Monday, June 29, 2026
Home Blog Page 20

Soya Meal Price: सोयामील की बढ़ती कीमतों से फीड निर्माता चिंतित

हैदराबाद। Soya Meal Price: कम्पाउंड लिव स्टॉक फीड मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएलएफएमए) सोयामील के अभाव एवं बढ़ते दाम पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। एसोसिएशन का कहना है कि सोयामील पशु आहार में उपयोग होने वाला एक महत्वपूर्ण प्रोटीन युक्त अवयव है।

एसोसिएशन के अनुसार सोयामील की पर्याप्त आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने, किसानों / उत्पादकों के हितों की रक्षा करने तथा सोया वैल्यू चेन में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार को जल्दी से जल्दी आवश्यक नीतिगत निर्णय लेना चाहिए।

हाल के सप्ताहों में सोयामील का भाव 40 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 6500-6600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया है जिससे पशु आहार का उत्पादन खर्च काफी बढ़ गया है और उत्पादकों की आमदनी में भारी गिरावट आ गई है।

ऊंचे दाम एवं आपूर्ति में बाधा की वजह से उद्योग की प्रतिस्पर्धी क्षमता समाप्त होती जा रही है और देश के एनीमल प्रोटीन वैल्यू चेन में अनिश्चिता तथा अस्थिरता का माहौल पैदा हो गया है। विदेशों से सस्ते जीएम सोयामील के आयात की सख्त आवश्यकता महसूस की जा रही है। सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी मूल्य भी उछलकर 7000 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर पहुंच गया है।

री नीट यूजी 2026 के एडमिट कार्ड जारी, सीधे लिंक से ऐसे करें डाउनलोड

नई दिल्ली। NEET UG Admit Card 2026 : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से 21 जून 2026 को आयोजित की जाने वाली NEET UG री-एग्जाम (Re-NEET 2026) के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं।

एडमिट कार्ड लाइव होते ही लाखों छात्रों ने एक साथ आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करना शुरू कर दिया, जिसके कारण सर्वर पर भारी ट्रैफिक को गया है, जिसके कारण देश भर के कई मेडिकल अभ्यर्थी की लॉगिन स्क्रीन बार-बार क्रैश हो रही है या फिर आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in ओपन होने में बहुत ज्यादा समय ले रही है।

अगर आप भी इस समस्या का सामना कर रहे हैं, तो घबराने की कोई बात नहीं है। यहां हम आपको कुछ आसान तरीके बता रहे हैं जिनके जरिए आप अपना री-नीट हॉल टिकट बहुत ही आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।

ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से डाउनलोड करने की प्रक्रिया

  • होमपेज पर दिए गए “NEET UG 2026 Admit Card” लिंक पर क्लिक करें।
  • इसके बाद अपना एप्लीकेशन नंबर (Application Number), जन्म तिथि (Date of Birth) और स्क्रीन पर दिख रहा सिक्योरिटी पिन दर्ज करें।
  • सभी डिटेल्स भरने के बाद “Submit” बटन पर क्लिक करें।
  • आपका एडमिट कार्ड स्क्रीन पर ओपन हो जाएगा, इसकी पीडीएफ (PDF) डाउनलोड करें और सेव कर लें।
  • भविष्य के लिए एडमिट कार्ड के कम से कम दो से तीन कलर्ड प्रिंटआउट जरूर निकाल लें।

NEET UG 2026 Admit Card Direct Link

डिजिलॉकर (DigiLocker) के माध्यम से डाउनलोड करें-

  • यदि आधिकारिक वेबसाइट काम नहीं कर रही है, तो उम्मीदवार एक बेहतर विकल्प के रूप में डिजिलॉकर का उपयोग कर सकते हैं।
  • अपने मोबाइल नंबर या यूजरनेम की मदद से लॉगिन करें.
  • लॉगिन करने के बाद “Search Documents” वाले सेक्शन में जाएं.
  • वहां सर्च बार में “National Testing Agency” या “NEET” लिखकर सर्च करें.
  • अब ड्रॉपडाउन में से “NEET Admit Card 2026” के विकल्प को चुनें.
  • अपना नीट 2026 का एप्लीकेशन नंबर और परीक्षा का वर्ष दर्ज करें।
  • इसके बाद स्क्रीन पर दिख रहा अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें।

NEET Admit Card 2026 Digilocker Direct link

उमंग (UMANG) ऐप के जरिए डाउनलोड करें

  • उम्मीदवार उमंग ऐप के माध्यम से भी अपना हॉल टिकट आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।
  • ऐप पर अपना मोबाइल नंबर और एमपिन (MPIN) दर्ज करके रजिस्ट्रेशन करें और लॉगिन करें।
  • ऐप के अंदर NTA Services को खोजें और वहां NEET UG 2026 का चयन करें।
  • अपना एप्लीकेशन नंबर और जन्म तिथि सबमिट करें।
  • आपका एडमिट कार्ड स्क्रीन पर ओपन हो जाएगा, इसे डाउनलोड करें और फोन में सेव कर लें।

NEET UG 2026 Re-Exam Admit Card Umang app Link

भारी ट्रैफिक के कारण यदि वेबसाइट कुछ समय के लिए न खुले, तो छात्र परेशान न हों और थोड़ी-थोड़ी देर में चेक करते रहें। वेबसाइट पर ज्यादा भीड़ होने के दौरान डिजिलॉकर और उमंग ऐप एक बेहतरीन बैकअप विकल्प साबित होता है।

इन जानकारियों को जरूर चेक करें

  1. परीक्षा का नाम
  2. परीक्षा सेंटर का पता
  3. परीक्षा का समय
  4. परीक्षा की तिथि
  5. उम्मीदवार का नाम
  6. उम्मीदवार की जन्मतिथि
  7. उम्मीदवार की फोटो और सिग्नेचर
  8. परीक्षा के लिए गाइडलाइंस
  9. परीक्षा के विषय
  10. परीक्षा सेंटर पर पहुंचने का समय

ओप्पो का फोटोग्राफी किंग फोन 2 जुलाई को भारत में होगा लॉन्च, जानिए फीचर्स

नई दिल्ली। ओप्पो अपनी नई Reno 16 Series को भारत में 2 जुलाई 2026 को लॉन्च कर सकती है। मशहूर टिप्स्टर अभिषेक यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में Twitter) पर इस लॉन्च डेट की जानकारी साझा की है।

हालांकि कंपनी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन Reno 16 सीरीज पिछले कुछ समय से कई सर्टिफिकेशन और बेंचमार्किंग वेबसाइट्स पर दिखाई दे रही है।

ऐसे में माना जा रहा है कि यह लॉन्च डेट काफी हद तक सही हो सकती है। OPPO इस सीरीज के जरिए मिड-प्रीमियम और प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रहा है।

Oppo इस सीरीज के तहत Oppo Reno 16 और Oppo Reno 16 Pro को लॉन्च कर सकता है। दोनों स्मार्टफोन में AI फीचर्स, बेहतर कैमरा सिस्टम, दमदार प्रोसेसर और बड़ी बैटरी जैसे कई अपग्रेड देखने को मिल सकते हैं। खास बात यह है कि कंपनी इस सीरीज के जरिए मिड-प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में पेश करेगी।

संभावित कीमत
लॉन्च से पहले OPPO Reno 16 सीरीज के कुछ मॉडल्स यूरोप की एक रिटेलर की वेबसाइट पर लिस्ट किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, OPPO Reno 16 5G की कीमत EUR 890.91 (करीब 98,200 रुपये) हो सकती है। वहीं OPPO Reno 16 FS 5G को EUR 791.90 (लगभग 87,300 रुपये) में लॉन्च किया जा सकता है। दूसरी तरफ, सीरीज के टॉप मॉडल OPPO Reno 16 Pro 5G की कीमत EUR 1,087.90 (करीब 1,19,900 रुपये) बताई जा रही है। हालांकि ये यूरोपीय बाजार की कीमतें हैं और भारत में टैक्स, मार्केट स्ट्रेटेजी और अन्य कारणों की वजह से कीमत इससे काफी अलग हो सकती है।

OPPO Reno 16 Pro के संभावित फीचर्स
OPPO Reno 16 Pro में 6.32 इंच का LTPS AMOLED डिस्प्ले दिया जा सकता है, जो 1.5K रिजॉल्यूशन, 144Hz रिफ्रेश रेट और Corning Gorilla Glass 7i प्रोटेक्शन के साथ आ सकता है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें MediaTek Dimensity 8550 प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है।

फोटोग्राफी के लिए फोन में 200MP का प्राइमरी कैमरा (OIS सपोर्ट के साथ), 50MP टेलीफोटो कैमरा (3.5x ऑप्टिकल जूम और OIS), 50MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 50MP का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। वहीं पावर बैकअप के लिए इसमें 6,700mAh की बड़ी बैटरी और 80W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की संभावना है।

OPPO Reno 16 के संभावित फीचर्स
स्टैंडर्ड OPPO Reno 16 में भी 6.32 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया जा सकता है। यह स्मार्टफोन Qualcomm Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर से लैस हो सकता है। कैमरा सेटअप की बात करें तो फोन में 50MP का प्राइमरी कैमरा, 50MP टेलीफोटो कैमरा, 50MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 50MP का सेल्फी कैमरा दिया जा सकता है।

इसके अलावा डिवाइस में 6000mAh बैटरी और 80W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की संभावना है। OPPO Reno 16 Series के सभी स्मार्टफोन्स में स्टीरियो स्पीकर्स, NFC सपोर्ट और IP69 रेटिंग मिल सकती है। IP69 रेटिंग की वजह से ये डिवाइस धूल और पानी से बेहतर सुरक्षा प्रदान करेंगे। इसके अलावा कंपनी AI फीचर्स और बेहतर फोटोग्राफी अनुभव पर भी खास फोकस कर सकती है।

क्या पेट्रोल की जगह ले पाएगा E100 इथेनॉल ईंधन, जानिए इसके फायदे और नुकसान

नई दिल्ली। भारत को प्रदूषण मुक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मोदी सरकार ने एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश में 100 पर्सेंट इथेनॉल यानी E100 ईंधन के नियमों को हरी झंडी दे दी है।

इस फैसले के बाद अब भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एक नई क्रांति आने वाली है। देश की बड़ी-बड़ी कार कंपनियां जैसे मारुति सुजुकी, टोयोटा, एमजी और हुंडई अब ऐसे इंजन बनाने की तैयारी में जुट गई हैं जो पूरी तरह से इस नए और सस्ते ईंधन पर चलेंगे। अगर आप भी जानना चाहते हैं कि यह E100 ईंधन क्या है, इसके क्या फायदे हैं, जानिए

क्या है यह E100 ईंधन
सीधे और आसान शब्दों में कहें तो E100 ऐसा पेट्रोल है जिसमें 100 फीसदी इथेनॉल होता है। इसमें पारंपरिक पेट्रोल की एक बूंद भी नहीं होती। इथेनॉल एक रिन्यूएबल ईंधन है, जिसे गन्ने, मक्के, खराब हो चुके अनाज और खेती के कचरे से तैयार किया जाता है। अभी हम जो गाड़ियां चला रहे हैं उनमें 20 पर्सेंट इथेनॉल और 80 पर्सेंट पेट्रोल (E20) का इस्तेमाल हो रहा है। लेकिन E100 इस सफर का अगला कदम है। इसे पूरी तरह से शुद्ध इथेनॉल पर चलने के लिए ही डिजाइन किया गया है।

सरकार क्यों दे रही है इतना जोर
भारत अपनी जरूरत का लगभग 85 पर्सेंट कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है। इससे देश का लाखों-करोड़ों रुपया बाहर चला जाता है। E100 के आने से विदेशों पर हमारी निर्भरता बहुत कम हो जाएगी। सरकार के अनुसार, इथेनॉल की वजह से अब तक कच्चे तेल के आयात में 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बचत हो चुकी है। जबकि देश के किसानों को 80,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई हुई है। नितिन गडकरी सालों से कह रहे हैं कि इथेनॉल से न सिर्फ ईंधन सस्ता होगा बल्कि हमारे देश के किसानों की जेब भी भरेगी।

क्या पेट्रोल की जगह ले पाएगा E100
जवाब है हां, लेकिन इसमें थोड़ा समय लगेगा। आप आज की तारीख में अपनी पुरानी पेट्रोल कार या बाइक में सीधे E100 ईंधन नहीं डाल सकते। ऐसा इसलिए क्योंकि इथेनॉल का स्वभाव पेट्रोल से अलग होता है। यह इंजन के कुछ हिस्सों जैसे फ्यूल पाइप, इंजेक्टर्स और फ्यूल पंप को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए सड़कों पर चल रही मौजूदा गाड़ियों के लिए पेट्रोल बिकता रहेगा। जबकि भविष्य में आने वाली फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियों के लिए E100 का इस्तेमाल होगा।

कौन सी गाड़ियां चलेंगी इस पर
इसके लिए कंपनियों को खास इंजन तैयार करने पड़ रहे हैं। मारुति सुजुकी ने अपनी सबसे पॉपुलर कार वैगनआर का फ्लेक्स-फ्यूल प्रोटोटाइप तैयार कर लिया है। यह पूरी तरह E100 पर चल सकती है। इसके अलावा टोयोटा, एमजी और हुंडई भी अपनी गाड़ियों पर काम कर रही हैं। दोपहिया वाहनों की बात करें तो हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी मशहूर बाइक स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स के फ्लेक्स-फ्यूल वर्जन पेश कर दिए हैं।

फायदे

  • विदेशों पर निर्भरता खत्म: भारत में ही ईंधन बनने से कच्चे तेल का भारी-भरकम बिल घटेगा।
  • किसानों को बड़ा मुनाफा: गन्ने और मक्के की डिमांड बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
  • कम प्रदूषण: पेट्रोल के मुकाबले इथेनॉल बहुत साफ जलता है, जिससे हवा शुद्ध रहेगी।

नुकसान

  1. कम माइलेज: इथेनॉल में पेट्रोल के मुकाबले कम एनर्जी होती है, जिससे गाड़ी का माइलेज थोड़ा घट सकता है।
  2. इंफ्रास्ट्रक्चर का खर्च: देशभर के पेट्रोल पंपों पर E100 के लिए अलग से स्टोरेज और मशीनें लगाने में वक्त लगेगा।
  3. पुरानी गाड़ियों में सपोर्ट नहीं: ग्राहकों को इस ईंधन का फायदा उठाने के लिए नई फ्लेक्स-फ्यूल गाड़ियां खरीदनी होंगी।

ईरान-अमेरिकी शांति समझौते से भारत को क्या होगा फायदा, जानिए

नई दिल्ली। US Iran Ceasefire: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने करीब साढ़े तीन महीने तक दुनिया को युद्ध की विभीषिका झेलने को मजबूर करने के बाद रविवार को अपने 80वें जन्मदिन पर ईरान के साथ शांति समझौते का ऐलान किया। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच इस पीस डील से सबसे ज्यादा राहत की सांस लेने वाले देशों में भारत भी शामिल है।

अमेरिका और ईरान ने पश्चिम एशिया संकट दूर करने को लेकर जो करार किया है, उससे भारत को कम से कम सात तरह के फायदे होंगे। इनमें से कुछ का असर तो तत्काल दिखने की संभावना है और कुछ का असर लंबे समय तक रहने वाला है।

तेल और गैस संकट से छुटकारा

  • ईरान-अमेरिका के बीच पीस डील को मूर्त रूप दिए जाने से पहले इसकी घोषणा मात्र से कच्चे तेल की वैश्विक कीमतें घटनी शुरू हो गई हैं।
  • कच्चे तेलों की कीमतों में चार प्रतिशत तक की गिरावट आ चुकी है और यह सोमवार (15 जून, 2026) सुबह को 84 डॉलर प्रति बैरल से भी नीचे आ चुका है।
  • भारत को इसका तात्कालिक फायदा मिलेगा और तेल का आयात का बिल घटना शुरू होगा, जिससे महंगाई में भी गिरावट देखने को मिलेगी।
  • भारत का ईरान से भी तेल और प्राकृतिक गैस का आयात फिर से शुरू हो जाएगा।
  • होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नाकेबंदी ने इसकी सप्लाई बुरी तरह से बाधित की है।

खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा

  • पश्चिम एशिया या खाड़ी देशों में 9 से 10 लाख भारतीय रहते हैं।
  • जिस तरह से अमेरिका-इजरायल और उनके सहयोगियों और ईरान और उसके सहयोगियों के बीच साढ़े तीन महीनों से लड़ाई चल रही थी, मिसाइलें दागी जा रही थीं, इससे यहां रहने वाले भारतीयों के जान-माल पर भी खतरा मंडरा रहा था।
  • दुर्भाग्य से कुछ भारतीय इसकी चपेट में आ भी चुके हैं।
  • शांति और स्थिरता कायम होने से यहां रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

लागत घटेगी और सप्लाई चेन मजबूत होगी

  • पश्चिम एशिया संकट की वजह से भारत को मजबूरन कच्चा तेल और एलएनजी-एलपीजी की आपूर्ति के लिए वैकल्पिक उपाय ढूंढ़ने पड़ गए थे।
  • भारत बड़ी मात्रा में रूस और वेनेजुएला से तेल मंगवाने लगा है।
  • हालांकि ये तेल सस्ते तो हैं, लेकिन खाड़ी देशों के मुकाबले इनकी ढुलाई की लागत बहुत ज्यादा हो रही है।
  • इसकी वजह से भारत में मैन्युफैक्चरिंग, माल ढुलाई और लॉजिस्टिक की लागत भी बढ़नी शुरू हो गई थी।
  • साढ़े तीन महीने में पूरी सप्लाई चेन बिगड़ चुकी है, जो धीरे-धीरे फिर से पटरी पर आने की संभावना है।

समुद्री व्यापार में जोखिम से राहत

  • होर्मुज जलडमरुमध्य में एक तरफ अमेरिकी नाकेबंदी और दूसरी तरफ ईरान की सख्ती ने बीते महीनों में यहां से गुजरना बहुत ही जोखिम भरा बना दिया था।
  • भारतीय क्रू वाले कई जहाज निशाना बन चुके हैं, जिसमें कई भारतीयों की जान तक चली गई है।
  • ओमान की खाड़ी में हाल ही में पलाऊ के झंडे वाले एक टैंकर पर अमेरिका ने हमला किया, जिसमें तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई।
  • इस शांति समझौते से मर्चेंट नेवी में काम करने वाले भारतीयों की जान पर मंडरा रहा खतरा टलने की उम्मीद बढ़ी है।

खाड़ी देशों तक भारतीय चीजों का निर्यात

  • साढ़े तीन महीने से एक ओर भारत तेल और गैस संकट से जूझ रहा है, वहीं खाड़ी देशों में सामान भेजने वाले भारतीय निर्यातक भी परेशान हो चुके हैं।
  • खाड़ी के कई देश खाने-पीने की चीजें, हरी-सब्जियां और अन्य जरूरत के सामानों के लिए काफी हद तक भारत पर निर्भर हैं, लेकिन उनकी भी सप्लाई चेन टूट चुकी है।
  • ओमान के रास्ते भारतीय सामान भेजने की कोशिशें हुई हैं, लेकिन यह काम बहुत ही चुनौतीपूर्ण और खर्चीला साबित हो रहा है।
  • खुद ईरान भी भारतीय कृषि उत्पादों, दवा, कपड़े और भारी मशीनों का बहुत बड़ा आयातक है।
  • इस शांति समझौते से भारत के निर्यातकों और खाड़ी देशों के आयातकों को भी बड़ा फायदा होने जा रहा है।

भारत का बहुत बड़ा आर्थिक और रणनीतिक निवेश

  • ईरान के चाबहार पोर्ट में भारत का बहुत बड़ा आर्थिक और रणनीतिक निवेश है।
  • इसपर पहले से ही अमेरिकी पाबंदियों की वजह से मुश्किलों से काम चलता रहा है।
  • ईरान-अमेरिका के बीच लड़ाई से अन्य पाबंदियों का भी संकट मंडरा रहा था, जो अब टलने की उम्मीद है और तेजी से काम आगे बढ़ने की संभावना है।
  • इसी तरह से इंटरनेशनल नॉर्थ-साऊथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर (INSTC) पर युद्ध के चलते संकट मंडराने लगा था।
  • लेकिन, अब इसपर भी तेजी से काम आगे बढ़ने की संभावना है।
  • यह भारत से अफगानिस्तान, रूस और मध्य एशिया तक सीधा व्यापार का रास्ता सुलभ कराएगा।

जियोपॉलिटिक्स में बड़ी राहत

  • इस युद्ध ने भारत और अमेरिका के बीच राजनयिक तनाव पैदा किए हैं।
  • हाल में जिस तरह से अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविक मारे गए हैं,उससे दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव पैदा हुआ है।
  • इसके अलावा भारत को सभी खाड़ी देशों से अपने कूटनीतिक संबंधों को भी सामान्य बनाए रखने के लिए बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है और कई बार मुश्किल परीक्षा की घड़ी का भी मुकाबला किया है।
  • एक बार शांति समझौते पर मुहर लग जाने के बाद इस अप्रत्याशित संकट से भारत को छुटकारा मिल सकता है, जो बेवजह ही हमारे सामने खड़ा हो गया था।

Gold Price: MCX पर सोना 3300 रुपये, चांदी 7200 रुपये तेज, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमत में आज सोमवार को लगातार तीसरे दिन तेजी आई है। अमेरिका और ईरान तीन महीने से भी लंबे समय से चले आ रहे युद्ध को खत्म करने के लिए सहमत हो गए हैं। इससे कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आई है।

इसका असर सोने और चांदी पर देखने को मिल रहा है। इससे एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में सोना 3,300 रुपये महंगा हो गया जबकि चांदी की कीमत में 7,200 रुपये की तेजी आई है। तीन दिन में चांदी 18,000 रुपये महंगी हुई है जबकि सोने की कीमत में 6,000 रुपये की तेजी आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 2.5% उछलकर 4,322 डॉलर प्रति औंस और स्पॉट सिल्वर 3.6% बढ़कर 70.39 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

एमसीएक्स पर 5 अगस्त की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,50,528 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था और आज यह 1,53,829 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 3,301 रुपये की तेजी के साथ 1,53,829 रुपये तक पहुंचा। सुबह 10.10 बजे यह 2717 रुपये यानी 1.80 फीसदी तेजी के साथ 1,53,245 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

चांदी की कीमत में भी आज तेजी आई है। एमसीएक्स पर 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,46,186 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी और आज यह 2,51,563 रुपये पर खुली। शुरुआती कारोबार में यह 7,159 रुपये की तेजी के साथ 2,53,345 रुपये तक उछली। सुबह 10.10 बजे यह 6,300 रुपये की तेजी के साथ 2,52,486 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।

पश्चिम एशिया में शांति से सेंसेक्स 1200 अंक चढ़ा, निवेशकों को 10 लाख करोड़ का लाभ

नई दिल्ली। Stock Market Update: पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद और कच्चे तेल में गिरावट से सोमवार 15 जून को दुनियाभर के बाजारों में तेजी आई है। इसका असर घरेलू शेयर बाजार पर भी दिख रहा है। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 1,200 अंक से ज्यादा उछाल आई जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी-50 इंडेक्स भी 350 अंक उछल गया। बीएसई पर निवेशकों को एक घंटे से भी कम समय में 10 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है।

सुबह 9.17 बजे सेंसेक्स 1040.51 अंक यानी 1.38% तेजी के साथ 76,568.46 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 343.90 अंक यानी 1.46% ऊपर 23,966.80 अंक पर पहुंच गया। इस तेजी से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 8 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 470 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।

इस बीच रुपये भी डॉलर के मुकाबले मजबूती के साथ खुला। पिछले सत्र में यह 95.11 पर बंद हुआ था और आज 94.68 पर खुला जो 8 मई के बाद इसका उच्चतम स्तर है। सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर तेजी के साथ खुले।

इंडिगो के शेयरों में चार फीसदी से ज्यादा तेजी आई। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, इटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट, एचडीएफसी बैंक और टाइटन में भी उल्लेखनीय तेजी रही। दूसरी ओर, सन फार्मा के शेयरों में गिरावट रही।

किन सेक्टरों में रही तेजी
निफ्टी में श्रीराम फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन और टाटा मोटर्स पैसेंजर वीकल्स में सबसे ज्यादा तेजी रही। ब्रॉडर मार्केट में भी तेजी आई है। निफ्टी मिडकैप 1.4 फीसदी तेजी के साथ ट्रेड कर रहा है जबकि निफ्टी स्मॉलकैप में 1.7 फीसदी तेजी आई है। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी रियल्टी, निफ्टी ऑटो और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में सबसे ज्यादा तेजी आई है। दूसरी ओर निफ्टी ऑटो और निफ्टी हेल्थकेयर में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली है।

क्यों उछला शेयर बाजार
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान शांति समझौते के लिए सहमत हो गया है। इससे पश्चिम एशिया में तीन महीने से अधिक समय से चला आ रहा युद्ध खत्म हो जाएगा और होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोल दिया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों पक्षों ने एकदूसरे के खिलाफ सैन्य अभियान तुरंत बंद करने की घोषणा की है।

त्रिदिवसीय योग शिविर 19 से ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर होंगे विशेष सत्र

कोटा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले त्रिदिवसीय योग शिविर के पोस्टर का रविवार को विश्व पर्यावरण दिवस समारोह के दौरान विमोचन किया गया।

योग फ्रॉम हार्ट टीम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने पोस्टर का लोकार्पण कर योग को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान की सराहना की।

इस अवसर पर विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। वर्तमान की व्यस्त जीवनशैली में स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में पूर्व महापौर महेश विजय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी रविन्द्र विजय, पूर्व पार्षद संजीव विजय तथा पूर्व पार्षद अमोलक देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

त्रिदिवसीय योग शिविर के मुख्य संयोजक राजेश जैन ‘अरिहंत’ ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि समाज को स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ने वाला जनआंदोलन है। वहीं सकल जैन समाज के मुख्य संयोजक जे.के. जैन ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

योग फ्रॉम हार्ट की निदेशक मोनिका जैन ने बताया कि संस्था पिछले छह वर्षों से योग जागरूकता और स्वास्थ्य संवर्धन के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था के संस्थापक एवं योगाचार्य इंजीनियर मनीष जैन ने जानकारी दी कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की वैश्विक थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ निर्धारित की गई है। इसी थीम के अनुरूप 19, 20 एवं 21 जून को प्रातः 6:30 बजे से 8 बजे तक स्वामी विवेकानंद विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, महावीर नगर तृतीय में त्रिदिवसीय योग शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर में प्रतिभागियों को कॉमन योगा प्रोटोकॉल (सीवाईपी) का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही योगासन, प्राणायाम, ध्यान, रिलेक्सेशन, तनाव प्रबंधन, स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली से संबंधित विशेष सत्र भी आयोजित होंगे। आयोजकों के अनुसार शिविर में सभी आयु वर्ग के नागरिकों की सहभागिता निःशुल्क रहेगी।

कार्यक्रम में ओ.पी. गुप्ता, मुकेश सक्सेना, जयेश गुप्ता, बृजेश कुमार गर्ग, प्रवीण शर्मा, भुवनेश जैन, सुनील वर्मा, आशा शर्मा, पूनम वर्मा, मनीषा लुल्ला और दर्शना जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इसके अलावा जैन सोशल ग्रुप, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप, जीटो, भारतीय जैन संगठन, जेसीआई, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, इंडियन बिल्डिंग्स कांग्रेस, प्रीस, ईसीके एलुमनाई कोटा चैप्टर तथा भारत विकास परिषद सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों की सहभागिता भी रहेगी।

प्रो. डॉ. अनुकृति ने प्रस्तुत किया खेल आधारित आर्थिक विकास का रोडमैप

कोटा/हल्द्वानी। Uttarakhand Sports Science Conclave-2026: उत्तराखंड राज्य खेल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित उत्तराखंड स्पोर्ट्स साइंस कॉन्क्लेव-2026 में खेल आधारित आर्थिक विकास और युवाओं के लिए रोजगार सृजन के नए अवसरों पर व्यापक विमर्श हुआ।

गैलापार स्थित आईजी खेल विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस राष्ट्रीय आयोजन का शुभारंभ कुलपति प्रो. अमित सिंहा ने किया।कुलपति ने बताया कि राज्य के प्रत्येक जिले में खेल हब परियोजना क्रियान्वित की जा रही है तथा विश्वविद्यालय में जुलाई से प्रवेश एवं अगस्त से पाठ्यक्रम आरंभ होंगे।

कॉन्क्लेव में कोटा विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. अनुकृति शर्मा द्वारा ‘स्पोर्ट्स मैनेजमेंट फॉर स्पोर्ट्स-लेड इकोनॉमिक डेवलपमेंट एंड यूथ जॉब अपॉर्च्युनिटीज इन उत्तराखंड’ विषय पर दी गई प्रस्तुति विशेष रूप से चर्चा का केंद्र रही। उन्होंने तर्क दिया कि उत्तराखंड अपनी भौगोलिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विशेषताओं के कारण देश का अग्रणी स्पोर्ट्स इकोनॉमी हब बनने की अपार क्षमता रखता है।

डॉ. शर्मा ने रेखांकित किया कि हिमालयी क्षेत्र साहसिक, शीतकालीन एवं पर्वतीय खेलों के लिए विश्वस्तरीय संभावनाएं प्रदान करता है। राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से राज्य की खेल अधोसंरचना सुदृढ़ हुई है, जबकि ऋषिकेश और हरिद्वार योग एवं वेलनेस पर्यटन में वैश्विक पहचान अर्जित कर चुके हैं।

स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में हों नए पाठ्यक्रम: प्रो.अनुकृति शर्मा ने प्रस्तुति में स्पोर्ट्स मैनेजमेंट को खेल संगठनों, प्रतियोगिताओं, खिलाड़ियों एवं खेल व्यवसाय के वैज्ञानिक प्रबंधन से जुड़ा बहुआयामी अनुशासन बताया गया। डॉ. शर्मा ने स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध स्तर पर स्पोर्ट्स मैनेजमेंट पाठ्यक्रम प्रारंभ करने का सुझाव दिया, जिससे खेल आयोजन प्रबंधक, स्पोर्ट्स मार्केटिंग विशेषज्ञ, खेल विश्लेषक, स्टेडियम प्रबंधक, खेल पत्रकार एवं एडवेंचर टूरिज्म प्रबंधक जैसे व्यवसायों में रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

स्पोर्ट्स इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना: उन्होंने स्पोर्ट्स इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना पर भी बल दिया, जहाँ युवाओं को स्टार्टअप, नवाचार और उद्योग जगत से जुड़ने के अवसर सुलभ हो सकें। खेलो इंडिया, राष्ट्रीय खेल विकास कोष, स्टार्टअप इंडिया तथा उत्तराखंड स्टार्टअप नीति-2023 जैसी केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को इस दिशा में सहायक बताया गया।

PEFI MOU: विश्वविद्यालय की उपकुलपति डॉ. रशिका सिद्दीकी ने जानकारी दी कि खेल विश्वविद्यालय एवं फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) के मध्य एक महत्त्वपूर्ण समझौता संपन्न हुआ है, जिसके अंतर्गत दोनों संस्थानों के छात्र परस्पर खेल संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे।

कार्यक्रम में एनएसीआईटी के सलाहकार डॉ. अरुण कुमार, राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. नेहा सिंहा, अभिषेक इस्तार, गौतम विर्क तथा डी टाउन रोबोटिक्स के अविनाश चंद पाल ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।

रिद्धि सिद्धि नगर में आज से गूंजेगा णमोकार महामंत्र, 5 दिवसीय जाप अनुष्ठान शुरू

कोटा। रिद्धि सिद्धि नगर, कुन्हाड़ी स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में 15 जून से 19 जून 2026 तक णमोकार महामंत्र के लाखों जाप का विशेष अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा।

भारत गौरव गणिनी आर्यिका रत्न स्वस्ति भूषण माताजी (ससंघ) के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से विश्व शांति, जीव कल्याण एवं धर्म प्रभावना का संदेश दिया जाएगा।

माताजी ने प्रवचन में कहा कि सम्यक दर्शन का तीसरा अंग निर्विचिकित्सा है, अर्थात धर्मात्माओं की सेवा में किसी प्रकार की ग्लानि या घृणा का भाव नहीं होना चाहिए। सेवा तभी सार्थक होती है जब व्यक्ति दूसरों के दुख को अपना दुख समझकर अनुभव करे।

उन्होंने कहा कि जैसे चिकित्सक रोगी का उपचार करते समय किसी प्रकार की घृणा नहीं करता, उसी प्रकार धर्ममार्ग पर चलने वाले व्यक्ति को भी सेवा भाव से कार्य करना चाहिए।

मंदिर अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा व मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन प्रातः 7 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा, 7:30 बजे जाप अनुष्ठान तथा 8:30 बजे मंगल प्रवचन होंगे। सायं 7 बजे गुरु भक्ति एवं आनंद यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

णमोकार महामंत्र का जाप प्रातः 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक निरंतर चलता रहेगा। श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे शुद्ध वस्त्र धारण कर अपनी सुविधानुसार जाप में सम्मिलित हों।

इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज के महामंत्री पदम बड़ला, मंदिर अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा, मंत्री पंकज खटोड़, कोषाध्यक्ष ताराचंद बड़ला, मनोज जैसवाल, पारस बज आदित्य, पारस कासलीवाल, संजय सांवला, पारस लुहाड़िया, राजकुमार पाटनी, नरेंद्र कासलीवाल एवं संजय लुहाड़िया सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।