, सउदी अरब, यूएई, इराक आदि संकट प्रभावित देशों से आते हैं। संकट के कारण इन मेवों का आयात प्रभावित होने का खटका है और संकट के दौरान मेवों के ऑर्डर अटकने लगे हैं।

वैश्विक तनाव ने भारत के मेवा कारोबार को संकट में डाल दिया है। नट ऐंड ड्राई फ्रूट काउंसिल (एनडीएफसी) इंडिया के संस्थापक सदस्य रवि मेहता ने बिजनेस स्टैडर्ड को बताया कि ईरान संकट के पहले चरण में भी मेवा कारोबार प्रभावित हुआ था।

लेकिन इस बार संकट उससे भी बढ़ा है क्योंकि पहले सिर्फ ईरान से मेवा आयात में दिक्कत थी। लेकिन इस बार तो अफगान, सऊदी अरब, इराक, यूएई से भी मेवा के आयात पर मार पड़ सकती है क्योंकि ये देश भी युद्ध की मार झेल रहे हैं। पश्चिम एशिया में युद्ध के हालात के कारण मेवों के ऑर्डर अटक गए हैं और कारोबारी नये ऑर्डर देने और लेने से कतरा रहे हैं।

देश में मेवों की सबसे बड़ी मंडी माने जाने वाली खारी बावली के मेवा कारोबारी ऋषि मंगला ने कहा कि अगर युद्ध लंबा खिंचा को मेवा की आपूर्ति श्रृंखला टूट सकती है। मेहता कहते हैं कि देश में मेवों का सालाना कारोबार 60 से 65 हजार करोड़ रुपये का है। इसमें 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक आयात का हिस्सा है। पिस्ता, खजूर, अंजीर, केसर, किशमिश, मामरा बादाम, छुआरा जैसे मेवों के मामले में भारत इरान, इराक, अफगानिस्तान और यूएई पर पूरी तरह निर्भर है। बाकी बादाम में अमेरिका पर निर्भर है।

ईरान पर अमेरिका और इजराइल द्वारा हमला करने के बाद भारत में मेवों की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है। मेहता ने कहा कि बीते 4-5 दिन में मेवों की कीमतों में इजाफा हुआ है। ईरानी पिस्ता के दाम 200 रुपये बढ़कर 2,100 से 2,200 रुपये, खजूर के दाम गुणवत्ता के हिसाब से 20 से 100 रुपये बढ़कर 150 से 1,500 रुपये किलो हो गए हैं।

अंजीर की कीमतों में 80 से 100 रुपये किलो और केसर में 10 रुपये प्रति ग्राम बढ़ोतरी हुई है। अंजीर 1,000 रुपये से 2,000 रुपये किलो तक बिक रही है। आयातित केसर के दाम 200 से 250 रुपये प्रति ग्राम हैं। ईरान संकट से पहले 3,500 से 4,000 रुपये बिकने वाला मामरा बादाम 4,000 से 4,500 रुपये किलो बिक रहा है।