कोटा में ट्रेडवाइज मार्केट विकसित करने के लिए कोटा व्यापार महासंघ प्रयासरत

0
7

कोटा शॉ मिल एंड प्लाईवुड ओनर्स एसोसिएशन की साधारण सभा की बैठक आयोजित

कोटा। कोटा शॉ मिल एंड प्लाईवुड ओनर्स एसोसिएशन की साधारण सभा की बैठक का आयोजन छावनी स्थित एक निजी होटल में संपन्न हुआ। बैठक में बड़ी संख्या में प्लाईवुड, फर्नीचर एवं हार्डवेयर व्यवसायी उपस्थित रहे।

एसोसिएशन के अध्यक्ष बंशीलाल साधवानी एवं सचिव के.के. मालपानी ने बताया कि बैठक के मुख्य अतिथि कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी थे।

बैठक को संबोधित करते हुए महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि प्लाईवुड, फर्नीचर एवं हार्डवेयर व्यवसायियों के लिए अलग से एक सुव्यवस्थित ट्रेड मार्केट की स्थापना की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस व्यवसाय में बड़े गोदामों, पर्याप्त पार्किंग, माल की आवाजाही तथा कार्यालय एवं दुकानों के लिए विस्तृत स्थान की आवश्यकता होती है। ऐसे में इस क्षेत्र के व्यवसायियों की अलग मार्केट की मांग पूरी तरह उचित है। उन्होंने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ इस मांग को लेकर निरंतर प्रयास करेगा।

महासंघ के प्रयासों से पूर्व में इन्द्रा मार्केट, मोटर मार्केट ट्रांसपोर्ट नगर, ट्रक रिपेयरिंग वर्कशॉप मार्केट, मोटर ट्रक मैकेनिक मार्केट, जीएमए प्लाजा, क्लॉथ मार्केट, सर्राफा मार्केट, बालाजी मार्केट, कार बाजार एवं स्टोन मंडी जैसे अनेक ट्रेड वाइज बाजार विकसित हुए हैं।

माहेश्वरी ने कहा कि एक ही क्षेत्र में संबंधित व्यापारों के संचालित होने से ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध हो जाती है। इन बाजारों में व्यापारिक संस्थाओं द्वारा स्वच्छता, हरियाली, पार्किंग, वाटर कूलर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन व्यापार के कारण खुदरा व्यापार प्रभावित हुआ है। ऐसे में व्यापारियों को गुणवत्ता, उचित मूल्य एवं बेहतर सेवाओं के माध्यम से प्रतिस्पर्धा करनी होगी।

इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष बंशीलाल साधवानी एवं सचिव के.के. मालपानी ने कहा कि वर्तमान में कोटा के व्यापार को नई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन व्यापार एवं कोचिंग सेक्टर में आई मंदी के कारण स्थानीय व्यवसाय प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ द्वारा पर्यटन एवं औद्योगिक विकास को लेकर किए जा रहे प्रयास भविष्य में व्यापार एवं रोजगार वृद्धि में सहायक सिद्ध होंगे।

साथ ही उन्होंने मांग की कि प्लाईवुड, फर्नीचर एवं हार्डवेयर व्यवसाय के लिए शहर से बाहर पर्याप्त क्षेत्र में एक अलग एवं सुव्यवस्थित मार्केट विकसित किया जाए, क्योंकि इन व्यवसायों में बड़े वाहनों एवं ट्रकों की निरंतर आवाजाही बनी रहती है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में कोटा में प्लाईवुड, फर्नीचर एवं हार्डवेयर व्यवसायियों के लिए अलग से कोई निर्धारित बाजार उपलब्ध नहीं है। इस मांग को लेकर एसोसिएशन ने कोटा व्यापार महासंघ से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।