Saturday, July 11, 2026
Home Blog Page 140

गायिका आशा भोसले पंचतत्व में विलीन, अंतिम संस्कार में हर किसी की आंखें नम

मुंबई। भारतीय संगीत की दुनिया में राज कर चुकीं आशा भोसले पंचतत्व में विलीन हो गईं। मुंबई के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ उन्हें आखिरी विदाई दी गई। आशा भोसले के परिवार, फिल्मी हस्तियां और उन्हें चाहने वाले उनके अपनों ने आज सोमवार को नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी।

बेटे आनंद भोसले ने उन्हें मुखाग्नि दी। संगीत जगत की दिग्गज सिंगर आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया, जिन्हें लोग प्यार से ‘आशा ताई’ भी कहते थे। उनके निधन से न केवल मनोरंजन जगत में बल्कि पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। जिन्हें लोग अब तक अपने सामने गाते हुए देखा करते थे, अब वो यादें बनकर रह जाएंगी।

बॉलीवुड जगत को सुरीला बनाने में अहम भूमिका निभा चुकीं दिग्गज गायिका आशा भोसले के अंतिम दर्शन के लिए राजनेता से लेकर बॉलीवुड जगत के सभी बड़े सितारे पहुंचे। आशा भोसले का अंतिम संस्कार आज सोमवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में किया गया। उनकी आखिरी झलक देखने के लिए भारी संख्या में भीड़ उमड़ी और हर आंखें उदास और नम थीं।

ब्रीच कैंडी अस्पताल में ली अंतिम सांस
आशा भोसले को अत्यधिक कमजोरी और सीने में संक्रमण के कारण शनिवार शाम को साउथ मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जैसा कि उनकी पोती जनाई भोसले ने बताया। रविवार सुबह उनका निधन हो गया और उस समय उनकी उम्र 92 वर्ष थी।

आशा भोसले को अंतिम विदाई देने पहुंचीं हस्तियां
बॉलीवुड से कई हस्तियां आशा को अंतिम विदाई देने के लिए पहुंची। आशा ताई के आखिरी दर्शन के लिए पहुंचीं तब्बू और आशा पारेख काफी इमोशनल नजर आईं। बता दें कि उनके अंतिम दर्शन के लिए तब्बू से लेकर आशा पारेख, सचिन तेंडुलकर, रितेश देशमुख, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, उनकी पत्नी रश्मी ठाकरे और नेता आदित्य ठाकरे, महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, भारतीय गायक और संगीतकार लेस्ली पीटर लुईस, और भारतीय संगीतकार उत्तम सिंह पहुंचे थे।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे 15 भारतीय जहाज की सुरक्षित वापसी के प्रयास

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता टूटने के बाद पश्चिम एशिया में हालात और बिगड़ गए हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में बड़ी संख्या में जहाज फंसे हुए हैं। इसी बीच केंद्र सरकार ने होर्मुज में फंसे भारतीय जहाजों को लेकर अहम अपडेट दिया है।

पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि होर्मुज में भारत के 15 जहाज फंसे हुए हैं। जिन्हें निकालने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि मंत्रालय विदेश मंत्रालय (एमईए) के साथ समन्वय स्थापित कर होर्मुज जलडमरूमध्य में मौजूद 15 भारतीय ध्वज और स्वामित्व वाले जहाजों को वापस लाने के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रहा है। इस मार्ग से नौकायन संभव होते ही इन जहाजों को सुरक्षित वापस लाया जाएगा।

केंद्र सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। पिछले 24 घंटों में भारतीय ध्वज वाले या भारतीयों से जुड़े किसी भी जहाज से संबंधित कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

‘जग विक्रम’ की सुरक्षित यात्रा: एक बड़ी राहत के रूप में, भारतीय ध्वज वाला एलपीजी पोत ‘जग विक्रम’ 11 अप्रैल को होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुका है। यह जहाज 20,400 मीट्रिक टन गैस और 24 नाविकों के साथ 14 अप्रैल को कांडला बंदरगाह पहुंचेगा। वर्तमान में भारत के सभी बंदरगाहों पर संचालन पूरी तरह से सामान्य है और कहीं से भी किसी प्रकार के कंजेशन (भीड़भाड़) की कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।

भारतीय जहाजों की मदद करेगा ईरान
भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथली ने सोमवार को कहा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही को लेकर भारत के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि भारत के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं और हम भारतीय जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने में मदद करना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने होर्मुज जलमार्ग से गुजरने वाले भारतीय टैंकरों से कोई टोल नहीं लिया है।

Kota Mandi: कमजोर उठाव से कोटा मंडी में लहसुन, सोयाबीन और चना मंदा बिका

कोटा। Kota Mandi Price Today: भामाशाह अनाज मंडी में सोमवार को आवक बढ़ने से लहसुन 500 रुपये, सोयाबीन 100 रुपये और चना मिडियम 75 रुपये मंदा बिका। घरेलू मांग निकलने से गेहूं मिल 25 रुपये और गेहूं बेस्ट 75 रुपये तेज बिका। मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब ढाई लाख कट्टे और लहसुन की 14000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे-

गेहूं नया मिल लस्टर 2325 से 2375, गेहूं एवरेज टुकड़ी 2400 से 2550, बेस्ट टुकड़ी 2550 से 2780, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1800, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 1900 से 2250 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3601, धान (1509) 3400 से 4200, धान (1847) 3200 से 4151, धान (1718-1885) 4000 से 4700, धान (पूसा-1) 3000 से 4300, धान (1401-1886) 4100 से 4550, धान दागी 1500 से 3900 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 5000 से 5600, सोयाबीन बीज क्वालिटी 5700 से 5770, सरसों 6300 से 6851, अलसी 6800 से 7600, तिल्ली 7000 से 8500, रुपये प्रति क्विंटल। मूंग 6000 से 7000, उड़द 4500 से 8000, चना देशी 4800 से 5250, चना मौसमी नया 5100 से 5200, चना पेप्सी 5100 से 5301, चना डंकी पुराना 4000 से 4600, चना काबुली 5500 से 6500 रुपये प्रति क्विंटल।

लहसुन 2500 से 11000, मैथी पुरानी 5000 से 5800, मैथी नयी 5800 से 6200, धनिया बादामी 11000 से 11700, धनिया ईगल 11500 से 12300, धनिया रंगदार 13000 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल।

Infinix का एक्टिव मैट्रिक्स डिस्प्ले वाला पहला फोन भारत में लॉन्च, जानिए कीमत

नई दिल्ली। Infinix Note 60 Pro 5G: इंफिनिक्स ने अपने लेटेस्ट स्मार्टफोन के तौर पर भारत में Infinix Note 60 Pro 5G को लॉन्च कर दिया है। यह भारत का पहला फोन है, जिसमें Active Matrix Display मिलता है, जिसमें नोटिफ़िकेशन और दूसरी जानकारी दिखाने के लिए कई LED लगी हैं।

यह फोन तीन कलर्स और दो स्टेरेज ऑप्शन्स में खरीदने के लिए उपलब्ध है। फोन दिखने में भी बेहद खूबसूरत है। इसमें 6.78-इंच का 1.5K एमोलेड डिस्प्ले भी है, जो 144 हर्ट्ज पर रिफ्रेश होता है। फोन पावरफुल स्नैपड्रैगन 7 सीरीज चिपसेट से लैस है। इसमें 6,500mAh की एक बड़ी बैटरी दी गई है। कितनी है इस फोन की कीमत और क्या है खास, चलिए डिटेल में बताते हैं…

फोन की कीमत
भारत में Infinix Note 60 Pro की कीमत 31,999 रुपये से शुरू होती है। यह कीमत इसके बेस वेरिएंट के लिए है, जिसमें 8GB रैम और 128GB स्टोरेज है। वहीं, इसके टॉप-एंड वेरिएंट की कीमत 34,999 रुपये है, जिसमें 8GB रैम और 256GB स्टोरेज मिलता है। यह नया फोन भारत में 20 अप्रैल से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। इसे Flipkart और Infinix के ऑनलाइन स्टोर से खरीदा जा सकता है। इसे तीन कलर्स – Deep Ocean Blue, Mocha Brown और Solar Orange में लॉन्च किया गया है।

हालांकि, ग्राहक SBI, ICICI Bank, Yes Bank, Bank of Baroda और IDFC Bank के कार्ड इस्तेमाल करके 3,000 रुपये की तुरंत छूट पा सकते हैं। इसके अलावा, कंपनी 12 महीने तक की ब्याज-मुक्त ईएमआई का विकल्प भी दे रही है। कंपनी ने अनुसार, ऑफर्स का लाभ लेकर इसे 25,399 रुपये की शुरुआती प्रभावी कीमत पर खरीदा जा सकता है।

प्री-बुक करने पर फायदे
यह फोन 999 रुपये में प्री-बुकिंग के लिए उपलब्ध था। कंपनी के अनुसार, जो लोग इसे प्री-बुक करते हैं, वे कई ऑफर्स का लाभ उठा सकते हैं, जैसे कि 12 महीने तक की नो-कॉस्ट ईएमआई, 3,000 रुपये तक का बैंक डिस्काउंट, 3,999 रुपये कीमत वाला एक मुफ्त मैगपावर स्पीकर, एक साल का मुफ्त स्क्रीन रिप्लेसमेंट, 18 महीने के लिए मुफ्त गूगल जेमिनी प्रो प्लान का सब्सक्रिप्शन और जियो की ओर से 5000GB मुफ्त क्लाउड स्टोरेज; इसके साथ ही, ऑर्डर पूरा होने पर 1+1 साल की वारंटी और 2,000 रुपये का वाउचर भी मिलेगा।

एक्टिव मैट्रिक्स डिस्प्ले
फोन के रियर पैनल पर कैमरे की ठीक बगल में एक ‘एक्टिव मैट्रिक्स डिस्प्ले’ है, जिसमें जानकारी दिखाने के लिए कई LED लाइट्स लगी हैं, यह डिजाइन Nothing फोन में मिलने वाले ‘Glyph Matrix’ इंटरफेस से काफी मिलता-जुलता लगता है। कंपनी ने माइक्रोसाइट पर बताया कि एक्टिव मैट्रिक्स डिस्प्ले पर कॉल, मैसेज, वेदर और टाइम, बैटरी स्टेटस, नोटिफिकेशन्स, म्यूजिक, पिक्सेल पेट्स, कस्टमन सिग्नेचर समेत कई चीजों के जानकारी बिना फोन उठाए ही देख सकेंगे और इसे जब चाहे कस्टमाइज कर सकते हैं।

पावरफुल प्रोसेसर
इंफिनिक्स नोट 60 प्रो की सबसे बड़ी खासियतों में से एक यह है कि इसमें Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर लगा है, जो इसे क्वालकॉम चिपसेट वाला पहला इंफिनिक्स फोन बनाता है। कंपनी का कहना है कि CODM पर 120fps गेमिंग का सपोर्ट मिलेगा। इसमें गर्मी को बाहर निकालने के लिए 4758mm² का वेपर चैंबर यूनिट भी दिया गया है। इस फोन ने AnTuTu टेस्ट में 1 मिलियम से ज्यादा का स्कोर हासिल किया है।

बड़ा डिस्प्ले
फोन की 6.78-इंच एमोलेड स्क्रीन 1.5K रिजॉल्यूशन, 144 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 4500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करती है। डिस्प्ले में फ्लिकर-फ्री क्लैरिटी, मोशन सिकनेस से राहत और गोरिल्ला ग्लास 7i प्रोटेक्शन जैसे फीचर्स मिलते हैं। दमदार साउंड के लिए, इसमें JBL पावर्ड डुअल स्पीकर दिए गए हैं। फोन में मजबूत 360 डिग्री एयरोस्पेस ग्रेड एल्युमिनियम फ्रेम मिलेगी, यानी अचानक गिरने पर फोन टूटेगा नहीं।

हार्ट रेट भी मापेगा
अपकमिंग नोट 60 प्रो फोन में 90W फास्ट चार्जिंग के साथ 6,500mAh की एक बड़ी बैटरी दी गई है। यह 30W वायरलेस चार्जिंग और बाईपास चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है। बैटरी लाइफ की बात करें तो इसमें 34 घंटे तक का वीडियो प्लेबैक टाइम मिलेगा। इस फोन में हार्ट रेट सेंसर भी है, जिसकी मदद से इंफिनिक्स के ‘माय हेल्थ’ ऐप के जरिए हार्ट रेट, ब्लड ऑक्सीजन और हार्ट रेट वेरिएबिलिटी को मॉनिटर किया जा सकता है, यानी आपकी सेहत पर भी नजर रखेगा।

कैमरा और AI असिस्टेंट भी
फोटोग्राफी के लिए, फोन में 50-मेगापिक्सेल का मेन कैमरा है, जो 4K वीडियो रिकॉर्डिंग और AIGC पोर्ट्रेट को सपोर्ट करता है। सेल्फी के लिए फोन में 13 मेगापिक्सेल कैमरा है। इस फोन में XOS 16-बेस्ड एंड्रॉयड 16 ओएस, Folax AI असिस्टेंट, One-Tap AI बटन, NFC और IR ब्लास्टर जैसे अन्य फीचर्स भी दिए गए हैं। फोन तीन साल तक ओएस अपग्रेड और पांच साल तक सिक्योरिटी पैच अपडेट के लिए एलिजिबल है।

रेडमी का नया 5G फोन 6300mAh बैटरी के साथ 12 हजार से कम में भारत में लॉन्च

नई दिल्ली। Redmi A7 Pro 5G : रेडमी ने भारतीय बाजार में दमदार बैटरी वाला किफायती स्मार्टफोन Redmi A7 Pro 5G लॉन्च कर दिया है। इस फोन में 6.9-इंच की एचडी प्लस एलसीडी स्क्रीन दी गई है, जिसका रिफ्रेश रेट 120 हर्ट्ज है।

यह फोन ऑक्टा-कोर यूनिसॉक चिपसेट पर चलता है, जिसके साथ 4GB रैम दी गई है। यह फोन Android 16 पर बेस्ड HyperOS 3 पर काम करता है। इस फोन में फोटोग्राफी के लिए 32-मेगापिक्सेल का डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है।

कीमत और पहली सेल
भारत में रैम और स्टोरेज के हिसाब से इस फोन को दो अलग-अलग वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इसके बेस वेरिएंट की कीमत 11,499 रुपये है, जिसमें 4GB रैम और 64GB इंटरनल स्टोरेज है। यह 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट में भी उपलब्ध है, जिसकी कीमत 12,499 रुपये है। यह फोन तीन कलर ऑप्शन- ब्लैक, मिस्ट ब्लू और सनसेट ऑरेंज में आता है। इसे 15 अप्रैल से Flipkart और Xiaomi के ऑनलाइन स्टोर से खरीदा जा सकेगा।

Redmi A7 Pro 5G के फीचर्स
लेटेस्ट रेडमी A7 प्रो 5G फोन डुअल-सिम (नैनो + नैनो) सपोर्ट के साथ आता है और Android 16 पर बेस्ड HyperOS 3 ओएस पर चलता है। कंपनी का कहना है कि यह फोन चार साल तक एंड्रॉयड ओएस अपडेट और छह साल तक सिक्योरिटी पैच अपडेट प्राप्त करने के लिए एलिजिबल है। दावा है कि इसमें सेगमेंट का सबसे बड़ा और सबसे स्मूद डिस्प्ले है। दरअसल, इस फोन में 6.9-इंच का एचडी प्लस एलसीडी डिस्प्ले है, जिसका रिफ्रेश रेट 120 हर्ट्ज और पीक ब्राइटनेस 800 निट्स है।

डिस्प्ले आंखों की सुरक्षा के लिए TUV Low Blue Light सर्टिफिकेशन के साथ आता है। फोन में 6nm ऑक्टा-कोर Unisoc T8300 प्रोसेसर लगा है, जिसे 4GB LPDDR4x रैम और 128GB तक UFS 2.2 ऑनबोर्ड स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है। माइक्रोएसडी कार्ड से स्टोरेज को 2TB तक बढ़ाया जा सकता है। फोन में Gemini और Google के Circle to Search जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर्स भी हैं।

बैटरी और फास्ट चार्जिंग भी
कैमरे की बात करें तो नए Redmi A7 Pro 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप है, जिसमें f/2.0 अपर्चर वाला 32-मेगापिक्सेल का प्राइमरी कैमरा और एक सेकेंडरी कैमरा भी है। इसमें सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 8-मेगापिक्सेल का फ्रंट-फेसिंग कैमरा भी है। फोन में 6,300mAh की बड़ी बैटरी है जो 15W वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करती है। यह 7.5W पर रिवर्स वायर्ड चार्जिंग को भी सपोर्ट करती है, यानी इस फोन से अन्य गैजेट्स भी चार्ज किए जा सकते हैं। फोन में मिलने वाले कनेक्टिविटी ऑप्शन्स में 5G, 4G LTE, वाई-फाई 5, ब्लूटूथ वर्जन 5.4, जीपीएस, ग्लोनैस, गैलीलियो, यूएसबी ओटीजी और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट शामिल हैं। धूल और पानी की छींटों से सुरक्षित रहने के लिए फोन को IP52 रेटिंग दी गई है।

ओला ने लॉन्च किया 320 किमी की रेंज वाला नया इलेक्ट्रिक स्कूटर, जानिए कीमत

नई दिल्ली। ओला इलेक्ट्रिक ने भारतीय इलेक्ट्रिक स्कूटर मार्केट में एक बार फिर से खलबली मचा दी है। कंपनी ने अपना नया Ola S1 X+ 5.2 kWh वैरिएंट लॉन्च किया है। यह आम बजट वाले ग्राहकों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है।

इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें ओला की अपनी बनाई हुई ‘भारत सेल’ टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हुआ है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.29 लाख रुपये रखी है। हालांकि, यह ऑफर सिर्फ इस महीने के बीच तक ही है। आइए जानते हैं लॉन्च हुए नए स्कूटर के बारे में विस्तार से।

परफॉर्मेंस के मामले में यह स्कूटर बड़े-बड़े पेट्रोल स्कूटर्स को टक्कर देता है। इसमें 11 kW की मिड-ड्राइव मोटर लगी है। इसकी बदौलत यह स्कूटर एक बार फुल चार्ज होने पर 320 किलोमीटर (IDC रेंज) तक दौड़ सकता है। इसकी टॉप स्पीड भी 125 किमी प्रति घंटा है, जो इसे शहर के ट्रैफिक और खुली सड़कों पर सबसे तेज स्कूटर्स की कतार में खड़ा कर देती है।

टेक्नोलॉजी की बात करें तो यह ओला के नए Gen 3 प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसमें सेफ्टी का भी पूरा ख्याल रखा गया है। इसके लिए ‘ब्रेक-बाय-वायर’ सिस्टम और फ्रंट में डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। अब ओला की S1 सीरीज में ग्राहकों के पास अपनी जरूरत के हिसाब से चुनने के लिए ढेर सारे ऑप्शन मौजूद हैं। इसमें 2 kWh वाली बैटरी के अलावा नया 5.2 kWh वाला दमदार ऑप्शन शामिल है।

Stock Market: सेंसेक्स 703 अंक गिर कर 76847 पर और निफ्टी 24 हजार से नीचे बंद

नई दिल्ली। Stock Market Closed, April 13, 2026भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले ट्रेडिंग सेशन यानी सोमवार (13 अप्रैल) को गिरावट में बंद हुए। 30 संवेदी सूचकांक वाला सेंसेक्स 0.91 प्रतिशत या फिर 702.68 अंक की गिरावट के बाद 76847.57 अंक पर बंद हुआ है। वहीं, बाजार के बंद होने के समय पर निफ्टी 0.86 प्रतिशत या फिर 207.95 अंक की गिरावट 23842.65 पर था।

सेंसेक्स की 30 में से 27 कंपनियों के शेयरों में आज सोमवार को गिरावट देखने को मिली है। मारुति के शेयर 4.60 प्रतिशत से अधिक गिरावट के साथ बंद हुए है। ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता नाकाम होने से आज घरेलू बाजार में भारी गिरावट आई। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 1,600 अंक से अधिक गिर गया था जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स भी 400 अंक से अधिक लुढ़क गया।

आखिरकार सेंसेक्स 702.68 अंक यानी 0.91% की गिरावट के साथ 76,847.57 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 207.95 अंक यानी 0.86% लुढ़ककर 23,842.65 अंक पर आ गया। सभी सेक्टरों में गिरावट रही। रुपये भी डॉलर के मुकाबले करीब 0.7 फीसदी गिरकर 93.38 पर गया।

टॉप लूजर्स एंड गेनर्स
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 27 शेयरों में गिरावट आई। मारुति के शेयरों में सबसे ज्यादा चार फीसदी से ज्यादा गिरावट आई। इंडिगो, बजाज फाइनेंस, रिलायंस, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, आईटीसी, इटरनल और एचसीएल टेक में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। केवल आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक में तेजी रही।

सात साल बाद पहली बार ईरानी तेल की खेप भारत पहुंची, ट्रंप ने कर दी नाकेबंदी

नई दिल्ली। ईरान-अमेरिका की शांति वार्ता विफल होने के बाद तेल को लेकर संकट फिर से गहरा गया है। वहीं भारत के तटों के पास ईरान से कच्चा तेल लेकर आए दो बड़े सुपरटैंकरों के लंगर डालने से ऊर्जा बाजार में हलचल तेज हो गई है। यह लगभग सात साल बाद पहली बार है जब ईरानी तेल की खेप भारत पहुंची है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक यह ठीक उसी समय जब अमेरिका ईरान के निर्यात पर सख्ती बढ़ा रहा है।

वार्ता विफल होने के बाद अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर नाकेबंदी बढ़ा दी है। इस कदम का मकसद ईरान के तेल निर्यात को रोकना है। अमेरिका ने चेतावनी दी है कि वह वहां से ईरान के तेल के टैंकर नहीं निकलने देगा। ऐसे में भारत के तटों पर लंगर डाले ईरानी तेल के टैंकरों पर भी संशय के बादल छा गए हैं। बड़ा सवाल है कि क्या इन टैंकरों से तेल निकालकर भारतीय रिफाइनरियों में भेजा जाएगा या नहीं?

अमेरिकी बैन के कारण भारत ने साल 2019 से ईरानी तेल का आयात बंद कर दिया था। हालांकि, पिछले महीने मिली एक विशेष छूट के तहत उन खेपों की खरीद की अनुमति दी गई थी जो पहले से ही समुद्र में थीं। यह कदम पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में युद्ध के कारण वैश्विक आपूर्ति पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए उठाया गया था। अब ईरानी तेल पर फिर से संकट दिखाई दे रहा है। अगर यह तेल नहीं उतरा तो भारत के लिए ईरानी कच्चे तेल का इंतजार और लंबा हो सकता है।

कौन से जहाज खड़े हैं तट पर

  • फेलिसिटी (Felicity) नामक नेशनल ईरानी टैंकर कंपनी का यह जहाज 20 लाख बैरल तेल लेकर पश्चिमी भारत के सिक्का (Sikka) तट पर पहुंचा है।
  • जया (Jaya) नामक यह जहाज भारत के पूर्वी तट पर पारादीप (Paradip) के पास खड़ा है। इसमें भी 20 लाख बैरल कच्चा तेल लदा है।
  • इन दोनों जहाजों पर लदे तेल के खरीदारों के नाम अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आए हैं।

अभी क्या है स्थिति
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ( Strait of Hormuz ) के माध्यम से आने वाले जहाजों की नाकेबंदी करने की योजना बनाई है। शांति वार्ता विफल होने के बाद ईरान के शिपमेंट को पूरी तरह रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। वहीं भारत ने कहा है कि वह ऊर्जा संकट से निपटने के लिए ईरान सहित अन्य देशों से कार्गो खरीदेगा।

क्या होगा असर
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप की नई नाकेबंदी योजना का मौजूदा छूट या पहले से की गई खरीदारी पर क्या असर पड़ेगा। अगर ट्रंप की यह नई नाकेबंदी पहले से की गई खरीदारी पर भी लागू होती है तो हो सकता है कि ईरानी तेल के टैंकर वापस लौट जाएं।

रेलवे भूमि से होगा राजस्व सृजन, कर्मचारियों को मिलेंगे 300 आधुनिक आवास

आरएलडीए एवं कोटा मंडल की साझा पहल से वर्कशॉप कॉलोनी का होगा कायाकल्प

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने रेलवे भूमि के स्मार्ट एवं उत्पादक उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) एवं कोटा मंडल के संयुक्त प्रयास से कोटा स्थित वर्कशॉप एवं लोको कॉलोनी की लगभग 1.5 लाख वर्गमीटर भूमि का वाणिज्यिक उपयोग किया जाएगा।

इस पहल से रेलवे को दीर्घकालिक राजस्व प्राप्त होगा तथा कर्मचारियों को आधुनिक एवं सुविधासंपन्न आवास भी उपलब्ध होंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि इस परियोजना में रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल अपनाया गया है।

वाणिज्यिक विकास से प्राप्त आय से ही कॉलोनी का पुनर्निर्माण किया जाएगा, जिससे रेलवे को इस पर अलग से कोई राशि व्यय नहीं करनी होगी। डेवलपर द्वारा निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात् टाइप-II, III एवं IV श्रेणी के 300 आधुनिक स्टाफ क्वार्टर्स कोटा मंडल को हस्तांतरित किए जाएंगे।

श्री जैन ने बताया कि नई कॉलोनी में सड़क नेटवर्क, पार्किंग, जलापूर्ति, सीवरेज, विद्युत व्यवस्था, हरित क्षेत्र एवं खेल सुविधाओं का पूर्ण प्रावधान होगा। परियोजना को चरणबद्ध रूप से क्रियान्वित किया जाएगा तथा आरएलडीए द्वारा निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं।

यह परियोजना कोटा मंडल के लिए चौतरफा लाभकारी और भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण एवं संसाधनों के कुशलतम उपयोग के व्यापक लक्ष्य के अनुरूप है।

नारी शक्ति वंदन कानून 21वीं सदी के सबसे बड़े निर्णयों में से एक: पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर महिलाओं की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा, ” देश की विकास यात्रा के अहम पड़ावों के बीच भारत 21वीं सदी के सबसे बड़े निर्णयों में से एक निर्णय लेने जा रहा है।

यह फैसला नारी शक्ति को और नारी शक्ति वंदन को समर्पित है। हमारे देश की संसद एक नया इतिहास रचने के करीब है। यह इतिहास अतीत की संकल्पनाओं को साकार करेगा और भविष्य के संकल्पों को पूरा करेगा।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को विज्ञान भवन में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन ऐसे समय में किया जा रहा है जब सरकार ने आगामी 16-18 अप्रैल तक तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है।

पीएम मोदी ने कहा, ”यह एक ऐसे समतामूलक भारत के निर्माण का संकल्प है, जहां सामाजिक न्याय सिर्फ नारा नहीं हो। लेकिन हमारी कार्यसंस्कृति, हमारी निर्णय प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा हो। राज्यों की विधानसभाओं से लेकर देश की संसद तक दशकों की प्रतीक्षा के अंत का समय 16, 17 और 18 अप्रैल है।”

उन्होंने आगे कहा, ”2023 में नई संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के रूप में प्रथम कदम उठाया था। वह समय से लागू हो सके, महिलाओं की भागीदारी हमारे लोकतंत्र को मजबूती दे, इसके लिए 16 अप्रैल से संसद के बजट सत्र की विशेष बैठक का आयोजन होने जा रहा है। आज इस कार्यक्रम के जरिए हमें देश की कोटि-कोटि माताओं-बहनों का आशीर्वाद मिल रहा है।”

उन्होंने कहा कि मैं भारत की सभी महिलाओं को एक नए युग के आगमन की बधाई देता हूं। लोकतांत्रिक संरचना में महिलाओं को आरक्षण देने की जरूरत दशकों से हर कोई महसूस कर रहा है। इस विमर्श को चार दशक यानी चालीस साल बीत गए। इसमें सभी पार्टियों के और कई पीढ़ियों के प्रयास शामिल हैं। 2023 में जब नारी शक्ति वंदन अधिनियम आया था, तब सभी दलों ने एक सुर में इसे पारित कराया था।

इस कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार के दौरान महिलाओं को लेकर जमीनी स्तर पर कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में विदेश मंत्री से लेकर वित्त मंत्री तक के बड़े पदों पर महिलाएं रहीं। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि मोदी सरकार के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में मुझे भी काम करने का मौका मिला है।

सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम राष्ट्रीय निर्माण की नई और प्रेरक गाथा का उत्सव है। यह वह पावन क्षण है, जब संकल्प, समर्पण और सफलता का संगम हमारे सामने साकार हो रहा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम हमारी मातृशक्ति के वर्षों के संघर्ष और साधना की लोकतांत्रिक सिद्धि का महापर्व है।

शासन और नेतृत्व में महिलाओं की बढ़ती भूमिका
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सम्मेलन के आयोजन का मकसद पंचायतों से लेकर संसद तक, सभी स्तरों पर शासन और नेतृत्व में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करना है। महिला आरक्षण कानून में प्रस्तावित संशोधन पर चर्चा के लिए बुलाए गए विशेष संसद सत्र से पहले पीएम नरेंद्र मोदी विज्ञान भवन में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में शिरकत करते हुए महिला आरक्षण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराएंगे।