Saturday, July 11, 2026
Home Blog Page 139

पाकिस्तान से बिना समझौते के क्यों लौटा अमेरिका, जेडी वेंस ने किया खुलासा

नई दिल्ली। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच समझौता ना हो पाने को लेकर एक नया खुलासा किया है। वेंस ने संकेत दिए हैं कि ईरान ने जिन प्रतिनिधियों को इस्लामाबाद भेजा था, उनके पास फैसला लेने की क्षमता ही नहीं थी और यह बातचीत फेल होने की एक बड़ी वजह रही। वेंस ने इस दौरान कहा है कि अमेरिका ने युद्धविराम को लेकर सभी शर्तों को स्पष्ट कर दिया है और अब आगे की बातचीत को लेकर गेंद ईरान के पाले में हैं।

रविवार को फॉक्स के साथ एक इंटरव्यू में, वेंस ने विस्तार से बताया कि पिछले हफ्ते इस्लामाबाद में US और ईरान के बीच शांति वार्ता के दौरान क्या हुआ और क्यों कोई डील नहीं हो पाई। उपराष्ट्रपति ने कहा कि पाकिस्तान में हुई शांति वार्ता अंततः इसलिए समाप्त हो गई क्योंकि ईरानी वार्ताकार किसी समझौते को अंतिम रूप नहीं दे पाए।

उन्होंने आगे कहा कि इस बातचीत से यह समझने में मदद मिली कि तेहरान में निर्णय लेने का अधिकार किसके पास है। उन्होंने कहा, ”हमें यह समझ आया कि वहां मौजूद टीम समझौता करने में असमर्थ थी। उन्हें तेहरान लौटना पड़ा ताकि या तो सर्वोच्च नेता से या किसी और से उन शर्तों पर मंजूरी ली जा सके जो हमने तय की थीं।”

वेंस ने कहा कि वह इस बात पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से शत प्रतिशत सहमत हैं कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं इस बात पर राष्ट्रपति ट्रंप से शत प्रतिशत सहमत हूं कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए… अगर वे पूरी दुनिया के खिलाफ आर्थिक आतंकवाद फैलाने को तैयार हैं तो सोचिए कि अगर तेहरान के पास परमाणु बम हो तो इसका क्या मतलब होगा और उनके पास क्या ताकत होगी।”

वेंस ने कहा कि यह पहली बार था जब अमेरिका और ईरान की सरकारें इतने उच्च स्तर पर मिलीं। उन्होंने कहा, ”इसलिए मेरा मानना है कि यह सकारात्मक बात है और हमने बातचीत में कुछ प्रगति की।” वेंस ने जोर देकर कहा कि अगर ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं को लेकर अमेरिका की ‘सीमाओं’ का पालन किया जाता है तो ”यह दोनों देशों के लिए बहुत, बहुत अच्छा समझौता हो सकता है।” वेंस ने कहा, ”क्या हमारी आगे और बातचीत होगी, क्या हम किसी समझौते तक अंततः पहुंचेंगे? मुझे लगता है कि गेंद अब ईरान के पाले में है।’’

समझौता नहीं करवा पाया पाकिस्तान
इससे पहले अमेरिका और ईरान सप्ताहांत में इस्लामाबाद में 21 घंटे तक चली लंबी शांति वार्ता के बाद किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके। अमेरिका का कहना है कि तेहरान ने परमाणु हथियार संबंधी शर्त को मानने से इनकार कर दिया।

वेंस ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई इस वार्ता में विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जैरेड कुशनर वाले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था। वहीं ईरानी प्रतिनिधिमंडल में उसकी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची शामिल थे।

शेयर मार्केट आज अंबेडकर जयंती पर बंद, MCX पर शाम को होगा कारोबार

नई दिल्ली। Stock Market Holiday: भारतीय शेयर मार्केट मंगलवार, 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के कारण बंद रहेगा। आज बीएसई और एनएसई दोनों एक्सचेंजों पर ट्रेडिंग पूरी तरह से बंद रहेगी। कल यानी 15 अप्रैल से बाजार सामान्य समय पर खुलेंगे।

इक्विटी, डेरिवेटिव और एसएलबी सेगमेंट में भी कोई कारोबार नहीं होगा। वहीं, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेगा, लेकिन शाम 5 बजे से रात 11:55 बजे तक कारोबार चलेगा।

अब कब है छुट्टी
अगली छुट्टी 1 मई को महाराष्ट्र दिवस पर होगी। इसके बाद 28 मई को बकरीद के अवसर पर शेयर मार्केट बंद रहेगा। जून में केवल 1 छुट्टी है। 26 जून को मुहर्रम के अवसर पर बाजार में कोई कारोबार नहीं होगा। जबकि, जुलाई में कोई छुट्टी नहीं है। अगस्त में 15 अगस्त शनिवार को पड़ रहा है। इस दिन बाजार बंद रहेगा। सितंबर में भी केवल 1 छुट्टी है। 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर शेयर मार्केट में छुट्टी रहेगी।

टेंट व्यवसायियों के महाधिवेशन से हाड़ोती के व्यापार और पर्यटन को मिलेगी गति: माहेश्वरी

टेंट व्यवसायियों के महाधिवेशन के पोस्टर का विमोचन

कोटा। 24 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद कोटा में फिर से अखिल भारतीय स्तर पर टेंट डीलर्स व्यवसायों का महाधिवेशन 6- 7- 8 सितंबर 2026 को दशहरा मैदान में होगा। इस अधिवेशन में देशभर से टेंट से जुड़े व्यवसाई, होटल, कैटरिंग, हलवाई एवं इवेंट से संबंधित व्यवसाई भी बड़ी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

हाडोती टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल एवं सचिव गुरमीत सिंह सन्नी ने बताया कि इसके पोस्टर का विमोचन सोमवार को होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने इस अधिवेशन में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से यहां पर डेस्टिनेशन मैरिज बढ़ेगी। यह एक बहुत बड़ा आयोजन है, जिसमें देशभर से 12 से 15 हजार टेन्ट व्यवसाईयो के साथ-साथ शादी विवाह से संबंधित व्यवसाई भी भाग लेंगे।

दशहरा मैदान में आयोजित इस महाधिवेशन के तीन बड़े पंडाल लगाए जाएंगे और तीन दिन तक उनके रहने खाने आतिथ्य सत्कार की संपूर्ण व्यवस्था यहां पर की जाएगी। उन्हें हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी चरणबद्ध तरीके से करवाया जाएगा ।

इस अवसर पर हाडोती टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल ने बताया कि इस महा अधिवेशन मे देश की प्रतिष्ठित कंपनियां अपने अत्याधुनिक टेंट सामग्री एवं नवीन तकनीकों का आकर्षक प्रदर्शन करेंगी। साथ ही, इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े विशेषज्ञ, हलवाई एवं कैटरिंग होटल व्यवसायी भी इसमें सक्रिय सहभागिता निभाएंगे, जिससे आयोजन और अधिक व्यापक एवं उपयोगी बनेगा।

अधिवेशन के दौरान कई कार्यशालाएं आयोजित की जाएगी, जिनमें जाने-माने विशेषज्ञों द्वारा टेंट व्यवसाय से जुड़े लोगों को आधुनिक तकनीक, नए ट्रेंड और व्यवसाय विस्तार के महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी जाएगी।

यह आयोजन न केवल व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि कोटा में एक नया इतिहास भी रचेगा । इस आयोजन अधिवेशन को सफल बनाने के लिए हम पूरे देश प्रदेश का भ्रमण कर रहे हैं और 100 से अधिक स्टॉल इसके बुक हो चुके हैं इस महाधिवेशन को भव्य ऐतिहासिक बनाने के लिए हम पूरा प्रयास करेंगे जिसमें कोटा के आमजन व्यापार उद्योग जगत का भी सहयोग लिया जाएगा

इस अवसर पर कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल एवं सचिव गुरमीत सिंह सनी ने बताया कि इस आयोजन को कोटा करवाने में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। जिन्होंने पिछले वर्ष एक समारोह में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि जिंदल से इस आयोजन को कोटा में करवाने की बात कही और इसे ऐतिहासिक को भव्य बनाने मे सहयोग की अपील की है।

मानव के शरीर, मन और आत्मा के संतुलन के लिए योग जरूरी

भारतीय योग संस्थान का 60वां स्थापना दिवस सम्पन्न

कोटा। भारतीय योग संस्थान, जिला उत्तर कोटा के बल्लभबाड़ी केंद्र द्वारा 60वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जैन दिवाकर स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और योग साधकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जो ज्ञान एवं सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक रहा। इसके पश्चात विद्यालय की प्रधानाचार्या दर्शना जैन का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर कोटा संभाग के अध्यक्ष राजेश चत्तर ने पद्मासन में बैठकर ‘ॐ’ ध्वनि के उच्चारण के साथ वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया। बल्लभबाड़ी केंद्र के प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा ताड़ासन, वज्रासन, सूर्य नमस्कार और भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया, जिससे योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई।

जिला उत्तर के संरक्षक विमल बंसल ने अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास करवाते हुए श्वसन तंत्र को सुदृढ़ बनाने और मानसिक शांति के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला प्रधान सोनल शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवनशैली है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन को बनाए रखती है।

कार्यक्रम का संचालन अरविंद जैन ने प्रभावशाली ढंग से किया तथा मधुर भजन प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर ‘योग मंजरी’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया, जो योग ज्ञान के प्रसार की दिशा में सराहनीय पहल है। अंत में बच्चों को पेन एवं बिस्कुट वितरित किए गए तथा कोटा संभाग अध्यक्ष द्वारा विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में रूपा नेनिवाल, शशि भूषण खंडेलवाल, विनोद नागवानी, शशि बोहरा, रजनीश नंदवाना, ममता गुप्ता, मोनिका विजय, वंदना, अनीता शर्मा, लीना जैन एवं प्रीति विजय सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय अधिवेशन में कोटा रीजन का शानदार प्रदर्शन

कोटा। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के 30वें राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ अतिशय क्षेत्र चांदखेड़ी में आर.के. मीना जैन (उज्जैन) द्वारा मुख्य ध्वजारोहण के साथ हुआ, जबकि विशेष ध्वजारोहण जेके जैन एवं सुरेश हरसोरा द्वारा कोटा मेन ग्रुप और अनुभव ग्रुप के माध्यम से किया गया।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य एवं चांदखेड़ी क्षेत्र अध्यक्ष हुकुम जैन ‘काका’ विशेष रूप से उपस्थित रहे। फेडरेशन के राजस्थान रीजन अध्यक्ष अनिल ठोरा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान देशभर के लगभग 350 ग्रुपों एवं 16 रीजन द्वारा बैनर प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए गए, जिसमें कोटा रीजन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ सारिका देवी एवं रूबी जैन (उज्जैन) द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ, जबकि अभिषेक विनायक (उज्जैन) एवं राजेंद्र जैन (खंडवा) ने चित्र अनावरण किया। मंगलाचरण चंद्रोदय खानपुर की महिला टीम द्वारा आकर्षक प्रस्तुति दी गई।

अधिवेशन में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों और ग्रुपों को सम्मानित किया गया। कोटा रीजन में श्रेष्ठ अध्यक्ष का पुरस्कार अतिवीर ग्रुप के निकुंज जैन को, श्रेष्ठ सचिव का पुरस्कार लोकेश जैन (वर्धमान ग्रुप) एवं लेडीज यूनिटी की कविता दूगेरियां को प्रदान किया गया। श्रेष्ठ ग्रुप का सम्मान अनुभव ग्रुप, कोटा को मिला, जबकि स्क्रैपबुक में लेडीज विंग को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

गतिविधि पुरस्कारों में वर्धमान, अतिवीर, रॉयल, बारा, अनुभव, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा मेन, बूंदी, चंद्रोदय ग्रुप, वर्धमान हेल्पलाइन एवं लेडीज विंग को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। वहीं सूत्रधार पुरस्कार उमेश अजमेरा, जे.के. जैन एवं अनिल ठौरा को प्रदान किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमंत झांझरी, महासचिव विनय जैन (जबलपुर), कोषाध्यक्ष अश्विन जैन (उज्जैन) एवं निर्वतमान अध्यक्ष राकेश विनायक ने सभी ग्रुपों से समाज सेवा, साधु-संत सेवा एवं जागरूकता के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘मैं’ से ‘हम’ की भावना को सशक्त करने पर विशेष बल दिया।

कोटा-पटना एक्सप्रेस का कोटा स्टेशन के स्थान पर सोगरिया से आवागमन होगा

कोटा। रेल प्रशासन द्वारा कोटा स्टेशन पर जारी पुनर्विकास कार्य के कारण गाड़ी संख्या 13238 एवं 13240 कोटा–पटना एक्सप्रेस 16 अप्रैल से 12 मई तक कोटा स्टेशन के स्थान पर सोगरिया (SGAC) स्टेशन से रात्रि 20:40 बजे प्रस्थान करेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 13237 एवं 13239 पटना–कोटा एक्सप्रेस 15 अप्रैल से 11 मई तक कोटा स्टेशन के स्थान पर सोगरिया (SGAC) स्टेशन पर समाप्त होगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पूर्व गाड़ी के वास्तविक प्रस्थान एवं आगमन समय की पुष्टि आधिकारिक रेलवे वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in अथवा एनटीईएस ऐप से अवश्य करें।

कोटा की ट्रैप शूटर नंदीका ने पटियाला में जीता गोल्ड, एक माह में दूसरा बड़ा निशाना

कोटा। शहर की उभरती हुई ट्रैप शूटर नंदीका सिंह ने अपनी स्वर्णिम लय को बरकरार रखते हुए देश के खेल मानचित्र पर एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। पंजाब के पटियाला में 4 से 12 अप्रैल तक आयोजित ‘ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप’ में नंदीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

प्रतियोगिता के दौरान नंदीका ने शुरुआती चरणों में सटीक निशाना साधते हुए ‘टॉप सिक्स’ फाइनल में अपनी जगह पक्की की। फाइनल मुकाबले में उनका सामना भारतीय टीम के कई अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से था। दबाव की स्थिति में भी धैर्य बनाए रखते हुए नंदीका ने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और व्यक्तिगत गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल भी अर्जित किया।

एक माह में दोहरी उपलब्धि
नंदीका के पिता और शूटिंग कोच अशोक पाल सिंह ने बताया कि नंदिका ने मात्र एक महीने के अंतराल में यह दूसरी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इससे पूर्व मार्च 2026 में ‘खेलो इंडिया’ द्वारा आयोजित ऑल इंडिया शॉटगन शूटिंग कंपटीशन में नंदीका ने टीम गोल्ड और व्यक्तिगत ब्रॉन्ज मेडल जीता था। उनकी इस निरंतर सफलता से कोटा के खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर है।

​चीन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स की ओर बढ़ते कदम
इस प्रदर्शन के आधार पर नंदीका ने इसी वर्ष चीन में आयोजित होने वाली ‘वर्ल्ड यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप’ के प्रथम ट्रायल में भी स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय टीम में अपनी संभावित जगह सुनिश्चित कर ली है। पिछले तीन वर्षों के दौरान नंदीका ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 25 से अधिक पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। नंदीका ने अपनी इस सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत के साथ-साथ समाजसेवी व नेशनल शूटिंग प्लेयर आनंद राठी के अमूल्य सहयोग और मार्गदर्शन को दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर खेल जगत की विभिन्न हस्तियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

संविधान पार्क छात्रों के लिए जीवंत पाठशाला का कार्य करेगा, कोटा को देगा नई पहचान

अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर स्पीकर बिरला ने किया संविधान पार्क का शिलान्यास

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को श्रीनाथपुरम में संविधान पार्क का शिलान्यास किया। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि यह अवसर कोटा के विकास के स्वर्णिम अध्याय में एक महत्वपूर्ण कड़ी जोड़ने वाला है।

भारत का संविधान पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत है और हमारी कोशिश है कि आने वाली पीढ़ियों को भी संविधान से प्रेरणा मिले, इसलिए संविधान पार्क का निर्माण किया जा रहा है। यह पार्क संविधान और लोकतंत्र की मूल भावना से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।

अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर ने पीड़ित, वंचित, गरीब के लिए संघर्ष किया। इसी भावना के साथ हम कार्य कर रहे हैं। समाज में कोई वंचित न रहे, हर गरीब के सिर पर छत हो और प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन सुविधाएं मिलें।

आज कोटा में खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और कनेक्टिविटी सहित हर क्षेत्र में कार्य हो रहा है। भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल्यों का समावेश है। संविधान पार्क इन मूल्यों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

पार्क में दिल्ली के पीएम म्यूजियम की तर्ज पर बनने वाला संग्राहलय स्वतंत्रता संग्राम के महापुरुषों, संविधान निर्माण में योगदान देने वाली महान विभूतियों, लोकतंत्र की यात्रा तथा मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। पार्क में भारत रत्न भीमराव अम्बेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो हर आगंतुक को उनके महान योगदान की याद दिलाएगी और प्रेरित करेगी।

जीवंत पाठशाला बनेगा यह पार्क
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के प्रयासों से ही आज समाज के हर वर्ग को सम्मान और अधिकार प्राप्त हुए हैं, इसी कारण देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में बाबा साहब का सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि कोटा देशभर में शिक्षा नगरी के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है, जहां लाखों विद्यार्थी अपने सपनों को साकार करने के लिए आते हैं। ऐसे में प्रस्तावित संविधान पार्क विद्यार्थियों के लिए एक जीवंत पाठशाला का कार्य करेगा, जहां वे केवल पुस्तकों तक सीमित न रहकर संविधान की मूल भावना को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे।

संविधान की समझ बढ़ेगी
विधायक कल्पना देवी ने कहा कि बाबा साहब द्वारा दिया गया “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” का संदेश आज भी प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। अम्बेडकरजी की जयंती पर संविधान पार्क का निर्माण एक ऐतिहासिक पहल है, जो विद्यार्थियों के साथ सभी क्षेत्रवासियों के लिए सीखने और प्रेरणा का केंद्र बनेगा। संविधान हर नागरिक को अधिकार देने के साथ देश के प्रति समर्पण भाव की प्रेरणा भी देता है, इसलिए हमें अपने बच्चों को संविधान के मूल्यों और आदर्शों से परिचित कराना चाहिए। संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि देश की आत्मा है, जो हमें न्याय, समानता और बंधुता का मार्ग दिखाता है।

यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व विधायक चन्द्रकांता मेघवाल, पूर्व मंत्री रामगोपाल बैरवा, प्रेदश प्रवक्ता पंकज मेहता, जिलाध्यक्ष राकेश जैन, भाजपा नेता गोविंद शर्मा, निवर्तमान महापौर राजीव अग्रवाल, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री सुनिता व्यास सहित बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।

नाकाबंदी के नजदीक आए ईरानी जहाज तो तबाह कर देंगे, ईरान को ट्रंप की खुली धमकी

वॉशिंगटन। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की नौसेना तबाह हो चुकी है और उसके 158 जहाज समुद्र में पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान के बचे हुए फास्ट अटैक शिप्स अमेरिकी ब्लॉकेड के करीब आए, तो उन्हें तुरंत खत्म कर दिया जाएगा।

ईरान के साथ जारी तनाव के बीच होर्मुज को लेकर एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बड़ी और सख्त चेतावनी सामने आई है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट मे्ं ट्रंप ने कहा कि ईरान की नौसेना को भारी नुकसान हुआ है और उसके 158 जहाज समुद्र के नीचे पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं। ट्रंप के मुताबिक, केवल कुछ फास्ट अटैक शिप्स बचे हैं, जिन्हें उन्होंने अभी तक बड़ा खतरा नहीं माना है।

पोस्ट में ट्रंप ने बड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान के ये छोटे युद्धपोत अमेरिका की घोषित नाकाबंदी (ब्लॉकेड) के करीब आते हैं, तो उन्हें तुरंत नष्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका वही तरीका इस्तेमाल करेगा, जो समुद्र में ड्रग तस्करों के खिलाफ अपनाया जाता है। बता दें कि यहां ट्रंप का इशारा वेनेजुएला पर की गई कार्रवाई की तरफ था।

गायिका आशा भोसले पंचतत्व में विलीन, अंतिम संस्कार में हर किसी की आंखें नम

मुंबई। भारतीय संगीत की दुनिया में राज कर चुकीं आशा भोसले पंचतत्व में विलीन हो गईं। मुंबई के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ उन्हें आखिरी विदाई दी गई। आशा भोसले के परिवार, फिल्मी हस्तियां और उन्हें चाहने वाले उनके अपनों ने आज सोमवार को नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी।

बेटे आनंद भोसले ने उन्हें मुखाग्नि दी। संगीत जगत की दिग्गज सिंगर आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया, जिन्हें लोग प्यार से ‘आशा ताई’ भी कहते थे। उनके निधन से न केवल मनोरंजन जगत में बल्कि पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। जिन्हें लोग अब तक अपने सामने गाते हुए देखा करते थे, अब वो यादें बनकर रह जाएंगी।

बॉलीवुड जगत को सुरीला बनाने में अहम भूमिका निभा चुकीं दिग्गज गायिका आशा भोसले के अंतिम दर्शन के लिए राजनेता से लेकर बॉलीवुड जगत के सभी बड़े सितारे पहुंचे। आशा भोसले का अंतिम संस्कार आज सोमवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में किया गया। उनकी आखिरी झलक देखने के लिए भारी संख्या में भीड़ उमड़ी और हर आंखें उदास और नम थीं।

ब्रीच कैंडी अस्पताल में ली अंतिम सांस
आशा भोसले को अत्यधिक कमजोरी और सीने में संक्रमण के कारण शनिवार शाम को साउथ मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जैसा कि उनकी पोती जनाई भोसले ने बताया। रविवार सुबह उनका निधन हो गया और उस समय उनकी उम्र 92 वर्ष थी।

आशा भोसले को अंतिम विदाई देने पहुंचीं हस्तियां
बॉलीवुड से कई हस्तियां आशा को अंतिम विदाई देने के लिए पहुंची। आशा ताई के आखिरी दर्शन के लिए पहुंचीं तब्बू और आशा पारेख काफी इमोशनल नजर आईं। बता दें कि उनके अंतिम दर्शन के लिए तब्बू से लेकर आशा पारेख, सचिन तेंडुलकर, रितेश देशमुख, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, उनकी पत्नी रश्मी ठाकरे और नेता आदित्य ठाकरे, महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, भारतीय गायक और संगीतकार लेस्ली पीटर लुईस, और भारतीय संगीतकार उत्तम सिंह पहुंचे थे।