जनभागीदारी से ही बनेगा स्वच्छ और हराभरा शहर: स्पीकर बिरला

0
10

रेंडल पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए लोकसभा अध्यक्ष

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए जनभागीदारी को जनआंदोलन बनाना होगा। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, गली, पार्क और मोहल्ले को स्वच्छ रखने के साथ पौधारोपण और उनके संरक्षण का संकल्प ले, तो कोटा देश के सबसे स्वच्छ और हरित शहरों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।

लोकसभा अध्यक्ष रविवार को दादाबाड़ी स्थित रेंडल पार्क में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उनका संरक्षण करना भी उतना ही जरूरी है।

उन्होंने दादाबाड़ी क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले लगाए गए कई पौधे आज बड़े वृक्ष बन चुके हैं, क्योंकि स्थानीय लोगों ने उनकी नियमित देखभाल की।

उन्होंने कहा कि आज लगाए जाने वाले पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण का आधार बनेंगे। प्रत्येक नागरिक अपनी क्षमता के अनुसार पौधे लगाए और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए।

लोकसभा अध्यक्ष ने रेंडल पार्क में उपलब्ध खेल सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को बंद पड़े बैडमिंटन हॉल को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही बास्केटबॉल कोर्ट और ओपन जिम की सुविधाओं को और बेहतर बनाने को कहा।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कोटा में आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। श्रीनाथपुरम स्टेडियम सहित विभिन्न खेल परिसरों में नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि युवाओं को बेहतर खेल वातावरण मिल सके।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि दुनिया के सबसे स्वच्छ और हरित शहर सरकारों के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी और संकल्प से बने हैं। देश के कई गांवों में लोगों ने सामूहिक प्रयासों से जल संरक्षण, तालाब निर्माण और हरियाली बढ़ाने के उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

कोटा को स्वच्छ, हरित और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला शहर बनाने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। पार्कों, खेल मैदानों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को और बेहतर बनाया जाएगा।