Saturday, June 27, 2026
Home Blog Page 19

रिद्धि सिद्धि नगर में आज से गूंजेगा णमोकार महामंत्र, 5 दिवसीय जाप अनुष्ठान शुरू

कोटा। रिद्धि सिद्धि नगर, कुन्हाड़ी स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में 15 जून से 19 जून 2026 तक णमोकार महामंत्र के लाखों जाप का विशेष अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा।

भारत गौरव गणिनी आर्यिका रत्न स्वस्ति भूषण माताजी (ससंघ) के सान्निध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से विश्व शांति, जीव कल्याण एवं धर्म प्रभावना का संदेश दिया जाएगा।

माताजी ने प्रवचन में कहा कि सम्यक दर्शन का तीसरा अंग निर्विचिकित्सा है, अर्थात धर्मात्माओं की सेवा में किसी प्रकार की ग्लानि या घृणा का भाव नहीं होना चाहिए। सेवा तभी सार्थक होती है जब व्यक्ति दूसरों के दुख को अपना दुख समझकर अनुभव करे।

उन्होंने कहा कि जैसे चिकित्सक रोगी का उपचार करते समय किसी प्रकार की घृणा नहीं करता, उसी प्रकार धर्ममार्ग पर चलने वाले व्यक्ति को भी सेवा भाव से कार्य करना चाहिए।

मंदिर अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा व मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन प्रातः 7 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा, 7:30 बजे जाप अनुष्ठान तथा 8:30 बजे मंगल प्रवचन होंगे। सायं 7 बजे गुरु भक्ति एवं आनंद यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

णमोकार महामंत्र का जाप प्रातः 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक निरंतर चलता रहेगा। श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे शुद्ध वस्त्र धारण कर अपनी सुविधानुसार जाप में सम्मिलित हों।

इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज के महामंत्री पदम बड़ला, मंदिर अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा, मंत्री पंकज खटोड़, कोषाध्यक्ष ताराचंद बड़ला, मनोज जैसवाल, पारस बज आदित्य, पारस कासलीवाल, संजय सांवला, पारस लुहाड़िया, राजकुमार पाटनी, नरेंद्र कासलीवाल एवं संजय लुहाड़िया सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हाईवे के ब्लैक स्पॉट्स को तुरंत दुरुस्त करने व सड़कों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

ऊर्जा मंत्री नागर ने ली एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक

कोटा। राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने रविवार को कोटा आगमन पर अपने निजी आवास पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सार्वजनिक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान मंत्री नागर ने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट जानी और आमजन को राहत पहुंचाने के लिए कार्यों की गति बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए।

​बैठक में मुख्य रूप से कोटा-बारां हाईवे पर बढ़ते सड़क हादसों को रोकने और विभिन्न स्थानों पर बने खतरनाक ‘ब्लैक स्पॉट्स’ (एक्सीडेंटल पॉइंट्स) को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने हाईवे पर सुरक्षा इंतजामों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ताथेड़ ऑयल फैक्ट्री, ताथेड कट, सिमलिया के दोनों तरफ हाईवे पर चढ़ने वाले पॉइंट्स और चींसा में इस समय बेहद संवेदनशील एक्सीडेंटल ब्लैक स्पॉट बन चुके हैं।

इन जगहों पर आए दिन दुर्घटनाएं होने का अंदेशा बना रहता है। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन सभी ब्लैक स्पॉट्स का तकनीकी रूप से निरीक्षण कर इन्हें जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और जनहानि को रोका जा सके।

​डीसीएम से बालापुरा तक बनेगा एलिवेटेड रोड
​शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऊर्जा मंत्री ने बैठक में एक बड़े प्रोजेक्ट पर भी चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से डीसीएम से सीधे एलिवेटेड रोड बनाकर उसे बालापुरा तक मिलाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। मंत्री नागर ने एनएचएआई के परियोजना निदेशक को इस महत्वाकांक्षी परियोजना की ड्राइंग और विस्तृत डिजाइन (डीपीआर) जल्द से जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। इस एलिवेटेड रोड के बनने से क्षेत्र में यातायात का दबाव बेहद कम हो जाएगा।

​इसके साथ ही, ऊर्जा मंत्री ने पीडब्ल्यूडी के कार्यों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र में नॉन-पेचेबल सड़कों, ग्रेवल सड़कों और मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी ली। मंत्री नागर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़कों के निर्माण कार्य में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि सभी अटके हुए और प्रगतिरत सड़क निर्माण कार्यों की गति बढ़ाई जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में तुरंत राहत मिल सके और गुणवत्तापूर्ण सड़कों का लाभ मिल सके।

बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जेपी गुप्ता, अधिशासी अभियंता अंकित बिंदल, दिनेश धाकड़ सहित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक संदीप अग्रवाल मौजूद रहे।

श्रीमद भागवत कथा: सब कुछ पाकर भी भगवान को कभी भूलना नहीं चाहिए

कोटा। श्री धरणीधर जन सेवा संस्थान एवं समस्त धाकड़ समाज, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में विनोबाभावे नगर स्थित खड़े गणेश जी रोड पर स्थित श्री धरणीधर गार्डन में भव्य ‘श्रीमद भागवत कथा महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है।

कथा के आठवें दिन रविवार को बनेठ वाले गुरुदेव परम पूज्य हरिओम महाराज ने अपनी सुमधुर वाणी से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा के दौरान महाराज श्री ने जीवन प्रबंधन और अध्यात्म से जुड़े कई महत्वपूर्ण सूत्र भक्तों के सामने रखे।

​बनेठ वाले गुरुदेव ने कथा प्रसंगों का वर्णन करते हुए कहा कि प्रत्येक मनुष्य को भगवान के सानिध्य में ही अपना जीवन जीना चाहिए। परमात्मा ही इस संसार में सबकी आत्मा के वास्तविक आधार हैं और उनके बिना जीवात्मा अधूरी है।

जो मनुष्य इस नश्वर संसार को छोड़कर भगवान का भजन किए बिना चला जाता है, परलोक में उसका कोई आदर नहीं होता और उसे यमदूतों की प्रताड़ना झेलनी पड़ती है। जो मनुष्य अपने नौ द्वारों (इंद्रियों) पर नियंत्रण पाकर परमात्मा के धाम जाता है, उसी का वहां आदर और लाड होता है।

इस पूरी सृष्टि में ईश्वर के अलावा हमारा अपना कोई दूसरा नहीं है। विडंबना यह है कि जो हमारा नहीं है (संसार), उसे हम छोड़ नहीं पा रहे और जो वास्तव में हमारा है (भगवान), उससे हम जुड़ नहीं पा रहे हैं। त्रिगुणमयी माया ने मनुष्य को ऐसा उलझाया है कि वह ईश्वर की ओर कदम ही नहीं बढ़ा पाता।

​संस्कारवान जीवन ही असली सुंदरता
​गुरुदेव ने समाज पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो मनुष्य सुबह बिना मंजन के भोजन करता है वह ढोर (पशु) के समान है, और जो व्यक्ति जीवन में भगवान का भजन नहीं करता वह चोर के समान है। जीवन का असली लक्ष्य यह भौतिक संसार नहीं, बल्कि सांवरिया (श्रीकृष्ण) को पाना है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे मोबाइल कवर के साथ सुरक्षित और अच्छा लगता है, ठीक वैसे ही मानव जीवन भी सुंदर संस्कारों से ही श्रेष्ठ बनता है। असली सुंदरता सजने-संवरने में नहीं, बल्कि भगवान की भक्ति में है। माता-पिता को सीख देते हुए उन्होंने कहा कि केवल औलाद पैदा करना ही माता-पिता का कर्तव्य नहीं है, बल्कि अपनी संतान में उच्च संस्कार भरना ही उनका असली दायित्व है।

​व्यसन और धन के नशे पर प्रहार
​कथा के दौरान महाराज श्री ने धन और मदिरा के नशे की तुलना करते हुए कहा कि दोनों का नशा एक जैसा ही घातक है। मदिरा के नशे में धुत व्यक्ति को सड़क पर कुत्ता चाटता है, जबकि धन के अहंकार में डूबा व्यक्ति खुद कुत्ते की गुलामी करने को तैयार हो जाता है। उन्होंने भक्तों को जीवन का मूल मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में चाहे सब कुछ खो जाए, लेकिन कभी रोना नहीं चाहिए, और सब कुछ पा लेने के बाद भी भगवान को कभी भूलना नहीं चाहिए।

रेलवे भर्ती में बड़ा बदलाव, अब विभागीय परीक्षाएं होंगी कंप्यूटर आधारित

नई दिल्ली।/ कोटा। भारतीय रेलवे ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब रेलवे की सभी विभागीय परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) के माध्यम से आयोजित की जाएंगी।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे भर्ती बोर्ड की भर्ती प्रक्रिया को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में भर्ती प्रक्रियाओं को अधिक तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

भारतीय रेलवे ने विभागीय परीक्षाओं में टैबलेट आधारित टेस्टिंग का दायरा बढ़ाने का भी निर्णय लिया है, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक सटीक, समयबद्ध और प्रभावी बन सके।

बैठक में बताया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 में रेलवे ने भर्ती प्रक्रिया में उल्लेखनीय गति लाते हुए 6 प्रमुख श्रेणियों में 47,084 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की तथा 43,781 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की।

इनमें सर्वाधिक 18,799 नियुक्तियां असिस्टेंट लोको पायलट और 14,298 नियुक्तियां टेक्नीशियन पदों पर हुईं। इसके अतिरिक्त 452 सब-इंस्पेक्टर व कॉन्स्टेबल, 4,208 जूनियर इंजीनियर तथा 1,376 पैरामेडिकल श्रेणी के पदों पर भी नियुक्तियां की गईं।

अब मोबाइल में नहीं बजेगा इमर्जेंसी अलार्म, सरकार ने बंद कर दी सेवा, जानिए क्यों

नई दिल्ली। बीते दिनों आपके मोबाइल पर तेज अलार्म के साथ ही पॉप-अप मेसेज जरूर आया होगा। अब कुछ दिनों तक किसी के मोबाइल पर इस तरह का संदेश नहीं आएगा। कारण है कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम को फिलहाल रोकने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक कुछ जरूरी रिव्यू और सुधार के बाद इसे फिर से शुरू किया जाएगा।

बीते दिनों एनडीएमए ने लोगों को प्राकृतिक आपदाओं से आगाह करने के लिए एक सेवा शुरू की थी। इसके तहत लोगों के मोबाइल फोन पर एक साथ जोरदार अलार्म बजता था और साथ ही संदेश भी फ्लैश होता था। यह सामान्य संदेश से एकदम अलग होता था। किसी आपातकालीन संदेश को लोगों तक पहुंचाने के लिए ही इसका इस्तेमाल किया जाता था।

सरकार ने मई में ही इस सेवा को शुरू किया था। इसके तहत लोगों को अलर्ट किया जाता था। सेवा शुरू होने के बाद कई बार लोगों के पास आंधी या मूसलाधार बारिश के अलर्ट आए। उत्तर भारत में तूफान से पहले भी लोगों के फोन बजने लगे। यह सेवा में तेज अलार्म इसलिए बजता है ताकि आपका ध्यान तुरंत उस संदेश की ओर चला जाए और आप सतर्क हो जाएं।

अब सवाल है कि एनडीएमए ने इस सेवा को अस्थायी तौर पर बंद क्यों की। इसकी कोई पुख्ता वजह आधिकारिक तौर पर तो नहीं बताई गई है लेकिन जानकारों का कहना है कि कुछ एजेंसियां साथ मिलकर इस तकनीक को और सटीक बनाने और इसकी समीक्षा कर रही हैं। ऐसे में कुछ समय में इसे फिर से शुरू किया जा सकता है। इस सेवा में कुछ सुधार भी हो सकते हैं।

इस सेवा की जरूरत
इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत तो यह है कि बिना इंटरनेट के भी यह अलर्ट आपके मोबाइल पर आ जाताहै। इसके अलावा ब्रॉडकास्ट मेसेज तुरंत आपके फोन में पहुंचता है। इसमें देर नहीं लगती है। इस मेसेज का अलर्ट भी काफी जोर से बजता है जो कि तुरंत ध्यान खींचता है।

इसके अलावा यह सिर्फ उस लोकेशन पर ही संदेश भेजता है जहां खतरे का अंदेशा होता है। इस तकनीक को C-DOT यानी सेंटर फॉर डिवेलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स और गृह मंत्रालय ने मिलकर तैयार किया है।

100% एथेनॉल फ्यूल को कानूनी मंजूरी, 22 लाख करोड़ का आयात बिल कम होगा

नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को कहा कि उन्होंने 100 फीसदी एथेनॉल फ्यूल के उपयोग को कानूनी मान्यता देने वाले नियमों को मंजूरी दे दी है। इस कदम का मकसद आयातित फ्यूल पर भारत की निर्भरता कम करना और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की ओर बदलाव को तेज करना है।

NDA सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नागपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गडकरी ने कहा, “कल रात 8 बजे मैंने फाइल पर हस्ताक्षर किए और 100 फीसदी एथेनॉल के उपयोग को कानूनी मंजूरी देने वाले नियमों को अंतिम रूप दे दिया।”

गडकरी के अनुसार, एथेनॉल पेट्रोल का एक व्यवहारिक विकल्प बन सकता है और इससे भारत का भारी-भरकम ईंधन आयात बिल कम करने में मदद मिलेगी। देश वर्तमान में ईंधन आयात पर करीब 22 लाख करोड़ रुपये खर्च करता है और सरकार घरेलू स्तर पर उत्पादित वैकल्पिक ईंधनों के जरिए इस बोझ को कम करना चाहती है।

एथेनॉल आधारित ईंधन के लंबे समय से समर्थक रहे गडकरी ने कहा कि शुरुआत में इस विचार का मजाक उड़ाया जाता था। उन्होंने कहा, “मैं इस सपने की बात करता था तो लोग हंसते थे। मेरे कुछ मित्र इसकी आलोचना भी करते थे।”

गडकरी ने हाल में लॉन्च किए गए फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों का भी जिक्र किया। उन्होंने हाल ही में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ मिलकर मारुति सुजुकी की एथेनॉल-संगत वैगनआर लॉन्च की थी।

यह कंपनी की लोकप्रिय हैचबैक का ऐसा संस्करण है, जो E20 से लेकर E100 तक एथेनॉल-पेट्रोल मिक्स पर चल सकता है। हालांकि मौजूदा भारतीय नियमों के तहत इसे E85 ईंधन के उपयोग की मंजूरी मिली हुई है।

मंत्री ने हीरो मोटोकॉर्प की पहल का भी उल्लेख किया। कंपनी ने स्प्लेंडर प्लस और HF डीलक्स के फ्लेक्स-फ्यूल संस्करण लॉन्च किए हैं, जिनमें E85-संगत इंजन लगाए गए हैं। पिछले सप्ताह हीरो मोटोकॉर्प के कार्यक्रम में गडकरी और पुरी दोनों ने परिवहन ईंधन में एथेनॉल की हिस्सेदारी बढ़ाने की वकालत की थी।

गडकरी ने कहा कि कई बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियां भी जल्द एथेनॉल-संगत वाहन लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने कहा, “टोयोटा, सुजुकी, एमजी और हुंडई जैसी कंपनियां अगले डेढ़ महीने के भीतर 100 फीसदी एथेनॉल पर चलने वाले वाहन लॉन्च करेंगी।”

एथेनॉल के अलावा गडकरी ने परिवहन ईंधन के रूप में ग्रीन हाइड्रोजन के उपयोग को बढ़ाने की योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही नागपुर में एक पायलट परियोजना शुरू की जाएगी, जिसमें हाइड्रोजन रीफ्यूलिंग स्टेशन और दो हाइड्रोजन से चलने वाली बसें शामिल होंगी। ये बसें इलेक्ट्रोलाइजर की मदद से पानी से तैयार किए गए ग्रीन हाइड्रोजन पर चलेंगी और आम जनता के लिए उपलब्ध होंगी।

नितिन गडकरी की यह घोषणा ऐसे समय आई है जब हाल ही में सरकार ने 22 से 30 फीसदी एथेनॉल मिश्रण वाले एथेनॉल-पेट्रोल ब्लेंड को केंद्रीय उत्पाद शुल्क से छूट देने का फैसला किया है। इससे इन मिश्रणों को E20 ईंधन के समान दर्जा मिल गया है, जो वर्तमान में पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध मानक मिश्रण है।

सरकार ने केंद्रीय मोटर वाहन नियमों में संशोधन का भी प्रस्ताव रखा है, ताकि E85 ईंधन और 100 फीसदी एथेनॉल ईंधन को औपचारिक मान्यता दी जा सके। यह कदम भारत में वैकल्पिक ईंधनों को व्यापक स्तर पर अपनाने के लिए आवश्यक नियामकीय आधार तैयार करेगा।

Stock Market: इस सप्ताह कैसा रहेगा शेयर बाजार का रूख, जानिए एक्सपर्ट की राय

नई दिल्ली। Stock Market This Week: भारतीय शेयर बाजार की चाल इस सप्ताह मुख्य रूप से महंगाई के आंकड़ों, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर संबंधी घोषणा और कच्चे तेल की कीमतों के रुख से तय होगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।

विश्लेषकों का कहना है कि रविवार को संभावित अमेरिका-ईरान समझौते की स्थिति, विदेशी निवेशकों की गतिविधियां और वैश्विक बाजारों के रुझान भी घरेलू शेयर बाजार की धारणा को प्रभावित करेंगे।

रिलायंस ब्रोकिंग के सीनियर वाइस-प्रसिडेंट और हेड ऑफ रिसर्च अजित मिश्रा ने कहा, ”घरेलू मोर्चे पर निवेशकों की नजर मई माह के थोक मूल्य सूचकांक (WPI) आधारित महंगाई के आंकड़ों पर रहेगी।” उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति बैठक और उसका निर्णय सबसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम होगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए एक समझौते पर रविवार को हस्ताक्षर किए जाएंगे और इसके बाद रणनीतिक महत्व वाले होर्मुज स्ट्रेट को सभी के लिए तुरंत खोल दिया जाएगा। हालांकि, ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि यदि समझौता अपेक्षित रूप से सफल नहीं हुआ तो नए हमलों की संभावना बनी रहेगी।

ऑनलाइन ट्रेडिंग और वेल्थ टेक्नोलॉजी कंपनी एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर. ने कहा कि बाजार अमेरिका-ईरान समझौते से जुड़े हर घटनाक्रम पर बेहद संवेदनशील बना रहेगा। इस बीच, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) जून के पहले पखवाड़े में भारतीय शेयरों से 62,853 करोड़ रुपये से ज्यादा की निकासी कर चुके हैं।

नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) के आंकड़ों के अनुसार, 2026 में अब तक एफपीआई भारतीय शेयर बाजार से कुल 2.87 लाख करोड़ रुपये निकाल चुके हैं। यह पूरे 2025 में निकाले गए 1.66 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा है।

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट प्रवेश गौड़ ने कहा कि घरेलू मोर्चे पर निवेशकों की निगाह मॉनसून की प्रगति और महंगाई की स्थिति पर रहेगी। उन्होंने कहा कि 16-17 जून को होने वाली फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) की बैठक पर भी निवेशकों की नजर है। बाजार भागीदार फेडरल रिजर्व की टिप्पणियों, महंगाई के दृष्टिकोण, आर्थिक वृद्धि के अनुमान और भविष्य में ब्याज दरों में कटौती के संकेतों पर करीबी नजर रखेंगे।

पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,284.61 अंक यानी 1.73 फीसदी चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 256.20 अंक यानी एक फीसदी मजबूत हुआ।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की उम्मीदों से ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई है। भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण पॉजिटिव संकेत है।

विदेशी निवेशकों ने शेयर बाजार से अब तक 2.87 लाख करोड़ रुपये निकाले

नई दिल्ली। FPI withdrawal: बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक आर्थिक वृद्धि को लेकर चिंताओं और रुपये की लगातार कमजोरी के बीच विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने 14 जून तक भारतीय शेयर बाजार से 62,853 करोड़ रुपये से ज्यादा की निकासी की है।

नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) के आंकड़ों के अनुसार, साल 2026 में अब तक एफपीआई भारतीय शेयर बाजार से लगभग 2.87 लाख करोड़ रुपये निकाल चुके हैं। यह राशि पूरे वर्ष 2025 में हुई 1.66 लाख करोड़ रुपये की निकासी से भी कहीं ज्यादा है।

बजाज ब्रोकिंग के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) पबित्रो मुखर्जी ने कहा कि आने वाले सप्ताह में एफपीआई इन्वेस्टमेंट फ्लो अमेरिकी-ईरान शांति वार्ता, अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी के नीतिगत फैसले, बैंक ऑफ जापान की ब्याज दर समीक्षा तथा प्रमुख केंद्रीय बैंकों की टिप्पणियों पर निर्भर करेगा।

आंकड़ों के अनुसार, फरवरी को छोड़कर 2026 के हर महीने में एफपीआई शुद्ध विक्रेता रहे हैं। जनवरी में उन्होंने भारतीय शेयर बाजार से 35,962 करोड़ रुपये निकाले थे, जबकि फरवरी में 22,615 करोड़ रुपये का निवेश किया था, जो पिछले 17 महीनों का सबसे बड़ा मासिक निवेश था।

हालांकि मार्च में रुख फिर बदल गया और विदेशी निवेशकों ने रिकॉर्ड 1.17 लाख करोड़ रुपये की निकासी की। इसके बाद अप्रैल में 60,847 करोड़ रुपये और मई में 32,963 करोड़ रुपये की निकासी हुई। जून के पहले दो सप्ताह में ही निकासी 62,853 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।

मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया के हेड ऑफ मैनेजर रिसर्च हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा कि प्रमुख केंद्रीय बैंकों की ब्याज दरों की दिशा, भू-राजनीतिक घटनाक्रम और वैश्विक वृद्धि संबंधी चिंताओं के कारण निवेशकों के बीच अनिश्चितता बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि ऐसे माहौल में निवेशक जोखिम कम करने की रणनीति अपनाते हुए उभरते बाजारों से धन निकालकर विकसित बाजारों और अपेक्षाकृत सुरक्षित परिसंपत्तियों की ओर रुख करते हैं।

विश्लेषकों के अनुसार, अन्य उभरते बाजारों की तुलना में भारतीय शेयरों का अपेक्षाकृत ऊंचा मूल्यांकन भी विदेशी निवेशकों के ज्यादा सतर्क रुख का कारण बना है।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि रुपये में लगातार गिरावट भी निकासी की प्रमुख वजह है। भारतीय मुद्रा वर्ष 2026 में अब तक लगभग छह फीसदी और पिछले एक वर्ष में करीब 10 फीसदी कमजोर हुई है।

शेयर बाजार से निकासी के उलट जून के पहले पखवाड़े में एफपीआई ने एफएआर रूट के जरिये बॉन्ड प्रतिभूतियों में 13,200 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है। इस रूट से वर्ष 2026 में अब तक कुल निवेश लगभग 28,000 करोड़ रुपये पहुंच चुका है।

Market Cap: सेंसेक्स की शीर्ष 8 कंपनियों का मार्केट कैप 1.90 लाख करोड़ बढ़ा

नई दिल्ली। Market Cap News: शेयर बाजार में पिछले सप्ताह आई जोरदार तेजी ने निवेशकों की वेल्थ में बड़ा इजाफा किया। सेंसेक्स और निफ्टी की मजबूत बढ़त के बीच देश की शीर्ष 10 कंपनियों में से 8 का संयुक्त मार्केट कैप 1.90 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया।

इस रैली में ICICI बैंक सबसे बड़ा विनर बनकर उभरा, जबकि HDFC बैंक और SBI ने भी निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया। हालांकि TCS और LIC के मार्केट कैप में गिरावट दर्ज की गई।

बीते सप्ताह BSE का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 1,284.61 अंक यानी 1.73 फीसदी चढ़ा, जबकि NSE निफ्टी 256.2 अंक यानी 1 फीसदी मजबूत हुआ।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) अजीत मिश्रा ने कहा कि भारतीय शेयर बाजार ने उतार-चढ़ाव भरे सप्ताह का अंत मजबूती के साथ किया और लगातार दो सप्ताह की गिरावट का सिलसिला तोड़ दिया। वैश्विक माहौल में सुधार और विदेशी मुद्रा प्रवाह आकर्षित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा उठाए गए कदमों ने बाजार को समर्थन दिया।

उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर बढ़ती उम्मीदों से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। इससे भू-राजनीतिक तनाव कम होने और ऊर्जा बाजार में स्थिरता आने की उम्मीद जगी।

टॉप-10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC बैंक, भारती एयरटेल, ICICI बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो (L&T) और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हुई। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के मार्केट कैप में गिरावट दर्ज की गई।

ICICI बैंक का मार्केट कैप 56,223 करोड़ रुपये बढ़कर 9,61,297.77 करोड़ रुपये पहुंच गया। एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 38,571.11 करोड़ रुपये बढ़कर 11,89,314.42 करोड़ रुपये हो गया, जबकि SBI का मूल्यांकन 36,137.87 करोड़ रुपये बढ़कर 9,38,661.50 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 18,366.57 करोड़ रुपये बढ़कर 5,71,947.54 करोड़ रुपये हो गया। वहीं भारती एयरटेल का मूल्यांकन 14,380.14 करोड़ रुपये बढ़कर 11,10,530.63 करोड़ रुपये पहुंच गया।

लार्सन एंड टुब्रो का मार्केट कैप 13,241.39 करोड़ रुपये बढ़कर 5,57,197.83 करोड़ रुपये हो गया, जबकि हिंदुस्तान यूनिलीवर का मूल्यांकन 10,984.34 करोड़ रुपये बढ़कर 5,09,285.65 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) का मार्केट कैप भी 2,097.54 करोड़ रुपये बढ़कर 17,49,418.94 करोड़ रुपये हो गया।

दूसरी ओर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का मार्केट कैप 13,296.47 करोड़ रुपये घटकर 7,82,049.62 करोड़ रुपये रह गया। वहीं LIC का मूल्यांकन 822.25 करोड़ रुपये घटकर 5,05,051.07 करोड़ रुपये पर आ गया।

सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर बनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, ICICI बैंक, SBI, TCS, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और LIC का स्थान रहा।

राम मंदिर चढ़ावे की राशि के गबन के मामले में बड़ा खुलासा, कई अहम सबूत मिले

अयोध्या। Ram Mandir donations embezzlement: राम मंदिर चढ़ावे की राशि को गबन करने मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। हेरफेर व गबन का ये खेल पिछले सवा साल से चल रहा था। भनक लगी तो निगरानी की गई और फिर खेल उजागर हुआ। आखिरी के कुछ महीने में बड़ी रकम पार की गई।

सूत्रों के मुताबिक, मार्च 2025 से संदिग्धों ने रकम पार करना शुरू किया था। सूत्रों का दावा है कि पहली बार 25 मार्च 2025 को रकम पार की गई थी। उसके बाद ये सभी नियमित रूप से गिनती के दौरान रकम इधर से उधर लेकर चले जाते थे। मंदिर परिसर कैमरों की निगरानी में है।

मंदिर के नियमित कार्यों को देखें तो उसमें सबसे अहम कार्य चंदे की राशि की गिनती है। जो सिर्फ इन कर्मियों के भरोसे छोड़ दी गई थी। हालांकि ये यकीन से परे है कि जहां रोजाना लाखों-करोड़ों रुपये गिने जाते हों, वहां सिर्फ यही पांच लोग रहते होंगे।

कुछ पदाधिकारी व सुरक्षाकर्मी भी रहते थे। अब उनकी मौजूदगी व निगरानी में इतनी बड़ी रकम पार कर ले जाना और उनको भनक न लगना बड़ा सवाल खड़ा करता है। इसलिए इसमें और कई लोगों की भूमिका का अंदेशा है। वहीं, जो संदिग्ध पकड़े गए हैं, उनके साथ वाले भी कई रडार पर हैं।

चढ़ावे की गिनती के दौरान पदाधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी व निगरानी में इतनी बड़ी रकम पार कर ले जाना और उनको भनक न लगना बड़ा सवाल है।

चंदे की राशि गबन की गई है। बरामदगी से इसकी पुष्टि हो चुकी है लेकिन अब तक एफआईआर न करवाना सवाल खड़ा करता है। आखिर ट्रस्ट की तरफ से एफआईआर क्यों नहीं कराई जा रही है।

अपने स्तर से ट्रस्ट जांच तो कर सकती है लेकिन किसी को पकड़ कर लाना, उससे पूछताछ करना और घरों में जाकर चोरी की रकम बरामद करना, ट्रस्ट का काम नहीं बल्कि पुलिस व जांच एजेंसियों का है।

किसी बड़े की भूमिका
ट्रस्ट की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। बड़ा सवाल है कि क्या गबन के खेल के पीछे कोई बड़ा नाम है, इसलिए मामला दबाया जा रहा है। जब गबन का मामला खुला था, उसी वक्त पुलिस, अन्य किसी एजेंसी या एसआईटी को जांच क्यों नहीं सौंपी गई? इतने दिन बीतने के बाद एसआईटी की मांग की गई है। क्या इतने वक्त में सुबूत नष्ट करने का काफी वक्त नहीं मिल गया?

दानपात्र प्रकरण पर नृपेंद्र मिश्र ने साधी चुप्पी
राम मंदिर के दानपात्र से धन गबन प्रकरण की जांच के बीच शनिवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र अयोध्या पहुंचे। उनके दौरे पर सबकी निगाहें दान विवाद को लेकर संभावित प्रतिक्रिया पर टिकी थीं, लेकिन उन्होंने टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।

महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने सवाल पूछा तो उन्होंने कहा, मैं केवल निर्माण कार्य देखता हूं और कुछ नहीं। नृपेंद्र मिश्र का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राम मंदिर में दान राशि के गबन को लेकर ट्रस्ट और पुलिस स्तर पर जांच चल रही है।

दूसरी ओर, अयोध्या प्रवास के दौरान नृपेंद्र मिश्र ने मंदिर परिसर में चल रही विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत रास, ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्र, गोपाल राव, आर्किटेक्ट आशीष सोमपुरा समेत अन्य मौजूद रहे।