Soya Meal Price: सोयामील की बढ़ती कीमतों से फीड निर्माता चिंतित

0
10

हैदराबाद। Soya Meal Price: कम्पाउंड लिव स्टॉक फीड मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएलएफएमए) सोयामील के अभाव एवं बढ़ते दाम पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। एसोसिएशन का कहना है कि सोयामील पशु आहार में उपयोग होने वाला एक महत्वपूर्ण प्रोटीन युक्त अवयव है।

एसोसिएशन के अनुसार सोयामील की पर्याप्त आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने, किसानों / उत्पादकों के हितों की रक्षा करने तथा सोया वैल्यू चेन में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार को जल्दी से जल्दी आवश्यक नीतिगत निर्णय लेना चाहिए।

हाल के सप्ताहों में सोयामील का भाव 40 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 6500-6600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया है जिससे पशु आहार का उत्पादन खर्च काफी बढ़ गया है और उत्पादकों की आमदनी में भारी गिरावट आ गई है।

ऊंचे दाम एवं आपूर्ति में बाधा की वजह से उद्योग की प्रतिस्पर्धी क्षमता समाप्त होती जा रही है और देश के एनीमल प्रोटीन वैल्यू चेन में अनिश्चिता तथा अस्थिरता का माहौल पैदा हो गया है। विदेशों से सस्ते जीएम सोयामील के आयात की सख्त आवश्यकता महसूस की जा रही है। सोयाबीन का प्लांट डिलीवरी मूल्य भी उछलकर 7000 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर पहुंच गया है।